{"_id":"66425207d2ed9800f10149cc","slug":"top-latest-and-big-news-of-today-in-varanasi-2024-05-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi Top News: पुलिस के वाहन की टक्कर से युवती घायल, वीडियो बनाते रहे लोग सहित अन्य खबरें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi Top News: पुलिस के वाहन की टक्कर से युवती घायल, वीडियो बनाते रहे लोग सहित अन्य खबरें
Mon, 13 May 2024 11:17 PM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Mon, 13 May 2024 11:17 PM IST
सार
Varanasi Top News: वाराणसी में सोमवार को अपराध की खबरों के साथ छोटे-बड़े कार्यक्रम में भी हुए। अपराध के खबर की बात करें तो मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में हादसे के बाद एक युवती घायल हो गई। सड़क पर पड़ी घायल युवती को किसी ने अस्पताल नहीं पहुंचाया। लोग उसकी वीडियो बनाते रहे। वहीं चौक थाना की पुलिस ने चोरी के तीन वाहनों के साथ शातिर को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की खबरें।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर स्थित एक निजी स्कूल के सामने सोमवार को पुलिस के वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवती घायल हो गई। अचेतावस्था में युवती को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि आधे घंटे तक युवती सड़क पर पड़ी रही और लोग मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे।
विज्ञापन
शिवदासपुर निवासी राकेश गुप्ता की 22 वर्षीय बेटी पायल साइकिल से अपने घर आ रही थी। एक निजी स्कूल के पास युवती की साइकिल में पुलिस के वाहन ने टक्कर मार दी। अचेतावस्था में युवती आधे घंटे तक सड़क पर पड़ी रही, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। लोग वीडियो बनाते रहे। जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने पायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पिता राकेश ने मंडुवाडीह थाने में चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
पीडीएम प्रत्याशी ने मुख्य चुनाव आयोग से की शिकायत
लोकसभा में निष्पक्ष चुनाव को लेकर पीडीएम प्रत्याशी गगन प्रकाश यादव ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ई मेल और रजिस्टर्ड डाक से शिकायत की है। भारतमाता मंदिर में हुई प्रेसवार्ता में पीडीएम प्रत्याशी ने कहा कि नामांकन भरने के बाद त्रुटि सुधार के नाम पर जिला प्रशासन की ओर से नोटिस दिया जा रहा है। जब नोटिस का जवाब दाखिल करने जाया जा रहा है तो त्रुटि सुधार से रोका जा रहा है।
विज्ञापन
ऐसी स्थिति में यहां निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग चुनाव आयोग से की है। मेरी जानकारी में नामांकन फार्म भरने वाले अन्य प्रत्याशियों को भी त्रुटि सुधार का नोटिस भेजकर पर्चा खारिज कराने का षडयंत्र रचा जा रहा है। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय ने कहा कि मुझे भी लखनऊ के सरकारी आवास के संबंध में त्रुटि सुधार का नोटिस दिया था। जिसके जवाब में सोमवार को तीन सेट में दोबारा नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसके पहले एक सेट में पर्चा दाखिल किया था। बसपा प्रत्याशी अतहर जमाल लारी ने कहा कि मुझे अभी त्रुटि सुधार का नोटिस नहीं मिला है।
चोरी के तीन वाहन के साथ एक गिरफ्तार
वाराणसी के चौक थाने की पुलिस ने चोरी की दो बाइक और एक स्कूटी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी की पहचान हकाक टोला निवासी यासीन के रूप में हुई है। यासीन ने बताया कि वह बनारस से बाइक चुरा कर अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर स्थित अपने ननिहाल ले जाकर बेच देता था। अंबेडकरनगर से बाइक चुरा कर वह बनारस लाकर बेचता था।
कोविड वैक्सीन के साइड इफेक्ट को लेकर 28 के खिलाफ परिवाद दाखिल
कोविड वैक्सीन के साइड इफेक्ट को लेकर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/अपर सिविल जज (सीडी प्रथम) की अदालत में 28 लोगों के खिलाफ परिवाद दाखिल किया गया। अदालत ने मामले में गठित अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एमपी-एमएलए) की कोर्ट रिक्त होने के चलते प्रकीर्ण वाद के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही सुनवाई की अगली तिथि 23 मई नियत कर दी। अधिवक्ता विकास सिंह ने मानव अधिकार अधिनियम 1993 के तहत प्रार्थना पत्र दिया है।
