Sports News: नेशनल कबड्डी में लगातार दूसरे साल खेलेंगी काशी की सोनाली, पढ़ें- वाराणसी में खेल की खबरें
Varanasi News: नेशनल कबड्डी में लगातार दूसरे साल काशी की सोनाली खेलेंगी। सोनाली कन्नोजिया यूपी टीम का हिस्सा बनने के लिए शिविर में अभ्यास कर रही हैं।
विस्तार
72वीं सीनियर नेशनल कबड्डी में खेलने के लिए यूपी टीम का शिविर लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में लगया गया है। शिविर में यूपी की 18 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रही हैं। राष्ट्रीय कबड्डी संघ की ओर से सीनियर नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता तेलंगाना में 27 से 30 जनवरी तक खेली जाएगी।
सीनियर नेशनल के लिए यूपी की टीम में शामिल वाराणसी के बच्छाव की सोनाली कन्नोजिया लगातर दूसरे वर्ष टीम का हिस्सा बनने के लिए शिविर में अभ्यास कर रही हैं। इसमें खेलने के लिए महिला वर्ग के खिलाड़ियों को दो सत्रों में अभ्यास कराया जा रहा है। यूपी कबड्डी संघ के सचिव राजेश सिंह ने बताया कि यूपी टीम इस बार पदक जीतने के लिए मैदान में उतरेगी।
यूपी की बालिका हॉकी टीम में सृष्टि पटेल का चयन
69वीं राष्ट्रीय माध्यमिक स्कूली हॉकी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की अंडर-17 यूपी की बालिका टीम घोषित कर दी गई है। इसके लिए घोषित यूपी टीम में वाराणसी के विकास इंटर काॅलेज की छात्रा सृष्टि पटेल का चयन हुआ। प्रतियोगिता 25 से 31 जनवरी तक खेली जाएगी। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह ने बताया है कि सृष्टि सेंटर फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलती हैं। बालिका वर्ग में एक और बालक वर्ग में दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
69वीं राष्ट्रीय माध्यमिक स्कूली हॉकी प्रतियोगिता की जूनियर अंडर-17 बालक वर्ग की प्रतियोगिता रांची में 27 से 31 जनवरी तक खेली जाएगी। इसके लिए घोषित यूपी की टीम में वाराणसी के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ। दोनों खिलाड़ी विकास इंटर काॅलेज के छात्र हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि मोहम्मद शमी और शिवांश सिंह दोनों खिलाड़ी फॉरवर्ड पोजीशन से खेलते हैं। दोनों खिलाड़ी लालपुर में पूर्व ओलंपियन शकील अहमद और उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम महमूद से हॉकी का प्रशिक्षण लेते हैं।
स्प्रिंकलर की फट गई पाइप
लालपुर के एस्ट्रो टर्फ पर पानी की बौछार करने वाली स्प्रिंकलर की पाइप सोमवार को फट गई। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि पाइप फटने की जानकारी मिली। मरम्मत शुरू कर दी गई है।
सेंट्रल जेल चैलेंजर्स के सलामी बल्लेबाज कप्तान जितेंद्र रौनियार ने 35 गेंद पर 11 छक्कों और 3 चौकों की मदद से कुल 91 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल टीम को लगातार तीसरी जीत दिलाई। जेल चैलेंजर्स के दिए 182 रनों के लक्ष्श्का पीछा करने उतरी सेंट्रल जेल चैलेंजर्स की पूरी टीम 121 रन पर सिमट गई।
जेल सुपर किंग्स के कप्तान सुमित सिंह ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरे सेंट्रल जेल चैलेंजर्स के सलामी बल्लेबाज कप्तान जितेंद्र रौनियार ने 35 गेंद पर 11 छक्कों और 3 चौकों की मदद से कुल 91 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। दूसरे छोर से बाबू उर्फ विजय ने भी 24 गेदों पर 4 छक्कों और 2 चौकों की मदद से कुल 43 रन बनाये।
शुरूआती 4 विकेट गिरने के बल्लेबाजी करने आये कुनाल सागर ने 5 गेंद पर 3 छक्कों की नाबाद पारी खेल अपनी टीम का स्कोर निर्धारित 12 ओवरों में 4 विकेट पर 182 रन तक पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी जेल सुपर किंग्स की पूरी टीम 12 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वाल्दिया आदि मौजूद रहे।
खेल विभाग की ओर से और यूपी कुश्ती संघ के समन्वय से प्रादेशिक सीनियर पुरुष कुश्ती 28 से 30 जनवरी तक मुरादाबाद में खेली जाएगी। इसके लिए वाराणसी जिले की टीम का चयन ट्रायल मंगलवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। 20 भार वर्ग में जिले के 80 खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। इसमें से 20 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय कुश्ती के लिए हुआ। खिलाड़ियों का वजन सुबह 9 से 10 बजे तक हुआ। इसके बाद 11 बजे से खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में हिस्सा लिया।
पुरुष फ्रीस्टाइल में
57 किलो भार वर्ग में अभिनव यादव, 61 किलो में आशुतोष पाल, 65 किलो में देवांश पाल, 70 किलो में अमन पाल, 74 किलो में मुलायम यादव, 79 किलो में ऋषि यादव, 86 किलो में रतन यादव, 92 किलो में साजन पाल, 125 किलो में अभिषेक ने प्रथम स्थान हासिल कर मंडलीय ट्रायल के लिए अर्हता हासिल की।
ग्रीको रोमन में
55 किलो भार वर्ग में बजरंग राजभर, 60 किलो में अवधेश यादव, 63 में जाहिद अली, 67 किलो में प्रिंस यादव, 72 किलो में अंशुमान यादव, 77 किलो में विष्णु गुप्ता, 82 किलो हरिश्चंद्र यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडलीय ट्रायल के लिए क्वालिफाई किया।
मंडलीय कुश्ती के लिए ट्रायल देंगे चार जिलों के खिलाड़ी
प्रादेशिक प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल से संबंधित चार जिलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मंडलीय खिलाड़ियों का चयन ट्रायल बृहस्पतिवार को सिगरा स्टेडियम में होगा। खिलाड़ियों के ट्रायल से पहले सुबह 10 से 11 बजे तक वजन होगा। इसके बाद 12 बजे से चयन ट्रायल होगा। मंडलीय ट्रायल में चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी कुल चार जिलों के कुश्ती खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।