Varanasi News: पशु तस्करी में तीन गिरफ्तार, महिलाओं ने घेरा थाना; तस्करी में प्रयुक्त एक मैजिक बरामद
Varanasi News: पशु चोरी के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के विरोध में महिलाओं और ग्रामीणों ने घेराव कर नारेबाजी की। पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया गया। तनाव बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एसीपी विनय द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
विस्तार
Varanasi Crime: वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में पशु चोरी के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रविवार को ग्रामीणों और महिलाओं ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को दर्ज पशु चोरी के मुकदमे की जांच के दौरान शनिवार को शुभम राजभर, रोशन शर्मा और फिरोज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक पड़िया तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मैजिक वाहन भी बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को चोलापुर थाने लाया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सिंधोरा मुर्दी, चमरू मुर्दी और गरमथा गांव के ग्रामीण, बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने केवल वाहन चालक और उसके साथ मौजूद लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मवेशियों को बेचने वाले वास्तविक व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसे लेकर महिलाओं ने थाने के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर ही कार्रवाई की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, जिन लोगों को चोरी के मवेशियों के साथ पकड़ा गया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।