फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   special news of varanasi NSA action against misdeed and murder accused constable beaten up FIR

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : दुष्कर्म और हत्या के आरोपी पर NSA की कार्रवाई, सिपाही को पीटा; FIR

Sat, 01 Feb 2025 03:38 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 01 Feb 2025 03:38 AM IST
सार

किशोरी से दुष्कर्म व हत्या का आरोपी जिला जेल में बंद है। उसने किशोरी के मां को भी धमकी दी थी। वहीं, पुलिस लाइंस के पास एक सिपाही को गलत साइड से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस पर मारपीट हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
special news of varanasi NSA action against misdeed and murder accused constable beaten up FIR
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजा बाजार, नदेसर निवासी आशीष कुमार उर्फ गोलू के खिलाफ जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के आदेश से राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) की कार्रवाई की गई है। जिला जेल में बंद आशीष के खिलाफ कैंट थाने में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म व हत्या और पेशी पर आने के दौरान उसकी मां को धमकाने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं। 

विज्ञापन


किशोरी की मां 26 जून 2024 को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी लापता हो गई है। 27 जून 2024 को नदेसर स्थित काशीराज अपार्टमेंट की छत की पानी की टंकी में किशोरी का शव मिला था। मामले में 28 जून 2024 को आरोपी आशीष को कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

विज्ञापन

सामूहिक दुष्कर्म मामले एफआईआर लिखने वाले मुंशी का बयान दर्ज
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में मंगलवार को बीएचयू आईआईटी की छात्रा के सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई हुई। अदालत में एफआईआर के लेखक दुर्गेश सरोज ने गवाही देते दी। कोर्ट ने अगले गवाह सिपाही मुकेश यादव को गवाही के लिए तलब किया है। 

कोर्ट ने गवाही हेतु सुनवाई की अगली तिथि चार फरवरी की तिथि नियत की है। प्रकरण के अनुसार, बीएचयू आईआईटी परिसर में दो नवंबर 2023 की रात बीटेक की छात्रा के साथ मोटरसाइकिल सवार कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल ने सामूहिक दुष्कर्म किया था।

धोखाधड़ी के मामले में नहीं मिली अंतरिम जमानत
धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर खुद को नगर निगम का ठेका मिलने का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत नहीं मिली। 

विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) की अदालत ने हुकुलगंज, कैंट निवासी रामजी प्रसाद की अंतरिम जमानत अर्जी मामले की गंभीरता को देखते हुए खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी गोपालजी राय ने अदालत के माध्यम से कैंट थाने में एक जुलाई 2005 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

special news of varanasi NSA action against misdeed and murder accused constable beaten up FIR
Varanasi court - फोटो : अमर उजाला

ज्ञानवापी : निगरानी अर्जी पर सुनवाई 13 फरवरी को
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) अवधेश कुमार की कोर्ट में शुक्रवार को ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग से संबंधित मामले में हिंदुओं को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। अब इस मामले में सुनवाई की तिथि 13 फरवरी नियत की गई है। यह निगरानी अर्जी मुख्तार अहमद अंसारी की ओर से दाखिल की गई है।

मां शृंगार गौरी सहित अन्य मामलों की सुनवाई शनिवार को
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में शनिवार को मां शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई होगी। ज्ञानवापी से संबंधित मुकदमों की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में एकसाथ कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है।

विज्ञापन

3.52 करोड़ रुपये हड़पने में एक और आरोपी की जमानत खारिज
धोखाधड़ी और कूटरचना कर व्यापारी का 3.52 करोड़ रुपये हड़पने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने अहरौरा, मिर्जापुर निवासी आरोपी रंजीत सिंह उर्फ रणजीत सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर दी। प्रकरण के अनुसार नितिन मित्तल ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

आरोप है कि उसने अपने फर्म के सामान की सप्लाई और वसूली के लिए नैनी, इलाहाबाद निवासी आरोपी अरविंद कुमार केशरी को नौकरी पर रखा था। अरविंद ने पैसा कमाने के लालच में कई दुकानदारों के नाम अलग-अलग बिल काटकर फर्जी जीएसटी नंबर डालकर कम दाम में माल बेच दिया। अरविंद की करतूत में रंजीत सिंह उर्फ रणजीत भी शामिल था।

