एक क्लिक में वाराणसी की खबरें : खड़ी बस में बोलेरो टकराई, 10 श्रद्धालु घायल; खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत
वाराणसी के अखरी गांव में बस और बोलेरो की टक्कर के बाद 10 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पत्नी से विवाद के दौरान आग लगाने वाले युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार की दोपहर मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
News Update Today : रोहनिया के अखरी में शुक्रवार की शाम नेशनल हाईवे के किनारे खड़ी बस के पीछे तेज रफ्तार बोलेरो आकर टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार 10 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस ने सभी को अस्पताल भिजवाया। घायलों में एक श्रद्धालु की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की वजह बोलेरो चालक को झपकी आना बताया गया है।
बिहार के वैशाली जिले के प्योरपुर गांव से 10 लोग बोलेरो से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए गए थे। वापसी के दौरान अखरी चौराहे के समीप खड़ी बस के पीछे बोलेरो जा टकराई। बोलेरो सवार मनीष सिंह न बताया कि हादसे में वह और चालक सोनेलाल दास उर्फ सोनू ,नागेंद्र दास, पिंकी देवी, गिरजा देवी, हरिहर दास, जानकी, गुड़िया मनीष कुमार व रीमा देवी घायल हो गई। घायलों में नागेंद्र दास की स्थिति गंभीर बताई गई है।
पत्नी से विवाद के दौरान आग लगाने वाले युवक की मौत
रोहनिया के छितौनी गांव में पत्नी से विवाद के दौरान आग लगाने वाले युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार की दोपहर मौत हो गई। सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
रोहनिया थाना क्षेत्र के छितौनी गांव का रहने वाला हीरा राजभर (32) शराब के नशे में बृहस्पतिवार की रात अपने घर आया था। घर पहुंचते ही वह अपनी पत्नी आशा से गालीगलौज और झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद के दौरान ही गुस्से में आकर हीरा ने खुद को आग लगा ली। हीरा को बचाने के चक्कर में उसकी पत्नी भी झुलस गई। चीख-पुकार सुन कर पड़ोसियों ने दोनों को अस्पताल भिजवाया और सूचना रोहनिया थाने की पुलिस को दी। उपचार के दौरान हीरा की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है।
सड़क हादसे में घायल जनरल स्टोर संचालक की मौत
सड़क हादसे में घायल भगवानपुर निवासी जनरल स्टोर संचालक कौशलेंद्र कुमार मौर्या (35) की उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। कौशलेंद्र की बाइक पर टक्कर मारने वाली इनोवा कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लंका निवासी चंद्रभानु प्रसाद मौर्या ने बताया कि उनके पुत्र कौशलेंद्र बुधवार की देर रात बाइक से लंका स्थित अपने जनरल स्टोर से भगवानपुर में अपने घर जा रहे थे। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर-भगवानपुर मोड़ पर तेज रफ्तार इनोवा ने कौशलेंद्र की बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कौशलेंद्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शहीद जवानों की स्मृति में जिला जज ने किया पौधरोपण
जिला जज संजीव पांडेय ने पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद जवानों की स्मृति में शुक्रवार को सिविल कोर्ट परिसर में पौधारोपण किया। ग्रीन पीस नेचर फाउंडेशन काशी के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कचहरी परिसर में जिला जज और पुलवामा में शहीद जवान रमेश यादव की पत्नी रेनू यादव ने पौधरोपण किया गया।
संस्था के संस्थापक राजेश सिंह कुशवाहा, अध्यक्ष आरिफ सिद्दीकी और महासचिव नीरज कुमार शुक्ला ने रेनू यादव को पौधा देकर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही 137 टीए बटालियन, 39 जीटीसी के जवानों द्वारा भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजय यादव, प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, मुरलीधर सिंह, अमित कुमार शुक्ला, कौशलेंद्र त्रिपाठी सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
सिपाहियों ने चार लाख रुपये से भरा बैग लौटाया
चौक थाने के पास एक हैंडबैग में मिले चार लाख रुपये दक्षिण भारतीय श्रद्धालु को खोज कर दो सिपाहियों ने शुक्रवार को वापस किया। अपना बैग वापस पाकर दक्षिण भारतीय श्रद्धालु सिपाही दीपांशु सिंह और आनंद कुमार यादव का आभार जताया।
चौक थाने के पास कांस्टेबल दीपांशु सिंह और आनंद कुमार यादव की लगी थी। ड्यूटी के दौरान उन्हें एक हैंडबैग मिला। बैग खोलने पर उसमें चार लाख रुपये, डेबिट कार्ड और मोबाइल नंबर था। मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर पता लगा कि हैंड बैग तेलंगाना निवासी श्रीनिवास का है। दोनों सिपाहियों ने श्रीनिवास को बुला कर उनका हैंडबैग उन्हें वापस कर दिया।
किशोरी को भगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज
