{"_id":"663280169d4acb151f040329","slug":"top-latest-and-exclusive-news-of-varanasi-2024-05-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi Top News: संस्थान के गुमनाम नायकों से जुड़ना ही श्रम दिवस की सार्थकता सहित पढ़ें अन्य खबरें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi Top News: संस्थान के गुमनाम नायकों से जुड़ना ही श्रम दिवस की सार्थकता सहित पढ़ें अन्य खबरें
Wed, 01 May 2024 11:28 PM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Wed, 01 May 2024 11:28 PM IST
सार
Varanasi Top News: वाराणसी में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस का आयोजन विभिन्न स्थानों पर हुआ। जगह-जगह श्रमिकों का सम्मान और मिष्ठान वितरित किए गए। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति ने श्रमिकों से उनके अधिकारों को लेकर बातचीत की। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी कर एक लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की खबरें
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर संस्थान के गुमनाम नायकों से जुड़ना, श्रम दिवस की सार्थकता है। यह दिवस दुनिया भर के श्रमिकों की कड़ी मेहनत और समर्पण को समर्पित है। श्रमिक किसी भी संस्थान की सफलता की रीढ़ होते हैं।
विज्ञापन
वह बुधवार को अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय में कार्यरत सभी श्रमिकों का अभिनंदन किया। कुलपति प्रो शर्मा ने कहा कि हमारे बुनियादी ढांचे को बनाए रखने से लेकर हमारे शैक्षणिक प्रयासों का समर्थन करने तक, हमारे कार्यकर्ता हमारी संस्था की रीढ़ हैं।
विज्ञापन
एग्रो पार्क में मजूदरों के हितों पर चर्चा
मजदूर दिवस पर बुधवार को करखियांव स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में लू से बचाव और राहत पर उद्यमियों की बैठक हुई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक के दौरान मजदूरों के हितों पर चर्चा हुई।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मजदूरों से शासन के अनुरूप निर्धारित समय तक ही काम लें और उनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। उनसे खुले स्थान पर काम न लें, कार्यस्थल पर छाया व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था रखें। एग्रो पार्क इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया, आनंद जायसवाल, रवि गुप्ता, शुभम गुप्ता आदि रहे।
आर्ट थेरेपी से कैंसर जागरूकता की पहल
बीएचयू दृश्य कला संकाय के महामना आर्ट गैलरी में तीन दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी का बुधवार को शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में युवा कलाकारों की ओर से अलग-अलग चित्रों के माध्यम से कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करने की पहल की गई है।
इसमें कैंसर के कारक, बचाव के उपाय के साथ ही ऐसे मरीजों के साथ व्यवहार करने पर आधारित चित्र बनाए गए हैं। बतौर मुख्य अतिथि आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने प्रदर्शनी का उदघाटन करने के बाद चित्रों को देखा। युवा कलाकारों(छात्र-छात्राओं) के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर जैसी बीमारी के बचाव में जागरूकता बहुत जरूरी है।
इस दौरान शिखा रावत को पहला, आदर्श यादव को दूसरा, निहारिका अवहोना बरसात ने तीसरा पुरस्कार जीता। कार्यक्रम में दृश्य कला संकाय प्रमुख डॉ. उत्तमा दीक्षित, रेडियोथेरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील चौधरी, डॉ. ललित मोहन अग्रवाल, डॉ. राजीव मंडल आदि लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय निषाद संघ के जिलाध्यक्ष बने दर्शन निषाद
राष्ट्रीय निषाद संघ के उप्र कमेटी के अध्यक्ष कैलाश नाथ निषाद ने सूजाबाद निवासी दर्शन निषाद को वाराणसी का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इनकी नियुक्ति पर बनारस के निषाद समाज के लोगों ने खुशी का इजहार किया है। दशाश्वमेध निवासी शंभू साहनी ने बताया कि राष्ट्रीय निषाद संघ ने नाविक समाज की समस्याओं को लेकर मुखरता से समाधान करने वालों को जिम्मेदारी दी है। नियुक्ति पर आरके साहनी, दीपक मल्लाह, विक्की निषाद, शांति देवी ने खुशी का इजहार किया।
