यूपी: युवक को छुड़ाने के लिए पुलिस पर बरसाए ईंट-पत्थर, इस आरोप में किया है गिरफ्तार
बलिया जिले के सहतवार में गुरुवार की शाम अवैध शराब के अड्डे पर छापा मारने गई पुलिस ने 19 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को पकड़ लिया। युवक को छुड़ाने के लिए शराब के अवैध धंधे से जुड़े लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया। इसमें कुछ सिपाहियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और धर-पकड़ शुरू कर दी।
सहतवार थानाध्यक्ष मंटू राम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार की शाम सहतवार के वार्ड नंबर एक में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया।
तलाशी में युवक के पास से 19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। पथराव से पुलिस की गाड़ी का शीशा टूट गया।
हेरोइन के साथ पकड़े गए युवक की पहचान साहिल पासवान पुत्र हिच्छल पासवान निवासी वार्ड एक सहतवार के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक का चालान कर दिया। क्षेत्राधिकारी बांसडीह दीपचंद्र ने बताया कि पथराव में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। बल्कि पुलिस की गाड़ी का शीशा टूटा है। उन्होंने कहा कि अवैध दारू बेचने नहीं दी जाएगी।