किशोरी को भगाने के मामले में पिता ने पिसौर निवासी चंदन के खिलाफ शिवपुर थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पिता ने तहरीर में बताया कि चंदन उर्फ बच्चा 11 फरवरी को वह मेरी बेटी को घर से भगा ले गया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राणघातक हमले के दो आरोपियों को मिली अग्रिम जमानत
प्राणघातक हमले के दो आरोपियों चंदौली के बबुरी निवासी रामजनम यादव और सुनील यादव को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की दशा में 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर अग्रिम जमानत पर रिहा कर दिया जाए। यह आदेश जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने दिया है।
कबीर नगर, दुर्गाकुंड निवासी वादी अनिल कुमार गुप्ता ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 23 जनवरी 2025 रात उनका पुत्र कृष्ण कुमार गुप्ता अपने घर जा रहा था। उसी दौरान घर के बाहर चाय की दुकान पर जयंत यादव, रामजनम यादव, सुनील यादव, अवनेश यादव उर्फ सोनू ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिल कर उनके पुत्र पर चाकू, कैंची, राॅड और डंडा से हमला किया था। हमले में उनके पुत्र के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट लगी थी।
छात्रा की मौत के जांच के लिए एसआईटी गठित
जवाहर नगर विस्तार स्थित एक हॉस्टल में फंदे के सहारे लटकी मिली छात्रा के मामले की जांच के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को एसआईटी का गठन किया। एसआईटी का नेतृत्व एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी करेंगे। उनका सहयोग एसीपी भेलूपुर और क्राइम ब्रांच प्रभारी करेंगे।
बिहार के रोहतास जिले के सासाराम तकिया की रहने वाली स्नेहा सिंह (17) जवाहर नगर विस्तार स्थित रामेश्वरम हॉस्टल में गत एक फरवरी की सुबह फंदे से लटकी मिली थी। स्नेहा एक कोचिंग से नीट की तैयारी कर रही थी। स्नेहा के पिता का आरोप है कि हॉस्टल संचालक रामेश्वरम पांडेय ने उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है।
सुनील सिंह की तहरीर के आधार पर 10 फरवरी को भेलूपुर थाने में रामेश्वरम पांडेय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि मुकदमा दर्ज करने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इसलिए पुलिस आयुक्त ने एसआईटी का गठन कर मुकदमे की जांच रिपोर्टर तलब की है।
वीडीए ने ध्वस्त कराई तीन बीघे की अवैध प्लाॅटिंग
वीडीए ने कटेसर में तीन बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। रामनगर वार्ड के कटेसर मुगलसराय में अज्ञात की ओर से बगैर ले आउट स्वीकृत कराए तीन बीघे में अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसे वीडीए के जोनल अधिकारी सिंह गौरव जय प्रकाश ने पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कराया।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने आम जनता से अपील की कि वीडीए से ले-आउट स्वीकृत प्लॉट ही खरीदें। मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें। अन्यथा वीडीए की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
इलाज के दौरान किशोरी की मौत, परिजन और स्टाफ में नोकझोंक
पं. दीनदयाल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में शुक्रवार को रिया सिंह (13) की मौत के बाद स्टाफ और परिजन के बीच नोकझोंक हो गई। हीमोग्लोबिन की कमी के चलते बृहस्पतिवार रात में लड़की को एचडीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर खून समय से न देने का आरोप लगाया।
पहड़िया निवासी अमर सिंह ने अपनी बेटी रिया सिंह (13) को गुरुवार को 42 बेड के एचडीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने बताया कि वहीं सीएमएस का कहना है कि निजी अस्पताल से रेफर मरीज की हालत काफी गंभीर थी। हीमोग्लोबीन का स्तर 1.6 ग्राम था। इलाज के लिए समय ही नहीं बचा था। परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं की।
बिना नंबर की बुलेट से कर रहा था स्टंट, सीज
बगैर रजिस्ट्रेशन नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल और उस पर सवार होकर स्टंट करना एक युवक को शुक्रवार को महंगा पड़ा। लंका थाने की पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। इंस्पेक्टर लंका शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि रविदास गेट से नगवा की ओर जाने के दौरान युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्टंट कर रहा था।
मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर से पता लगा है कि वह तपोवन, रामनगर निवासी राजेश कुमार वाल्मीकि के नाम से रजिस्टर्ड है। मोटरसाइकिल राजेश कुमार का बेटा आर्यन कुमार चला रहा था। उसके पास मोटरसाइकिल से संबंधित कोई कागज भी नहीं था।
महाकुंभ में मौतों को लेकर अफवाह फैलाने के आरोप में मुकदमा
