Varanasi News: अफसर, प्रोफेसर, मैनेजर और एजेंसी संचालक के घरों में चोरी, लाखों के गहने व नकदी पर हाथ साफ
Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर में काफी चोरियां हो रही हैं। यहां चार जगह हुई चोरियों से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति दहशत है। कहा जा रहा है कि फैंटम दस्ता इन इलाकों में गश्त नहीं करता है। सुरक्षा को लेकर गश्त बढ़ा दी जाए तो अपराध पर लगाम लगाया जा सकता है।
विस्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र की अशोक पुरम कॉलोनी निवासी अजीत कृष्णन जौनपुर के केराकत स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में डिप्टी मैनेजर हैं। अजीत पत्नी रंजना के साथ गांधी चबूतरा, मीरापुर बसही में ससुराल गए थे। चोर घर से 50 हजार रुपये और चार लाख के आभूषण चुरा ले गए।
अजीत के मकान में किराये पर रहने वाले काशी विद्यापीठ के प्रो. मनोज कुमार सोनकर अपनी पत्नी स्वाति के साथ बड़े भाई को देखने अस्पताल गए थे। उनके घर से चोर लगभग 20 लाख के जेवर और 72 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। अशोक पुरम कॉलोनी से सटी बाबा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र मिश्रा एक ट्रैक्टर एजेंसी में मैनेजर हैं। सुरेंद्र परिवार के साथ दिल्ली गए थे। चोर उनके बंद मकान से 30 हजार रुपये और लाखों के गहने चुरा ले गए।
सुरेंद्र ने कहा कि घर आने के बाद ही पता लग पाएगा कि कितने गहने चोरी हुए हैं। सुरेंद्र के पड़ोसी सत्येंद्र सिंह सिक्योरिटी एजेंसी संचालक हैं। वह इन दिनों परिवार के साथ चहनिया स्थित अपने घर गए हुए हैं। चोर सत्येंद्र के घर से 40 हजार रुपये और लाखों रुपये के गहने चुरा ले गए।
रखौना और कोरौता गांव में दो घर चोरों ने खंगाले
लोहता के रखौना गांव में सेवानिवृत्त बैंक कर्मी के घर से चोर आभूषण और नकदी चुरा ले गए। रखौना गांव निवासी सेवानिवृत्त बैंक कर्मी उमाशंकर पाठक और सदस्य शुक्रवार रात खाना खाकर सो गए। घर के दो कमरों के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर तीन आलमारी का लॉक खोल कर चांदी के 25 सिक्के, शील्ड, सोने की तीन अंगूठी व एक गिन्नी, चांदी का नारियल, पान, सुपारी व थाली और 22 हजार रुपये चुरा ले गए।
पीड़ित के मुताबिक, सामान की कीमत ढाई लाख रुपये से ज्यादा है। उमाशंकर ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। लोहता थाना क्षेत्र के कोरौता गांव में शुक्रवार रात चंदन पटेल के घर में चोर घुसे। चोर घर से तीन मोबाइल और तीन हजार रुपये चुरा ले गए। चोर घर से कपड़े भी ले गए थे। शनिवार सुबह चंदन के घर से कुछ दूरी पर कपड़े फेंके मिले। पीड़ित ने लोहता थाने में तहरीर दी है।