मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को नगर के विकास के साथ-साथ संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की शुरुआत की है। लोको छित्तूपुर वार्ड में आयोजित एक समारोह में मेयर ने भाजपा संगठन के बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों को विशेष नेमप्लेट बांटी।
इस नेमप्लेट पर न केवल बूथ अध्यक्ष का नाम और मोबाइल नंबर अंकित है, बल्कि उस पर क्षेत्रीय विधायक, मेयर और स्थानीय पार्षद का नाम भी दर्ज किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि क्षेत्र का कोई भी नागरिक सीधे अपने बूथ स्तर के पदाधिकारी या जनप्रतिनिधियों की जानकारी प्राप्त कर सके और अपनी समस्याओं को सही मंच तक पहुंचा सके। इसके अलावा मेयर ने लहरतारा, लोको छित्तूपुर, सुसुवाही और करौंदी वार्ड में 1.73 करोड़ की लागत से 10 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसकी शुरुआत लहरतारा (वार्ड संख्या 1) से हुई। जहां मानिक नगर कॉलोनी में बौलिया रोड से लालजी व कौशल सिंह के आवास तक पार्क के चारों ओर नाली, इंटरलॉकिंग पटरी और बिटुमिन मार्ग के निर्माण की नींव रखी गई। इस कार्य पर 31.30 लाख रुपये खर्च होंगे। सुसुवाही (वार्ड 39) में सड़क कार्य होंगे। करौंदी (वार्ड 33) में जल निकासी व इंटरलॉकिंग, लोको छित्तूपुर (वार्ड-सात) में भी गली सुधार और इंटरलॉकिंग के कार्य होंगे। इस अवसर पर पार्षद संजू सरोज, प्रवीण राय, सुरेश पटेल, श्याम भूषण शर्मा आदि मौजूद रहे।