एक क्लिक में वाराणसी की टॉप खबरें: गंगा में डूबने से अधेड़ की मौत, मारपीट का मुकदमा दर्ज
Varanasi News: वाराणसी में गुरुवार को छोटी-बड़ी काफी खबरें रहीं। आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट पर देर शाम एक अधेड़ की लाश गंगा में मिली। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र के चमांव गांव में एक राजगीर मिस्त्री ने कुछ मनबढ़ों पर आरोप लगाते हुए मारपीट का मुकदमा दर्ज करवाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट फेज-वन में बृहस्पतिवार की शाम 55 वर्षीय व्यक्ति का लाश गंगा में उतराई हुई मिली। घाट पर मौजूद लोगों की सूचना पर आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक गंगा में स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हुई है। पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
मारपीट और धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज
शिवपुर के परमानंदपुर निवासी रमेश पटेल ने भदेव, भाला के मनोज कुमार सिंह व अभय कांत सिंह और उनके साथी मुकेश सिंह व अमित सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। रमेश पटेल ने पुलिस को बताया कि जमीन के लेनदेन संबंधी विवाद को लेकर आरोपी लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
मनबढ़ युवकों ने की राजगीर की पिटाई की, मुकदमा दर्ज
शिवपुर के चमाव कोईरान निवासी राजगीर हर्ष पटेल ने पुलिस को बताया कि वह अपने काम से खाली होने के बाद घर जा रहा था। गांव के अंकित पंडित और अभिनव शुक्ला ने अनायास ही उसे गाली देकर लोहे का पंच हाथ में पहनकर उस पर हमला किया। दोनों ने धमकी दी कि अगर थाने जाकर शिकायत दर्ज कराए तो हाथ-पैर तोड़ देंगे। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश कर रही है।
बाइक से टक्कर मार कर बच्चे सहित दो को किया घायल
वाराणसी के सिकरौल क्षेत्र में घर के बाहर बच्चे को खिला रहे एक युवक को मुहल्ले में रहने वाले मनबढ़ ने बाइक से टक्कर मार दी। जिससे वह युवक और बच्चा घायल हो गया। विरोध करने पर बाइक सवार मनबढ़ ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना को लेकर सिकरौल निवासी वसीम की तहरीर पर उसके मुहल्ले के ही मोनू और उसके साथी राजू व एक अन्य के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बकाया शुल्क जमा नहीं करने पर ध्वस्त होंगे निर्माण
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए में लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा की। कहा कि स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रवर्तन और विधिक कार्रवाई की जाएगी। सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट खाली कर पार्किंग की व्यवस्था कराएं।
जन शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण कराएं। अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग को चिह्नित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। जोन वन में 10.33 लाख रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया है। बावजूद 48 बकायेदारों पर 1.89 करोड़ रुपये बकाया है।
नक्कटैया मेले से 11 हुड़दंगी गिरफ्तार
लंका में नक्कटैया मेले और जुलूस के दौरान हुड़दंग करने वाले 11 अराजक तत्वों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जुलूस के दौरान ये लोग शराब पीकर पहुंचे थे और भीड़ में शामिल होकर हुड़दंग मचा रहे थे।
इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। ये सभी नगवां, अस्सी, संकट मोचन, भोगाबीर, मैदागिन के आसपास के इलाके के हैं। आरोपियों की पहचान रोहित सोनकर, श्याम बाबू, संजय सोनकर, रोशन सोनकर, सोहेल अली, मो. अफजल, मो. शमीम, सत्यम साहनी, विकास कन्नौजिया, सूरज कुमार, पीयूष शर्मा, शाश्वत पांड्या के रूप में हुई है।
मजदूरों की मौत मामले में चालक गिरफ्तार, सजा की मांग
मिर्जामुराद के कटका गांव में हाईवे पर हादसे के मामले में आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने कटका स्टेशन से गिरफ्तार किया है। हादसे में दम तोड़ने वाले 10 मजदूरों के परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। हादसे में रामसिंहपुर बीरबलपुर गांव के तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हैं। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। आरोपी ट्रक चालक की पहचान एटा के मिहरची थाना के नया बांस निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई है। आरोपी ट्रक चालक को जेल भेज दिया गया है।
बुजुर्ग की हत्या का चौथा आरोपी गिरफ्तार
सिगरेट नहीं देने पर बुजुर्ग की हत्या के मामले में चौथे आरोपी को कैथी बारी गांव से बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान धौरहरा गांव के दत्ता के पुरा गांव निवासी संजय ऊर्फ संजू मिश्रा के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि संजय पर चौबेपुर थाने में आर्म्स एक्ट समेत 5 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में बताया कि उगापुर के रहने वाले संदीप यादव को उसने अवैध पिस्टल बेची थी। बीरनाथीपुर गांव में सिगरेट न देने पर संदीप ने दुकानदार शारदा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पिछले दिनों संदीप की मुठभेड़ में गिरफ्तारी के दौरान संजू मिश्रा भाग निकला था।
लापता छात्र 3 दिन बाद हरिद्वार से मिला
मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने 3 दिन से लापता 15 साल के छात्र सौरभ उर्फ दीपक पटेल को उत्तराखंड के हरिद्वार से बरामद किया है। बुधवार को उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सौरभ 5 अक्तूबर को सुबह 7 बजे घर से कॉलेज के लिए निकला था, लेकिन लौटा नहीं। पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
मुकदमा वापस लेने की धमकी, मुकदमा दर्ज
तहसील से कचहरी के बीच केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। डाफी थाना क्षेत्र के लंका निवासी अखिलेश उपाध्याय ने बताया कि 8 सितंबर को सदर तहसील कोर्ट में विपक्षी अजय उर्फ बबलू पांडेय पांच लोगों के साथ पहुंचा और केस वापस लेने का दबाव बनाया। आरोप है कि अजय ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पंडाल में डीजे बजाने की पुलिस आयुक्त से शिकायत
पूजा पंडाल में डीजे बजाने पर युवती ने बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के कार्यालय में गुहार लगाई। भेलूपुर थाने के बड़ी गैबी निवासी बप्पी तिवारी ने बताया कि घर के बगल में नवरात्र में पूजा पंडाल सजाया जाता है। पूजा के नाम पर तेज आवाज में डीजे बजाने पर घरों के खिड़की और दरवाजे हिलने लगते हैं।
ह्रदय रोगियों की जान पर भी बन आती है। लंबी लड़ाई के बाद 5 साल से गली में पंडाल लगना और डीजे बजना बंद हो गया था। मगर, 2024 में पूजा समिति ने फिर से पंडाल लगाया। बप्पी ने कहा कि हम भी हिंदू हैं, लेकिन पूजा के नाम पर डीजे का उपद्रव बर्दाश्त नहीं होता। हमारा विरोध सिर्फ डीजे से है। पुलिस आयुक्त ने भेलूपुर थाने को जांच को कहा।
धमकी के मामले में एक नामजद समेत 14 पर केस
कपसेठी थाने क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव निवासी तरुण दुबे ने एक नामजद सहित 14 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप मंगलवार रात रुद्र सिंह और अज्ञात युवकों ने मां कालिका मंदिर में दर्शन के दौरान उससे मारपीट की थी।
बंद मकान से 5 लाख की चोरी
दानगंज चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव में बुधवार दोपहर बंद मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने पांच लाख के गहने और नगदी चोरी कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टिसौरा गांव के हृषिकेश पाठक जौनपुर गए थे। पत्नी मकान बंद कर बगल में पुराने मकान में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान चोरों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सीए और दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी में चौथा केस
एक करोड़ 70 लाख की धोधाखड़ी में दंपती और सीए के खिलाफ बुधवार को चेतगंज थाने में चौथा मुकदमा दर्ज किया गया। पहले से तीन मुकदमे चेतगंज थाने में दर्ज हैं। पांडेयपुर की रहने वाली संजू सिंह ने बताया कि उनकी एक फर्म है।
