फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Woman jumps in front of train with child 141 vehicles seized fine of 1.6 crore rupees

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : बच्चे के साथ ट्रेन के आगे कूदी महिला, 141 वाहन सीज, 1.6 करोड़ का जुर्माना

Mon, 04 Nov 2024 10:29 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 04 Nov 2024 10:29 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी में छोटी-बड़ी खबरों के साथ एक मामला फुलवरिया-लहरतारा गेट नंबर चार का है, जहां एक महिला अपने ढाई साल के बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। वहीं, दूसरी खबर, यातायात माह से संबंधित है। चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने 141 वाहन सीज किए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Woman jumps in front of train with child 141 vehicles seized fine of 1.6 crore rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया-लहरतारा गेट संख्या चार के पास ढाई साल के बेटे के साथ महिला ट्रेन के सामने कूद गई। इंजन का धक्का लगने से महिला और बच्चा दूसरे ट्रैक पर गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने महिला और बच्चे का जिला अस्पताल में उपचार कराया और कैंट थाने को सूचना दी। कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि थाने पहुंचे पति की सुपुर्दगी में महिला व बच्चे को दिया गया है।

विज्ञापन


ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान
शिवपुर रेलवे फाटक के समीप युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोईरान का रहने वाला सूरज परिहार (27) भोजूबीर स्थित नर्सिंग होम में काम करता था। 
विज्ञापन


डिजिटल अरेस्ट से बचा बीएचयू का कर्मचारी
बीएचयू के कर्मचारी निखिल जैन डिजिटल अरेस्ट होने से बचे। निखिल को फोन पर सूचना मिली कि उसके खिलाफ दिल्ली की कोर्ट  समन जारी हुआ है। वो दिल्ली आकर उसका जवाब दे। उस पर लगातार दबाव डाला गया। निखिल ने दुर्गाकुंड पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। निखिल ने बताया कि इस बीच वो स्काइप से वीडियो कॉल पर जुड़ने ही वाला था कि उप निरीक्षक प्रशांत शिवहरे ने उसे मना किया। वहीं, प्रशांत ने बताया कि कोर्ट से समन जारी होने के कई ऐसी कॉल आजकल आ रहे हैं। इसे इग्नोर करें या पुलिस से शिकायत करें। 

विज्ञापन
विज्ञापन

धोखाधड़ी में होटल संचालकों के खिलाफ मुकदमा 
मलदहिया के सुभाषनगर में होटल डीसी ग्रांड और होटल वृन्दा इन का प्रतिबंध के बावजूद संचालन पर होटल मालिकों के खिलाफ सिगरा थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रोटोकॉल की तहरीर के आधार पर सिगरा पुलिस ने कार्रवाई की है। डीसी ग्रांड के मालिक गुरुदत्त भोला निवासी सुभाषनगर और होटल वृंदा इन की होटल स्वामी अनुपमा श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

दहेज उत्पीड़न मामले में छह के खिलाफ मुकदमा 
सेवापुरी। विवाहिता ने पति समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। महराजपुर गांव निवासी जेवाशाहीन का आरोप है कि पति हैदर अली और ससुराल के अन्य लोग प्रताड़ित करते हैं। 

दुकान से महिला का रुपये से भरा बैग चोरी
अर्दली बाजार स्थित मिठाई की दुकान से महिला का एक लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। 25 अक्तूबर की घटना के बाबत कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। भोजूबीर के टैगोर टाउन काॅलोनी निवासी कृष्ण मुरारी सिंह ने बताया कि 25 अक्तूबर को उनकी बहन शकुंतला अर्दली बाजार स्थित बैंक ऑफ बडौदा से एक लाख रुपये निकाल कर बैग में रखकर दुकान से मिठाई ले रही थी। उसी समय बैग चोरी हो गया। 

पीएम पर अभद्र टिप्पणी मामले में दी तहरीर 
फेसबुक पर प्रधानमंत्री को लेकर अभद्र टिप्पणी करने वाले के खिलाफ अधिवक्ताओं ने रविवार को थाने में तहरीर दी। अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह, उदल सिंह, राजेश पटेल, अजय दुबे, प्रवीण गौतम, विकास दुबे, कमलेश पाल का आरोप है कि भदवर निवासी युवक अपने फेसबुक एकाउंट से प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। एसीपी संजीव शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। 

