गुरु दरबार में आज उमड़ेगा आस्था का रेला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीवन में छाए अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर प्रकाशमान बनाने वाले गुरुओं की महिमा मंगलवार को देखते बनेगी। संत कबीर ने गुरु की महिमा का वर्णन खूब किया है- गुरु गोविंद दोऊ खड़े काके लागों पांय/बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो बताय...। यानी गुरु गोविंद से भी बढ़कर हैं। ऐसे गुरुओं की पूजा, आराधना मंगलवार को गुरु पूर्णिमा पर होगी। इसके लिए भक्तों का कारवां निकल पड़ा है।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर कहीं दमा की बीमारी की दवा बांटी जाएगी तो कहीं निरोगी जीवन के लिए जतन किए जाएंगे। गड़वा घाट आश्रम परिसर को सजा दिया गया है। देर रात तक वहां हजारों भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। आश्रम में महोत्सव की तैयारी का काम देख रहे बहादुर बाबा ने बताया कि स्वामी शरणानंद महाराज समाधियों की पूजा के बाद सुबह सिंहासन पर विराजमान होंगे और गुरु दर्शन के साथ ही मंत्र दीक्षा लेने का सिलसिला आरंभ हो जाएगा।
झूले, चर्खियों के अलावा तरह-तरह के स्टालों पर रात को ही रौनक छा गई। हालांकि आश्रम तक जाने वाली सड़क टूटी होने की वजह से भक्तों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पड़ाव स्थित सर्वेश्वरी समूह अघोर पीठ में भक्तों का कारवां उमड़ पड़ा है। वहां गुरु पद बाबा संभव राम भक्तों को आशीर्वाद देंगे। संत कीनाराम अघोरपीठ में सिद्धार्थ गौतम राम के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगने से मेले जैसा माहौल बन गया है।
विद्यामठ केदार घाट में गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां की गई हैं। मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम में महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा के दर्शन के लिए भक्त पहुंचने लगे हैं। पातालपुरी पीठ में महंत बालक दास महाराज का पादुका पूजन सुबह सात बजे होगा।