UP Weather Today: पारा 6.5 डिग्री, धूप के बावजूद धर्मशाला, कांगड़ा, दून से भी ठिठुरा बनारस; कोल्ड वेव जैसा हाल
Varanasi News: दोपहर एक बजे तक कोहरे के बादल छाए रहे। इसके बाद शाम करीब चार बजे तक धूप निकली, लेकिन ठंडक का असर कम नहीं हुआ। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बनारस में अगले दो दिनों तक घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Weather Today: सोमवार को काशी में 8 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही पछुआ हवा और कोहरे के बादलों ने गलन बढ़ा दी। असर यह हुआ कि तीन घंटे तक अच्छी धूप खिलने के बावजूद काशी हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिमालयी शहरों (धर्मशाला, देहरादून और पिथौरागढ़) से भी अधिक ठिठुरी।
दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे रहा और यह सिर्फ 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम होकर महज 6.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालात कोल्ड वेव जैसे बने रहे।
दिन के अधिकतम तापमान के मामले में धर्मशाला का तापमान 17 डिग्री, देहरादून और सोलन का 19 डिग्री तथा कांगड़ा का 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बनारस में सोमवार को न्यूनतम दृश्यता घटकर 100 मीटर तक पहुंच गई।
सूखी हवा गिरा सकती है पारा
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण कोहरे में कुछ कमी आई है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से प्रदेश में आ रही ठंडी और सूखी हवा के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है। न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बने रहने की संभावना है। आगामी दो दिनों के बाद कोहरे की परत पतली होगी और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
ठिठुरन वाली बारिश का भी डर : हिमालयी प्रदेशों में बारिश की चेतावनी से मैदानों में भी ठिठुरन वाली बारिश की आशंका बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ के रूप में आ रही नम हवा उत्तर भारत के हिमालयी शहरों में बारिश करा सकती है।
कोहरे की वजह से 20 उड़ानें देरी से आईं मुंबई से 2 घंटे के बाद पहुंचा विमान
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को विमानों का संचालन प्रभावित रहा। सोमवार को कुल 20 उड़ानें प्रभावित रहीं। सबसे देर एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ान 2 घंटे 14 मिनट बाद पहुंची।
एयरपोर्ट पर बुधवार को काठमांडू-वाराणसी-काठमांडू की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 37 मिनट देरी से पहुंचीं। अकासा एयर की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू की उड़ान 49 मिनट, एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 1 घंटे 1 मिनट, इंडिगो की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 24 मिनट, हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 1 घंटे 15 मिनट, स्पाइस जेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ान 1 घंटे 49 मिनट, इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 37 मिनट, हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 25 मिनट और मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ान 35 देरी से पहुंची। इससे यात्रियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। कई यात्रियों ने तो अपने टिकट तक कैंसिल करा लिए।