प्रयागराज महाकुंभ में मौतों को लेकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अफवाह फैलाने के आरोप में अरुण प्रताप के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई गुरुधाम कॉलोनी, दुर्गाकुंड निवासी राष्ट्रीय हिंदू दल के अध्यक्ष रोशन पांडेय की तहरीर पर की गई है।
रोशन पांडेय ने पुलिस को बताया कि अरुण प्रताप इंस्टाग्राम और फेसबुक पर महाकुंभ में भगदड़ में हजारों लोगों की मौत और हजारों लोगों के घायल होने का दावा कर रहा है। ऐसा करके वहा महाकुंभ के बारे में दुष्प्रचार कर रहा है और आमजन को डरा भी रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि धूमिल करने के लिए भी अरुण प्रताप सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट कर रहा है। लंका थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद रोशन पांडेय ने कहा कि हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक अरुण प्रताप को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती।
छात्रा की मौत के मामले में अफवाह फैलाने के आरोप में गिरफ्तार
कंदवा बरईपुर निवासी विनोद यादव उर्फ नेता यादव को शुक्रवार को भेलूपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। विनोद पर जवाहर नगर विस्तार स्थित एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी करने वाली छात्रा स्नेहा सिंह की मौत को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप है।
भेलूपुर थानाध्यक्ष विजय नारायण मिश्रा ने बताया कि विनोद यादव उर्फ नेता यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने छात्रा की मौत के मामले में अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा था कि हॉस्टल मालिक शर्मनाक कर्म करके उस बेटी को जान से मारा है। हॉस्टल मालिक अपने आपराधिक साथियों के साथ मिलकर शव को जला दिया। जिससे परिजनों को शव भी नहीं मिल पाया।
सासाराम की दूरी बनारस से मात्र डेढ़ घंटा की ही है। पुलिस पैसा लेकर हॉस्टल मालिक और उसके दोस्तों को बचाने में लगी हैं। गिरफ्तार विनोद के खिलाफ लंका और मंडुवाडीह थाने में हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं।
बीए की छात्रा कार की टक्कर से घायल
कछवा बाजार स्थित अंडरपास के समीप रूपापुर स्थित एक डिग्री कॉलेज से लौटते समय ठटरा की रहने वाली बीए की छात्रा आंचल विश्वकर्मा की साइकिल में कार से टक्कर लग गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों से कार के चालक ने माफी मांगी। साथ ही, छात्रा का इलाज कराने के बाद वह प्रयागराज की ओर रवाना हो गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को छुट्टी दे दी।
गंगा में डूबे युवक का शव मिला
चौबेपुर के बर्थरा कलां गांव निवासी बच्चा तिवारी के पुत्र आशुतोष उर्फ किशन तिवारी (30) का शव शुक्रवार की दोपहर कैथी गांव के बंदरगाह के पास गंगा में उतराया मिला। चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
माघ पूर्णिमा पर बुधवार को घर पर अखंड रामायण खत्म होने के बाद गंगा जल लेने के लिए आशुतोष गांव के किनारे गंगा घाट गया था। स्नान करने के दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और फिर डूब गया था। तीसरे दिन शुक्रवार को कैथी गांव के पास बंदरगाह के पास उसका शव गंगा में उतराया दिखा तो स्थानीय मल्लाहों ने पुलिस को सूचना दी।
आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
पोल शिफ्टिंग कार्य के लिए शनिवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी पांडेयपुर पर सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इस कारण लालपुर, पांडेयपुर, राय साहब का बगीचा के आस-पास बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही चौकाघाट में जर्जर एबीसी बदलने के चलते दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बाधित रहेगी।
इसके चलते रसूलपुरा, काजी सादुल्लाहपुरा सहित कई इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। वहीं, काशी विद्यापीठ उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक हरि नगर, घंटी मील, बादशाह नगर, शास्त्री नगर क्षेत्र बिजली नहीं रहेगी। कोटवां और डीपीएच उपकेंद्र पर भी सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
नगर निगम ने 29 बीघे जमीन पर लगाया बोर्ड
नगर निगम ने शुक्रवार को 29 बीघे सरकारी जमीन पर अपना बोर्ड लगाया। डोमरी क्षेत्र में नगर निगम की 10 बिस्वा सरकारी भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कब्जे को ध्वस्त कराकर पुनः कब्जे में लिया।
साथ ही उक्त भूमि पर नगर निगम का बोर्ड लगवाया। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी तरफ सरायमोहाना में 19 बीघा सरकारी भूमि चिह्नित कर नगर निगम का बोर्ड लगाने की कार्रवाई शुरू करा दी गई। इसकी कीमत करीब 75 करोड़ रुपये है।
सिंधिया घाट पर की सफाई, किया जागरूक
