अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र बीएचयू में चल रहे व्याख्यान में वक्ताओं ने शोध की गुणवत्ता पर चर्चा की। राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज और चिकित्सालय के डॉ. मनदीप जायसवाल ने कहा कि शोध लेख की गुणवत्ता पारदर्शिता और वैज्ञानिकता पर निर्भर करती है। इसको बनाए रखने की जरूरत है। साइंटिफिक राइटिंग, रिसर्च इंटीग्रिटी एंड पब्लिकेशन एथिक्स विषय पर हुए व्याख्यान में डॉ. जायसवाल ने शोध लेख के आवश्यक घटकों पर बात की। आयुष मंत्रालय के एथिक्स एवं रजिस्ट्रेशन बोर्ड से डॉ. नारायण एस जाधव ने भारतीय चिकित्सा पद्धति के चिकित्सकों के अधिकार और विशेषाधिकार विषय पर कहा कि चिकित्सकों को वर्तमान समय के कानूनी अधिकारों, दायित्वों से परिचित होना चाहिए। चंद्रभानु ब्रह्माप्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान दिल्ली से डॉ. सुभाषा साहू ने प्रतिभागियों को लेख की संरचना, भाषा की शुद्धता, संदर्भों की विश्वसनीयता और अकादमिक मानकों के अनुरूप प्रस्तुति की महत्ता बताई। संस्कृत कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एंड रिसर्च सेंटर पुणे से डॉ. योगिता अभिजीत ने कहा कि समीक्षा लेख किसी भी शोध क्षेत्र के प्रगति-पथ और चुनौतियों को समझने का माध्यम होता है। समीक्षा तैयार करते समय साहित्य का गहन अध्ययन, तुलनात्मक विश्लेषण और निष्कर्षों की सटीकता आवश्यक है। इस दौरान डॉ. विजय कुमार राय, प्रो. अजय कुमार सिंह, डॉ. आशुतोष कुमार पाठक, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।