134 करोड़ सेे चमकेगी भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली, सारनाथ के एक किलोमीटर परिक्षेत्र के गांवों का होगा विकास
भगवान बुद्ध के प्रथम धर्म उपदेश स्थली सारनाथ के विकास के लिए शासन से 134 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल गई है। इसमें सारनाथ के एक किलोमीटर दायरे में आने वाले गांवों का विकास किया जाएगा। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल गुरुवार को सुहेलदेव पार्क पहुंचे और निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव की जन्मस्थली श्रावस्ती में आने वाले बसंत पंचमी के दौरान विकास कार्यों का शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे। शासन द्वारा 134 करोड़ की बजट स्वीकृत हुआ है, जिसे सारनाथ रिंग रोड से लेकर सुहेलदेव पार्क तक लाइटिंग, फुटपाथ आदि का निर्माण किया जाएगा। वही रिंग रोड से संग्रहालय तिराहा होते हुए सुहेलदेव पार्क तक डबल लेन सड़क बनवाने और सारनाथ में सभी देशों के मंदिरों को अत्याधुनिक करने के लिए डीपीआर बनाई जा रही है।
धमेख स्तूप केंद्र से 100 मीटर के दायरे में आने वाले सभी गांव, कालोनियों को मॉडल बनाना इस बजट में शामिल है। उन्होंने बताया कि बौद्ध मंदिरों तक पर्यटकों के जाने के लिए पाथ वे का निर्माण कराया जाएगा। पार्कों का निर्माण करने के साथ ही सुहेलदेव पार्क के पास दोनों सड़कों पर गेट का निर्माण कराया जाएगा। यहां से शुरू होने वाली दोनों ही सड़कों को रिंग रोड से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर जानी तैयारी
प्रदेश सरकार के मंत्री ने 30 नवंबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों का पुरातात्विक खंडहर परिसर पहुंचकर निरीक्षण किया। स्वतंत्र प्रभार मंत्री रविंद्र जायसवाल ने लाइट एंड साउंड शो में प्रवेश को लेकर होने वाली परेशानी के प्रश्न पर कहा कि पर्यटन विभाग का भारतीय पुरातत्व विभाग से एनओसी लेने के लिए बात आखिरी दौर में है। जल्द ही धमेख स्तूप के पूर्व दिशा से लाइट एंड साउंड के लिए प्रवेश गेट खोल दिया जाएगा।