Sports News: हॉकी...प्रयागराज को 7-0 से हराकर वाराणसी सहित चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं; पढ़ें खेल की खबरें
Varanasi News: वाराणसी में क्रिकेट, हैंडबाॅल, हाॅकी, रग्बी सहित विभिन्न खेलाें के आयोजन हो रहे हैं। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
विस्तार
Sports News in Hindi: वाराणसी मंडल ने प्रयागराज को 7-0 से पराजित कर प्रदेश स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीत लिया है। इसी के साथ बनारस की लड़कियों की टीम सेमीफाइनल में भी दाखिल हो गई। इसके अलावा अयोध्या, गोरखपुर और खेल छात्रावास अंतिम चार में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता में चौथा क्वार्टर फाइनल का रोमांचक मुकाबला 0- 0 से बराबरी पर रहा।
बड़ा लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में शनिवार को प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में पांच मैच खेले गए। लखनऊ मंडल और छात्रावास अयोध्या की टीम के बीच गोल दागने के लिए कड़ी टक्कर रही। दोनों टीम के गोलकीपर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन से गोल रोके। मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ। छात्रावास अयोध्या ने लखनऊ को 3-2 से पराजित कर दिया।
कोचिंग से कमा रही 3 हजार, उसी से चल रहा परिवार: लालपुर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हॉकी चैपियनशिप में भाग लेने वाली बेटियां कोचिंग से कमाई कर परिवार भी चलाती हैं। फोटो जर्नलिस्ट महमूद खान ने की विशेष बातचीत।
फिटनेस मंत्र देकर हो रही कमाई
गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज से खेल रही हूं। पापा गुजरात में एक हॉस्टल में वाॅचमैन हैं। मां रेनू देवी तीन साल पहले ही बीमारी के चलते दुनिया छोड़ गईं। खेलकर और बच्चों को फिटनेस सिखाकर जो भी पैसा मिलता है उससे घर भी चलाना पड़ रहा है। छोटी बहन की शादी के लिए भी पैसे जुटा रहीं हूं। भारत की ओर से ओलंपिक खेलना है। हाल ही में राष्ट्रीय खेल में तीन गोल्ड जीते हैं। खुशी राय, गोरखपुर।
पिता के ऑटो पर टिका है पूरा परिवार
तीन नेशनल खेल चुकी हूं। प्रतापगढ़ से प्रयागराज खेलने के लिए जाती हूं। परिवार में दो छोटी बहनें और दो भाई हैं। पिता जी ऑटो चलाकर पूरे परिवार का खर्च चलाते हैं। इसी में खेलना और पढ़ाई भी जारी है। इसलिए बहुत जल्द अपनी प्रतिभा से देश का प्रतिनिधित्व कर परिवार को बेहतर जिंदगी दूंगी। जैनब हसन, प्रयागराज
खुद न करके छोटी बहन की शादी की
कोविड के बाद पिताजी के फेफड़ों में दिक्कत के चलते पिता जी नहीं रहे। वो फल का ठेला लगाते थे। अब मैं कोचिंग देकर तीन हजार रुपये महीने पर काम कर रही हूं। इसी से मेरा खर्च भी चल रहा है। शादी की उम्र हो गई है लेकिन मैंने छोटी बहन की शादी कर दी। कुल तीन में से दो बहनों की शादी हो गई है। रजनी कश्यप, देवीपाटन
सात खिलाड़ियों का दो राष्ट्रीय टूर्नामेंट में चयन
काशी के सात हैंडबॉल खिलाड़ियों का चयन दो राष्ट्रीय टूर्नामेंट 37वें हैंडबॉल फेडरेशन कप और 54वीं सीनियर राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में हुआ है। 37वां हैंडबॉल फेडरेशन कप 6 से 10 दिसंबर तक लखनऊ में होगा। इस टूर्नामेंट में रेशमा, उषा प्रजापति, सुमन यादव, समृद्धि सिंह और बालक वर्ग में अनीश यादव, रजनीश यादव, सिद्धू का टीम में चयन हुआ है। ये सभी खिलाड़ी श्यामा हैंडबॉल एकेडमी में अभ्यास करते हैं। 54वीं सीनियर राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप 15 से 20 दिसंबर 2025 तक हुगली, पश्चिम बंगाल में होने जा रही है। इसके लिए अनीश यादव और रजनीश यादव का चयन हुआ है।
स्नूकर : अगले दौर में सुमित, पुष्पेंद्र, आमिर
यूपीबीएसए (उत्तर प्रदेश बिलियर्ड्स और स्नूकर एसोसिएशन) की ओर से आयोजित राजा राम कुमार भार्गव स्मृति राज्य स्तरीय बिलियर्ड्स और स्नूकर चैंपियनशिप में सुमित चावला, पुष्पेंद्र सिंह, मोहम्मद आमिर, सृजन जायसवाल और अदीब मुस्तफा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। शनिवार को प्रयागराज के सुमित चावला ने वाराणसी के सागर को 3-1 से हराया।
रग्बी फुटबाॅल में विकास क्लब विजेता
जिला स्तरीय बालिका रग्बी फुटबाॅल प्रतियोगिता में विकास क्लब ने शनिवार को शास्त्री क्लब को दो ट्राई से पराजित कर दिया। राशि यादव और आकांक्षा ने शानदार प्रदर्शन किया। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए मैच में दोनों टीम में कड़ा मुकाबला रहा। शास्त्री क्लब की खुशी पटेल, प्रियांशी सिंह और कोमल गुप्ता ने टीम को बेहतर शुरुआत दी। वहीं, विकास क्लब की वैष्णवी, पायल प्रजापति और रोशनी राजभर ने काउंटर अटैक किया। इससे विकास क्लब की टीम दो ट्राई से जीत गई।
बरेका में खेलकूद में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