सिंधिया घाट पर शुक्रवार को स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा के जयकारे गूंजे। नमामि गंगे की ओर से सफाई की गई और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। लाउडस्पीकर से घाटों पर गंदगी न करने और गंगा तट की सफाई करने की अपील की। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा आस्था के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। गंगा से किसानों का भरोसा, स्त्रियों का सौभाग्य, युवाओं की क्रियाशीलता संभव है। अभियान में जयदीप शुक्ला, भोला भगत आदि शामिल रहे।
बुजुर्ग महिला को बेटी दामाद से मिलाया
जगमन्ति देवी अपने दामाद और दो बेटियों के साथ शुक्रवार को बाबा का दर्शन करने काशी आईं थी। वह दामाद और बेटियों से बिछड़ गई। दशाश्वमेघ थाने के सिपाही अनुज कुमार और महिला कांस्टेबल शिवानी सिंह ने जगमन्ति देवी को उनके दामाद रविंद्र राय और बेटियां विभा और सुनीता से मिलवाया। जगवन्ति देवी ग्राम बस्ती, जिला समस्तीपुर बिहार से काशी आई थी।
छह बार हुई बैठक, फिर भी गेस्ट हाउस, स्टे होम, लॉज की सूची नहीं हो पाई तैयार
नगर निगम बीते एक साल में अब तक होटल, गेस्ट हाउस, स्टे होम, लॉज की सूची ही तैयार नहीं कर पया है। इसके लिए छह बार सदन और कार्यकारिणी की बैठक में निर्देश दिया गया लेकिन अब तक सूची फाइनल नहीं हो सकी है।
बीते दिनों तैयार की गई सूची में नगर निगम 1274 होटलों की सूची तैयार की गई थी। जब कार्यकारिणी और सदन की बैठक में इसे पेश किया गया तो सदस्यों ने आपत्ति जताई। इस दौरान तय किया गया कि वार्डवार सभी की सूची तैयार की जाए। सदस्यों का कहना है कि शहर में तकरीबन 4000 से अधिक होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और स्टे होम हैं।
इन सभी को सूचीबद्ध करते हुए इनसे लाइसेंस शुल्क वसूला जाए। लेकिन, अब तक यह काम नहीं हो सका है। इसका फायदा आए दिन कोई न कोई होटल, गेस्ट हाउस, स्टे होम और लॉज संचालक उठा रहे हैं। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने लाइसेंस प्रभारी को जिम्मेदारी दी है। महाशिवरात्रि बाद होने वाली बैठक में उन्होंने सूची तलब की है।
प्रो. गोपबंधु को रामरुचि त्रिपाठी संस्कृत कवि सम्मान
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के योग साधना केंद्र में पं. मुनिवर मिश्र स्मृति व्याख्यान और संस्कृत कवि-गोष्ठी का आयोजन किया गया। श्रद्धानिधि न्यास के सचिव डाॅ. दयानिधि मिश्र और कई विद्वानों ने प्रो. गोपबंधु मिश्र को पं. रामरुचि त्रिपाठी संस्कृत कवि सम्मान से नवाजा। उन्हें माला, नारिकेल, उत्तरीय, पुस्तक, प्रतीक-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र और सम्मान-राशि दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद बीएचयू के पूर्व आचार्य प्रो. जयशंकर लाल त्रिपाठी ने कहा कि महाभारत में कई बातें हैं, जिनके आधार पर संस्कृत सहित कई भाषाओं में साहित्य-रचना हुई है। कालिदास जैसे रचनाकारों की कृतियां तो विश्वविख्यात हुईं। लेकिन, मूल कथाओं का अपना सौंदर्य और स्वरूप है।
व्यास की शैली और कथा की बनावट-बुनावट नवीन अध्येताओं और शोध-छात्रों के लिए समीक्षा की दृष्टि से काफी अहम है। कार्यक्रम में संस्कृत विद्या धर्मविज्ञान संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. विंध्येश्वरी प्रसाद मिश्र समेत कई विद्वान मौजूद रहे।
बीएचयू के प्रोफेसर को दी गई छायावादी काव्य पुस्तक
समालोचक प्रो. कमलेश वर्मा ने बीएचयू के प्रो. विजयनाथ मिश्र को अपनी पुस्तक छायावादी काव्य भेंट की। प्रो. मिश्र ने कहा कि इस पुस्तक में छायावाद के चारों महान कवियों जयशंकर प्रसाद, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, सुमित्रानंदन पंत, महादेवी वर्मा के द्वारा प्रयोग किए गए शब्दों के अर्थ और उनके काव्य अंशों को दिया गया है। इस किताब से प्रेरणा लेते हुए न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में कई महान डॉक्टरों की रचनाओं को आधार बनाकर ऐसा ही कोश तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
गौरव शुक्ला बने काशी संभाग के संगठन मंत्री
गौरव शुक्ला को एकनाथ शिंदे गुट (शिव सेना) का काशी संभाग का संगठन मंत्री बनाया गया है। गुट के प्रदेश अध्यक्ष अभय द्विवेदी ने उन्हें जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि इनकी नियुक्ति से काशी संभाग में पार्टी मजबूत होगी।
इनकी नियुक्ति होने पर प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. ओपी मिश्र, मंडल प्रभारी अजय चौबे, प्रदेश संगठन मंत्री अरविंद तिवारी, सह संगठन मंत्री प्रमोद तिवारी ने बधाई दी है। इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज जी की जयंती पर 19 फरवरी को सनातन शौर्य दिवस मनाया जाएगा।
डिग्री के साथ मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स हो रहा शुरु
नई शिक्षा नीति के तहत लिटिल फ्लावर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड हायर स्टडीज अब डिग्री के साथ मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स शुरू कर रहा है। यह पहल उन छात्र-छात्राओं के लिए है जो अपनी शिक्षा के बाद रोजगार में सफलता पाना चाहते है।