सुल्तान क्लब के सदस्यों ने मतदान करने और जागरूक करने की ली शपथ
सामाजिक संस्था सुल्तान क्लब के सदस्यों ने रसूलपुरा स्थित कार्यालय में 1 जून को शत प्रतिशत मतदान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में लोगों ने संकल्प लिया कि वह अपने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क कर सभी मतदाताओं को जागरूक करेंगे। जिससे सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. एहतेशामुल हक ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी को मतदान करना चाहिए। मतदान हमारा अधिकार है इसलिए हर हाल में शत प्रतिशत मतदान करें। इस दौरान अजय कुमार वर्मा, महबूब आलम, एच हसन नन्हें, जावेद अख्तर, शमीम रियाज,आदि मौजूद रहे।
नामांकन फार्म न देने का आरोप लगाकर दिया धरना
लोकसभा चुनाव में नामांकन फार्म न देने और नामांकन न करने से खफा लोगों ने जिला मुख्यालय पर धरना दिया। धरने में शामिल डॉ. हेमंत यादव ने आरोप लगाया कि जब से नामांकन शुरू हुआ है तब से अब तक जिला प्रशासन न तो नामांकन फार्म दे रहा है और न ही नामांकन फार्म भरने दे रहा है।
चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। चालान के साथ नामांकन फार्म नहीं दिया जा रहा है। चालान के लिए दौड़ाया गया। तीन दिन बाद नामांकन फार्म दिया। अब नामांकन नहीं करने दिया गया। धरने में त्रिभुवन प्रसाद, सचिव कठेरिया, विंध्याचल पासवान, प्रेमनाथ उपाध्याय सहित ३० लोग शामिल रहे।
सभी को समय से पहुंचाएं एपिक कार्ड
लोकसभा चुनाव के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक अमित सिंह नेगी ने सोमवार को चुनाव कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम प्रभारी वंदिता श्रीवास्तव ने चुनाव प्रेक्षक को कंट्रोल रूम के बारे में जानकारी दी। प्रेक्षक ने सभी बनकर तैयार एपिक कार्ड को समय से उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
प्रेक्षक ने अब तक आई हुई सभी शिकायतों के बारे में जानकारी मांगी। उनको सभी संबंधित जानकारियां दी गईं। सी-विजिल एप प्रभारी सीडीपीओ से आज आई जानकारी मांगी। जिसपर उन्होंने बताया कि आज दो शिकायतें आई हैं। प्रेक्षक ने अधिक से अधिक लोगों को सी-विजिल एप डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करने को कहा।
सोशल मीडिया प्रभारी अमित शुक्ला ने प्रेक्षक के समक्ष सोशल मीडिया पर सामान्य निर्वाचन, पेड न्यूज को लेकर की जा रही मॉनीटरिंग की जानकारी दी। जिला सूचना अधिकारी सुरेंद्र पाल ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मॉनीटरिंग की जानकारी दी गई।
सर्किट हाउस पहुंचे पुलिस प्रेक्षक
निर्वाचन आयोग की ओर से वाराणसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामित पुलिस प्रेक्षक संजय कुमार सेन सोमवार को वाराणसी पहुंचे। उन्हें न्यू सर्किट हाउस में कमरा एलाट किया गया है। वे चुनाव तक यहां रहेंगे।
केकेआर ने 77 रन से जीता मैच, एसआरएच और गीटी ने भी जीते मुकाबले
डालिम्स प्रीमियर लीग (डीपीएल) में सोमवार को तीन मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में कैथी नाइट राइडर्स (केकेआर), सन राइजर्स हरहुआ (एसआरएच) और गोदौलिया टाइटंस (गीटी) ने दो अंक अर्जित करते हुए अपने-अपने लीग मुकाबले जीते।
डीपीएल का पहला क्रिकेट मैच केकेआर ने 77 रन से जीता। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में छह विकेट खोकर 117 रन का स्कोर बनाया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दुर्गाकुंड कैपिटल्स (डीसी) की टीम आठ ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 40 रन ही बना सकी। दूसरा मैच एसआरएच ने जीता।