लंका में बीएचयू छात्र के नाम का विवादित पोस्टर
लंका थाना क्षेत्र में एक विवादित पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। बीएचयू के छात्र विवेक सिंह और विश्वजीत सिंह के नाम से पोस्टर लगा हुआ है। इस पर लिखा है कि हिंदू जाति में बंटेंगे, तो बांग्लादेश जैसा कटेंगे। फैसला आपका.. । इस पोस्टर में छात्र विवेक सिंह की कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें भी लगीं हैं। पोस्टर को लेकर रविवार देर रात तक तरह-तरह की बातें होती रहीं। 

छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी पुलिस ने शव कब्जे में लिया
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर मधुकर शाहपुर गांव में रविवार को इंटर की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। दाह संस्कार के लिए जाते समय रास्ते से पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। मधुकर शाहपुर गांव के सियाराम बिंद की बेटी सोनी (20) घर में थी। सुबह परिजन खेत में गए थे। मां चंद्रावती जब घर लौटी तो सोनी पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे लटकी हुई थी। पुलिस को बिना सूचना दिए परिजन दाह संस्कार करने जा रहे थे। इसी दौरान डायल-112 की पुलिस ने शव को को कब्जे में लिया। 

राजस्व टीम ने किया सीमांकन
पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने दामोदरपुर व धन्नाजयपुर के बीच सीमांकन कर वर्षों पुराना विवाद को समाप्त करवाया। धन्नाजयपुर व दामोदरपुर गांव के बीच सीमांकन को लेकर वर्षों पुराना विवाद चल रहा था। दोनों गांव के बीच सीमांकन के उपजिलाधिकारी ने आदेश दिया था। 

समाजसेवी वीरेंद्र कुमार भुराड़िया का निधन
माहेश्वरी महासभा के संस्थापक, समाज सेवी व चीनी व्यवसायी वीरेंद्र कुमार भुराड़िया (81) का शनिवार की देर रात निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा उनके धूपचंडी स्थित आवास से मणिकर्णिका घाट के लिए निकली। मणिकर्णिका घाट पर मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र योगेश भुराड़िया ने दी। वह अपने पीछे पत्नी सहित एक पुत्र, एक पुत्री एवं दो पौत्र का भरा पूरा परिवार छोड़ गए। 

नवरत्न राठी ने बताया कि उन्होंने काशी में राजस्थानी समाज को एकसूत्र में बांधने का काम किया था। वह पूर्वी उत्तर प्रदेश माहेश्वरी महासभा के संस्थापक थे। सामाजिक सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वीरेंद्र भुराड़िया शुगर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष होने के साथ ही हिंदू सेवा सदन के आजीवन सदस्य थे। वह अखिल भारतीय स्तर पर कोठारी बंधु शौर्य स्मृति ट्रस्ट के अध्यक्ष भी थे। 

पटाखों से तीन गुना बढ़े सांस के मरीज
दीपावली पर पटाखों से खराब हुई हवा ने सांस रोगियों की समस्या बढ़ा दी है। दमा और अस्थमा अटैक की शिकायतें बढ़ गई हैं। बीएचयू, मंडलीय और जिला अस्पतालों की इमरजेंसी में पहले के मुकाबले सांस के मरीज दो से तीन गुना ज्यादा आ रहे हैं।
 
युवाओं को दमा की समस्या तो बुजुर्ग सीओपीडी (क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) के शिकार हो रहे हैं। डॉक्टरों का मानना है कि सीओपीडी के केस इसलिए बढ़े हैं क्योंकि जो पहले से ही सांस रोग की दवा का सेवन कर रहे थे, उन लोगों के लिए प्रदूषण आग में घी का काम कर रहा है। 

दीपावली के बाद दो दिन से वाराणसी की हवा यलो जोन में बनी हुई है। रविवार को एक्यूआई यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स 132 अंक पर रहा। 173 अंक एक्यूआई के साथ शहर में सबसे खराब हवा मलदहिया की रही। इसके बाद भेलूपुर का एक्यूआई 153, अर्दली बाजार का 134 और बीएचयू का 66 रहा। 

बनारस होकर गुजरेगी उधना-भागलपुर ट्रेन
छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 09019/09020 उधना-भागलपुर-उज्जैन पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। उधना से 4 नवंबर और भागलपुर से 6 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन बनारस स्टेशन से होकर चलेगी। ट्रेन उधना से सुबह 11:15 बजे चलेगी दूसरे दिन शाम को 7 बजे बनारस होकर तीसरे दिन भागलपुर सुबह 7 बजे पहुंचेगी। भागलपुर से सुबह 10 बजे खुलेगी और बनारस स्टेशन पर रात 10:05 बजे होकर दूसरे दिन उज्जैन रात 8:30 बजे पहुंचेगी। 