फुलवरिया सरैया के मयूर विहार कॉलोनी के सीए सतीश कुमार चौबे ने चौबेपुर के मोलनापुर निवासी त्रिभुवन नारायण तिवारी और साधना तिवारी से मुलाकात कराई। त्रिभुवन व साधना के फर्म पर काम कराने का झांसा देकर 15 सितंबर 2020 को व्यापारिक एग्रीमेंट तैयार किया गया। एक करोड़ 70 लाख रुपये किस्तों में आरोपियों ने ऐंठ लिए। 18 महीने से पूंजी का लाभांश नहीं दिया जा रहा है, जो कि एग्रीमेंट पर लिखा गया था। अब गालीगलौज और धमकी दी जा रही है।
सर्कुलेटिंग एरिया से स्कूटी और बाइक चोरी
बनारस स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया से बुधवार को स्कूटी और बाइक चोरी हो गई। स्टेशन परिसर में कार्यरत अजय शाही प्लेटफॉर्म संख्या एक की तरफ स्कूटी खड़ी कर प्लेटफॉर्म आठ पर गए थे। रात लगभग साढ़े नौ बजे जब लौटे तो स्कूटी लापता थी। रानीपुर निवासी अजय शाही ने थाने में तहरीर दी है। उधर, रानीपुर निवासी मनीष सिंह की सुबह बनारस स्टेशन से बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी है।
150 वाहनों का किया चालान, 12 जब्त
जिले में नियम तोड़ने पर 130 वाहनों का चालान और 12 वाहनों को जब्त किया गया। बुधवार को संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्याम लाल ने प्रदूषण फैलाने वाले 15 वाहनों का चालान किया। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के आठवें दिन बुलेट और बाइक में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वाले 5 वाहनों, प्रेशर हॉर्न लगे तीन वाहनों और बिना रिफ्लेक्टर टेप चलने वाले 10 वाहनों का चालान किया।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्याम लाल ने वाहन चालकों को जागरूक किया। वहीं, लंका थाने की पुलिस ने बिना क्यूआर कोड और गैर जोन में संचालित 27 ई-रिक्शा को सीज किया। वहीं, 40 गाड़ियों का चालान कर 50,000 का जुर्माना लगाया गया। पैदल गश्त के दौरान अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं, व् यापारियों और नागरिकों से संवाद कर सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण न करने का निर्देश दिया। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजवारी में गंगा व गोमती नदी पुल पर बुधवार रात 8 बजे अनियंत्रित ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए पुल के नीचे जा गिरा। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। मिर्जापुर के चुनार सरैया निवासी चालक विकास यादव और सहायक ट्रेलर लेकर वाराणसी से गाजीपुर की ओर जा रहे थे। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किसान गुणवत्ता युक्त सब्जियां उगाएं
राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की ओर से बुधवार को कृषक उत्पादक संगठन और विपणन सहकारी समिति टिकरी में कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें गुणवत्तायुक्त सब्जियों के उत्पादन के बारे में बताया गया। मुख्य अतिथि अनिल कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि संजय कुमार, उपनिदेशक नागेंद्र कुमार, मिनी निगम, अमित सिंह, डॉ. राम कुमार राय ने विचार रखे।
रोडवेज के नए आरएम बने परशुराम पांडेय
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम वाराणसी परिक्षेत्र का क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय को बनाया गया है। पिछले माह गौरव वर्मा का लखनऊ मुख्यालय में तबादला हुआ था। तब से आरएम का पद खाली था। इटावा में तैनात रहे परशुराम पांडेय गोरखपुर के मूल निवासी हैं।
ठेला पटरी व्यवसाय संघ का धरना प्रदर्शन
वाराणसी के दुर्गाकुंड के नगर निगम जोनल कार्यालय पर ठेला पटरी व्यवसाय संघ ने बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के नाम पर लंका थाने कि पुलिस 3 सितंबर से परेशान कर रही है। पटरी पर दुकान लगाकर आजीविका चलाना एक वैधानिक व्यवसाय है। इसके लिए केंद्रीय कानून 2014 बना है। मांग नहीं मानी गई तो पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कार्यालय के बाहर धरना देंगे।
66 पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा
नगर निगम की ओर से शहर में घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभियान 8 अक्तूबर से चल रहा है। इन्हें कांजी हाउस भेजा जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 66 छुट्टा पशुओं को पकड़ा गया। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने सभी पशु पालकों से आग्रह किया है कि वे अपने पशुओं को सड़कों या गलियों में खुला न छोड़ें। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई होगी।
पीडब्ल्यूडी ने लगाए गंभीर आरोप
वाराणसी में सड़क चौड़ीकरण के लिए कराए जा रहे बैनामे को विधिक रूप से शून्य बता दिया गया। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय और प्रबंध समिति के सदस्य मिलिंद श्रीवास्तव ने पीडब्ल्यूडी पर आरोप लगाया। कहा कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की गई है।
जंफर का तार टूटने से दो घंटे काॅलोनियों में छाया रहा अंधेरा
राजातालाब से शहर में बिजली आपूर्ति के लिए आ रहे मुख्य तार का जंफर टूटने की वजह से बुधवार को दोपहर में दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। वीरभानपुर के पास जंफर टूटने की वजह से समस्या आई। राजातालाब से आने वाली मेन लाइन से ही शहर में कई काॅलोनियों में बिजली आपूर्ति होती है।
बुधवार की दोपहर जंफर टूटने के बाद परेडकोठी, नीलकाटेज, सुभाषनगर, विजयानगरम मार्केट, काशी विद्यापीठ के आसपास की काॅलोनी के साथ ही लोहता के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। अधिशासी अभियंता आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जंफर टूटने की जानकारी मिलते ही मौके पर कर्मचारी तार जोड़ने में जुट गए। करीब दो बजे आपूर्ति बहाल हो गई।
टीबी के संभावित 100 मरीजों की जांच
रमना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में टीबी के संभावित मरीजों की जांच कर उन्हें जागरुक किया गया। राजकीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने 100 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर बलगम जांच की सलाह दी। साथ ही कहा कि टीबी पूर्णत: ठीक होने वाली बीमारी है। जानकारी के अभाव में लोग इसके उपचार से वंचित रह जाते हैं। समय पर दवा शुरू की जाए तो यह ठीक हो सकती है। चिकित्सक की सलाह के बिना किसी को भी दवा नहीं छोड़नी चाहिए। सीएचओ की ओर से कई स्कूलों में जागरुक किया जा रहा है।
बनारस क्लब में फोन कर ले सकेंगे शव वाहिनी की सेवा
जरूरतमंद लोगों के लिए बनारस क्लब की ओर से शव वाहिनी सेवा शुरू की गई है। सेंट जॉन्स मड़ौली एल्यूमनाई एसोसिएशन और दी बनारस क्लब लिमिटेड की ओर से समारोह के बाद बुधवार को दो शवों को अंतिम संस्कार के लिए घाट तक पहुंचाया गया। सचिव डॉ. एन पी सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम की मौजूदगी में सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया।
जल्द ही क्लब की ओर से एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष वरुण मूंदडा ने बताया कि संस्था के पूर्व अध्यक्षों और कार्यकारिणी ने जन सुविधा को ध्यान में रख निर्णय लिया। कार्यक्रम में अतुल सेठ, मनीष माहेश्वरी, वैभव कपूर, सलिल शाह, समीर कपूर, दीपक जैन, गुंजन चांडक मौजूद रहे।
मछुआरा सहकारी समिति के लिए पोर्टल शुरू
बहुउद्देशीय मत्स्य जीवी सहकारी समिति गठन के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया गया है। मछुआरों को अब सहकारी समिति बनाने में आसानी होगी। वे इससे रोजगार भी पा सकेंगे। मत्स्य पालक विकास अभिकरण मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि फिशरीज यूपी गवर्नमेंट की वेबसाइट पर ऑनलाइन और ऑफलाइन भी आवेदन किया जा सकता है।
नौकरी के लिए फिर से इस्राइल जाएंगे श्रमिक
