फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   top latest breaking big news of today in varanasi

News in Brief: मतदान के दौरान बूथ में असलहा लेकर नहीं जाएंगे सुरक्षा गार्ड सहित अन्य खबरें

Thu, 23 May 2024 08:34 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 23 May 2024 08:34 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में गुरुवार को विभिन्न आयोजन हुए। छोटी-बड़ी अपराध की भी खबरें रहीं। पहली खबर लोकसभा चुनाव की तैयारियों की है। पुलिस कमिश्नर ने बैठक कर चुनाव के बाबत निर्देश जारी किया है। वहीं, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लोगों ने ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
top latest breaking big news of today in varanasi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिसलाइन में गुरुवार को बैठक हुई। इसमें पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि मतदाताओं से शालीनतापूर्ण एवं अच्छा व्यवहार करें। साथ ही अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से करें। 

विज्ञापन


उन्होंने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा ज़ोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को हिदायत दी कि कोई भी मतदाता चाहे वह एमपी या एमएलए का सुरक्षागार्ड क्यों न हो किसी भी दशा में मतदान करने या कराने बूथ के अंदर असलहा लेकर नहीं जाएगा। पोलिंग पार्टी को ईवीएम प्राप्त होने के बाद उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। 
विज्ञापन


अनाधिकृत व्यक्ति किसी भी कीमत पर बूथ के अंदर नहीं घुसना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कहा कि शांतिपूर्ण, भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान कराने में सुरक्षाकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसे ईमानदारी से निभाएं। बूथों पर तैनात सुरक्षाकर्मी ये सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी मतदाता बूथ के अन्दर मोबाइल लेकर कत्तई नहीं जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पोलिंग एजेंट्स को मतदान केन्द्र के परिसर में बूथ से अलग बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वोटर असिस्टेंट के लिए भी अलग काउंटर बनाया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त टेंट और पेयजल के साथ ही मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आप सभी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

ममता बनर्जी के खिलाफ मुख्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल और महानगर अध्यक्ष शोभनाथ मौर्या के नेतृत्व में ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर कहा कि ममता बनर्जी के मुस्लिम तुष्टिकरण व वोट बैंक की राजनीति के चलते ओबीसी आरक्षण से छल किया जा रहा है। 



इंडी गठबंधन लगातार पिछड़ों के हक पर कुठाराघात कर रहा है। पिछड़ा समाज इन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा। इस मौके पर ओमप्रकाश यादव, शम्भू पटेल, सुनील, सिद्धनाथ गौड़ और आलोक मौजूद रहे।

स्वर्ण पदक विजेता टीम में शामिल रहे विवेक
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 17-19 मई तक अंतरराष्ट्रीय टेनिस बाल क्रिकेट चैंपियनशिप खेली गई। इसमें भारतीय टीम ने श्री लंका को हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इस दौरान टीम का हिस्सा रहे पिंडरा के अमौत (जेंगर) निवासी विवेक कुमार ने जीत में योगदान किया। बृहस्पतिवार को खिलाड़ी के वापस लौटने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।

व्यय प्रेक्षक ने विज्ञापनों की निगरानी की ली जानकारी
लोकसभा चुनाव के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक अजीत दान ने विकास भवन स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। चुनाव संबंधी शिकायतों, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में पेड न्यूज, विज्ञापनों की निगरानी की जानकारी ली। हिदायत दी कि मीडिया में उम्मीदवारों के प्रचार प्रसार पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अगर पेड न्यूज या विज्ञापन का प्रकरण प्रकाश में आता है तो उसे प्रत्याशी के खर्च में शामिल किया जाए। 

हिमांगी सखी को मिला विश्वकर्मा रत्न सम्मान
वाराणसी। श्री विश्वकर्मा सभा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को भेलूपुर स्थित एक होटल में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी से मुलाकात की। सभा की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने हिमांगी सखी को उत्तर प्रदेश विश्वकर्मा रत्न से सम्मानित किया। उन्होंने किन्नर समाज से अपील की कि भाजपा के विकास कार्यों को देखकर वोट करें। इस मौके पर अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र शर्मा, अनिल शर्मा मंत्री, राजकुमार विश्वकर्मा, डॉ. सुनील विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

