UP: विशेष किस्म के 25 किलो गांजा के साथ तीन हवाई यात्री अरेस्ट, बैंकॉक से वाराणसी आया था विमान; पूछताछ
Varanasi News: बैंकॉक से आए विमान में यात्रियों के पास से करोड़ों का गांजा मिलने की सूचना पाकर माैके पर स्थानीय सुरक्षा प्रशासन पहुंच गई। तीनों से पूछताछ करने के साथ ही गांजा को जब्त कर लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से वाराणसी आए तीन यात्रियों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। कस्टम अधिकारियों ने तीनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-216 से बैंकॉक से वाराणसी पहुंचे तीन यात्रियों को कस्टम विभाग ने एक्स-रे जांच के दौरान प्रतिबंधित सामान होने के संदेह में रोक लिया। कस्टम विभाग के निरीक्षक अजय सिंह यादव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आगमन हॉल में पंचों की मौजूदगी में यात्रियों के सामान की तलाशी ली।
सुरक्षाकर्मियों ने की पूछताछ
तलाशी के दौरान जिन यात्रियों को रोका गया, उनमें हिमराज रामसिंग सुंदर निवासी जुनागढ़ (गुजरात), राज कांतिलाल चौहान निवासी केशोद, जुनागढ़ (गुजरात) तथा हीनाबेन भारदा निवासी वडोदरा (गुजरात) शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार एक्स-रे जांच में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद इन तीनों यात्रियों के बैगों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान उनके ट्रॉली बैग और हैंड बैग से कुल लगभग 25 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष किस्म का गांजा है जिसकी तस्करी बड़े महानगरों में की जाती है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक करोड़ों में बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अजय सिंह यादव के साथ अधीक्षक अश्विनी कुमार सिंह, निरीक्षक राम जियावन भारती, रोहित कुशवाहा, हवलदार पवन कुमार भारती तथा महिला हवलदार सुमन लता भी मौजूद रहे।
कस्टम विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया है।