काशी की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर की संदिग्ध मौत: वाराणसी पुलिस ने कोलकाता पुलिस से साधा सपंर्क, परिजनों से मिले सीपी
काशी की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर ज्योति पटेल की कोलकाता के एक स्पोर्ट्स हॉस्टल में चार अप्रैल को संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी।
विस्तार
कोलकाता के एक स्पोर्ट्स हॉस्टल में काशी की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर ज्योति पटेल की संदिग्ध हाल में मौत मामले में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कोलकाता पुलिस से संपर्क साधा है। रविवार को ज्योति के परिजनों ने पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश से मुलाकात की।
परिजनों के सामने ही पुलिस आयुक्त ने कोलकाता के डीसीपी राज मुखर्जी से फोन पर बातचीत कर केस में अब तक हुई तफ्शीश के बारे में जानकारी ली। सीपी ए सतीश गणेश के अनुसार कोलकाता के डीसीपी ने बताया कि कदमगाछी स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी आ गई है।
ज्योति के परिजनों ने लगाया है हत्या का आरोप
भूटान, म्यांमार, बांग्लादेश सहित कई देशों में भारतीय महिला फुटबाल टीम में देश और काशी का मान बढ़ाने वाली पहाड़ी गांव की युवा फुटबॉलर ज्योति पटेल की बीते चार अप्रैल को कोलकाता के एक स्पोर्ट्स हॉस्टल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोलकता के दत्तापुक्कुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
केस की तफ्तीश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी जल्द अवगत करा दिया जाएगा। पुलिस आयुक्त के अनुसार ज्योति पटेल के माता-पिता सहित अन्य को आश्वस्त किया गया कि वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
अनुप्रिया पटेल ने की थी जांच की मांग
फुटबॉलर ज्योति पटेल के परिजनों ने कुछ दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और यूपी के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात कर बेटी को न्याय दिलाने की मांग की थी। दोनों नेताओं ने इस मामले में जांच एजेंसियों से उचित जांच कर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
पिछले साल प्रियंका गांधी ने दी थी बधाई
चार बहनों में तीसरे नंबर की ज्योति बीते दो साल से ओडिसा के कटक में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास कर रही थी। पांच माह पहले कोच की सलाह पर वह कोलकाता के एक स्पोर्ट्स हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी। पिछले साल अंडर-17 फीफा विश्व कप फुटबाल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयनित होने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए क्षेत्र के कई पदाधिकारियों को ज्योति को सम्मानित करने के लिए भेजा था।