सह-निदेशाक अदिति गुलाटी ने बताया कि लिटिल फ्लावर स्कूल ने एडटेक कंपनी यंग स्किल्ड इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया है, जो भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त स्टार्टअप है। प्राध्यापिका डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि यह कोर्स 90 प्रतिशत प्रैक्टिकल और केस स्टडी बेस्ड है, जिसमें उद्योग विशेषज्ञों और मैनेजमेंट प्रोफेसरों की ओर से सजीव ऑनलाइन कक्षाएं ली जाएंगी।
महिलाओं और युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे। इस कोर्स में वर्किंग और नॉन वर्किंग लोग भी मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स में एडमिशन ले सकते हैं। प्रबंधक ओपी पांडेय ने बताया कि कोर्स के जरिए छात्र-छात्राएं नौकरी प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से तैयार होंगे। कोर्स की अवधि केवल 6 महीने की होगी।
भीड़ के आगे सफाई के सारे इंतजाम ध्वस्त
महाकुंभ के पलट प्रवाह की भीड़ के चलते मंदिर के आसपास के इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। गलियों से होकर दर्शन करने जाने वाले यात्रियों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। जबकि नगर निगम की ओर से 700 अतिरिक्त कर्मचारी शहर भर में लगाए गए हैं। लेकिन, भीड़ की वजह से नगर निगम की ओर से किए गए सारे इंतजाम ध्वस्त हो गए हैं।
मंदिर क्षेत्र से सटे नंदन साहू लेन, गढ़वासी टोला, काल भैरव, विशालाक्षी मंदिर, मणिकर्णिका घाट,गोलघर, रेशम कटरा, नारियल बाजार, बुलानाला, ठठेरी बाजार आदि क्षेत्रों में कूड़ा पड़ा रहा। मेयर अशोक कुमार तिवारी को सूचना मिलने पर तत्काल सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सफाई कराई।
चार दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट में 500 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
चार दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट शुक्रवार को स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज के खेल मैदान में हुआ। क्रिकेट, वॉलीबॉल, टेबिल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम, शतरंज, टग-ऑफ-वार, सौ मीटर रेस में 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। निदेशक प्रो. पीएन झा ने कहा कि खेलों से लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने की ललक विकसित होती है।
विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय रहे। इससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों ही उत्तम बना रहेगा। कहा कि मनोरंजन व उत्तम स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल के माध्यम से सामूहिकता का बोध भी विकसित होता है।
फाइनल राउंड सोमवार को होगा। उद्घाटन सत्र का संचालन प्रो. पल्लवी पाठक ने किया। इस दौरान संस्थान के अधिशासी सचिव डाॅ. एमपी सिंह, निदेशक प्रो. पीएन झा, कुलसचिव संजय गुप्ता, सुनित मिश्रा, रोहित मेहता, अतिश खडसे मौजूद रहे।
अस्सी घाट पर पार्किंग का काम जल्द होगा शुरू
अस्सी घाट पर 15 करोड़ की लागत से 43 वाहनों की पार्किंग का काम जल्द शुरू होगा। शुक्रवार को नगर निगम में हुई बैठक में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां पर पार्किंग की सुविधा दी जाएगी।
इससे अस्सी घाट की पार्किंग में चार गुने की वृद्धि होगी। मल्टीलेवल पार्किंग से यहां आने वालों के लिए बेहतर होगा। बैठक में मुख्य अभियंता को टेंडर प्रक्रिया अपनाकर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। कहा गया कि इस काम को जल्द से जल्द शुरू कराएं।
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत शासन से इसकी मंजूरी दी गई थी। इसे बनाने की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को दी गई है। इसके बनने से काशी में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा यहां पर फूड स्ट्रीट का भी निर्माण किया जाएगा।
छात्रों के सफलता पर विद्यालय में हर्ष का माहौल
कसेरा पोखरा गांव स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल के चार छात्र-छात्राओं ने आईआईटी जेईई मेन की परीक्षा में सफलता प्राप्त की। इसमें प्राची मौर्या ने 98.711 परसेंटाइल, अभिषेक ठाकुर ने 97.672 परसेंटाइल, नंदनी सिंह ने 95.805 परसेंटाइल और हरिओम सिंह ने 94.977 परसेंटाइल प्राप्त किया।
इनमें प्राची मौर्या, अभिषेक ठाकुर और नंदनी सिंह कक्षा 12वीं सत्र 2024-2025 के छात्र-छात्रा हैं, जबकि हरिओम सिंह इस साल 12वीं की परीक्षा देंगे। इन छात्रों की सफलता पर विद्यालय में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रबंधक अमित कुमार सिंह, प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार सिंह और प्राइमरी विंग प्रभारी पूजा सिंह सहित सभी शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
अधिवेशन को सफल बनाने के लिए बैठक