चाहे जितनी धूप पड़े, अपना कीमती वोट जरूर दें
मधु मूर्च्छना एवं सुबह ए बनारस की ओर से बुधवार को अस्सी घाट पर मतदान महापर्व के तहत घाट संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ओडिसी नृत्यांगना उन्मुक्त सिन्हा ने शिव तांडव से किया। इसके बाद डॉ सोमा घोष ने लोगों को मतदान के लिए जागरूक करते हुए कहा कि चाहे जितनी धूप पड़े, अपना कीमती वोट जरूर दीजिए।
आयोजन की शृंखला में आद्या मुखर्जी और डॉ. अक्षत प्रताप सिंह ने वैष्णव जन तो तेने कहिए की प्रस्तुति दी। इस दौरान प्रो. मंजू द्विवेदी, सुखदेव त्रिपाठी, प्रो. प्रेम चंद्र हॉम्बल, कमला शंकर मौजूद रहे। संचालन प्रीतेश आचार्य ने किया।
सुबह 7:30 से 1:30 बजे तक खुलेगा संग्रहालय
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भारत कला भवन का संग्रहालय 30 जून तक सुबह 7:30 से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेगा। इस अवधि में किसी भी तरह का अवकाश नहीं रहेगा। बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने भारत कला भवन के संग्रहालय को 1 मई से 30 जून तक इस समयावधि में खोलने के लिए अनुमति दी है।
चित्रों से कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया
बीएचयू के दृश्य कला संकाय की महामना आर्ट गैलरी में तीन दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी का बुधवार से शुभारंभ हुआ। पहले दिन छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग चित्रों के माध्यम से कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने छात्र-छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर से बचाव के लिए जागरुकता बहुत जरूरी है। इस दौरान शिखा रावत ने पहला, आदर्श यादव ने दूसरा और निहारिका अवहोना बरसात ने तीसरा पुरस्कार जीता। प्रदर्शनी के दौरान संकाय प्रमुख डॉ. उत्तमा दीक्षित, रेडियोथेरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील चौधरी, डॉ. ललित मोहन अग्रवाल मौजूद रहे।
तीन सौ खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण
डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम लालपुर में बुधवार से ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। पहले दिन 12 खेलों में करीब तीन सौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के लिए 630 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि लालपुर स्टेडियम में हॉकी, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, योग, कैरम, एरोबिक्स, वॉलीबॉल, फुटबाल और बैडमिंटन आदि की बारीकियों के बारे में 30 जून तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दिवंगत सफाईकर्मी की पत्नी ने किया कांग्रेस के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के चुनावी कार्यालय बुधवार को मंडुवाडीह कार्यालय के पास खोला गया। इसका उद्घाटन दिवंगत सफाईकर्मी घूरेलाल की पत्नी चंदा देवी ने किया। चंदा देवी ने अजय राय को शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, सपा जिला प्रवक्ता संतोष यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, आनंद मौर्य, सतीश चौबे, आत्माराम यादव, राजा नाथ शर्मा, मकसूद खान, अनुराधा यादव, दिलशाद अहमद मौजूद रहे।
गोंदिया-छपरा समर स्पेशल ट्रेन शुरू
गोंदिया-छपरा समर स्पेशल ट्रेन बुधवार से शुरू हो गई। 08795/08796 गोंदिया-छपरा स्पेशल का संचालन 21 मई तक होगा। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 08795 गोंदिया-छपरा स्पेशल ट्रेन 6, 13 और 20 मई को प्रत्येक सोमवार को गोंदिया से रात 8 बजे खुलेगी और दूसरे दिन दोपहर बनारस से 1.50 बजे छूटकर 7.30 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में 7, 14 एवं 21 मई प्रत्येक मंगलवार को छपरा से रात 10.15 बजे खुलेगी और दूसरे दिन बनारस से रात 2.10 बजे होकर रात 10.30 बजे गोंदिया पहुंचेगी।
लक्ष्मीबाई-छपरा समर स्पेशल ट्रेन रद्द
अपरिहार्य कारणों से रेलवे ने छपरा-वीरांगना लक्ष्मीबाई समर स्पेशल ट्रेन का संचलन निरस्त कर दिया है। 8 मई से 26 जून तक वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन से चलने वाली 01925 वीरांगना लक्ष्मीबाई -छपरा और 9 मई से 27 जून तक छपरा से चलने वाली 01926 छपरा-वीरांगना लक्ष्मीबाई स्पेशल ट्रेन का संचालन निरस्त है।
