वाराणसी में तीन लोगों ने लगाया फंदा : एमआर, छात्र और महिला ने उठाया खाैफनाक कदम, परिजनों में कोहराम; पढ़ें खबर
Varanasi News : वाराणसी के कैंट, रोहनिया और लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। वहीं, परिजनों में गम का माहाैल था। महिला की माैत मामले में उसके भाई ने तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
कैंट थाने क्षेत्र के टकटकपुर स्थित राधापुरम काॅलोनी में किराये के मकान में रहने वाले एमआर अभिषेक यादव (40) ने फंदा लगाकर जान दे दी। पीएसी दरोगा का दामाद अभिषेक पिछले तीन माह से अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रह रहा था।
आर्थिक तंगी के चलते युवक ने यह कदम उठाया। चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक यादव (40) एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का काम करता था।
ऑनलाइन जुआ और नशे की लत पर पत्नी से होता था विवाद
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक ऑनलाइन जुआ खेलने और शराब पीने का आदी हो गया था। इससे पत्नी से उसका विवाद होता था। साढ़े तीन माह पहले विवाद होने पर ममता मायके चली गई थी। अभिषेक के पिता मुसाफिर सिंह किसान हैं और ससुर अच्छे लाल यादव पीएसी में दारोगा हैं। ससुर ने बताया कि वह 12 लाख रुपये दामाद को दिए थे कि सभी का कर्ज आदि खत्म कर दो और ढंग से रहो।
टीएमयू में छात्र ने डेटा केबल को फंदा बनाकर किया सुसाइड
मुरादाबाद के पाकबड़ा स्थित टीएमयू के हॉस्टल के कमरे में बैचलर इन मेडिकल रेडियो इमेजिंग टेक्नोलॉजी (बीएमआरआईटी) के प्रथम वर्ष के छात्र अतुल तिवारी (20) ने डाटा केबल को फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। वाराणसी के पांडेयपुर निवासी छात्र अतुल तिवारी बुधवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे छुट्टी होने के बाद हॉस्टल के दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर 210 बी में पहुंचा। अतुल ने कमरा अंदर से बंद कर लिया और डाटा केबिल को फंदा बनाकर पंखे से लटक गया।
महिला ने फंदा लगाकर जान दी, हत्या का आरोप
रोहनिया के केशरीपुर में विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, भाई ने पति समेत परिजनों पर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। केशरीपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा की पत्नी सुनीता देवी (35) अपने कमरे में पंखे की कुंडी में रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर पहुंचे पति दीपक ने शव को नीचे उतारा।
सुनीता के मायके खुशीपुर से आया भाई राजकुमार ने पति पर आरोप लगाया कि पैसे की मांग को लेकर वह प्रताड़ित करता था। बहन की हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी। सुनीता को तीन बेटे और एक बेटी है।