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने प्रदेशस्तरीय तृतीय वार्षिक अधिवेशन को लेकर बैठक की। मीडिया प्रभारी जयप्रकाश रावत ने बताया कि 16 फरवरी को होने अधिवेशन को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष रामाश्रय पटेल व प्रदेश महासचिव नरेंद्र शर्मा मैदान में हैं। जिलाध्यक्ष रघुवर दास विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष हीरालाल बिंद, राम ललित पटेल चंदौली और राजेश यादव जौनपुर, जिले की निगरानी कर रहे हैं। अन्य जिलों की मॉनिटरिंग प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल कर रहे हैं।
आज शहर में होंगे सीएम योगी व केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को काशी में होंगे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ही काशी तमिल संगमम के तीसरे संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इसका आयोजन 24 फरवरी तक नमो घाट पर होगा। काशी तमिल संगमम में इस बार 1500 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दिव्यांग प्रीमियर लीग की ट्रॉफी का अनावरण
ऑल इंडिया दिव्यांंग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 16 से 18 फरवरी को सिगरा स्टेडियम में होने वाली डे नाइट दिव्यांग प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी का शुक्रवार को अनावरण हुआ। संघ के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने बताया कि दिव्यांग प्रीमियर लीग में देश के कई राज्य से दिव्यांग क्रिकेटर वेस्ट वॉरियर, ईस्ट ईगल, नॉर्थ दबंग, सेंट्रल लाइंस, काशी ट्रेंड्स व साउथ सर्वाइवर टीम की ओर से खेलेंगे। उद्घाटन 16 फरवरी को दोपहर दो बजे होगा। इस मौके पर डॉ. दीपा मलिक बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।
इमाम मेहंदी जश्न-ए-विलादत पर सजी महफिलें
इमाम मेहंदी की विदालत का जश्न शुक्रवार को शिया समुदाय ने अकीदत और एहतेराम से मनाया गया। शिया जामा मस्जिदों में नमाज के बाद महफिलें सजाई गईं। घरों में फातिहा हुई। दारानगर में मौलाना अमीन हैदर, अर्दली बाजार में मौलाना तौसीफ अली, बजरडीहा में मौलाना इश्तियाक हुसैन, रामनगर में मौलाना बदरुल हसन ने नूरानी तकरीर पेश की।
दोषीपुरा में मौलाना सलमान हैदर के निवास पर और जाफरिया इमामबाड़े में मेहंदी हसन के संयोजन में महफिल सजाई गई। ईमानिया अरबी कॉलेज में कदीमी महफिल हुई। मस्जिद उल कायम भेलूपुर, मदनपुरा, मुकीमगंज, काली महाल आदि इलाकों में भी महफिलें सजाकर अकीदत पेश की गई। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि 12वें इमाम मेहंदी का जन्म 15 शाबान जुमा के दिन ही इराक में हुआ था।
बच्चों को खिलाई गई दवा, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
चिरईगांव के गौराकला प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को अल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। इसके साथ ही उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानाध्यापिका रेखा उपाध्याय ने बताया कि बच्चों को साल में दो बार एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाती है।
इस मौके पर अटेवा पेंशन बचाओ मंच के जिला उपाध्यक्ष डॉ. एहतेशामुल हक ने कहा कि एक साल से 19 साल तक के बच्चों को पेट के कीड़े की दवा जरूर खानी चाहिए। इस मौके पर सादिया तबस्सुम, अनीता सिंह, शशिकला, प्रमिला सिंह, त्रिलोकी प्रसाद गुप्ता आदि मौजूद रहे।
प्रोफेसर को दी गई छायावादी काव्य पुस्तक
समालोचक प्रो. कमलेश वर्मा ने बीएचयू के प्रो. विजयनाथ मिश्र को अपनी पुस्तक छायावादी काव्य भेंट की। प्रो. मिश्र ने कहा कि इस पुस्तक में छायावाद के चारों महान कवियों जयशंकर प्रसाद, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, सुमित्रानंदन पंत, महादेवी वर्मा के द्वारा प्रयोग किए गए शब्दों के अर्थ और उनके काव्य अंशों को दिया गया है। इस किताब से प्रेरणा लेते हुए न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में कई महान डॉक्टराें की रचनाओं को आधार बनाकर ऐसा ही कोश तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
पंचगंगा घाट पर शिवालय की सफाई
महाशिवरात्रि को देखते हुए नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर की ओर से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत पांचवें दिन शुक्रवार को पंचगंगा घाट स्थित प्राचीन शिवालय में सफाई की गई। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि और किरण पांडेय के नेतृत्व में पंचगंगा घाट के नीचे अति प्राचीन शिव मंदिर में सफाई की गई। विग्रहों को गंगाजल से स्नान कराया गया। फिर गंगाजल से अभिषेक कर चमेली के तेल, पुष्प, विल्व पत्र, धूप, भस्म आदि से पूजन हुआ। उधर, सिंधिया घाट पर नमामि गंगे की ओर से संयोजक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में सफाई की गई।
23 से होगा कला संकाय का संस्कृति इवेंट