भारत और इस्राइल के बीच समझौते के तहत जिले के श्रमिकों सेे आवेदन मांगे गए हैं। चार प्रमुख ट्रेड फ्रेम वर्क/शटरिंग कारपेंटर, आयरन वेल्डिंग, सिरेमिक टाइल और प्लास्टरिंग के लिए संगम पोर्टल पर पंजीकरण शुरू हो गया है। चुने गए श्रमिकों को 1,37,000 रुपये मासिक वेतन पर, 2 साल के लिए इस्राइल भेजा जाएगा। सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि एनएसडीसी क्रियान्वयन संस्था है।
आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर है। पीआईबीए के साथ समन्वय स्थापित कर श्रमिकों को इस्राइल भेजने की प्रक्रिया होनी है। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि श्रमिकों के अंग्रेजी ज्ञान का मूल्यांकन आईटीआई करौंदी में किया जाएगा। प्री-स्क्रीनिंग प्रक्रिया श्रमिकों को इस्राइल भेजने के लिए पहला कदम होगा। सफल श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बीएचयू के कुलपति ने किया मां दुर्गा का पूजन
बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने परिसर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा का पूजन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूजा समिति के प्रो. भास्कर भट्टाचार्य, प्रो. जेके राय, छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम नेमा, डॉ. पी एस राणा, डॉ. शैलेन्द्र कुमार, एएन सिंह, मुर्तजा आलम उपस्थित रहे।
वहीं, विद्यार्थी शारदोत्सव समिति में तीसरे दिन पं. हेमंत जोशी ने विधिवत मां शारदा का पूजन, अर्चन व आरती की। शाम को दो वर्गों में लिखित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हुई। कनिष्ठ वर्ग में अक्षत वर्मा और मुद्रिका केलकर ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में कौस्तुभ दीक्षित प्रथम रहे। वीर रस गीत प्रतियोगिता में अग्रिम कोटेकर व रुद्राक्षि सिंह प्रथम रहे। शाम को महिलाओं ने गरबा किया। कार्यक्रम में नेहा कोटेकर, श्रेया गणुरकर, तनुजा नाईक रहे।
विश्वनाथ धाम में हुई भजन संध्या
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से शारदीय नवरात्रि के महापर्व पर देवी मां की भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें अमित रॉय, बृजेश प्रजापति, शशि भूषण मिश्र, रंजना रॉय, राकेश तिवारी, अंकित, राहुल, चंदन शर्मा, अक्षय शर्मा, मनोज ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। शुभारंभ एसडीएम शंभू शरण व मिनीएल शेखर ने दीप जलाकर किया। न्यास की ओर से माता विशालाक्षी एवं मां कालरात्रि देवी के सिद्धपीठ को शृंगार सामग्री भेजी गई।
15 सौ लोगों को बांटा फलाहारी प्रसाद
रोटरी क्लब बनारस और कपीश उपाध्याय मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से बुधवार को राहगीरों व दर्शनार्थियों को गायत्री माता मंदिर के मुख्य द्वार पर फलाहारी प्रसाद वितरण किया गया। संस्था की ओर से 1500 लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। रोटरी क्लब बनारस के अध्यक्ष रो. संतोष कश्यप, एडवोकेट विनोद शंकर उपाध्याय ने शुभारंभ किया।
चार्टर नाइट में अध्यक्षों व सदस्यों का हुआ सम्मान
रोटरी क्लब मिडटाउन के 44वें चार्टर नाइट में बुधवार को सभी अध्यक्ष व सदस्यों का स्वागत किया गया। पूर्व मंडलाध्यक्ष हरि मोहन शाह ने 44 वर्षों की क्लब गाथा से सभी को अवगत कराया। क्लब अध्यक्ष अभिषेक पांडेय और सचिव राजेश गुप्ता ने चार्टर सदस्य बीडी गुजराती, अभय बर्मन को अंग अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।
भजनों से यादगार बनाई नवरात्र महोत्सव की शाम
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में आयोजित नवरात्र महोत्सव में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति कर महोत्सव की शाम को यादगार बना दिया। महिला अध्ययन प्रकोष्ठ उड़ान समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने शास्त्रीय नृत्य, भरतनाट्यम, भजन आदि की प्रस्तुति दी।
धर्मशाला बनवाएगा काशी विश्वनाथ दल
काशी विश्वनाथ दल अगले साल गरीबों के लिए धर्मशाला का निर्माण कराएगा। बुधवार को छावनी स्थित ज्ञान प्रभा शृंगार वाटिका में आयोजित अधिवेशन के दौरान इसकी घोषणा हुई। काशी विश्वनाथ दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंत्रलेश्वर यादव ने कहा कि इससे सर्वसमाज को लाभ होगा।
कैबिनेट मंत्री ने सोलर लाइटों का किया लोकार्पण
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के तहत बुधवार को चिरईगांव विकास खंड ग्राम पंचायत डुबकियां, सरैया, मोकलपुर और रामचंदीपुर में सोलर लाइटों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी सार्वजनिक बाजारों, चौराहों, देवालयों पर सोलर लाइटें लगाई जाएंगी।
फास्फेटिक उर्वरकों की कालाबाजारी पर करें कार्रवाई
सहकारी समिति और भंडारण केंद्रों पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराएं। कालाबाजारी रोकने के लिए टीम बनाकर कार्रवाई करें। ये निर्देश उपायुक्त सहकारिता सोमी सिंह ने वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर के सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दिए।
इलेक्ट्रिशियन, टेलरिंग के कारीगरों की मांग अधिक
युवाओं को स्वावलंबी होना बहुत जरूरी है। वर्तमान में इलेक्ट्रिशियन, टेलरिंग के कारीगरों की बहुत मांग है, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से आत्मनिर्भर बनकर और रोजगार में वृद्धि कर सकते हैं। यह बातें उपायुक्त उद्योग मोहन कुमार शर्मा ने सेवापुरी के भीषमपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहीं। अनुसूचित जाति, जनजाति सब प्लान व अन्य पिछड़ा वर्ग सामूहिक प्रशिक्षण योजना के तहत चार माह तकनीक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुभारंभ के बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने विभाग की ओर से ऋण योजना समेत अन्य जानकारियां लाभार्थियों से साझा की।
विश्व डाक दिवस पर पोस्टाथन रैली निकाली
कैंट प्रधान डाक घर में पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में बुधवार को विश्व डाक दिवस मनाया गया। पीएमजी कर्नल विनोद कुमार ने बताया कि यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के 150 वर्ष पूरे होने पर दशाश्वमेध घाट से प्रधान डाकघर तक पोस्टाथन रैली निकाली गई। घाट पर लोगों को व्यायाम करने और स्वस्थ रहने के बारे में बताया गया।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि डाक परिक्षेत्र के 1729 डाकघरों में 27,08,400 डाकघर बचत खाते, 21,27,701 डाकघर बचत पत्र, 25,814 महिला सम्मान बचत पत्र, 3,60,651 सुकन्या समृद्धि खाते हैं। वाराणसी परिक्षेत्र में 40,755 डाक जीवन बीमा और 1,35,651 ग्रामीण डाक जीवन बीमा भी किया जा चुका है।
विधायक ने सुनीं समस्याएं, किया शिलान्यास
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय गुरुधाम में जनसुनवाई की। इसमें लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। विधायक ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। सड़क, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सीवर जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान वैभव मिश्रा, अभिषेक मौजूद रहे।
जैविक खेती की ओर बढ़ें किसान
ग्राम पंचायत भटौली बहरा के आंगनबाड़ी केंद्र पर बुधवार को किसानों को जैविक खेती के बारे में बताया गया। इस दौरान विभिन्न जैविक उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील कुमार पटेल ने कहा कि निरोग रहने के लिए रासायनिक खेती का त्याग कर अब जैविक खेती को अपनाना होगा। सहायक विकास कृषि अधिकारी कृष्णा सिंह ने किसानों को इस बारे में जानकारी दी।
घर में घुस कर मारपीट और तोड़फोड़ की
शिवपुर के भरलाई की शालिंद्र मिश्रा ने शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शालिंद्र ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी तीन अविवाहित पुत्रियों के साथ रहती हैं। पुरानी रंजिश को लेकर जौनपुर के जलालपुर थाने के वनपुरवा रेहटी की रहने वाली रिद्धि दूबे, विनय दूबे व दीपक दूबे और राहुल दूबे ने घर में घुसकर उन्हें व उनकी पुत्रियों को पीटा। इसके साथ ही तोड़फोड़ करते हुए जानमाल की धमकी दी।
बिजली का मीटर चोरी, मुकदमा