औषधि अधिनियम के मामले में दो आरोपियों को मिली अग्रिम जमानत
वाराणसी अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (चौदहवां) अभय कृष्ण तिवारी की अदालत ने औषधि अधिनियम के मामले में दो आरोपियों को राहत दे दी। बंगाली टोला निवासी आरोपी आकाश विश्वास और औसानगंज निवासी आरोपी मिंटू कुमार को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर अदालत ने रिहा करने का आदेश दिया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार 3 नवंबर 2023 को थाना सिगरा की पुलिस ने ऑनरेक्स सिरप बरामद किया था। इस मामले में आकाश और मिंटू आरोपी हैं।

सिपाही के साथ गालीगलौज और मारपीट, मुकदमा दर्ज
पुलिस लाइंस के पास एक सिपाही को गलत साइड से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। नाराजगी जताने पर बाइक सवार ने सिपाही से गालीगलौज करते हुए मारपीट की। सिपाही की तहरीर पर वाहन नंबर के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता सिपाही गुलाब चंद पुलिस लाइंस में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम सात बजे वह पांडेयपुर से पुलिस लाइन जा रहे थे। पुलिस लाइन के पास गलत साइड से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से उन्हें चोट लग गई और वह सड़क पर गिर पड़े। 

उन्होंने घटना पर नाराजगी जताई तो बाइक चालक ने गालीगलौज करते हुए मारपीट की। उन्होंने बाइक चालक की फोटो लेने का प्रयास किया तो उसने उनका मोबाइल छीन कर जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। 

महिला को एक घंटे में पुलिस ने परिजनों से मिलाया
महाकुंभ में स्नान के बाद बिहार से काशी आए एक परिवार की एक महिला लापता हो गई। इसे लेकर महिला के परिजन परेशान हो गए। सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस ने एक घंटे में महिला को खोजकर परिजनों से मिलाया।

बिहार के दरभंगा जिले के नेहरा गांव निवासी बबलू कुमार अपने परिजनों के साथ प्रयागराज के महाकुंभ में गए थे। वापसी के दौरान रिंग रोड फेज-टू के पास गाड़ी खड़ा करके वह काशी विश्वनाथ के दर्शन करने गए। दर्शन-पूजन के दौरान उनकी चाची फूलो देवी कहीं खो गई।

काफी खोजबीन करने के बाद जब वह नहीं मिली तो थक-हार कर पूरा परिवार रोते हुए वापस अपनी गाड़ी के पास जा रहा था। अकेलवा में मौजूद लोहता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बबलू और उनके परिजनों से रोने का कारण पूछा। इस पर बबलू ने बताया की उनकी चाची नहीं मिल रही है।

इस पर लोहता थानाध्यक्ष ने अपने सिपाहियों को महिला को खोजने के लिए लगाया। एक घंटे के प्रयास के बाद चांदपुर के पास से फूलो देवी को सिपाहियों ने खोज निकाला। परिजनों से मिलते ही फूलो देवी रोने लगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए पूरे परिवार ने आभार जताया।

मंगला गौरी घाट पर मिली लाश
कोतवाली थाना क्षेत्र के मंगला गौरी घाट पर शुक्रवार रात गंगा में एक लाश उतराई हुई मिली। घाट पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर कोतवाली थाने की पुलिस पहुंची और लाश को पानी से बाहर निकाला।

घटना के संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसके पहचान की कोशिश की जा रही है। देखने से प्रतीत हो रहा है कि मृतक काशी में दर्शन-पूजन करने आया था। रात 12:00 बजे तक पुलिस लाश का निखाख्त नहीं कर पाई थी।

ट्रेलर चालक का मोबाइल छीनकर भागे ऑटो सवार
लंका-रामलीला मैदान के आगे नेशनल हाईवे पुल के नीचे बीती रात लगभग दो बजे ऑटो सवार तीन लोग एक ट्रेलर को रुकवा कर उसके चालक को धमकाते हुए पैसे मांगे। मना करने पर तीनों ट्रेलर चालक का मोबाइल छीन कर भाग गए। ट्रेलर चालक ने बताया कि घटना की सूचना देने वह भीटी चौकी पर गया, लेकिन वहां कोई पुलिस कर्मी नहीं मिला। वहीं, पुलिस का कहना है कि चौकी पर या किसी अन्य माध्यम से कोई शिकायत नहीं मिली है।

सोनभद्र जिले के कर्मा क्षेत्र के ट्रेलर चालक पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि मैहर से चावल लादकर चले थे। उन्हें बिहार के हाजीपुर जाना था। रामनगर थाना क्षेत्र में लंका-रामलीला मैदान के आगे नेशनल हाईवे पुल के नीचे ऑटो सवार तीन लोगों ने उन्हें रोका। उनके ब्रेक लगाते ही तीनों उनसे पैसे मांगने लगे। पैसा न देने पर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। पंकज ने बताया कि मोबाइल के कवर में दो हजार रुपये और डेबिट कार्ड था। 

चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का व्यापारियों ने किया सम्मान
रामनगर स्थानीय कस्बे के व्यापार मंडल, मां शेरों वाली समिति और गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारी किले के सामने मोबाइल की दुकान में सेंध लगा कर की गई चोरी के खुलासे से खुश हैं। 

शुक्रवार को समितियों के पदाधिकारियों ने रामनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजू सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह, सब इंस्पेक्टर पंकज मिश्रा, कांस्टेबल गौरव भारती और रविंद्र कुमार सिंह को सम्मानित किया। इस दौरान रामनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भैरो नाथ जायसवाल, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष आलोक सेठ, गुरुद्वारा प्रबंध समिति के रविंद्र सिंह लड्डू, शैलेश गुप्ता मुन्ना, प्रीतम अग्रहरि, गौरव गुप्ता, अशोक मौर्या, रोशन अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। 

चोरी की छह बाइक के साथ तीन किशोर पकड़े गए
सारनाथ थाने की पुलिस ने चोरी की छह बाइक के साथ तीन किशोरों को पकड़ा है। तीनों को रामनगर स्थित बाल सुधार गृह में दाखिल किया गया है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि मौज-मस्ती और अपने शौक पूरे करने के लिए वह बाइक चुरा कर बेच देते थे। इसके अलावा उन्हें अलग-अलग बाइक चलाने का भी शौक है।

सारनाथ थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र से एक बाइक चोरी हो गई थी। मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी हुई बाइक एक घर में खड़ी है। इस प्रकरण में जब एक किशोर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर छह बाइक चुराई है।

पूछताछ में तीनों ने बताया कि दो बाइक काली माता मंदिर पांडेयपुर, एक बाइक कैंट रेलवे स्टेशन, एक बाइक कादीपुर, एक सारनाथ और एक अन्य बाइक छावनी क्षेत्र से उन्होंने चुराई थी। तीनों किशोरों से बाइक चोरी कराने वाला मुकेश गिरी मूल रूप से आजमगढ़ का रहने वाला है। वर्तमान में वह राजाजी नगर काॅलोनी, संदहा में किराये के मकान में रहता है। मुकेश की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।

वीडीए ने चार अवैध निर्माण किए सील
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा की देखरेख में शुक्रवार को अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई। शिवपुर वार्ड में बीना त्रिपाठी की ओर से शीतल नगर काॅलोनी में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसे सील किया गया।

सारनाथ, हृदयपुर, सिंहपुर में अरुण कुमार वर्मा को पूर्व में नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी काम कराने पर अवैध निर्माण सील कर दिया गया। मां वैष्णों कुटुम्ब विहार काॅलोनी, हृदयपुर, सिंहपुर में नीरज राय और राम बहादुर राय की ओर से बगैर नक्शा पास कराने निर्माण करने पर सील किया गया।

राज्यमंत्री और विधायक ने श्रद्धालुओं को दिए भोजन के पैकेट
प्रदेश के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने शुक्रवार को प्रयागराज महाकुंभ से आने वाले श्रद्धालुओं का संपूर्णानंद विश्वविद्यालय जगतगंज स्थित काली माता मंदिर के पास स्वागत किया। श्रद्धालुओं को चने की घुघरी, हलुआ और मिठाई दी।

इस मौके पर सिद्धनाथ शर्मा, रतन कुमार मौर्य, मनोज सोनकर, पार्षद सुशील गुप्ता आदि शामिल रहे। उधर, मोहनसराय चौराहे पर रोहनिया विधायक डाॅ सुनील पटेल ने श्रद्धालुओं को भोजन का पैकेट दिया। यहां श्रद्धालुओं के लिए राजेश जैन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। इस दौरान मानस कुमार सिंह, श्याम बली पटेल, विनोद पटेल आदि शामिल रहे।

पीआरडी जवानों को बांटे गए जैकेट
वाराणसी। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के ओर से शुक्रवार को पीआरडी जवानों को जैकेट बांटा गया। जिला युवा कल्याण व प्रादेशिक विकास दल अधिकारी नीतीश कुमार राय के नेतृत्व में पीआरडी जवानों को (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान कृषि विपणन दिनेश प्रताप सिंह ने जैकेट दिया। इस मौके पर पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र कृपाशंकर सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, विकास पांडेय, डॉ. छोटे लाल तिवारी, विवेक सिंह मौजूद रहे।