बीएचयू में कला संकाय का एनुअल फेस्ट संस्कृति 23 से 25 फरवरी के बीच होगा। इसमें 150 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और 5 हजार से ज्यादा ऑडियंस होंगी। साहित्य, थियेटर, फाइन आर्ट, डांस, म्यूजिक समेत 31 इवेंट्स होंगे।
शुक्रवार को इवेंट के लिए प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग भी हुई। म्यूजिक में सात प्रतिस्पर्धा, फाइन आर्ट्स में आठ, लिट्रेचर में छह, डांस में पांच और थियेटर में छह प्रतियोगिताएं होंगी। फाइन आर्ट्स के आठों इवेंट ऑन द स्पॉट पेंटिंग, कोलाज, पोस्टर मेकिंग, स्केचिंग, काटूर्निंग, रंगोली, मेहंदी और ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी होगी।
गुलाबजान एवं अन्य कहानियां का लोकार्पण कल
डॉ. प्रभाकर शुक्ल की कथा संग्रह गुलाबजान एवं अन्य कहानियां पुस्तक का लोकार्पण 16 फरवरी को शाम छह बजे लहुराबीर स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सभ्ाागार में होगा। पुस्तक का लोकार्पण काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष व साहित्यकार अत्रि भारद्वाज करेंगे। चिकित्सा सेवा के साथ साहित्य में रुचि रखने वाले आईएमए के पूर्व अध्यक्ष रहे डॉ. प्रभाकर की यह पहली पुस्तक है। इसमें सामाजिक सरोकारों पर आधारित कहानियां हैं।
दो दिन के इवेंट में इनाम जीतने का मौका
बीएचयू में आज से दो दिन तक नेविगेटिंग फ्लो सिमेट्री थीम पर कार्यक्रम होगा। इसमें 60 प्रतिभागी पहले आओ पहले पाओ के तर्ज पर हिस्सा लेंगे। क्विज में प्राइज मनी जीतने का भी मौका मिलेगा। कार्यक्रम में शरीर की कोशिकाओं की कार्य प्रणाली को समझने और वैश्विक प्रभाव देखने को मिलेगा।
वर्कशॉप और दुनिया भर के डॉक्टरों का संबोधन भी होगा। इस कार्यक्रम के आयोजकों में बीएचयू समेत इंडियन कॉलेज ऑफ हिमेटोलॉजी और द सिमेट्री सोसायटी ऑफ इंडिया है। कार्यक्रम का आयोजक अस्पताल के एमएस प्रो. के के गुप्ता को बनाया गया है।
30 मार्च से निकलेगी हनुमान ध्वजा प्रभातफेरी
श्री हनुमान ध्वजा प्रभातफेरी समिति की ओर से 30 मार्च से 13 अप्रैल तक 15 दिवसीय 25वां हनुमान ध्वजा यात्रा निकाली जाएगी। समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा जी ने बताया कि दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ से संकट मोचन मंदिर तक प्रतिदिन प्रभातफेरी निकाली जाएगी। सैकड़ों की तादाद में ध्वजा लिए महिलाएं, पुरुष व बच्चे चलेकर चलेंगे और हनुमत दरबार में चढ़ाएंगे। भक्त चांदी की ध्वजा भी चढ़ाएंगे। प्रतिदिन हनुमान जी को सवामणि का भोग लगेगा।
सुरों से सजेगा प्रभाती संगीत
कला प्रकाश के प्रात:कालीन सांगीतिक कार्यक्रम के तहत प्रभाती बनारस घराने युवा शास्त्रीय गायक वरुण मिश्र के सुरों से सजेगी। संस्था के अध्यक्ष अशोक कपूर ने बताया कि संगीत कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से भेलूपुर स्थित एक होटल में होगा। संगत कलाकारों तबले पर प्रशांत मिश्र व हारमोनियम पर मोहित साहनी रहेंगे।
सीबीएसई की परीक्षाएं आज से
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होगी। सिटी को-ऑर्डिनेटर गुरमीत कौर ने बताया कि जिले के 200 विद्यालयों में से 49 को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 10वीं के 23 हजार और 12वीं के 25 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। सिटी को-ऑर्डिनेटर ने कहा कि शहर में जाम की समस्या बनी हुई है।
विद्यार्थी सुबह साढ़े नौ बजे ही घर से निकल जाए। ताकि परीक्षा केंद्र पर समय से बिना किसी कठिनाई के पहुंच सकें। प्रवेशपत्र लेना न भूले। रास्ते में पास के रूप में मान्य है। यदि रास्ते में किसी भी प्रकार की जांच होती है, तो आप इसे दिखा सकते हैं। मुख्य के अलावा वैकल्पिक मार्ग भी देख लें, ताकि किसी भी परिस्थिति में केंद्र तक आसानी से पहुंच सकें। चारपहिया वाहन के स्थान पर दोपहिया वाहन का प्रयोग करें। इससे ट्रैफिक जाम से बच सकते हैं और तेजी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
अंग्रेजी में आनी वाली कठिनाइयों के बारे में बताया
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सारनाथ में अध्यापकों को अंग्रेजी विषय का तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। अंग्रेजी भाषा में आने वाली कठिनाइयों, चुनौतियों, खेल और गतिविधियां की विस्तार से जानकारी दी गई। परिषदीय स्कूलों के बच्चों को पढ़ाने के विभिन्न टिप्स भी दिए गए। मास्टर ट्रेनर ने लिसनिंग, स्पीकिंग, रीडिंग और राइटिंग स्किल को कैसे विकसित किया जाए, इस पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान अमित दुबे, आलोक, परमा विश्वास और दीप्ति मिश्रा मौजूद रहीं।
12 जगहों पर होंगी स्पंदन की 40 प्रतिस्पर्धाएं
बीएचयू ने वार्षिकोत्सव ‘’स्पंदन’’ की सूचना जारी कर दी है। बीएचयू के एंफीथियेटर और स्वतंत्रता भवन समेत 12 स्पॉट पर कुल 40 प्रतियोगिताएं होंगी। तीन मार्च को दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम 5 बजे एंफीथियेटर ग्राउंड से आधिकारिक शुभारंभ हो जाएगा। अलग-अलग भवनों में इवेंट होगा। इवेंट कुल 4 दिनों 6 मार्च तक चलेगा। पहले दिन स्वतंत्रता भवन सभागार में रंगोली प्रतियोगिता होगी।
