मकराना के सफेद मार्बल से चमकेगा काशी पुराधिपति का दरबार, दीपावली के बाद आने लगेगा पत्थर
काशीपुराधिपति का भव्य दरबार मकराना के सफेद मार्बल से चमकेगा। इसके लिए लखनऊ में हाई पावर कमेटी ने मार्बल के सैंपल के आधार पर निर्णय लिया है। दीपावली के बाद मार्बल लगने का काम शुरू हो जाएगा। मंदिर परिसर में लगने के लिए मकराना के पत्थर की एक जैसी गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए एक टीम खदान में ही तैनात रहेगी। इसके बाद मंदिर में आने वाली खेप की जांच के बाद उसका इस्तेमाल किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी की अध्यक्षता में बनी मार्बल खरीद के लिए समिति की बैठक लखनऊ में हुई। इसमें 12 सैंपल के आधार पर सफेद मार्बल को लगाने का निर्णय लिया गया। गुणवत्ता परखने के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से दो टीमों का गठन किया जाएगा।
इसमें एक टीम आपूर्ति करने वाली खदान पर होगी और दूसरी टीम विश्वनाथ धाम में पत्थर आने पर जांच करेगी। श्री काशी विश्वनाथ की दीवारों में लगने वाला पत्थर जयपुर और माउंट आबू से मंगवाया जाएगा। यहां बता दें कि गंगा घाट से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर तक एक जैसा मार्बल लगाया जाएगा। इसके अलावा चुनार के पत्थरों से तैयार नक्काशी वाले पत्थर भी मंदिर परिसर में इसकी भव्यता बढ़ाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देगा धाम
पर्यावरण प्रदूषण की समस्या झेल रही काशी में बाबा विश्वनाथ का दरबार पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देगा। 60 फीसदी निर्माण और 40 फीसदी वन क्षेत्र वाले इस परिसर में रुद्राक्ष के पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा धाम में सीवेज के ट्रीटमेंट के लिए 25 एमएलडी का एसटीपी भी बनाया जाएगा। साथ ही जलासेन घाट स्थित सीवेज सिस्टम को भी अंडरग्राउंड करके धाम क्षेत्र की नालियों से जोड़ा जाएगा।