राज्य निर्यात पुरस्कार के आवेदन 30 मई तक
उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा ने बताया कि राज्य निर्यात पुरस्कार योजना वर्ष 2024-25 के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसकी अंतिम तिथि 30 मई है। आवेदन करने के लिए वही निर्यातक कंपनियां/इकाईयां पात्र होंगी जिनका निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो में पंजीकरण होगा और पिछले दो सालों में से कम 30 लाख का सालाना निर्यात रहा हो। आवेदन http://www.epbupindia.com पर कर सकते हैं।
छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वाराणसी। बीएचयू के गार्गी हॉस्टल में बुधवार को सात दिवसीय क्रियेटिव पेंटिंग वर्कशॉप का समापन हो गया। इसमें 30 छात्राओं ने भाग लिया। छात्र कल्याण विभाग की ओर से हुई कार्यशाला में विश्व पर्यावरण दिवस से संबंधित विषयों पर पेंटिंग कराई गई। अंतिम दिन चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस दौरान मुख्य अतिथि छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा, छात्र कल्याण विभाग प्रभारी प्रो. ललित मोहन अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि हॉस्टल समन्वयक, इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, प्रो. रंजन कुमार सिंह ने छात्राओं के प्रयास को सराहा। धन्यवाद हॉस्टल की प्रशासनिक संरक्षक डॉ. आंचल सिंह ने किया। समापन के दौरान कार्यशाला प्रशिक्षक विकास कुमार चौधरी और आकांक्षा जायसवाल मौजूद रहे।
हरिश्चंद्र के 2 छात्रों ने राजस्थान में जीते पदक
वाराणसी के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के 2 छात्रों ने राजस्थान के झुंझुनू में हुई ऑल इंडिया क्वानकिडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। इसमें विधि पंचम सेमेस्टर के उमेश केशरी ने स्वर्ण और बीए प्रथम सेमेस्टर के अरविंद कुमार ने रजत पदक प्राप्त किया।
विजेताओं को बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में कुलपति प्रो. एके त्यागी ने सम्मानित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता 25 से 28 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर, खेल प्रभारी प्रो. संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव बने रिजवान
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद ने ककरमत्ता निवासी मोहम्मद रिजवान को युवजन सभा का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया है। उनके मनोनयन पर एमएलसी आशुतोष सिन्हा, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, पूर्व मंत्री बहादुर यादव, पूर्व मंत्री मनोज राय, प्रदीप जायसवाल ने उन्हें बधाई दी।
जीआरपी सिपाहियों पर लूट का आरोप, यात्री ने रेल मंत्रालय से की शिकायत
कैंट जीआरपी के तीन सिपाही समेत चार के खिलाफ यात्री ने 12 हजार रुपये और 40 हजार का सामान लूटने का आरोप लगाया। यात्री ने इसकी शिकायत रेल मंत्रालय से की है। यात्री का आरोप है कि सिपाहियों ने इसमें से 2500 रुपये विजय प्रजापति नामक व्यक्ति के मोबाइल पर ट्रांसफर कराए।
बिहार के बेगूसराय निवासी राजेश कुमार सिंह लहरतारा में किराये पर रहते हैं। वे मंगलवार रात शादी का सामान खरीदकर ले जा रहे भाई को छोड़ने कैंट स्टेशन गए थे। प्लेटफाॅर्म संख्या आठ पर ट्रेन का इंतजार करते हुए नींद लग गई। आंख खुली तो सामान गायब था। खोजबीन पर मालूम चला कि सामान प्लेटफाॅर्म स्थित बाथरूम में है।
वे सामान लेने गए तो एक व्यक्ति ने रोक लिया और कहा कि सामान जीआरपी ने रखवाया है। इसी दौरान तीन पुलिसकर्मी वर्दी में आए और कैंट स्टेशन के पुलिस बूथ में ले जाकर 2500 रुपये यूपीआई कराए। वहीं, 9500 रुपये और 40 हजार का शादी का सामान छीन लिया।
मोबाइल चोरी कर यूपीआई से निकाले एक लाख रुपये
शिवपुर में मोबाइल चोरी कर यूपीआई के जरिये चार बार में एक लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है। बड़ालालपुर निवासी अश्विनी कुमार मिश्रा ने बताया कि 18 अप्रैल को उनका मोबाइल चोरी हो गया था। 24 घंटे बाद दूसरा सिम लेने पर मालूम चला कि बैंक खाते से चार बार में एक लाख रुपये की निकासी हो गई है। उस दिन अकाउंट होल्ड करा दिया। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