फिजिकल एजुकेशन में 20 फरवरी को इंटरव्यू
बीएचयू में फिजिकल एजुकेशन विभाग में पीएचडी प्रवेश के लिए इंटरव्यू 20 फरवरी को होगा। इस विभाग में 20 सीटों पर प्रवेश होना है। शुक्रवार को बीएचयू की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि सुबह 10 बजे से इंटरव्यू शुरू हो जाएगा। सभी आवेदकों को कॉल लेटर जारी कर दिया गया है।
डिग्री के साथ मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स होगा शुरू
नई शिक्षा नीति के तहत लिटिल फ्लावर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड हायर स्टडीज अब डिग्री के साथ मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स शुरू कर रहा है। यह पहल उन छात्र-छात्राओं के लिए है जो अपनी शिक्षा के बाद रोजगार में सफलता पाना चाहते है।
सह-निदेशाक अदिति गुलाटी ने बताया कि लिटिल फ्लावर स्कूल ने एडटेक कंपनी यंग स्किल्ड इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया है, जो भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त स्टार्टअप है। प्राध्यापिका डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि यह कोर्स 90 प्रतिशत प्रैक्टिकल और केस स्टडी बेस्ड है, जिसमें उद्योग विशेषज्ञों और मैनेजमेंट प्रोफेसरों की ओर से सजीव ऑनलाइन कक्षाएं ली जाएंगी।
महिलाओं और युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे। इस कोर्स में वर्किंग और नॉन वर्किंग लोग भी मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स में एडमिशन ले सकते हैं। प्रबंधक ओपी पांडेय ने बताया कि कोर्स के जरिए छात्र-छात्राएं नौकरी प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से तैयार होंगे। कोर्स की अवधि केवल 6 महीने की होगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कल डीएम करेंगे बैठक
माध्यमिक शिक्षा परिषद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के सफल आयोजन के लिए रविवार को जिला अधिकारी एस राजलिंगम की अध्यक्षता में पुलिस लाइन में बैठक होगी। 125 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट शामिल होंगे।
औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन पर एआई से होगी निगरानी
जीएसटी में ट्रेस एंड ट्रैकिंग सिस्टम लागू होगा, जो भी उत्पादन उद्योगों में होगा। उसका एक डेटा सीधे सरकार के पास पहुंचेगा, जो व्यवस्थाएं पहले इंस्पेक्टर राज के तहत एक्साइज में लागू थी कि एक्साइज के अधिकारी गेट पर बैठे रहते थे।
इस तर्ज पर एआई की मदद से यह ट्रेकिंग होती रहेगी, जिसमें सरकार के संज्ञान में रहेगा कि किस उद्यम में कितना उत्पादन हुआ। इस मेकैनिज्म का चार्ज भी यूनिफॉर्म आइडेंटिफिकेशन मेकैनिज्म एजेंसी के तहत होगा। उसका खर्च भी उद्यमियों से वसूला जाएगा। यह बातें प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट जीडी दुबे ने शुक्रवार को भिखारीपुर के होटल में बजट चर्चा में कहीं।
द स्मॉल इंडस्ट्री एसोसिएशन व इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से चर्चा में जीडी दुबे ने बदलाव और नियमों की जानकारी दी। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि नियमों को लेकर केंद्र व राज्य को पत्र लिखा जाएगा और टैक्स में सरलीकरण की मांग की जाएगी। ताकि विदेशी कंपनियों चीन व अन्य यूरोपीय देशों के उत्पादों का मुकाबला कर सके।
उद्यमी राजेश भाटिया ने कहा कि अर्थव्यवस्था को बेहतर करने के लिए नए प्रावधानों में बदला बेहद जरूरी है। संचालन नीरज पारिख व धन्यवाद मनीष ने दिया। चर्चा में प्रशांत, गौरव गुप्ता, अनुपम देवा, अंजनी सिंह, ज्ञानेश्वर, अजय , संकल्प गुप्ता, मनमोहन, सुरेश, अवधेश, राजेश, संजीव रहे।
छह बार हुई बैठक, फिर भी गेस्ट हाउस स्टे होम, लॉज की सूची नहीं हो पाई तैयार
नगर निगम बीते एक साल में अब तक होटल, गेस्ट हाउस, स्टे होम, लॉज की सूची ही तैयार नहीं कर पया है। इसके लिए छह बार सदन और कार्यकारिणी की बैठक में निर्देश दिया गया लेकिन अब तक सूची फाइनल नहीं हो सकी है। बीते दिनों तैयार की गई सूची में नगर निगम 1274 होटलों की सूची तैयार की गई थी।
जब कार्यकारिणी और सदन की बैठक में इसे पेश किया गया तो सदस्यों ने आपत्ति जताई। इस दौरान तय किया गया कि वार्डवार सभी की सूची तैयार की जाए। सदस्यों का कहना है कि शहर में तकरीबन 4000 से अधिक होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और स्टे होम हैं।
इन सभी को सूचीबद्ध करते हुए इनसे लाइसेंस शुल्क वसूला जाए। लेकिन, अब तक यह काम नहीं हो सका है। इसका फायदा आए दिन कोई न कोई होटल, गेस्ट हाउस, स्टे होम और लॉज संचालक उठा रहे हैं। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने लाइसेंस प्रभारी को जिम्मेदारी दी है। महाशिवरात्रि बाद होने वाली बैठक में उन्होंने सूची तलब की है।