सरकारी अस्पताल से दवाइयां चुराकर बाजार में बेचने गए चोर, 'नॉट फॉर सेल' की मुहर देख पेटियां फेंककर फरार
सारनाथ थाना क्षेत्र के पतेरवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चोरों ने लगभग 25 पेटी दवा को गायब कर दिया था। चोर दवा लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे गांव भैसौड़ी के पास पुलिया के पास फेंक कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने सभी दवाओं को कब्जे में ले लिया।
विस्तार
कोरोना संक्रमण के इस दौर में दवाओं की मांग अधिक है। इसी मांग और खपत को देखकर वाराणसी के सारनाथ इलाके में चोरों ने एक सरकारी अस्पताल को निशाना बनाया। लगभग 20 पेटी दवाओं की खेप को पार कर दिया। हालांकि जब बाजार में दवा की बिक्री को पहुंचे तो दवाओं पर 'नॉट फॉर सेल' की मुहर देख चोरों ने बिक्री का इरादा बदल वापस अस्पताल पहुंचे और पीछे झाड़ियों में दवाओं की सभी पेटी फेंक भाग निकलें। सुबह ग्रामीणों ने देखा तो सारनाथ थाने की पुलिस को सूचित किया। पुलिस दवाओं की खेप लेकर थाने पहुंच जांच में जुट गई।
सारनाथ थाना क्षेत्र के पतेरवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बीते गुरुवार रात स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव से दवा की खेप भेजी गई थी। दवा में गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशु के लिए आयरन फोलिक एसिड सिरप, मेट्रोनिडाजोन वेनजोएट ओरल सास्पेशन, सिफ्लॉक्सीन आयरन, व एमोक्सीसाईक्लिन पोटैशियम इंजेक्शन शामिल था। लगभग 25 पेटी दवा को चोरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पार लगा दिया, चोर दवा लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे गांव भैसौड़ी के समीप पुलिया के पास फेंक कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने सभी दवाओं को कब्जे में ले लिया।
चिकित्सा प्रभारी चिरईगांव अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से दवा चोरी की सूचना मिली है। बीते गुरुवार को चिरईगांव स्वास्थ्य केंद्र से दवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पतेरवां भेजी गई थी। चोरी की तहरीर स्थानीय थाने पर दर्ज कराई गई थी।
सारनाथ थाना प्रभारी भूपेश राय ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचकर दवा कब्जे में लिया गया था, चोरों ने नॉट फॉर सेल का मुहर देखकर संभवतः दवा फेंक कर भाग गए होंगे। इन दवाओं को संबंधित विभाग को सौंप दिया गया। वहीं चोरों की तलाश की जा रही है।