वाराणसी के छावनी क्षेत्र के बंगला नंबर 43 में किराये के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति के घर के बाहर लगा बिजली का मीटर चोरी हो गया। घटना के संबंध में मंगरु राम की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फास्ट फूड की दुकान में उतरा करंट, युवक की मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज बाजार में फास्ट फूड की दुकान पर काम करने वाले एक युवक की करंट की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को मौत हो गई। चोलापुर क्षेत्र के रसड़ा गांव निवासी सतीश बेनबंसी (25) दानगंज बाजार में फास्ट फूड की दुकान पर काम करता था। दुकान के बाहरी हिस्से में लगे टिनशेड में लगी लोहे की पाइप में करंट उतरने से आकाश झुलस गया।
आनन-फानन में उसे चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची चोलापुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि सतीश दो भाईयों में बड़ा था। उसकी दो बहनें भी है। सतीश की मां सरिता देवी और भाई आशीष कुमार समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि वाली खबर के लिए जोड़
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने श्रद्धांजलि दी। कहा कि नेताजी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले किसानों, दलितों, वंचितों, पिछड़ों के हक और हकूक के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले नेता थे। सपा के महानगर के वरिष्ठ नेता रितेश केसरी, विष्णु शर्मा ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की।
रामनगर बलुआ घाट पर दो मिनट का मौन रहकर ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस अवसर पर जितेंद्र मलिक, आरती यादव, संजय यादव मौजूद रहे। अल्पसंख्यक सभा के मोहम्मद हैदर गुडडू ने औरंगाबाद कार्यालय पर गुले खिराज ए अकीदत पेश किया।
डीएम ने दुर्गा पूजा पंडालो का किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने अपर पुलिस कमिश्नर एस चिनप्पा के साथ बृहस्पतिवार को पंडालों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने गिलट बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी वार्ता कर पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाओं सहित भीड़ को नियंत्रित करने पर विशेष जोर दिया।
महामना मालवीय स्मृति बाल संस्कार पुस्तकालय का शुभारंभ
राजकीय कम्पोजिट विद्यालय में गुरुवार को महामना पंडित मदन मोहन मालवीय स्मृति बाल संस्कार पुस्तकालय का शुभारंभ हुआ। इस पुस्तकालय की स्थापना मालवीय जी के आदर्शों से प्रेरित प्रमुख रूप से नासिरपुर, सुसुवाही और महामनपुरी क्षेत्र के निवासियों के सामूहिक सहयोग से किया गया है।
उद्घाटन समारोह के संचालक प्रो. शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि इस पुस्तकालय का प्रमुख उद्देश्य समाज के निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के बच्चों व विद्यार्थियों को संस्कार प्रदान करने वाला बाल साहित्य उपलब्ध करवाना है। इस पुस्तकालय के माध्यम से एक विद्यार्थी को प्रति सप्ताह दो पुस्तकें प्रदान की जायेंगी। इससे बच्चों में पढ़ने की रूचि पैदा होगी और जिसका सुंदर प्रभाव उसके चरित्र निर्माण पर पड़ेगा।
इस पुस्तकालय के लिए लगभग दस हजार रुपए का एक प्रारंभिक कोष बना है। पुस्तकालय में लगभग दो सौ पचास पुस्तकों को क्रय किया गया है। पुस्तकालय के संचालन के लिए बीएचयू के वर्तमान एवं अवकाश प्राप्त अध्यापकों एवं कर्मचारियों के नेतृत्व में एक संचालन समिति का भी गठन किया गया है।
भक्ति में सराबोर होकर डांडिया व गरबा से आराधना
उत्तर क्षेत्र बाज खेड़ावाल गुजराती समाज की ओर से पक्के महाल स्थित जोशी जी के बगीचे में डांडिया और गरबा की धूम रही। माता अंबे और पावागढ़ वाली माता की विशेष पूजा-आराधना से की गई। 51 जोड़ों ने मां की नृत्यमय महाआरती की। इसके बाद महिलाएं, पुरुष व बच्चों ने मां की पूजा व आरती के बाद डांडिया व गरबा से धमाल मचाया।
गुजराती साहित्यकार कवि दयाराम, वल्लभ भट्ट और कांति पटेल के पावागढ़ वाली माता की प्रशंसा में लिखे गए गरबा गीतों पर सभी जमकर थिरके। इस दौरान फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी हुई। विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। सीनियर में उज्ज्वल भट्ट प्रथम और जूनियर वर्ग में निशिता भट्ट प्रथम रहीं। संचालन उमेश जोशी ने किया।
वहीं, विद्यार्थी शारदोत्सव समिति की ओर ब्रह्माघाट स्थित आंग्रे के बाड़ा में भी डांडिया व गरबा से मां की आराधना की। मराठी देवी आराधना पर आधारित लोकनृत्य की भी प्रस्तुति हुई। श्री काशी गुजराती समाज ट्रस्ट की ओर से चौकाघाट स्थित स्वयंवर लॉन में डांडिया व गरबा रास हुआ। सूरत से आए गायक प्रवीण त्रिवेदी के गुजराती गीतों पर सभी को जमकर झूमे। बेस्ट युगल व एकल नृत्य करने वालों को पुरस्कृत किया गया। उधर, संपदा रेजिडेंसी भरलाई शिवपुर में भी डांडिया उत्सव में लयबद्ध डांडिया की खनक गूंजती रही।
बिहार से सटे चंदौली और गाजीपुर के थाने रहेंगे विशेष निगरानी में
बिहार से सटे चंदौली और गाजीपुर जिले के सीमावर्ती थानों की विशेष निगरानी की जाएगी। नेशनल हाईवे को शराब, मवेशी और गांजा की तस्करी का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिस कर्मी किसी भी सूरत में बच नहीं पाएंगे। ये बातें गुरुवार को आईजी रेंज मोहित गुप्ता ने मकबूल आलम रोड पर डीआईजी कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय में कहीं।
बिहार के शराब तस्कर गिरोह के बदमाशों द्वारा गत महीने आरपीएफ के दो जवानों की हत्या की गई थी। इसे लेकर आईजी रेंज ने कहा कि चंदौली और गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक से विशेष रूप से बात की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए मुकम्मल उपाय किए जाएंगे। शराब, मवेशी और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के गिरोहों के बदमाशों को सूचीबद्ध कराया जाएगा।
उनके जमानतदारों और शरणदाताओं की भी सूची बनवाई जाएगी। सभी की निगरानी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराध में रेंज के तीनों जिले की पुलिस को संवेदनशीलता बरतते हुए ही काम करना होगा। चिह्नित माफिया और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन से कटकर महिला की मौत
चौबेपुर के कादीपुर-सारनाथ रेलवे स्टेशन के बीच गौरडीह गांव के पास गुरुवार की सुबह ट्रैक पर एक 35 वर्षीय महिला का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस महिला के क्षतविक्षत शव की पहचान नहीं करा सकी।
लूट का आरोपी 25 हजार का इनामी बदमाश गिफ्तार
वाराणसी के नासिरपुर, विश्वनाथपुरी कॉलोनी में बीते 27 जुलाई को चेन लूटने के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश शेरू खान उर्फ राजू उर्फ हामिद को चितईपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। काजीपुरा, गोदौलिया निवासी शेरू खान गिरफ्तारी से बचने के लिए सूरत भाग गया था। बजरडीहा स्थित अपनी ससुराल आने के दौरान वह पकड़ा गया। उसके पास से 2200 रुपये बरामद हुए हैं।
एसीपी भेलूपुर धनंजय मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि चेन लूटने की घटना के तीसरे दिन मुख्य आरोपी विनोद भारती पुलिस मुठभेड़ में डाफी टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उसी से पूछताछ में शेरू खान के बारे में जानकारी मिली थी। चितईपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने अपनी टीम के साथ शेरू खान को गिरफ्तार किया है। शेरू खान के खिलाफ अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
प्रधानाचार्य और सहायक अध्यापक में मारपीट, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव के बलदेव इंटर कॉलेज में गुरुवार की दोपहर मौखिकी परीक्षा के दौरान आपसी कहासुनी में प्रधानाचार्य छत्रपति पांडेय और सहायक अध्यापक फेकन राम के बीच मारपीट हो गई। प्रधानाचार्य छत्रपति पांडेय ने बड़ागांव थाने की पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान सहायक अध्यापक फेकन राम दिखे तो उनसे परीक्षा संचालन के संबंध बातचीत करने लगे। उसी बीच उन्होंने व्यक्तिगत द्वेष में अपनी पदोन्नति न करने का आरोप लगाते हुए उन पर हमला कर दिया। इसके साथ ही हत्या की धमकी दी।