मेयर की जनचौपाल सारनाथ में आज
जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी की जनचौपाल सोमवार को सारनाथ और वरुणा पार जोन से शुरू होगी। सुबह 10 से 11:30 बजे तक मेयर सारनाथ जोन पर जनता की शिकायतें सुनेंगे। इसके बाद वे वरुणा पार जोन आ जाएंगे। यहां 11:30 से 1 बजे जनचौपाल लगाएंगे। इसी प्रकार 5 नवंबर को रामनगर और आदमपुर जोन में जनचौपाल का आयोजन होगा। 6 को कोतवाली और दशाश्वमेध जोन, 7 को भेलूपुर और ऋषि मांडवी जोन में जनचौपाल का आयोजन होगा। 

तापमान में गिरावट जारी, 16.8 डिग्री पहुंचा
नवंबर के पहले सप्ताह में ही पारा अब धीरे-धीरे लुढ़कने लगा है। आसमान में कोहरे ने भी दस्तक दे दी। आईएमडी की ओर से रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय का कहना है कि अब धीरे-धीरे ठंड का असर नजर आएगा। 

141 वाहन सीज, 1.6 करोड़ रुपये का जुर्माना
यातायात नियम तोड़ने और असुरक्षित वाहन चालकों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। काशी, वरुणा और गोमती जोन में सुबह से लेकर शाम तक चले अभियान में 141 वाहन सीज किए गए, 5702 वाहनों का चालान करते हुए 1.6 करोड़ का जुर्माना लगाया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि युवाओं पर ज्यादा जोर है कि वह यातायात नियमों का पालन करें। यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वाले चालकों और तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट के वाहनों आदि के खिलाफ यह कार्रवाई जारी रहेगी। 

आध्यात्मिक शिक्षा से विकसित होती है नैतिकता और संस्कार
यूपी कॉलेज के पूर्व शिक्षक स्व. डॉ घनश्याम सिंह की 39वीं पुण्यतिथि रविवार को मनाई गई। शिक्षा में नैतिकता और संस्कार विषयक पर संगोष्ठी हुई। सोयेपुर लालपुर स्थित डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में यूपी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य, शिक्षकों व छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों को आध्यात्मिक शिक्षा देने से ही उनमें नैतिकता और संस्कार का विकास होगा। 

महाविद्यालय प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने बताया कि यह महाविद्यालय अगले दो सालों में स्वायत्तशासी दर्जा के लिए आवेदन करेगा। स्वागत प्राचार्य डॉ. आनंद सिंह, संचालन डॉ. गौरव तिवारी, धन्यवाद प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने किया। यूपी कॉलेज पूर्व उपप्राचार्य डॉ. दुर्ग विजय सिंह, डॉ. विनय कुमार सिंह, डॉ. वीके सिंह, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. हौसला प्रसाद सिंह, डॉ. योगेंद्र सिंह, डॉ. विधुभूषण सिंह ने उन्हंे श्रद्धांजलि दी। 

बरेका गेट के सामने टूटी पाइप लाइन, सड़क पर भर गया पानी
बरेका गेट के सामने पाइप फटने से सड़क पर पानी भर गया। पानी से होकर गुजरने वाले वाहनों से कई लोगों के कपड़ों पर छींटे पड़ गए। लोगों ने बताया कि पिछले दिनों भी यहां समस्या आई थी। दरअसल यहां बरेका की पानी की टंकी में लीकेज हुआ था। यहां जल निगम की पाइप लाइन गई है। जिसके टूटने की आशंका जताई गई।

लोगों ने जलकल को फोन से सूचित किया। इसके बाद जलकल के कर्मचारियों ने इसकी जानकारी जल निगम और बरेका प्रशासन को दी है। नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जलकल ने बरेका प्रशासन और जल निगम को सूचित किया है। 

मरीज की मौत, लापरवाही का आरोप
पंडित दीन दयाल जिला अस्पताल के आयुष्मान वार्ड में 70 वर्षीय भर्ती मरीज की मौत पर परिजन भड़क उठे। अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही से इलाज करने का आरोप लगाया। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराकर सच्चाई पता लगाने की मांग की। मौके पर पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने शव को मोर्चरी से पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 27 अक्तूबर को कूल्हे की टूटी हड्डी की शिकायत लेकर सैदपुर गाजीपुर निवासी सबर्धन राम जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे। 

