'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का अनावरण: पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से गुजरात जाएगी विशेष ट्रेन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात के सरदार सरोवर बांध के पास सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा ‘स्टेच्यू फॉर यूनिटी’ का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्तूबर को अनावरण करेंगे। इसमें प्रदेश के किसानों, महिलाओं, युवाओं के शामिल होने के लिए डॉ. सोनेलाल पटेल फाउंडेशन की तरफ से एक ट्रेन बुक कराई गई है। ‘एकता ट्रेन यात्रा’ के नाम से यह ट्रेन वाराणसी से 30 अक्तूबर को सुबह नौ बजे रवाना होगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश के विधि न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात के सरदार सरोवर बांध के लिए रवाना करेंगे। अनुप्रिया पटेल का कहना है कि ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश के लगभग प्रत्येक जिले से लोगों को ‘स्टेच्यू फॉर यूनिटी’ के अनावरण कार्यक्रम में ले जाया जाएगा।
यह ट्रेन 30 अक्तूबर को सुबह नौ बजे वाराणसी से सरदार सरोवर बांध के लिए रवाना होगी। इसमें अपना दल (एस) के समर्थकों के अलावा अन्य कोई भी इच्छुक व्यक्ति आवेदन कर सकता है। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य आशीष पटेल का कहना है कि यह ट्रेन वाराणसी से चुनार, मिर्जापुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, पुखरायां, उरई, झांसी होते हुए गुजरात स्थित सरदार सरोवर बांध जाएगी। यह ट्रेन सरदार पटेल के पैतृक गांव करमसद भी जाएगी। ट्रेन में महिलाओं के लिए अलग से कंपार्टमेंट की व्यवस्था की गई है।
इन्होंने किया ये आयोजन
इस फाउंडेशन की ट्रस्टी डा. सोनेलाल पटेल की सबसे छोटी पुत्री अमन पटेल हैं। जिनकी ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। इस ट्रेन के 18 डिब्बों में 1300 अपना दल के कार्यकर्ताओं के अलावा सरदार पटेल के विचारधारा में आस्था रखने वाले समाज के प्रतिष्ठित लोग जाएंगे। इस कार्यक्रम में देश भर से लोग जुटेंगे। केंद्रीय मंत्री कैंट स्टेशन से इसी ट्रेन से मिर्जापुर जाएंगी। वहां कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली चली जाएंगी। वहां से अगले दिन केंद्रीय मंत्री गुजरात कार्यक्रम में पहुंचेंगी।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से आकर्षित करेगा गुजरात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात को उम्मीद है कि लौह पुरुष के नाम से मशहूर सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गुजरात में सरदार पटेल की प्रतिमा को दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया जा रहा है। इसे 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का नाम दिया गया है।
182 मीटर ऊंची यह विशाल प्रतिमा देश के पहले गृह मंत्री को श्रद्धांजलि होगा। जिन्होंने 1947 के विभाजन के बाद राजाओं-नवाबों के कब्जे वाली रियासतों को भारत संघ में मिलाने में अहम योगदान दिया था। यह प्रतिमा मौजूदा समय में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा चीन के स्प्रिंग टेम्पल ऑफ बुद्ध से भी 29 मीटर ऊंची है। चीन की प्रतिमा की ऊंचाई 153 मीटर है। सरदार पटेल की प्रतिमा न्यूयॉर्क स्थित 93 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से लगभग दोगुना बड़ी है।
रन फॉर यूनिटी में शामिल होंगे एक हजार युवा
लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर को शिवपुर विधानसभा के ग्राम संदहा में रन फ़ॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें होने वाले क्रास कंट्री रेस में महिला पुरुष प्रतिभागियों की दौड़ होगी। यह जानकारी गुलाब चन्द्र पटेल, अरविंद पांडेय, अखिलेश सिंह और सचिव बृजेश पांडेय ने संयुक्त रूप से रविवार को पराड़कर भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 8 किलोमीटर दौड़ वाली इस प्रतियोगिता में विधानसभा शिवपुर के नौजवानों सहित प्रदेश के लगभग 1000 धावकों को शामिल होना है। विशेष उपस्थिति एशियन सिल्वर मेडलिस्ट गुलाब चन्द्र पटेल और अंतरराष्ट्रीय धावक राजेश पाल की होगी। यह रेस चार वर्गों में होगी। पुरस्कार कि कुल राशि 3 लाख तक तक होगी। इस कार्यक्रम के आयोजक राज्य मंत्री अनिल राजभर रहेंगे।