बड़ागांव थाने की पुलिस प्रधानाचार्य की तहरीर पर सहायक अध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच कर रही है। उधर, अध्यापक फेकन राम ने प्रधानाचार्य पर दुर्व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है।
मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में केस दर्ज
वाराणसी के भेलूपुर थाने में मारपीट सहित अन्य आरोपों में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। किरहिया मोहल्ले में रहने वाले नीलू देवी की शिकायत पर पति और सास सहित ससुराल के अन्य के खिलाफ मारपीट और बच्चों को प्रताड़ित करने के आरोप में भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। नीलू के अनुसार पति विक्रम प्रजापति और सास शकुंतला देवी के अलावा ससुराल के अन्य लोग उसे और उसके बच्चों को मारने-पीटने के साथ प्रताड़ित करते हैं।
वहीं, बड़ी पटिया की रहने वाली प्रिया पाल के अनुसार उसके घर के सामने विपक्षी जबरन दीवार जोड़ने लगे। विरोध करने पर उसे और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने प्रिया पाल की शिकायत पर दिवाकर, गोलू, लतीफ अंसारी, रिंकी देवी, बबीता, निर्मला और चंदा देवी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हत्या के आरोप से कांग्रेस नेता समेत चार दोषमुक्त
जमीन की पुरानी रंजिश को लेकर लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर युवक की हत्या करने के मामले में कांग्रेस नेता समेत चार आरोपियों को विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) की अदालत ने बरी कर दिया। बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि गोली लगने से मौत बताई गई थी, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगना नहीं पाया गया। इसकी पुष्टि भी पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने अपनी जिरह के दौरान की।
इस आधार पर अदालत ने कोटवा, सारनाथ निवासी कांग्रेस नेता गुड्डू पांडे उर्फ गिरीश पांडेय, सतीश चंद्र पांडेय, पप्पू यादव, राजन मिश्रा उर्फ नवीन मिश्रा को साक्ष्य के अभाव मे संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। प्रकरण के अनुसार नंदू सोनकर ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप था कि 24 जुलाई 2004 को सुबह उसका भाई अपनी जमीन पर बाजरे की बुआई कर रहा था। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में एक आरोपी हरिश्याम मिश्र की मौत हो जाने के कारण उसके खिलाफ सुनवाई समाप्त हो गई थी।
37.50 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज
शिवपुर के भरलाई निवासी विनोद कुमार दूबे के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट के आदेश से जतनवर विशेश्वरगंज निवासी दीपक दत्त मिश्रा, भरत दत्त मिश्रा और दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विनोद ने बताया कि आरोपियों ने तरना स्थित एक जमीन का नोटेरियल सट्टा उन्हें 37 लाख 50 हजार रुपये लेकर किया था। अब आरोपी न जमीन दे रहे हैं और न पैसा लौटा रहे हैं। जानमाल की धमकी अलग से देते हैं। पुलिस से शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने अदालत की शरण ली।
लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के केस की सुनवाई अब 16 अक्तूबर को
सिविल जज सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट युगल शंभू की अदालत में गुरुवार को ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के मुकदमे की सुनवाई हुई। ज्ञानवापी में एएसआई से अतरिक्त सर्वे सबंधित अर्जी पर प्रतिवादी अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की आपत्ति पर वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने जवाबी दलील दी।
वाद मित्र 16 अक्तूबर को भी दलील पेश करेंगे। कोर्ट में वाद मित्र ने कहा कि ज्ञानवापी स्थित वजूखना की कमीशन कार्रवाई के दौरान जो आकृति निकली थी, उसे सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षित रखने का आदेश दिया था। उसका सर्वे होना अति आवश्यक है। ज्ञानवापी के तीनों आराजी नंबर का एएसआई सर्वे होना जरूरी है। तभी वास्तविक तथ्य निकल कर सामने आएंगे।
पक्षकार बनने की निगरानी अर्जी पर 15 अक्तूबर को सुनवाई
विशेष न्यायाधीश (आवश्यक वस्तु अधिनियम) की कोर्ट में गुरुवार को लॉर्ड विश्वेश्वर के वर्ष 1991 के मामले में वादी रहे हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनके बेटों को पक्षकार बनाने संबंधी निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। इसमें प्रणय कुमार पांडेय की ओर से बहस की गई। बहस पूरी करने के बाद लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस शुरू की। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 अक्तूबर को होगी।
पिछले माह सिविल जज सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत ने हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनके बेटों के पक्षकार बनाने की अर्जी खारिज कर दी थी। आदेश के खिलाफ जिला जज की कोर्ट में निगरानी अर्जी दाखिल की गई। हरिहर पांडेय के निधन के बाद पक्षकार बनने के लिए उनके दो बेटे प्रणय पांडेय और करण शंकर पांडेय की ओर से कोर्ट में अर्जी दी गई है।
घर में घुसकर वृद्धा की चेन छीन ले गए
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के दीवानगंज में गुरुवार को दो बदमाश एक घर में घुस कर विद्या देवी (70) के गले से सोने की चेन छीन कर भाग गए। वृद्धा के शोर मचाने पर परिजन पास में मौजूद आदमपुर चौकी गए और पुलिस को सूचना दिए। हालांकि पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी पाकर एसीपी कोतवाली डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे और विद्या देवी से घटना की जानकारी लिए। वृद्धा विद्या देवी ने बताया कि वह अपने घर के दरवाजे के पास बैठी थीं। तभी दो युवक आए और उनके गले से सोने की चेन छीन कर कर भाग गए।
मजदूरी मांगने गया तो रॉड और डंडे से हमला
रजा कॉलोनी, मकबूल आलम रोड निवासी बकार यूनुस अपनी मजदूरी का पैसा मांगने गया तो उस पर रॉड और डंडे से हमला किया गया। मामले को लेकर बकार के मामा हाजी समसुद्दोहा की तहरीर पर चेतगंज थाने में जगतगंज स्थित एक रेस्टोरेंट के राजन, दीपक, सत्यम, राजू, बबलू, राहुल, चंदन, सौरभ, वैभव व सुंदरम और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार की दोपहर की इस घटना में गंभीर रूप से घायल बकार को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेतगंज थाने की पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पीआरवी के पुलिस कर्मी आमजन से करें अच्छा व्यवहार
यूपी-112 के पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) पर तैनात पुलिस कर्मी आमजन से अच्छा व्यवहार करें। यह बात ट्रैफिक पुलिस लाइन स्थित सभागार में गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. एस चनप्पा ने यूपी-112 के पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों से कहीं। उन्होंने कहा कि सूचना प्राप्त होते ही मौके पर तत्काल पहुंचे और फोन करने वाले से शालीन तरीके से पेश आएं।
अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि आपकी सक्रियता से ही कमिश्नरेट के यूपी 112 सेवा की रैंकिंग प्रदेश भर में अव्वल आएगा। वहीं, शाम के समय अपर पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने शिवपुर, कैंट और चेतगंज थाना क्षेत्र के दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों को कहा कि अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करें।
पिंडरा विधायक ने बांटे आवासीय पट्टा, प्रमाण पत्र
पिंडरा के मानापुर में 72 बीघे जंगल की जमीन से बेदखल हुए भूमिहीन 17 किसानों को आवासीय पट्टा के आवंटन पत्र स्वीकृति प्रदान की गई। गुरुवार को पिंडरा तहसील में पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह ने 8 लोगों को प्रमाण पत्र दिया गया। कहा कि काशी द्वार योजना बिना किसानों के सहमति से नहीं बनेगी। यदि किसानों की सहमति नही मिली तो योजना रद्द होगी। इस पर राजीनीति करने वाले बक्शे नही जाएंगे।
कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर योजना स्थगित की गई है। यह योजना जनता और किसानों के ऊपर निर्भर है। कहा कि लोगों के बहकावे में न आएं। विकास के प्रति समर्पण का भाव रखे।
कैंट विधायक ने निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने गुरुवार को भगवानपुर के सत्यम नगर में 10.59 लाख रुपए की लागत से 171.30 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ। यह सड़क छोटेलाल पाठक की दुकान से रामअवतार के आवास तक बनाई जाएगी। कार्यक्रम में गोपाल जालान, मंटू चौबे, दिलीप पटेल, प्रमोद राजभर आदि लोग उपस्थित रहे।
16 अक्तूबर को बीएचयू की महिला फुटबॉल टीम का ट्रायल
ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 16 अक्तूबर को होगा। क्रीड़ा परिषद की ओर से ट्रायल एंफीथियेटर के फुटबॉल मैदान पर शाम चार बजे से होगा। महिला वर्ग के फुटबॉल खिलाड़ी प्रो़ टी ओनिमा रेड्डी से मुलाकात कर सकती हैं। खिलाड़ियों को रशीद, पहचान पत्र और प्रमाणपत्रों के साथ आना होगा।
प्रकृति और अंश ने एथलेटिक्स में जीता पदक
सीबीएसई की राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में एमपी इंग्लिश स्कूल के दो खिलाडि़यों ने पदक जीता है। प्रकृति यादव ने स्वर्ण व अंश ने रजत पदक जीता। अंडर-19 में प्रकृति यादव ने आठ सौ मीटर में स्वर्ण और अंश पाल ने अंडर-14 के आठ सौ मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। विद्यालय प्रबंधक संजय यादव, पूनम कुमारी, डीसी गौतम ने बधाई दी है।
वीडीए कर्मचारियों को बांटे कंप्यूटर लैपटाप
वरुणा नदी के ग्रीन बेल्ट के 5 अवैध निर्माणों को वीडीए ने सील किया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार की अगुवाई में गुरुवार को आवासीय और व्यवसायिक भवनों का निरीक्षण किया गया। इनमें जैतपुरा वार्ड के मिल्लत नगर,धोबीघाट में 30 वर्ग मीटर में भूतल का अवैध निर्माण सील किया। यहीं पर सरताज के 70 वर्गमीटर भूतल व बाउंड्रीवाल के अवैध निर्माण को सील किया। शकील के 45 वर्गमीटर बाउंड्रीवाल के अवैध निर्माण को सील किया।
आदमपुर वार्ड के अमरपुर, मडिहा, निकट पुराना पुल के सुभाष जायसवाल के 75 वर्गमीटर जी प्लस टू के अवैध निर्माण को सील किया गया। पंडितजी के 10 वर्ग मीटर भूतल पर दीवाल एवं कालम के अवैध निर्माण को सील किया गया।
भुगतान के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हुई तो उत्तरदायी होंगे पटल सहायक
वीडीए में लंबित रजिस्ट्री की समीक्षा गुरुवार को वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा ने की। 103 आवंटियों के पूरा भुगतान करने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हुई। उन्होंने सभी पटल सहायकों को एक सप्ताह के अंदर आवंटियों से संपर्क कर जानकारी देंगे और 15 दिन में रजिस्ट्री कराएंगे। इसके लिए जो भी अभिलेख नियोजन अनुभाग और निर्माण अनुभाग से आवश्यक हो वह पत्राचार करके यथाशीघ्र प्राप्त कर लें। रजिस्ट्री की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह की जाएगी। रजिस्ट्री न होने के लिए उत्तरदायी पटल सहायकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशन को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए
रेलवे के वाराणसी मंडल में 2 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जा रहा है। गुरुवार को प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की।
उन्होंने फूड प्लाजा एवं खान-पान स्टालों को प्लास्टिक मुक्त रखने के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता युक्त सफाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य परियोजना प्रबंधक कौशलेस सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक मौजूद रहे।
मधुमेह रोग के बचाव के बारे में दी जानकारी
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में डॉक्टर आशुतोष मिश्रा और डॉक्टर पल्लवी मिश्रा ने मधुमेह रोग के कारण, उससे बचाव के उपाय पर चर्चा की।
विश्वनाथ धाम में नौ कन्याओं ने किया दुर्गा सप्तशती का पाठ
श्री काशी विश्वनाथ धाम में शारदीय नवरात्र के आठवें दिन नौ कन्याओं ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। बीएचयू के कला विभाग से आई शक्ति स्वरूपा बालिकाओं ने सस्वर दुर्गासप्तशती का पाठ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी रहे। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र, एसडीएम शंभू शरण, न्यास सदस्य प्रो. ब्रजभूषण ओझा, पं. दीपक मालवीय ने कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसी के साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से माता विशालाक्षी और मां महागौरी देवी के सिद्धपीठ को शृंगार सामग्री भेजी गई।
कन्या सुमंगला योजना में अब मिलेंगे 25 हजार
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में अब लाभार्थी महिलाओं को 15 हजार की जगह 25 हजार रुपये मिलेंगे। सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की धनराशि बढ़ा दी गई है। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर में चलने वाली वन स्टॉप सेंटर में वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 391 प्रकरणों में महिलाओं को सुविधाओं का लाभ मिला। 48 महिलाओं को आश्रय भी प्रदान किया गया। सेंटर की प्रभारी रश्मि दुबे ने बताया कि वर्ष 2024-25 में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में कुल 11145 बालिकाओं द्वारा आवेदन किया गया है।
सुबह छह से रात दो बजे तक नो एंट्री
नवरात्र की नवमी, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने नो एंट्री के समय में बदलाव किया है। डीसीपी ट्रैफिक हृदेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि 11, 12 और 13 अक्तूबर को नो एंट्री खुलने का समय रात दो बजे से सुबह छह बजे तक का रहेगा। इस दौरान सुबह छह बजे से रात दो बजे तक भारी वाहनों का आवागमन शहर में पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
औद्योगिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बने डॉ. विश्वनाथ दुबे
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश संयोजक एवं सीएम एंग्लो बंगाली कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ दुबे को उत्तर प्रदेश सहकार भारती के औद्योगिक प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। इसकी घोषणा सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं प्रदेश महामंत्री संतोष दुबे ने लखनऊ कार्यालय में की। प्रदेश संयोजक बनाए जाने पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश मिश्रा, विंध्याचल चौबे, ज्ञान प्रकाश, प्रभुदत्त पांडेय ने बधाई दी।
असंख्य दीपों से जगमगाया सीएम एंग्लो बंगाली कॉलेज
सीएम एंग्लो बंगाली कॉलेज के संस्थापक श्री चिंतामणि मुखर्जी का 164वां जयंती समारोह बृहस्पतिवार को चिंतामणि महोत्सव के रूप में भेलूपुर स्थित विद्यालय परिसर में मनाया गया। मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मैं भी शिक्षक रहा हूं। प्रधानाचार्य भी रहा हूं। लेकिन आज स्वयं एक छात्र के रूप में यहां बैठा हूं।
उन्होंने छात्रों को चिंतामणि मुखर्जी के आदर्शों पर चलने की अपील की। इस उपलक्ष्य पर विद्यालय परिसर को असंख्य दीपों से सजाया गया। किसी ने दीयों से स्वास्तिक बनाया, किसी से स्वच्छता अभियान को महत्व दिया, तो किसी ने पेड़ बचाओ अभियान को ही दीपकों से सजा दिया। इसी क्रम में कक्षा सजावट प्रतियोगिता भी हुई। स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुराग मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. बृजेशमणि पांडेय, डॉ. राजेश पाण्डेय, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डॉ. उमेश सिंह आदि मौजूद रहे।
वृद्धापेंशन के लिए राशन कार्ड में नाम जुड़वाएं