दहेज उत्पीड़न के मामले में चार पर केस
विवाहिता ने सास ससुर समेत चार के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में जंसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। दशरथपुर गांव निवासी पीड़िता सीमा पटेल ने बताया कि उनके पति रोशन पटेल सीआरपीएफ में हैं। उनकी गैर मौजूदगी में सास, ससुर, देवर और देवरानी मारपीट और प्रताड़ित करते हैं। जंसा पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
एक दिन पहले घर से लापता विवाहिता का मिला शव
रोहनिया के छितौनी कोट पंप कैनाल के पास बुधवार को एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। एक दिन पहले महिला घर से लापता हुई थी। मायके के लोगों ने ससुराल के सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मिर्जापुर चुनार के चुरावनपुर निवासी राजकुमार पाल राजस्थान में नौकरी करते हैं। पत्नी और तीन बेटों के साथ परिवार के शादी समारोह में गांव आए थे।
मंगलवार शाम में सपरिवार राजस्थान जाने की तैयारी में थे कि इस बीच पत्नी लक्ष्मी लापता हो गई। काफी खोजबीन की गई। इस बीच पति राजकुमार को सूचना मिली कि महिला का शव पंप कैनाल गंगा नहर में मिला है। राजकुमार ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
उधर, लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर निवासी मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि गंगा में डूबने से मौत की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फल विक्रेता के घर में लगी आग
रोहनिया। मोहनसराय में बुधवार की शाम फल विक्रेता हुबलाल गुप्ता के मकान में आग लग गई। इससे मकान में रखे फल, इलेक्ट्रानिक्स उपकरण समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। आसपास के लोगों और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
मोहनसराय निवासी फल विक्रेता हुबलाल गुप्ता के अनुसार काफी नुकसान हुआ। आग की जद में आकर बछड़ा भी झुलस गया। आग कैसे लगी, यह मालूम नहीं चल पा रहा है।
लैपटॉप के एक लाख रुपये वादी को देने का आदेश
उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने वादी के लैपटॉप के एक लाख रुपये एमएसएम कंप्यूटर वर्ल्ड एलएलपी, आसूस इंडिया कंपनी व आसूस सर्विस सेंटर को देने का आदेश दिया है। परिवाद खर्च 10 हजार रुपये भी देने को कहा है। कबीरनगर निवासी अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि ग्राफिक्स के लिए एमएसएम कंप्यूटर वर्ल्ड से लैपटॉप खरीदा। कुछ दिन बाद इसमें खराबी आ गई।
एमएसएम कंप्यूटर वर्ल्ड में लैपटॉप बदलने को कहा तो दुकानदार ने सर्विस सेंटर भेज दिया। सर्विस सेंटर में कई बार लैपटॉप बनवाया। मगर, खराबी दूर नहीं हुई। हारकर फोरम की मदद ली। सुनवाई के बाद लैपटॉप की कीमत 1,02,000 रुपये मानसिक प्रताड़ना के 10 हजार रुपये व वाद खर्च देने का आदेश दिया।
बुजुर्ग महिला से मारपीट में बेटे, बहू और पोते पर मुकदमा
वाराणसी के बृज एंकलेव एक्सटेंशन कॉलोनी में संपत्ति को लेकर चार दिन पूर्व 82 वर्षीय मां से मारपीट के आरोपी बड़े बेटे, बहू और पोते के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता वारमाती देवी ने बताया कि उनके पति सुखी सिंह बरेका में वरिष्ठ लेखाधिकारी थे। जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। दो बेटे सुरेंद्र सिंह और महेंद्र सिंह है। बड़ा बेटा 40 वर्ष से बाहर रहता था और कोई मतलब नहीं रखता था।
पति सुखी सिंह ने मकान की वसीयत छोटे बेटे महेंद्र सिंह के नाम कर दी। आरोप है कि इससे नाराज बड़ा बेटा सुरेंद्र सिंह अपनी पत्नी, बेटे के साथ पहुंचा और मारपीट की। जबकि बड़ा बेटा सुरेंद्र सिंह इस समय शुगर फैक्ट्री में वरिष्ठ मुख्य प्रबंधक है। पुलिस के अनुसार संपत्ति विवाद में मारपीट हुई है, मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में जंसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जंसा थाना क्षेत्र के देईपुर गांव की रहने वाली आफरीन बानो ने बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व पसियाही नेवढ़िया जौनपुर निवासी अल्ताब के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।