यूपी में दर्दनाक हादसा: टीईटी परीक्षा दिलाने जा रहा युवक ट्रक से टकराया, युवती समेत दोनों की मौत; कोहराम
Jaunpur News: जिले में सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर सरपतहा थाना क्षेत्र की पुलिस पहुंच गई। घायलों काे अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही युवक और युवती के परिवारवालों में कोहराम मच गया।
विस्तार
UP Accident: जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। दोनों परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। पिपरौल गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि युवती ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार गंगौली गांव निवासी गौरव वर्मा (20) पुत्र सियाराम वर्मा अपनी बाइक से सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी नेहा वर्मा (24) पुत्री संतराम वर्मा को लेकर अपने गांव लौट रहा था। नेहा, गौरव की बहन की ननद थी और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) देने के लिए जौनपुर आ रही थी। दोनों लखनऊ-बलिया मार्ग पर पिपरौल गांव के पास पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में उनकी बाइक पीछे से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं नेहा की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरपतहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण हादसा हुआ। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।