जिले के 18833 वृद्धापेंशन धारकों के नाम अभी तक राशन कार्ड में नहीं जुड़े हैं। अगर, वे अपना नाम नहीं जुड़वाते हैं तो उनकी पेंशन रुक सकती है। वहीं, आधार से लेनदेन (एनपीसीआई) की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से पांच हजार को पेंशन नहीं मिल रही है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दुबे ने बताया कि 18833 पेंशनरों का नाम राशन कार्ड में नहीं दर्ज है। उन्हें शीघ्र नाम जुड़वाने के लिए कहा गया है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाना या फैमिली आईडी की वेबसाइट https://familyid.up.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है।
कुश्ती में पूर्वोत्तर रेलवे के रोहित ने जीता स्वर्ण
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के कुश्ती खिलाड़ी रोहित यादव ने पंजाब में हुई 65वीं अखिल भाारतीय अंतर रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता है। रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में नौ से 11 अक्तूबर तक प्रतियोगिता में रोहित ने 60 किलो भार वर्ग में ग्रीको रोमन स्टाइल में जीत दर्ज की है। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव, खेल अधिकारी चंद्र विजय सिंह, जनार्दन सिंह यादव, कुंवर प्रसाद यादव ने खुशी का इजहार किया है।
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष के पिता का निधन
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्या के पिता कुमार भट्टाचार्या (82) का निधन हो गया। लखनऊ स्थित पीजीआई में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर जिले के उद्यमियों ने शोकसभा कर श्रद्धांजलि दी।
मैदागिन से गोदौलिया नो व्हीकल जोन के विरोध में उतरे व्यापारी
मैदागिन से गोदौलिया मार्ग को नो व्हीकल जोन बनाए जाने के प्रशासन के फैसले के विरोध में व्यापारी उतर आए हैं। चौक में बृहस्पतिवार को बैठक कर व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से निर्णय वापस लेने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
काशी व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राकेश जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। इसमें बनारसी वस्त्र उद्योग संघ, नीचीबाग-बुलानाला व्यापार मंडल, काशी कागज व्यवसायी समिति, उत्तर-प्रदेश स्वर्णकार संघ, वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन, वाराणसी प्रकाशक संघ आदि ने फैसले पर आपत्ति जताई। राकेश जैन ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी मनमाना रवैये अपनाते हुए व्यापार को समाप्त करने पर तुले हैं।
काशी विश्वनाथ के दर्शनार्थियों की भीड़ व वाहनों को नियंत्रित करने के बजाय प्रशासन नो व्हीकल जोन व चौराहों को चारों ओर बैरिकेडिंग से अवरुद्ध कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना चाहता है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस निर्णय को तुरंत वापस नहीं लिया गया तो व्यापारी आरपार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे। बैठक में राजकुमार शर्मा, राजन बहल, पवन मोदी, मदन मोहन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल मौजूद रहे।
काशी द्वार योजना के लिए किसानों की सहमति से ही ली जाएगी जमीन
भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि काशी द्वार योजना के लिए किसानों की सहमति से ही उनकी जमीन ली जाएगी। किसानों और जनता के ऊपर यह योजना निर्भर है। ये बातें बृहस्पतिवार को पिंडरा तहसील में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहीं। इस दौरान विधायक ने जंगल की जमीन से बेदखल 17 किसानों को आवासीय पट्टा का आवंटन पत्र दिए। इस मौके पर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, एसीपी प्रतीक कुमार, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव आदि मौजूद रहे।
मां काली को लगाया 56 भोग, पहनाई रजत मुंड की माला
शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मां काली का दर्शन-पूजन हुआ। शहर के काली मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। मंगला आरती से शयन आरती तक श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन किए। माता को 56 भोग अर्पित किया गया और महाआरती के साथ ही महानिशा पूजा भी हुई।
गुरुवार को भोजूबीर पंचक्रोशी मार्ग स्थित दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में मां कालरात्रि के विग्रह को सुबह पांच बजे पंचामृत स्नान कराया गया। नवीन वस्त्र धारण कराने के बाद माता को रजत मुंड की माला पहनाकर मंगला आरती हुई। पूरे मंदिर परिसर को सवा क्विंटल कामिनी की पत्तियों, पुष्प मालाओं और विद्युत झालरों से सजाया गया।
माता के शृंगार के बाद उनकी नयनाभिराम झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। रात्रि में आठ बजे मां को छप्पन भोग लगाकर महाआरती व हवन किया गया। मध्यरात्रि में महानिशा पूवा हुई। इस दौरान महंत गोपाल गिरी और व्यवस्थापक राजेश गिरी, अभिमन्यु तिवारी, आरची गिरी व देविशा गिरी ने संयोजन किया। वहीं, कालिका गली स्थित मां काली के मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए।
85 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से गुरुवार को चोलापुर ब्लॉक में रोजगार मेले में एक कंपनी ने 84 अभ्यर्थियों को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दी। सभी को 14 अक्तूबर से जौनपुर में एक महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद जिले में ही मंदिर, बैंक, कॉलोनी या ऑफिस में नियुक्त किया जाएगा। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इन्हें 13,500 से 22,000 तक सैलरी दी जाएगी। काशी विद्यापीठ में 16, हरहुआ में 17, सेवापुरी में 18, पिंडरा में 19 को शिविर लगेगा।
नेत्र परीक्षण के दौरान 8 बच्चों में पाया गया दृष्टि दोष
सेवापुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत देईपुर में स्थित कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में गुरुवार को विश्व दृष्टि दिवस पर 71 बच्चों का नेत्र परीक्षण कराया गया। इसमें आठ बच्चों में दृष्टि दोष पाया गया। जिनका कार्ड बनाकर चश्मा बनाने के लिए दिया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव, विद्यालय की प्रधानाचार्य, बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, डॉ. युवराज सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
हरहुआ में अतिकुपोषित मिले दो भाई, एनआरसी में चलेगा इलाज
वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक में दो भाई अतिकुपोषित मिले हैं। दोनों को जिला अस्पताल परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में गुरुवार को भर्ती कराया गया। नोडल मेडिकल ऑफिसर डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि पिसौर में एक ही परिवार के दो बच्चे आठ माह के अनुज और दो वर्षीय अनुराग अति कुपोषित मिले। बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती भर्ती करवाया गया है।
योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को जरूर मिले
पिंडरा ब्लॉक मुख्यालय मंगारी में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की गुरुवार को हुई बैठक में आवास, आयुष्मान कार्ड, विधवा, वृद्धा पेंशन की समीक्षा की गई। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने कार्य की शिथिलता पर सचिवों को हिदायत दी। कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को जरूर मिले। ब्लॉक प्रमुख संरक्षक रविशंकर सिंह ने पीएम आवास योजना के सर्वे कार्य को 20 अक्तूबर तक पूरा करने को कहा। बैठक में बीडीओ छोटेलाल तिवारी एडीओ एसटी कैलाश यादव, एडीओ कृषि राहुल यादव, बृजेश पांडेय, अनिल चौबे, निहाल पाठक, मनीष पाठक आदि रहे।
सौर ऊर्जा के उपयोग के साथ करें कमाई
कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में पीएम कुसुम योजना के तहत हुई कार्यशाला में किसानों को सौर ऊर्जा की कृषि क्षेत्र में उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञ मंगेश ने बताया कि इस योजना का लाभ एफपीओ, स्वयं सहायता समूह, सहकारी समिति या किसान ले सकते हैं। पांच सौ केवीए से एक मेगा वाट तक की क्षमता के सोलर पैनल लगवा सकते हैं। जरूरत से ज्यादा बिजली उत्पादप पर कमाई भी कर सकते हैं। समन्वयक डॉ. अमितेश सिंह, डॉ. राहुल कुमार सिंह, डॉ. प्रकाश सिंह, राणा पियूष सिंह आदि रहे।
