TET: घुमावदार प्रश्नों ने भावी शिक्षकों को उलझाया, भदोही में दोनों पालियों में 648 अभ्यर्थी नदारद; अफसर अलर्ट
TET: शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के पहले दिन दोनों पालियों में घुमावदार प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा। कुल 648 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। शुक्रवार को दो और शनिवार को एक पाली में परीक्षा होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Bhadohi News: ज्ञानपुर जिले में तीन दिवसीय शिक्षक पात्रता परीक्षा बृहस्पतिवार को शुरु हो गई। पहले दिन सात केंद्रो पर दोनों पालियों में 648 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अधिकतर अभ्यर्थियों ने प्रश्नों को सही बताया, हालांकि कुछ भावी शिक्षकों ने बताया कि घुमावदार प्रश्नों ने थोड़ा परेशान किया। परीक्षा को लेकर केंद्रो पर गहमागहमी का माहौल रहा।
काशी नरेश विश्वविद्यालय, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर पर बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से ही अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक पहुंचने लगे। जौनपुर और मिर्जापुर से आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा का पहला दिन होने से केंद्रो का पता लगाकर पहुंचे।
मुख्य गेट पर विधिवत जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सुबह पहली पाली में साढ़े नौ बजे तो दूसरी पाली में ढाई बजे से परीक्षा शुरू हुई। प्रथम पाली में पंजीकृत कुल 3072 में 2721 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 351 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 3072 में से 297 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
2775 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि कोई अभ्यर्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि तीन जुलाई को दोनों और चार जुलाई को पहली पाली में शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी।
गुलाबधर मिश्र इंटर कालेज गोपीगंज में पहुंचे जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति, कंट्रोल रूम, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया। कहा कि किसी तरह की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
टीईटी को लेकर पहले से तैयारी की गई थी। जिससे प्रश्नों का जवाब देने में कोई दिक्कत नहीं हुई। उम्मीद है कि अच्छे नंबर से उत्तीर्ण हो जाऊंगा। - विनोद यादव, जौनपुर
परीक्षा में ज्यादातर प्रश्न सेलेबेस के हिसाब से आए थे। कुछ प्रश्न ही थोड़ा जटिल थे, जिनको हल करने में दिक्कत हुई। - सविता, मिर्जापुर
शिक्षक पात्रता परीक्षा में घुमावदार प्रश्नों के कारण प्रश्नों को हल करने में दिक्कत हुई। बाकी प्रश्न ठीक ठाक रहा। - विनय पाल, जौनपुर
टीईटी में जो प्रश्न आए वह ठीक रहे। प्रश्न को हल करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। उत्तीर्ण होने की उम्मीद है। - प्रीती पटेल, मिर्जापुर