गृह मंत्री अमित शाह वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे,भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शाम 4:55 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। भाजपा नेता पवन सिंह ने उनका स्वागत किया। उसके बाद गृह मंत्री हेलीकाप्टर से 5:12 बजे पटना के लिए चले गए।



इसके पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी एयरपोर्ट पर करीब 3:15 बजे पहुंचे थे। दूसरे जिले के एक कार्यक्रम में शामिल होने के  बाद पुनः एयरपोर्ट पर शाम 5:30 बजे आए। 5:45 बजे दिल्ली चले गए।

शिवार्चनम में भजनों के साथ बही कर्नाटक संगीत की बयार
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से वैशाख पूर्णिमा पर शिवार्चनम की शृंखला में भजन संगीत के साथ ही कर्नाटक संगीत का आयोजन किया गया। शास्त्रीय गायिका डॉ. अर्चना म्हस्कर ने राग भोपाली में मध्य लय रूपक में बंदिश प्रथम सुरसा रे मन तू गान कर ले...से भजनांजलि की शुरूआत की।

दूसरी प्रस्तुति में उन्होंने अबीर गुलाल....के बाद हमारे निर्धन के धन राम...से समापन किया। इसके बाद दिल्ली से आई सुधा किरण ने भजन पेश किया। इसके पूर्व कर्नाटक संगीत और श्रीलंका से आए कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों का सम्मान मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने किया।

बाबा भैंसासुर और माता शायर का हुआ वार्षिक शृंगार
राजघाट स्थित बाबा भैंसासुर और माता शायर का गुरुवार को वार्षिक शृंगार हुआ। मंदिर के पुजारी सत्यनारायण साहनी ने बताया कि बाबा भैंसासुर और शायर माता का पंचामृत स्नान के बाद विशेष वस्त्र, आभूषण और तिलक चंदन से विशेष शृंगार किया गया। मंदिर परिसर को विद्युत झालरों और फूल मालाओं से सजाया गया था। 

शाम को बाबा भैंसासुर और शायर माता को रजत मुखौटा धारण कराया गया। इस दौरान उन्हें कारन, बरा, मिष्ठान और फल का भोग चढ़ाया गया। रात 8 बजे से कलाकारों ने भक्ति गीत और कीर्तन की प्रस्तुति दी। शुक्रवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।

मनाई गई पं. धर्मशील चतुर्वेदी की जयंती
साहित्यकार, कवि और अधिवक्ता पं. धर्मशील चतुर्वेदी की जयंती बृहस्पतिवार को पियरी स्थित वेद भवन में मनाई गई। कवि सम्मेलन के जरिये अधिवक्ताओं, साहित्यकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कवियों में डंडा बनारसी, बृजेशनाथ पांडेय, सिद्धनाथ शर्मा, शनि बघेल, अनुपम द्विवेदी व अंबुज मिश्रा ने कविता पाठ से श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर भी विमर्श हुआ।

बाबा विश्वनाथ का दर्शन करके प्रियंका और डिंपल करेंगी रोड शो शुरू
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और सपा सांसद डिंपल यादव 25 मई को बनारस में इंडी गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में रोड शो करेंगी। पार्टी के अनुसार रोड शो के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किया गया है। प्रियंका और डिंपल सबसे पहले बाबा विश्वनाथ का दर्शन करेंगी। इसके बाद दुर्गा मंदिर दुर्गाकुंड में मां दुर्गा का आशीर्वाद लेकर रोड शो की शुरूआत होगी। दुर्गाकुंड से लंका, बीएचयू होते हुए रोडशो संत रविदास मंदिर तक जाएगा।

प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र को काशी गौरव सम्मान
हम सभी ग्रुप की ओर से संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र को काशी गौरव 1.0 सम्मान दिया गया। संस्था के सौरभ दुबे, आनंद पाठक, शशांक दुबे और प्रो. अनूप मिश्रा ने महंत जी को उनके तुलसीघाट स्थित आवास पर यह सम्मान भेंट किया। सौरभ दुबे ने बताया कि 12 मई को बीएचयू में आयोजित गौरव सम्मान समारोह में महंत जी को ये सम्मान दिया जाना था लेकिन वह पहुंच नहीं सके थे।