मुकाबले में एसआरएच ने आठ ओवर खेलकर चार विकेट के नुकसान पर 89 रन बनाए। वहीं, महाराजा इंडियंस (एमआई) की पूरी टीम 3़ 4 ओवर में 20 रन पर आउट हो गई। तीसरे मैच में गोदौलिया टाइटंस (गीटी) की टीम ने आठ ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पांडेयपुर किंग्स (पीबीकेएस) की टीम पांच ओवर में 45 पर ऑल आउट हो गई। आयोजन सचिव हिमांशु मिश्र ने बताया कि सोमवार को हुए मुकाबले में सभी टीमों ने अच्छी बल्लेबाजी कर रन बनाए।
नमो घाट से सुबह 9 बजे तक नहीं चलेंगी नावें
नमो घाट पर मंगलवार को सुबह नौ बजे तक नावों का संचालन नहीं होगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार को नमो घाट से राजघाट के बीच की नावों को जल पुलिस ने हटवा दिया। नमो घाट से हटाकर सभी नावों को डोमरी साइड बांधा गया है।
सर्किट हाउस में आज से मिलेंगे सामान्य प्रेक्षक अमित सिंह नेगी
लोकसभा चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अमित सिंह नेगी को सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। वे सोमवार को सर्किट हाउस पहुंच चुके हैं। वे उत्तरांचल कैडर के 1999 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सर्किट हाउस में लोगों से मिलने के लिए उन्होंने प्रात: 09:30 बजे से 10:30 बजे तक का समय निर्धारित किया है। राजनैतिक दलों, प्रत्याशियों एवं जन साधारण के उनसे सम्पर्क के लिए मोबाइल नंबर 9236030443 है।
25 मई और एक जून को कचहरी में सार्वजनिक अवकाश
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जनपद न्यायालय में 25 मई और एक जून को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह जानकारी जिला जज संजीव पांडेय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में हाईकोर्ट के आदेश के अनुक्रम में दी गई है।
यूथ बास्केटबाल के उद्घाटन मैच में रानी मुरार का दबदबा
वाराणसी के कोईराजपुर स्थित संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल 17वीं जनपद स्तरीय यूथ बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ़ अशोक कुमार सिंह ने सिंह ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया। उद्घाटन मैच रानी मुरार और राजर्षि क्लब के बीच खेला गया। इसमें रानी मुरार ने राजर्षि क्लब की बी टीम को 26-2 से हराया।
बालक वर्ग के पहले मैच में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल कोईराजपुर ने उदय प्रताप कॉलेज की मिनी टीम को 44-24 से पराजित किया। उदय प्रताप कॉलेज की सीनियर टीम में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की बी टीम को 24-6 से पराजित किया। उदय प्रताप इंटर कॉलेज की मिनी टीम ने लालपुर स्टेडियम को 42-31 के स्कोर से पराजित किया। आयोजन सचिव विभोर भृगुवंशी ने बताया कि यह प्रतियोगिता 13 से 16 मई तक खेली जाएगी।
जिस कर्म से परमात्मा मिलें, वही श्रेष्ठ
अखिल कल्याण सेवा समिति की ओर से सुसुवाही के चंडिका माता मंदिर पर सोमवार को श्रीमद्भागवत कथा हुई। कथावाचक अखिल दास ने कहा कि जिस कर्म से परमात्मा मिल जाएं, वही कर्म श्रेष्ठ है। भागवत कथा का श्रवण करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। व्यासजी ने कहा कि जो दूसरों के सुख में सुखी और दूसरों के दुख में दुखी होता, वह सदा प्रसन्न रहता है और सफलता पाता है। स्वागत अनिल कुमार राय ने किया। अध्यक्षता कृष्ण दत्त त्रिपाठी ने की। इस मौके पर प्रो़ एचपी सिंह, डॉ. दिवाकर राय, दयाशंकर, सरिता दीक्षित, योगेंद्र आदि मौजूद रहे।
फेडरेशन कप में आज दौड़ेंगे तीन धावक
सीनियर फेडरेशन कप (सीनियर) एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मंगलवार को शहर के तीन खिलाड़ी दौड़ लगाएंगे। वहीं, सोमवार को जेवलिन स्पर्धा में शहर के आशीष सिंह को हार का सामना करना पड़ा। हार के साथ आशीष का सफर समाप्त हो गया।
कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि मंगलवार को सुनील राजभर आठ सौ मीटर, दिवाकर पासवान पंद्रह सौ मीटर, संगीता पाल चार सौ किलोमीटर दौड़ में दम दिखाएंगे। प्रतियोगिता 12 से 15 मई तक ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेली जा रही है।
बनारसी वस्त्रों में इस्तेमाल होने धागों की प्रदर्शनी लगाई