बरेका महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित बाल निकेतन विद्यालय का वार्षिक खेल दिवस समारोह शनिवार को मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने खेलकूद की गतिविधियों में भागीदारी कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बरेका केंद्रीय खेलकूद मैदान में बरेका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि मोनिका श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद मशाल जलाकर खेल की शुरूआत की।
बच्चों ने ग्लास रेस, बैग पैक रेस, मंकी रेस, डक रेस, स्पून एवं लेमन रेस में भाग लिया। कक्षा चार के छात्रों ने 100 मीटर रेस, पांच के छात्रों ने 200 मीटर रेस एवं 400 मीटर रिले रेस में बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्री-प्राइमरी के विजेताओं को महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मोनिका श्रीवास्तव और प्राइमरी के विजेताओं को महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
विद्युत लोको शेड ने परिचालन विभाग को 6 रनों से दी मात
विद्युत लोको शेड ने परिचालन विभाग को छह रनों से हराकर रेलवे में वाराणसी मंडल की अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 का दूसरा मैच जीत लिया है। मैच शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे लहरतारा स्थित रेलवे स्टेडियम में हुआ। विद्युत लोको शेड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए।
टीम के सुरेंद्र कुमार ने 27 गेंद पर दो चौकों की मदद से 24 रन, राणा प्रताप ने 21 गेंद पर दो चौकों की मदद से 21 रन बनाए। परिचालन विभाग के गोविंदा ने चार ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट और राम प्रवेश यादव ने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट लिए। 118 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए परिचालन विभाग की पूरी टीम 16 ओवर में 111 रन बनाकर आउट हो गई।
परिचालन की तरफ से सबसे ज्यादा रामप्रवेश ने 25 गेंद पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। विद्युत लोगों शेड की तरफ से सुभाष चंद्र यादव ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट, अतुल ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट, इमरान ने दो ओवर में 13 रन लेकर दो विकेट और संतोष ने दो विकेट झटके। विद्युत लोको शेड के सुभाष चंद्र यादव को मैन ऑफ द मैच मिला। पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी कलाम अली खान ने दिया।
काशी ने ओडिशा को 5-0 से किया क्लीन स्वीप
काशी की इंटर काशी फुटबॉल क्लब ने ओडिशा की टीम वाई एफसी को पांच शून्य से हरा दिया। टीम को पहले दो मिनट में मिली बढ़त पूरे समय तक विरोधी टीम पर दबाव बनाकर रखे रही। बीएलडब्ल्यू के फुटबॉल मैदान पर शनिवार को 18 एलीट फुटबॉल लीग मैच शुरू होते ही इंटर काशी के तेजतर्रार फाॅर्वर्ड खिलाड़ी यमन शरण ने 2 मिनट में शानदार गोल किया। फिर 36वें मिनट में शरण ने एक और गोल कर दिया और 2-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हॉफ में एकतरफा तीन गोल दागे : दूसरे हाफ में इंटर काशी ने आक्रामक शैली अपनाते हुए शुरूआत दी। 51वें मिनट में प्रिय कुमार ने गोलकर टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। 72वें मिनट में यमन शरण ने एक और गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया और इसी के साथ यमन ने अपनी हैट्रिक भी लगाई। मैच का पांचवां गोल 91वें मिनट में आया। इंटर काशी के वैकल्पिक खिलाड़ी महादेव ने गोल किया। मैच में मुख्य अतिथि फुटबॉल कोच भागवत रहे। मैच के बेस्ट प्लेयर का सम्मान यमन को मिला। मैच में मनमीत सिंह, डाॅ. (मेजर) अरविंद कुमार सिंह ,सत्येंद्र सिंह, दिनेश नेगी रहे।
काशी के जसवंत ने बलवान को 40 सेकंड में हराया
चिरईगांव में हुए विराट कुश्ती दंगल में काशी के पहलवान जसवंत गिरी ने दिल्ली के बलवान को चित कर खिताब अपने नाम कर लिया। उन्हें एक लाख रुपये की इनामी राशि भी दी गई। स्वामीनाथ अखाड़े के पहलवान जसवंत गिरी ने बलवान के ढांक दांव से बचते हुए धोबी पछाड़ दांव मारकर महज 40 सेकंड में उसे उठाकर पटक दिया। दंगल का शुभारंभ सकलडीहा के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। ग्राम पंचायत रैमला में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में कुश्ती का मैच हुआ।
मुलायम सिंह के पसंदीदा दांव से 3 बार पटका
वाराणसी के शनि और गाजीपुर के रितेश के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। इसमें शनि ने मुलायम सिंह यादव के पसंदीदा दांव काला जंग का इस्तेमाल तीन बार किया। दंगल में मेरठ के साकिर नूर और बनारस के रोहित के बीच हुई कुश्ती काफी रोमांचक रही। दोनों ने काला जंग, धोबिया पाठ और चरखा दांव लगाए। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। आयोजक पूर्व एमएलसी प्रत्याशी उमेश प्रधान, हरीश उर्फ बनारस वाले मिश्रा जी, संजय मिश्रा, भीष्म नारायण यादव माैजूद रहे।