भक्त प्रह्लाद का हुआ राजतिलक, दशावतार की सजी झांकी
भक्त प्रह्लाद का राज्याभिषेक हुआ तो भगवान विष्णु की दशावतार की सजी झांकी के दर्शन कर भक्त निहाल हो उठे। इसके साथ ही प्रह्लाद घाट पर हो रही नृसिंह लीला की पूर्णाहुति हुई। नृसिंह लीला समिति की ओर से आयोजित पांच दिवसीय लीला के अंतिम दिन गुरुवार को लीला में वैदिक ब्राह्मणों ने पूजन अर्चन के साथ भक्त प्रह्लाद का राजतिलक किया। उनका अभिषेक देख देवता भी हर्षित थे।

इसके बाद फिर भगवान विष्णु के दशावतार (कच्छ, मत्स्य, परशुराम, वामन, मोहिनी, वाराह, नृसिंह, श्रीकृष्ण, रामावतार, भगवान बुद्ध एवं कल्की अवतार) की झांकी सजाई गई। लीलाप्रेमी प्रभु के स्वरूपों के दर्शन कर आनंदित हुए। प्रमुख पात्रों में अनमोल त्रिवेदी, देवराज त्रिपाठी, रुद्र आदि शामिल हैं। व्यास शशांक त्रिपाठी और अभिजीत भारद्वाज मौजूद रहे। 

हंगामा करते हुए सड़क पर लेट गई युवती, आवागमन बाधित

वाराणसी के रथयात्रा चौराहे पर गुरुवार रात स्कूटी सवार युवती हंगामा करते हुए सड़क पर लेट गई। तमाशबीनों की भीड़ जुटने से आवागमन बाधित हो गया। पुलिसकर्मियों के समझाने पर 20 मिनट बाद सड़क से उठी और आवागमन सामान्य हुआ। भेलूपुर थाने की पुलिस के अनुसार युवती शिवपुर की रहने वाली है। वह रथयात्रा से सिगरा की ओर जा रही थी।

इस बीच उसका मोबाइल कहीं गिर गया। रथयात्रा चौराहे पर वह आई और पुलिस कर्मियों को जानकारी दी। इसी दौरान युवती पुलिस कर्मियों पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर लेट गई। किसी तरह से पुलिस ने उसे शांत करा कर सड़क से उठाया। इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि युवती नशे में थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो

मकान से सामान चुरा ले गए चोर
वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बैरीबन स्थित एक मकान को चोरों ने निशाना बनाया। मकान मालिक विक्की मध्यानी के अनुसार उनके मकान से चोर सीसी कैमरे, टीवी, बिजली के सामान सहित अन्य उपकरण चुरा ले गए हैं।

हत्या कर पोखरे में फेंके गए शव की पहचान नहीं हुई
वाराणसी के आदित्य नगर तालाब, चितईपुर के पीछे छोटे तालाब में युवक की हत्या के बाद पत्थर बांध कर फेंके गए शव की पहचान दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी नहीं हुई। चितईपुर थाने की पुलिस ने घटनास्थल के चौतरफा लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि मार्ग पर लगा सीसी कैमरा खराब है। संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। 

दो पक्षों में मारपीट, चार पर मुकदमा
ठटरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष में मारपीट के मामले में एक पक्ष की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ठटरा गांव के श्यामलाल गौड़ का आरोप है कि गांव के पवन कुमार, वीरेंद्र कुमार, सचिन कुमार और सोलू विवादित जमीन पर अतिक्रमण की नीयत से सामान रखे रहे थे। मना करने पर उन लोगों ने श्याम लाल की जमकर पिटाई कर दी। 

शादी में बगैर निमंत्रण आए, मिठाई न देने पर मारापीटा
करसड़ा में शादी में बिना आए निमंत्रण कुछ युवकों ने मिठाई मांगी तो लड़की पक्ष के लोगों ने नहीं दी। नाराज होकर उन्हीं लोगों ने जमकर मारपीट की। मारपीट में नौ लोग घायल हुए हैं। रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। करसड़ा निवासी अर्जुन प्रसाद ने बताया कि 21 मई को लड़की की शादी थी। बगैर निमंत्रण गांव के कुछ लड़के आए। नाती दीपक से मिठाई मांगी।

मना किया तो गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। कुछ लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। उसके अगले दिन लाठी-डंडा लेकर वीरेंद्र, नरेंद्र, संदीप, साहिल, घंटू, खरबिंद, मोहित व रवि ने कुछ अन्य दोस्तों के साथ फिर मारपीट की। मारपीट में राय सिंह, दीवान, आयुष, विनोद कुमार, प्रमोद कुमार, विशाल, अर्जुन प्रसाद, माया और सीमा घायल हुई हैं। 

