सोनभद्र : रेलवे ट्रैक पर फंसा ऑटो, मालगाड़ी ने 50 मीटर तक रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र के खैराही रेलवे स्टेशन के पास गेट 26 सी के पास रविवार को दोपहर एक ऑटो का पहिया रेलवे पटरी पर फंस गया। इस दौरान राबर्ट्सगंज से चुनार की ओर जा रही मालगाड़ी से आटो में धक्का लग गया। इससे उसके परखचे उड़ गए। ऑटो पर लदी सब्जियां बिखर गईं। यह संयोग ही था कि मालगाड़ी के आने से पहले आटो पर सवार लोग उतर कर भाग निकले। इससे जानमाल की क्षति नहीं हुई। आरपीएफ के चुर्क चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश के मुताबिक जांच में गेटमैन की लापरवाही सामने आई है। विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
रविवार दोपहर बाद एक आटो पर कुछ लोग सब्जियां लेकर करमा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव की ओर से आ रहे थे। इस दौरान एक मालगाड़ी गुजरनी थी, जिसको लेकर रेलवे गेट बंद था। ट्रेन आने में देरी होता देख आटो सवार लोगों ने गेट मैन से गेट को खोलवा दिया और ऑटो बहेरा की ओर से लेकर मिर्जापुर-शक्तिनगर मार्ग पर जाने लगे। जैसे ही आटो रेलवे पटरी पर पहुंचा आटो का पहिया पटरी पर फंस गया।
इस दौरान ऑटो चालक और उस पर सवार लोगों ने पहिया नकिालने का प्रयास किया लेकिन इसी बीच ट्रेन आ गई। ट्रेन देख ऑटो सवार वहां से फरार हो गए। इस दौरान तेजी से आ रही ट्रेन ऑटो को करीब 50 मीटर दूर तक घसीट कर ले गई। इससे ऑटो के परखचे उड़ गए।
इसके बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो गई। उधर ऑटो पर लदी सब्जियां मिर्च, बैगन, गोभी आदि बिखर गए। गेट पर तैनात कर्मी बिक्की बर्मा ने बताया कि ऑटो में चार लोग बैठे थे। ट्रेन आने की सूचना पर उसने गेट बंद किया था लेकिन ऑटो सवार लोगों ने उसे मारने की धमकी दी और गेट खोलवा दिया। उसके पास सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी, इसलिए जानमाल के भय से उसने गेट खोल दिया।
इससे ऑटो ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके बाद ऑटो ड्राइवर सहित उस पर सवार सभी फरार हो गए। घटना की सूचना पर करमा थाना प्रभारी गंगाधर, आरपीएफ के चुर्क चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश मौके पर पहुंच गए। वहां उन्होंने गेटमैन से पूछताछ की और स्थिति की जानकारी ली। आरपीएफ चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया गेट मैन की लापरवाही सामने आई है। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।