वाराणसी के मलदहिया स्थित होटल में बनारसी वस्त्रों में इस्तेमाल हाेने वाले धागों को लेकर सोमवार को बुनकर कान्क्लेव आयोजित किया गया। इस दौरान धागों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही फाइबर विकल्पों पर चर्चा की गई। बुनकरों ने क्षेत्रीय परिधानों को संरक्षित करने, उन्हें नवाचार में सबसे आगे रखने और पारंपरिक परिधान तैयार करने पर जोर दिया। टेक्सटाइल विशेषज्ञ अविनाश माने ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य बनारसी वस्त्र उद्योगों को बढ़ावा देना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
मंगलवार को अधिवक्ता नहीं करेंगे काम, पीएम का उत्साह बढ़ाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन के मद्देनजर सेंट्रल बार और बनारस बार एसोसिएशन ने मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। दोनों बार एसोसिएशन ने बनारस बार के पूर्व अध्यक्ष राजेश मिश्र व आशीष शक्ति तिवारी के प्रस्ताव पर निर्णय लिया है। साथ ही सिविल कोर्ट के गेट नंबर 3 पर सभी अधिवक्ता कोट बैंड में उपस्थित रहेंगे। सब नामांकन करने जाने वाले प्रधानमंत्री का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इस दौरान बनारस बार अध्यक्ष अवधेश सिंह, कमलेश सिंह यादव, मुरलीधर सिंह, सुरेन्द्र नाथ पांडेय मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री का व्यापारियों ने किया स्वागत
वाराणसी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल समेत अन्य व्यापारिक संगठनों ने प्रधानमंत्री का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। लंका चौराहे से अस्सी, सोनारपुरा, बंगाली टोला, गोदौलिया, बांसफाटक होते हुए काशी विश्वनाथ धाम तक व्यापारियों ने मोदी का भव्य स्वागत किया। अस्सी पर व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, राजेश यादव, हेमंत राघानी, दिनेश चौरसिया मौजूद रहे।
प्रो. चौथी राम यादव को श्रद्धांजलि दी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मानविकी संकाय के अध्यक्ष प्रो. अनुराग कुमार के पिता प्रो. चौथी राम यादव का रविवार को निधन हो गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने सोमवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इसमें शिक्षकों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना प्रकट की।
बीएचयू के शोक सभा
बीएचयू में हिन्दी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष, हिंदी साहित्यकार प्रो. चौथीराम यादव का रविवार को निधन हो गया। बीएचयू में हिन्दी विभाग के आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी सभागार में सोमवार को विभागाध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी की अध्यक्षता में विभागीय सदस्यों ने शोकसभा आयोजित की। प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी ने कहा कि उनके नहीं रहने से हिन्दी जगत की अपूरणीय क्षति हुई है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी हरिश्चंद्र घाट पहुंच कर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम समय तक उन्होंने अपने वैचारिकी और लेखन में पूरी सक्रियता से संलग्न थे। बीएचयू के हिन्दी विभाग से प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी एक युवा की तरह साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक जीवन के मोर्चे पर निरंतर सक्रिय व जागरूक भूमिका के संवाहक थे।
ढुंढिराज गणेश मां गंगा को आरपार चढ़ाएंगे चुनरी
गंगा सप्तमी पर ढुंढिराज गणेश मां गंगा को चुनरी चढ़ाएंगे। भक्तों के जरिए मां गंगा के आरपार चुनरी अर्पित की जाएगी। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सप्तमी का आयोजन होगा। सोमवार की शाम को ढुंढिराज गणेश के दरबार से भक्तों को चुनरी मिली।
गंगा सप्तमी के अवसर पर काशी सहित संपूर्ण विश्व के कल्याण के लिए माता अन्नपूर्णा के निर्देश से काशी के युवराज भगवान ढुंढिराज अपने प्रिय भक्तों के माध्यम से काशी में नित्य प्रवाहमान अपनी मौसी मां गंगा को उनके दोनों पावन तटों पर आरपार साड़ी चढ़ाकर पूजन संपन्न करेंगे। आयोजन के मुख्य अतिथि अन्नपूर्णा मंदिर महंत शंकर पुरी महाराज और कार्यक्रम संयोजक शिव बारात समिति संस्थापक दिलीप सिंह, अजय शर्मा होंगे।