युवक के साथ मारपीट करने वाले शराबी पर केस
वाराणसी के रवींद्रपुरी मार्ग पर स्थित शराब की दुकान के पास बुधवार रात एक युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल छीनने की कोशिश करने वाले अज्ञात के खिलाफ लंका थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की बिना नंबर की मोटरसाइकिल लोगों ने लंका थाने की पुलिस को सौंप दी।

बिहार के मधुबनी के फुलपरास के संदीप कुमार दो साथी दिलीप कुमार और राहुल के साथ किसी काम से वाराणसी आए थे। लंका से वापस कैंट स्टेशन की तरफ जा रहे थे। रवींद्रपुरी मार्ग पर शराब के नशे में धुत एक युवक तीनों दोस्तों को रोककर उनकी पिटाई करने लगा और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। 

बिल्डर और उसके बेटे सहित चार के खिलाफ मुकदमा
वाराणसी के इंद्रपुरी कॉलोनी, माधोपुर की रहने वाली महिला की तहरीर पर सिगरा थाने की पुलिस ने एक बिल्डर, उसके बेटे सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डॉ. मालती गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि वह गांधी नगर क्षेत्र से गुजर रही थी। वहां मौजूद बिल्डर आशीष कुमार सिंह व उसके बेटे परम सिंह और उनके करीबी प्रतीक सिंह मोंटी व अशोक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डॉ. मालती ने बताया कि बिल्डर आशीष पहले से उन्हें परेशान करता चला आ रहा है।

गुजरात की क्राइम ब्रांच का सोनिया क्षेत्र में छापा, युवती बरामद
वाराणसी के गुजरात के दाहोद जिले की क्राइम ब्रांच ने सोनिया क्षेत्र की गुजराती गली स्थित एक मकान में छापा मारा। पुलिस टीम ने एक युवती को बरामद कर मौके से एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान चर्चा रही कि देह व्यापार के मामले में पुलिस ने छापा मारा है। गुजरात में एक युवती के अगवा होने पर दर्ज केस की जांच में दाहोद की क्राइम ब्रांच बनारस पहुंची। मोबाइल की लोकेशन से टीम ने छापा मारा। गुजरात पुलिस तीनों को अपने साथ ले गई है।

चालक ने कहा 55 हजार लूटे गए, ट्रक मालिक ने कहा घटना संदिग्ध
वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ऐढ़े में रिंग रोड पर एक ट्रक चालक ने बाइक सवार चार बदमाशों पर असलहा सटाकर 55 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया। ट्रक मालिक का कहना है कि घटना पूरी तरह से संदिग्ध है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

सोनभद्र के प्रीत नगर, चोपन निवासी सरफराज अहमद का ट्रक दिनेश यादव चलाता है। 21 मई को दिनेश ट्रक पर सोनभद्र से गिट्टी लाद कर बलिया उतारने गया था। दिनेश ने पुलिस को बताया कि गिट्टी उतारने पर मिले 55 हजार रुपये लेकर वापस आ रहा था। बुधवार देर रात ऐढ़े में रिंग रोड पर उसके ट्रक को बाइक सवार चार बदमाशों ने रुकवाया। इसके बाद असलहा सटा कर चारों ने 55 हजार लूट लिए।

पेट्रोल-डीजल की अवैध कटिंग में जमीन और ट्रैक्टर मालिक पर केस
रामनगर के भीटी बाईपास पर डीजल-पेट्रोल की अवैध कटिंग के खुलासे के लगभग दो हफ्ते बाद रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्ति निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर भू-सवामी भरत सोनकर और ट्रैक्टर ट्रॉली के अज्ञात मालिक को आरोपी बनाया गया है। अवैध कटिंग की सूचना पर छह मई को रामनगर थाने की पुलिस और पूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारा था।

मौके से 120 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ, जरिकेन, लोहे की कुप्पी, नपना और ट्रैक्टर ट्रॉली बरामद की गई थी। पूर्ति विभाग के प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने 10 मई को मुकदमा दर्ज कराने की अनुमति दी। उधर, रामनगर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। एसएसआई के नेतृत्व में आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed