Sports: फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए पसीना बहा रहीं काशी की बेटियां, एक क्लिक पर पढ़ें- खेल से जुड़ी रोचक खबरें
Sports News: काशी में खेल की कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में दूसरे दिन 50वीं क्लस्टर उत्तर प्रदेश पुलिस कराटे प्रतियोगिता व अन्य खबरें शामिल रहीं।
विस्तार
प्रदेश स्तरीय 64वीं अंडर-17 बालिका वर्ग सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए काशी की बेटियां पसीना बहा रही हैं। यह प्रतियोगिता 18 जुलाई को पंडित दीन दयाल नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट क्लब के मैदान पर होगी। इसमें वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व विकास इंटर कॉलेज की टीम करेगी। इसके लिए 20 खिलाड़ियों को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में शिविर लगाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में उप क्रीड़ा अधिकारी इरशाद अहमद मुख्य रूप से खिलाड़ियों को पासिंग और शूटिंग सहित अन्य खेल तकनीक और बारिकियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके साथ ही दौड़ते समय विपक्षी खिलाड़ियों चकमा देकर, सटीकता से अपने साथी खिलाड़ी को बॉल पास करना, कॉर्नर किक जैसी स्थितियों में किस खिलाड़ी को, किस एंगल से और किस पोल पर प्रहार करना है, इसके बारे में भी बताया जा रहा है।
खिलाड़ियों को सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मैच के लिए तैयार किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी को मैच के दौरान गेंद को नियंत्रित करना, खेल की गति को कब धीरे और तेज करना है। बरिश के मौसम को देखते हुए, गीले मैदान पर खेलने की तकनीक भी सिखाई जा रही है।
11 जोन के 155 कराटे खिलाड़ियों ने पदक जीतकर ऑल इंडिया के लिए किया क्वालीफाई
34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में बुधवार को दूसरे दिन 50वीं क्लस्टर उत्तर प्रदेश पुलिस कराटे प्रतियोगिता हुई। इसमें 11 जोन के कुल 155 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने काता और कुमिते स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। खिलाड़ियों ने मेहनत से ऑल इंडिया पुलिस कराटे प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली है।
महिला कुमिते में आगरा जोन की प्रियंका कुमारी, कानपुर जोन की रिया तोमर, मेरठ जोन की संध्या, बरेली जोन की गौरव और प्रतिभा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, रजत पदक विजेताओं में मेरठ जोन की मीना चौधरी, आगरा की संध्या मिश्रा और गोरखपुर जोन की रीता देवी, ज्योति कुमारी और मंजु ने अपने-अपने भार वर्गों में दूसरा स्थान हासिल किया।
स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाने वालों में पूर्वी जोन के आशीष सरोज, बरेली जोन के दिलीप सिंह, प्रयागराज जोन के शुभम कुमार, मध्य जोन के सुरेंद्र कुमार, अभिषेक गौतम और पूर्वी जोन के लक्ष्मीशंकर यादव प्रमुख रहे।
रजत पदक विजेताओं में बरेली जोन के हरीश, पूर्वी जोन के रोहित कुमार, अर्जुन कुमार व विकास चौधरी और पश्चिमी जोन के दीपक वशिष्ठ ने अपने बेहतरीन खेल से सबको प्रभावित खेल दौरान जिला कराटे संघ के महासचिव दिलीप कुमार सैनी, रेफरी अमित उपाध्याय, शोभनाथ पटेल, अंजली शर्मा, आयुषी मौर्य मौजूद रहे।
जेएनवी की दो दिवसीय प्रतियोगिता में 8 जिलों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता के पहले दिन ओपन वर्ग में हरदोई के पुरुषोत्तम, लखनऊ के सत्यम, मऊ के आयुष कुमार और अंडर-17 बालक वर्ग में वाराणसी के विशाल चौहान विजेता रहे। वहीं बालिका वर्ग में मऊ की विद्या, सलोनी, आरोही और हरदोई की अपर्णा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल जीत-हार तय करना नहीं है, बल्कि छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए एक मजबूत आधार देना है।
वॉलीबॉल लीग में खेलने वाली टीमों का प्रशिक्षण शिविर 25 से
नोएडा में 7 अगस्त से होने वाली यूपी प्रो वालीबॉल लीग के लिए 11 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 25 जुलाई से नोएडा में लगेगा। लीग में हिस्सा लेने वाली आठ टीमों के खिलाड़ी शिविर में भाग लेंगे। इसमें खिलाड़ी खेल की बारीकियों को सीखेंगे। यह शिविर खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों को सीखने और टीम के साथ तालमेल बिठाने का अवसर देगा। गोरखपुर जॉइंट के प्रशिक्षक और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सहायक निदेशक रॉबिन सिंह ने बताया कि लीग 7 अगस्त से नोएडा में होगी। इसका समापन 21 अगस्त को होगा। इसमें प्रदेश की आठ टीमें दमखम दिखाएंगी। वाराणसी की अपनी टीम काशी वाॅरियर्स भी शामिल है।
बीएचयू में खेल पर दो दिवसीय कार्यशाला
बीएचयू का विश्वविद्यालय खेल बोर्ड सितंबर महीने में खेल और स्वास्थ्य पर दो कार्यशालाओं का आयोजन करेगा। इसमें फिटनेस और नवीनतम तकनीकों और के बारे में बताया जाएगा। कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय खेल बोर्ड के सेमिनार हॉल में किया जाएगा। दो दिवसीय कार्यक्रम 18-19 सितंबर को प्रस्तावित है। पहली कार्यशाला फिटनेस विषय पर आधारित होगी। कार्यशाला में एक्वा थेरेपी के माध्यम से फिटनेस पर चर्चा की जाएगी। यह विशेष रूप से खेल प्रशिक्षकों, फिजियोथेरेपिस्ट, स्वास्थ्य और इस क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए होगी।
दूसरी कार्यशाला स्वास्थ्य और खेल के संबंध में बेहतर फिटनेस की भूमिका विषय पर होगी। तीन दिवसीय कार्यशाला 11 से 13 सितंबर तक विश्वविद्यालय खेल बोर्ड के सेमिनार हॉल में होगी। इसमें तैराकी और वाॅलीबॉल खेल में बेहतर फिटनेस के बारे में जानकारी दी जाएगी। खेल परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि दोनों का कार्याशालाओं के विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी मंजूरी मिलने के बाद निर्धारित तिथि पर आयोजित की जाएगी।
सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता 25 से 28 जुलाई तक
बारिश के भरोसे हॉकी का अभ्यास कर रहें खिलाड़ी
करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार लालपुर स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ पर पानी के छिडकाव के लिए लगाए गए स्प्रिंकलर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। बीते एक सप्ताह से पाइप लाइन फटने से खिलाड़ियों को टर्फ पर पानी के छिड़काव के लिए बारिश का इंतजार करना पड़ रहा है।
खेल विभाग के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में बीते माह करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कर एस्ट्रोटर्फ को दोबारा तैयार किया गया है। बीते एक हफ्ते से इस पर पानी की बौछार के लिए बारिश का इंतजार किया जा रहा है। हॉकी के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर अभ्यास से पहले उसे पानी से भिगोना अनिवार्य होता है। इससे न केवल गेंद की गति नियंत्रित रहती है, बल्कि खिलाड़ियों को चोट लगने का खतरा भी इससे कम होता है। लेकिन पिछले एक सप्ताह से मुख्य पाइप लाइन फटने के कारण इन स्प्रिंकलरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
हॉकी के खिलाड़ियों को हर दिन सूखे एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि पानी सप्लाई की पाइप लाइन फटने की जानकारी मिली है। इसकी मरम्मत कराने के लिए ठेकेदार को कहा गया है, जल्द से जल्द पाइप को ठीक कराया जाएगा।