चालो रे चालो भक्तों खाटू धाम चाला...
श्री श्याम मंडल की ओर से मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से निशान प्रभातफेरी निकाली गई। भक्त हाथ में श्याम निशान लिए थे तो भजन मंडली चालो रे चालो भक्तों खाटू धाम चाला..., आएगा आएगा नीले चढ़ सांवरा आएगा... भजन कीर्तन करते हुए चल रही थी। प्रभातफेरी बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित श्रीश्याम मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने श्याम प्रभु के श्रीचरणों में निशान अर्पित कर चरण वंदन किया। श्याम चालीसा का पाठ किया। प्रभातफेरी में प्रेम अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, प्रवीण माखारिया, गणेश लोहिया बंटी, सुरेश तुलस्यान, जागृत गाड़ोदिया, शिवांग शर्मा आदि शामिल रहे। 

सनातन संस्कृति में रचा बसा है सूरीनाम
सूरीनाम की यात्रा से लौटे रणवीर संस्कृत विद्यालय के संगीत अध्यापक डॉ. ऋतुराज कात्यायन ने कहा कि सूरीनाम एक तरह से भारत का एक हिस्सा लगता है। वहां लोग पूरी तरह से भारतीय संस्कृति में रचे बसे हैं। श्रीरामचरितमानस और मां गंगा को बहुत ही श्रद्धा से पूजते हैं। सूरीनाम में हर घर में श्री रामचरितमानस का पाठ होता है। महीने भर तक सूरीनाम में श्रीरामचरितमानस की कथा सुनाने के बाद भारत लौटे ऋतुराज ने बताया कि वहां की गोशालाओं में गायों की सेवा की जाती है। सूरीनाम को देख ऐसा लगता है कि भारत का ही एक कोई राज्य है। 

संत साईं बीरबल दास की उतारी आरती
संत साईं बीरबल दास साहिब का वार्षिकोत्सव अमर नगर स्थित संत कंवरराम कुटिया में मनाया गया। सिंधी समाज ने भजन कीर्तन कर गुरु का बखान किया। मध्यप्रदेश के डबरा से आए संत साई श्रीचंद साहिब के दर्शन किए। एसबीडी सेवा मंडल की ओर से संत बीरबल दास साहिब की आरती उतारी गई। कलाकारों ने भजनों की अमृतवर्षा की। इस दौरान भंडारे में डेढ़ हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन मंडल में दिलीप इसरानी, गोबर्धन इसरानी, जय थावडिया, अमर प्रदवानी, अनिल, हरीष, रमेश लालवानी, चंदन रुपानी आदि शामिल रहे।

छठ पूजा के लिए 350 गाड़ी फल मंगाए गए
छठ पूजा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजार में फलों की ज्यादा मांग है। पहड़िया मंडी में रविवार को पूर्वांचल के अलावा अन्य प्रांतों के थोक कारोबारियों की भीड़ रही। कई राज्यों से यहां 350 से अधिक गाड़ी फल मंगाए गए हैं। फलों के दाम 15 से 20 फीसदी बढ़ गए हैं। मंडी में पूर्वांचल के अलावा बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिन चढ़ने के साथ ही मंडी में पहुंचे।

मंडी में अनानास के 150, चकोतरा के 40 , नारियल के 30, सेब के 30, अनार के 15, केला के 30, संतरा के 15 और कीनू की 12 गाड़ियां आईं। 50 से अधिक छोटे वाहनों से सिंघाड़ा, सुथनी, हल्दी, मूली और जंगली फल आएं है। कारोबारी संतोष सिंह ने बताया कि सोमवार और मंगलवार तक फलों की बिक्री रहेगी।

जमादी-उल-अव्वल का चांद दिखा
हिजरी कैलेंडर के पांचवें महीने जमादी-उल-अव्वल के चांद की तस्दीक रविवार को हो गई। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैय्यद फरमान हैदर ने बताया कि इस महीने में चौथे इमाम हजरत जैनुल आबदीन की विलादत का जश्न 18 नवंबर को मनाया जाएगा। वहीं, इसी महीने में जनाबे फातिमा की शहादत के सिलसिले से 15 और 16 नवंबर को मजलिसें होंगी और ताबूत उठेगा। दरगाहे फातमान के संस्थापक अल्लामा शेख अली हजी की 266वीं बरसीं भी इसी महीने 14 नवंबर को दरगाहे फातमान में मनाई जाएगी।

