मिर्जापुर: इंटर कालेज में आठ छात्र मिले कोरोना पॉजिटिव, 50 की हुई थी जांच
मिर्जापुर के पड़री क्षेत्र के पैड़ापुर स्थित एक इंटर कालेज में आठ छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद कालेज को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया है। छात्रों को होम आइसोलेशन में रखने के साथ ही कांटेक्ट ट्रेसिंग की गई। मंगलवार को उनके परिजनों और स्कूल खुलने के बाद कालेज के छात्रों की सैंपलिंग की जाएगी।
इसके अलावा जिले में लगातार 145वें दिन सोमवार को एक महिला समेत सात की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सात पाजिटिव मिलने पर कुल संक्रमितों की संख्या तीन हजार 122 तक पहुंच गई। अब तक दो हजार 937 के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब तक 40 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस समय एक्टिव केस 145 है। आठ मरीज आइसोलेशन और 57 होम आइसोलेशन में है। बाकी गैर जिले में भर्ती हैं।
पैड़ापुर स्थित इंटर कालेज में 18 नवंबर को 50 बच्चों का सैंपल लिया गया था। रविवार को आठ बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन बच्चों को होम आइसोलेट कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के तहत डीआईओएस देवकी सिंह ने विद्यालय को तीन दिन के लिए बंद करा दिया। कोरोना के नोडल डॉ. अजय कुमार ने बताया कि विद्यालय को तीन दिन के लिए बंद कराने के बाद सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
बच्चों को होम आइसोलेशन में रखने के साथ उनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग की गई है। मंगलवार को कांटेक्ट ट्रेसिंग में आने वाले लोगों की सैंपलिंग की जाएगी। बृहस्पतिवार को विद्यालय खुलने के बाद स्कूल आने वाले अन्य बच्चों की भी सैंपलिंग कराकर कोरोना जांच कराई जाएगी। कोरोना के नोडल डॉ. अजय कुमार ने बताया कि सोमवार को एक हजार 704 की रिपोर्ट आई। इसमें एक महिला समेत सात पाजिटिव मिले हैं। पॉजिटिव मरीजों में जमालपुर माफी से एक पुरुष, मठना से एक पुरुष, ऐबकपुर मोहाना चुनार से एक पुरुष, वीरपुर हलिया से एक पुरुष, जिला जेल से दो बंदी, शेरपुर चुनार से एक महिला संक्रमित है। जिले में अब तक एक लाख 94 हजार 781 का सैंपल लिया जा चुका है। एक लाख 92 हजार 48 की रिपोर्ट आई है। दो हजार 733 की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में अब तक एक लाख 12 हजार 786 की एंटीजेेन किट से जांच कराई गई है। जिले में इस समय 68 हाटस्पाट है। इसमें 48 ग्रामीण और 20 शहरी क्षेत्र में हैं।