कहीं तारकोल तो कहीं गिट्टी डालकर भरे जा रहे गड्ढे
सीएम योगी आदित्यनाथ की हिदायत के बाद सड़कों की मरम्मत का काम तेज किया गया है। एक ओर पीडब्ल्यूडी तारकोल के जरिये गड्ढे भर रही है तो वहीं नगर निगम गिट्टी डालकर गड्ढों को समतल कर रहा है। विभागों को मुख्य फोकस सड़क को केवल चलने लायक बनाना है।
त्योहारों को ध्यान में रखकर सड़कों के झटकों को कम किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न आने पाए। पीडब्ल्यूडी की ओर से जहां रथयात्रा, रवींद्रपुरी, सिगरा चौराहे पर तारकोल की मदद से सड़क के गड्ढों को भरा गया है। वहीं नगर निगम की ओर से चेतमणि चौराहे, बिरदोपुर, सिगरा स्टेडियम के पास गिट्टी डालकर गड्ढों को भरा गया है।
मुख्य मार्गों को छोड़ दिया जाए तो शहर की अंदरूनी सड़कों की हाल काफी खराब है। केवल उन्हीं इलाकों में गड्ढे भरे जा रहे हैं जहां पर नवरात्र, दशहरा, रामलीला आदि से जुड़े कोई आयोजन हो रहे हैं। अभी आने वाले दिनों में दीपावली और देव दीपावली का बड़ा त्योहार है। समय रहते ठीक नहीं कराई गई तो दिक्कत बढ़ जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया की सड़कों की मरम्मत का काम तेज कराया गया है। ज्यादातर सड़कों को गड्ढामुक्त कराया गया है।
महिलाओं-बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर की दी गई जानकारी
नवरात्र और मिशन शक्ति फेज 5 के अंतर्गत गुरुवार को पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी में नवदुर्गा नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। आदिशक्ति दुर्गा के नौ रूपों में नौ बालिकाओं ने महिषासुर का वध किया। इसके साथ ही बच्चों ने अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
इस दौरान लोहता थाने की पुलिसकर्मी रीना गुप्ता ने महिलाओं व बच्चियों को विभिन्न हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। कंपोजिक विद्यालय झांजूपुर, कंपोजिक विद्यालय आशापुर में चित्रकला, नाटक निबंध और कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार सिंह, मीनू शुक्ला, विभा यादव, मीना यादव, निशा सिंह आदि मौजूद रहीं।
वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा को मिला उत्कृष्ट पुरस्कार
कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा सिंह को आचार्य नरेंद्र देव कृषि और प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अयोध्या के समारोह में उत्कृष्ट पुरस्कार दिया गया। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने उन्हें सब्जियों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्द्धन पर किए गए शोध कार्य के लिए सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. नवीन सिंह, डॉ. श्री प्रकाश सिंह, डॉ. अमितेश सिंह, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. मनीष पांडेय मौजूद रहे।
बच्चों ने राम-लक्ष्मण का धरा रूप
अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज परमानंदपुर के पास प्रतीक मेमोरियल काॅन्वेंट स्कूल में बच्चों ने बृहस्पतिवार को दशहरा और नवरात्रि का पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा से लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निदेशक विनोद यादव, प्रधानाध्यापिका राधा पटेल, अंजली पटेल, प्रतिभा सिंह, वैशाली आदि लोग उपस्थित रहे।
रैली निकालकर पराली न जलाने के लिए किया जागरूक
पराली/ कृषि अपशिष्टों को न जलाने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसको लेकर गुरुवार को सभी ब्लॉकों के 75 न्याय पंचायतों में जागरूकता गोष्ठी के साथ रैली निकाली गई। इसमें हो रहे पर्यावरण और मिट्टी को नुकसान के बारे में किसानों को बताया गया। साथ ही पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बारे में बताया गया। आराजीलाइन में 11, बड़ागांव में 10, पिंडरा में 10, हरहुआ में 8, चोलापुर में 10, चिरईगांव में आठ एवं सेवापुरी में 10 पंचायतों में गोष्ठी हुई। इस मौके पर बीडीओ, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) आदि शामिल रहे।
हिंदी चेतना मास के समापन पर बांटे 18 पुरस्कार
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में गुरुवार को हिंदी चेतना मास के समापन पर पुरस्कार वितरण हुआ। मुख्य अतिथि बीएचयू हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. वशिष्ठ द्विवेदी और विशिष्ट अतिथि प्रख्यात हिंदी शिक्षिका डॉ. सोनी स्वरूप ने विभिन्न विभागों को कुल 18 पुरस्कार दिए। फसल सुधार विभाग को सबसे ज्यादा 4 पुरस्कार मिले। मुख्य अतिथि ने कहा कि स्थानीय बोलियों के संरक्षण से ही हिंदी का और अधिक प्रसार होगा।
वैज्ञानिक किसानों को उनकी भाषा में कृषि एवं सब्जी की आधुनिक तकनीक पहुंचाएं। डॉ. सोनी ने काव्य रचनाओं से कृषि एवं साहित्य के जुड़ाव पर चर्चा की। निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने बताया कि चेतना मास में काव्य पाठ, आशुभाषण, वाद-विवाद, टिप्पणी लेखन, टंकण, प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। स्वागत डॉ. अरविंद नाथ सिंह, संचालन डॉ. डीआर भारद्वाज और धन्यवाद डॉ. स्वाति शर्मा ने किया। इस मौके पर डॉ. डीआर भारद्वाज, डॉ. जगेश तिवारी, डॉ. इंदीवर प्रसाद, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. रामेश्वर सिंह रहे।
कंपोजिट विद्यालय में छठवीं की छात्रा बनी प्रधानाध्यापिका
वाराणसी के चिरईगांव नवापुरा के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में छठवीं की छात्रा योगिता गौड़ को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका बनाया गया। नवरात्र की सप्तमी पर मिशन शक्ति के तहत मिली जिम्मेदारी को उसने बखूबी निभाया। विद्यार्थियों को पढ़ाने और शिक्षकों को निगरानी करने को कहा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार उपाध्याय के साथ ही शिक्षकों में रीना गौतम, मंजू देवी, प्रज्ञा यादव, घनश्याम, गौरव सिंह, भागमनी व स्वाति सिंह ने एक दिन की प्रधानाध्यापिका के साथ शिक्षण कार्य किया।
अस्टमी पर कन्याओं को दिए तुलसी के पौधे
नवरात्र की अष्टमी पर प्रकृति का पोषण व संवर्धन मां की सेवा है का संदेश दिया गया। देवी के आठवें स्वरूप महागौरी के पूजन के बाद नमामि गंगे के सदस्यों ने नौ कन्याओं का पूजन कर उन्हें तुलसी के पौधे और कपड़े के झोले देकर प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, गढ़वासी टोला स्थित दुर्गा पंडाल से कन्याओं ने पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने के लिए अपील की। इस मौके पर संयोजक राजेश शुक्ला, आरुषि पांडेय, अक्षरा, मिष्ठि कपूरिया, वंदना गोस्वामी, विजय कपूरिया, पूनम शुक्ला, सूर्यांशु शुक्ला आदि रहे।
वाह्य विशेषज्ञ बने प्रो. विजय
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के साहित्य विभाग के प्रो. विजय कुमार पांडेय को बीएचयू में वैदिक दर्शन (पुराणेतिहास) विभाग में बाहरी विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति 19 सितंबर 2024 से दो वर्ष के लिए हुई है। बीएचयू के कुलसचिव (शैक्षणिक) डॉ. पुष्यमित्र त्रिवेदी की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रो. पांडेय की विशेषज्ञता और योगदान को देख उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया है। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने प्रो. पांडेय को शुभकामनाएं दी हैं।
बीएचयू में दाखिले के लिए 13 तक जमा कर सकेंगे फीस
बीएचयू में स्नातक में दाखिले के लिए चल रही प्रवेश प्रक्रिया में विश्वविद्यालय की ओर से अभ्यर्थियों के लिए आवंटित सीटों का ब्योरा समर्थ डैशबोर्ड पर बृहस्पतिवार को अपलोड कर दिया गया। इसके आधार पर अभ्यर्थी 13 अक्तूबर की रात 11.59 बजे तक अपनी फीस प्रवेश लिंक के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से गुरुवार देर शाम आदेश जारी कर दिया गया है। बताया गया है कि सीट का आवंटन शाम 6 बजे से समर्थ डैशबोर्ड पर लाइव है। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश फीस जमा नहीं करता है, उसे आवंटित सीट रद्द माना जाएगा। ऐसे में सभी को समय सीमा के भीतर फीस जमा करनी चाहिए।