कथा वाचक पं. आत्मानंद चतुर्वेदी का निधन
रामकथा वाचक पं. आत्मानंद चतुर्वेदी का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने अस्सी स्थित आवास पर 80 वर्ष की अवस्था में अंतिम सांस ली। पं. चतुर्वेदी रामचरितमानस के अच्छे विद्वान थे। उनकी शिक्षा दीक्षा बीएचयू के धर्म विज्ञान संकाय में हुई। इसके पश्चात वह केंद्रीय विद्यालय बोकारो में प्राचार्य के पद पर 2001 तक रहे।

स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद वह संकट मोचन हनुमान मंदिर में नियमित श्री रामचरितमानस की कथा सुनाते थे। उनका अंतिम संस्कार हरिशचंद्र घाट पर हुआ। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र आशुतोष चतुर्वेदी ने दी। उनके निधन पर स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी, श्याम सुंदर पांडेय, राघवेंद्र पांडेय, पं. हीरालाल द्विवेदी, रामयश मिश्र ने शोक व्यक्त किया। उनके अंतिम संस्कार में काशी के विशिष्टजन शामिल थे।

पीएनबी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह आयोजित
पंजाब नैशनल बैंक, मंडल कार्यालय वाराणसी की ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताह के प्रथम दिवस पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंस में छात्रों के बीच सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। इस अवसर पर अंचल प्रबंधक अजय कुमार सिंह, मंडल प्रमुख प्रभाष चंद्र लाल, निदेशक पीएन झा, रजिस्ट्रार संजय गुप्ता उपस्थित रहे। द्वितीय दिवस पर वाॅकथॉन का आयोजन किया गया।

मां अन्नपूर्णा का प्रसाद लेकर तिरुपति रवाना हुए महंत
शिव की नगरी काशी में मां अन्नपूर्णा का पंच दिवसीय उत्सव पूरा हो गया। मां अन्नपूर्णा के अन्नकूट का प्रसाद लेकर महंत शंकर पुरी तिरुपति बालाजी के लिए शनिवार को रवाना हुए। माता का प्रसाद सोमवार की मंगला आरती में तिरुपति बालाजी को महंत अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 174 साल पुरानी परंपरा भी निभाई जाएगी।

शनिवार को महंत शंकर पुरी माता अन्नपूर्णा को अर्पित किया छप्पन भोग का प्रसाद लेकर तिरुपति रवाना हो गए। महंत ने बताया कि तिरुपति बालाजी भगवान को हर साल अन्नपूर्णा मंदिर से अन्नकूट का प्रसाद भेजने की परंपरा रही है। सन 1850 में जब यातायात के साधन नहीं थे, उस वक्त मंदिर के महंत प्रसाद लेकर पैदल ही जाया करते थे। 

उस दौरान काशी से तिरुपति पहुंचने में 20 से 21 दिन लगते थे। 21वें दिन बालाजी को अन्नकूट का प्रसाद भेंट किया जाता था। सोमवार को बालाजी की मंगला आरती में इस प्रसाद को अर्पित किया जाएगा। बता दें कि धनतेरस से अन्नकूट तक 10 लाख से अधिक भक्तों ने पांच दिन  मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन किए। 

धर्मस्थली से महापरिनिर्वाण स्थली तक होगी 500 किमी की पदयात्रा
तथागत की उपदेश स्थली से महापरिनिर्वाण स्थली तक पदयात्रा (धम्मचारिका) निकाली जाएगी। 16 नवंबर से आठ दिसंबर तक 500 किलोमीटर की इस पदयात्रा में पांच हजार उपासक शामिल होंगे। भगवान बुद्ध के संदेशों को आम जन तक पहुंचाने के लिए धम्म लर्निंग सेंटर की ओर से ये यात्रा निकाली जा रही है। 

धम्म लर्निंग सेंटर सारनाथ के प्रभारी व अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के पूर्व अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो ने बताया कि सारनाथ से कुशीनगर तक 500 किलोमीटर धम्मचारिका निकलेगी। धम्म लर्निंग सेंटर की ओर से 16 नवंबर को सारनाथ से यात्रा आरंभ होगी। इसमें भिक्षु संघ सहित लगभग पांच हजार बौद्ध उपासक शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य बुद्ध के संदेश लोगों तक पहुंचाना है। बुद्ध के सिद्धांतों के अनुपालन से ही समाज व राष्ट्र के विकास के साथ-साथ विश्व में शांति संभव है। 16 नवंबर को सारनाथ से शुरू होने वाली पदयात्रा गाजीपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, महराजगंज से होते हुए आठ दिसंबर को कुशीनगर पहुंचेगी। यहां यात्रा का समापन होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed