Subhash Chandra Bose: काशी ने सुभाष चंद्र बोस को किया नमन, खिलाड़ी सम्मानित; दी श्रद्धांजलि
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथियों के साथ अन्य लोगों ने उन्हें नमन किया। उनकी गाथा पर चर्चाएं हुईं।
विस्तार
UP News: देश को आजादी सुभाष की कीमत पर ही मिली। उनके होने और न होने का फर्क आज देखा जा सकता है। सुभाष कभी भी अखंड भारत के नीचे कुछ भी मानने को तैयार नहीं थे। ये बातें विशाल भारत संस्थान की ओर से लमही में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहीं। इस दौरान उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर 23 किलो की माला अर्पित कर आरती की।
23 नारियल फोड़कर मशाल जलाया और महोत्सव के शुभारंभ की घोषणा की। कार्यक्रम में क्वानकीडो के 37 खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस दौरान विशाल भारत संस्थान की वेबसाइट का भी उद्घाटन इंद्रेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में इली भारतवंशी ने सुभाष कथा, खुशी रमन भारतवंशी ने सुभाष चंद्र बोस पर कविता सुनाई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीगुरुजी ने कहा कि चाहे सिद्धांत कुछ भी रहा हो लेकिन देश तो बंट गया। विशिष्ट अतिथि एटीएस के प्रभारी विपिन राय एवं सामाजिक चिंतक मुकेश श्रीवास्तव ने भी विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. कवीन्द्र नारायन, डॉ. निरंजन श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश, डॉ. नजमा परवीन, नाजनीन अंसारी, डॉ. मृदुला जायसवाल आदि मौजूद रहे।
उधर, काशी विद्यापीठ में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर शुक्रवार को पंत प्रशासनिक भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान और योगदान देश कभी नहीं भूल सकता। कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे।
नेताजी ने स्वतंत्रता आंदोलन में अमूल्य योगदान दिया
समाजवादी पार्टी के भेलूपुर स्थित महानगर कैंप कार्यालय पर स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती मनाई गई। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान दिया। वहीं, जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में नेताजी की जयंती मनाई गई।
जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश भक्ति के प्रतीक हैं। महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज का गठन किया। गोष्ठी में हीरू यादव, रामकुमार यादव, राजेंद्र प्रसाद, धर्मवीर पटेल आदि रहे।
जयंती पर अधिवक्ताओं ने किया रक्तदान
सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने रक्तदान कर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन अधिवक्ता उत्थान समिति के संयोजक विनोद पांडेय के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि जिला जज संजीव शुक्ला व विशिष्ट अतिथि डीएम सत्येंद्र कुमार रहे। कार्यक्रम के दौरान वीर सावरकर के चित्र लगाए जाने को लेकर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
इस दाैरान अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, महामंत्री आशीष सिंह, संजीवन यादव, मनीष सिंह मौजूद रहे। वहीं, वीडीए सभागार में उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश व अपर सचिव गुड़ाकेश शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।