छोटे वाहनों का करें प्रयोग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और जनमानस से चारपहिया वाहनों का उपयोग कम करने की अपील की। कहा कि दोपहिया या साइकिल आदि छोटे वाहनों का प्रयोग करें।

प्रयागराज में महाकुंभ की ओर से अत्यधिक दर्शनार्थियों का आवागमन काशी में हो रहा है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों, स्टेशनों और बस अड्डों पर भारी भीड़ हो रही है। दर्शनार्थियों को अत्यधिक असुविधा हो रही है। छोटे वाहनों का प्रयोग करने से न केवल दर्शनार्थियों बल्कि आम जनमानस को भी सुविधा होगी। 

शाइन सिटी के डायरेक्टर की जमानत अर्जी खारिज
कूटरचना कर फर्जी ढंग से पैसा हड़पने के मामले में शाइन सिटी के डायरेक्टर लखनऊ के गोमती नगर निवासी चमन लाल दिवाकर की जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) शैलेंद्र सिंह ने खारिज कर दी। अभियोजन के अनुसार आरोपी पर 145000 रुपये लेकर प्लॉट न देने का आरोप है। आरोपी वर्तमान में लखनऊ जेल में बंद है।

ज्ञानवपी: निगरानी अर्जी पर सुनवाई 13 फरवरी को
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) अवधेश कुमार की कोर्ट में शुक्रवार को ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग से संबंधित मामले में हिंदुओं को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। अब इस मामले में सुनवाई की तिथि 13 फरवरी नियत की गई है। यह निगरानी अर्जी मुख्तार अहमद अंसारी की ओर से दाखिल की गई है।

सड़क हादसे में बसंत लाल की हुई थी मौत
सारनाथ के रिंगरोड पर बुधवार को सड़क हादसे में मृत वृद्ध की पहचान नई बस्ती पांडेयपुर निवासी बसंत लाल के रूप में हुई है। सड़क पार करते समय बसंत लाल को वाहन ने कुचल दिया था। उपनिरीक्षक जगदीश सिंह ने बताया वृद्ध के पुत्र सूरज ने अपने पिता के रूप में पहचान की।

मां शृंगार गौरी सहित अन्य मामलों की सुनवाई शनिवार को
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में शनिवार को मां शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई होगी। ज्ञानवापी से संबंधित मुकदमों की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में एकसाथ कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है।

कैंट स्टेशन से महाकुंभ के लिए 20 स्पेशल ट्रेनें रवाना, पटना के लिए चलीं 17 गाड़ियां
श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार को कैंट स्टेशन से 37 कुंभ स्पेशल ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों के लिए चलाई गईं। 20 ट्रेनें कुंभ की ओर रवाना हुईं और औड़िहार, पटना, बलिया, अयोध्या, छपरा के लिए 17 स्पेशल ट्रेनें गईं।

सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि कैंट स्टेशन से रोजाना औड़िहार, पटना, बलिया, अयोध्या, छपरा, प्रयाग और झूंसी के लिए स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं। कैंट स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वार पर होल्डिंग एरिया में पांच हजार यात्रियों को ठहराया जा रहा है। मेडिकल सुविधा और दवा की दुकानें भी हैं। छह वेटिंग हाॅल में यात्रियों को ठहराया जा रहा है। उधर, विलंबित कुछ ट्रेनों को रिशेड्यूल करके चलाया जा रहा है। 

राज्य हिंदी संस्थान के स्वर्ण जयंती पर जारी हुआ वार्षिक कैलेंडर
राज्य हिंदी संस्थान की स्वर्ण जयंती का शुभारंभ शुक्रवार को निदेशिका चंदना रामइकबाल यादव ने किया। मुख्य अतिथि यूपी कॉलेज हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राम सुधार सिंह ने स्वर्ण जयंती के मोनोग्राम और संस्थान का वार्षिक कैलेंडर जारी किया। 

साथ ही हमारी बोली पुस्तिका, हिंदी भाषा किट, ऑनलाइन स्पोकन कोर्स संवाद, हिंदी व्याकरण, मॉड्यूल और अभिनव प्रयोग आदि का विमोचन किया। निदेशक चंदना रामइकबाल यादव ने संस्थान के शैक्षिक उन्नयन के लिए किए गए कार्यों की चर्चा की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर डॉ अवनीश यादव, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट दीपिका, मंडलीय मनोवैज्ञानिक शैलेश कुमार रहे। 

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में काव्यपाठ हुआ। इसमें परिषदीय, माध्यमिक शिक्षक और एलटी कॉलेज के डीएलएड प्रशिक्षुओं ने कविताएं प्रस्तुत कीं। इस मौके पर संस्थान के शोध अधिकारी अनुज शर्मा, शोध प्रवक्ता डॉ. गायत्री, अजीत कौशल और बेदीलाल आदि मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन नीलम यादव ने किया।

थाने पर नहीं हुई सुनवाई तो डीसीपी से लगाई गुहार
बड़ागांव के हसनपुर गांव निवासी साधना देवी ने गांव के ही दो युवकों पर पति की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार थाने में तहरीर देने पर कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने डीसीपी गोमती जोन को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। साधना देवी ने बताया कि 26 जनवरी को आरोपियों ने पति विनोद कन्नौजिया की पिटाई की। 

सीडीओ ने पोषाहार प्रोडक्शन प्लान्ट का किया निरीक्षण संवाद न्यूज एजेंसी
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को चिरईगांव ब्लाक के ग्राम पंचायत नेवादा में बालविकास विभाग के पोषाहार प्रोडक्शन प्लान्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध कच्चे माल के अलावा तैयार पोषाहार के पैकेटों को देखा। 

स्वयं सहायता समूह की महिला ममता,सरिता,मनीषा व करमा से जानकारी ली महिलाओं ने वित्तीय कमी दूर करने का अनुरोध किया। सीडीओ ने फैक्टरी व आसपास साफ-सफाई,काम करने वाली महिलाओं के विश्रामगृह, चेंजिंग रूम ,पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं भी देखी। 

ब्लाक के बीडीओ वीरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि इस काम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों में से कुल दो दर्जन महिलाएं तीन शिफ्ट में काम कर रही हैं। इनके द्वारा प्रतिदिन कुल चार टन माल तैयार किया जा रहा है। सीडीओ ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रकाश के लिए प्लांट के पास एक हाईमास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया।

महाकुंभ स्नान के लिए गई महिला 4 दिन बाद पहुंची घर
महाकुंभ स्नान के लिए गई महिला 4 दिन बाद अपने घर पहुंची। सेवापुरी ब्लॉक के डोमैला गांव निवासी करुणा तिवारी पड़ोस की महिलाओं के साथ महाकुंभ में स्नान करने गई थी। भगदड़ के दौरान साथ गए लोगों से बिछुड़ गई थीं। प्रयागराज स्थित कैंप में समाजसेवियों ने महिला के रहने और इलाज की व्यवस्था की। चार दिन बाद वाराणसी आने वाले बस में महिला को बैठा दिया। पूछताछ में महिला ने अपने गांव का नाम बताया। लोगों ने उसे गांव तक पहुंचाया।

राज्यमंत्री ने देर रात रैन बसेरे का किया निरीक्षण
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने शुक्रवार को कटिंग मेमोरियल एवं क्वींस कॉलेज में बनाए गए रैन बसेरे में रह रहे श्रद्धालुओं से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। यहां उन्हें मुहैया कराई जा रही व्यवस्थाओं के बाबत जानकारी ली। मंत्री ने लोगों को भोजन के पैकेट भी उपलब्ध कराए।

राज्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कोई भी श्रद्धालु सड़क पर ठंड में न रहने पाए। रैन बसेरे में पेयजल, शौचालय, बिस्तर और ओढ़ने के लिए कंबल आदि की व्यवस्था के साथ-साथ अलाव की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

डीएम ने सनातन धर्म इंटर कालेज में बांटे भोजन के पैकेट
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस. चिनप्पा ने सनातन धर्म इंटर कालेज पहुंचे। यहां की सुविधाओं का जायजा लिया। एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि यहां 500 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। इसके बाद डीएम ने श्रद्धालुओं को खाने के पैकेट बांटे। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय पिशाचमोचन, संपूर्णानंद महाविद्यालय में भोजन बांटे गए।

जिले में मिला जिलाबदर, गिरफ्तार
फूलपुर थाने की पुलिस ने जिलाबदर किए गए पंचक्रोशी पैगंबरपुर निवासी जयप्रकाश देववंशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) की अदालत ने जयप्रकाश को 22 जनवरी 2025 को छह माह के लिए जिलाबदर किया था। इसके बावजूद जयप्रकाश जिले की सीमा में ही मौजूद था।

कार्यशाला में एचआईवी के प्रति किया जागरूक
पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय सभागार में शुक्रवार को जनपद स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में एचआईवी और एड्स संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने कहा कि एचआईवी को रोकने के लिए सभी को अभियान के तौर पर काम करने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एचआईवी के 3207 मरीज हैं, इसमें 1809 पुरुष, 1383 महिला, 23 फीमेल सेक्स वर्कर, 15 ट्रांसजेंडर, 56 इंजेक्टिव ड्रग यूजर और 17 एमएसएम हैं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने अपने कहा कि जागरूकता और फॉलोअप से ही एचआईवी से बचाव संभव है। कार्यशाला में डॉ. प्रीति अग्रवाल, डॉ. मनोज कुमार तिवारी, परामर्शदाता मनीषा सिंह, डॉ. प्रतिभा पांडेय, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. विनोद कुमार, मनीष कुमार सिंह आदि शामिल रहे। 

40 होल्डिंग एरिया बने, कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं की 24 घंटे होगी निगरानी
महाकुंभ के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में 40 होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। वहां गद्दे, रजाई, पेयजल, प्राकाश, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट आदि की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक होल्डिंग एरिया में नोडल अधिकारी के साथ-साथ सफाईकर्मियों को भी तैनात किया गया है। 

स्वयंसेवी संगठनों को प्रेरित कर होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं को लंच पैकेट का वितरण कराया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विशेष तैयारी की है। 24 घंटे सेवा के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया। भीड़ को देखते हुए एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम भी तैनात की गई है। असुविधा पर यात्री कंट्रोल रूम के नंबर 0542-22970111 पर कॉल कर सकते हैं। 

आग से बचाव को अग्निशमन विभाग सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जनपद में पूर्व से स्थापित शौचालयों को जगह-जगर होर्डिंग पर मानचित्र के माध्यम से प्रदर्शित कराया गया है। श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए जिले में आपदा मित्र व नागरिक सुरक्षा के स्वयं सेवक आदि को तैनात किया गया है। 

संपूर्णानंद संस्कृत विवि में 2, 3 फरवरी को अवकाश
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 2 और 3 फरवरी को अवकाश रहेगा। कुलसचिव के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने 2 फरवरी को बसंत पंचमी मान कर पहले ही अवकाश की घोषणा की थी, लेकिन पंचांग के अनुसार बसंत पंचमी 3 फरवरी को मनाई जाएगी। इसलिए अवकाश एक दिन आगे बढ़ाया गया है।

बांग्लादेश के शरीफ ने सरोद पर छेड़ा धुन
जिला प्रशासन व काशी विरासत संरक्षण समिति की ओर से नमो घाट पर आयोजित संगीत संध्या में शुक्रवार को सरोज वादक पं. तेजेंद्र नारायण मजूमदार के शिष्य बांग्लादेश के शरीफ मोहम्मद ने सरोद वादन से आनंदित किया।

उन्होंने राग दीपचंदी में धुन के बाद राग किरवानी में तीनताल में रचनाओं को धुनों में पिरोया। अंत में बांग्ला धुन बजाया। तबले पर जय घोष ने कुशल संगत की। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन समिति के सदस्य अनूप मिश्रा ने किया।

सीने में दर्द के बाद मिठाई विक्रेता का निधन
प्रयागराज स्नान करने गए गोला निवासी मिष्ठान विक्रेता विजय यादव (48) की सीने में दर्द के बाद निधन हो गया। हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई गई है। परिजनों के मुताबिक, मौनी अमावस्या को भीड़ ज्यादा थी, इसलिए सीने में दर्द के बाद विजय को समय पर इलाज नहीं मिल पाया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को सरायमोहाना में गंगा किनारे किया गया। राजेंद्र यादव ने बताया कि परिवार के 10 सदस्यों के साथ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे।

श्रद्धालुओं के प्राथमिक उपचार के लिए 21 निजी हॉस्पिटल भी लगे
महाकुंभ मेले से काशी आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 राजकीय चिकित्सालयों के साथ 21 निजी चिकित्सालयों को निशुल्क प्राथमिक उपचार के लिए प्रशासन की ओर से कहा गया है। जिले सभी मुख्य प्रवेश मार्ग पर डॉक्टरों के साथ एंबुलेंस तैनात की गई है। 

इसके अलावा कैंट, बनारस, शिवपुर और काशी रेलवे स्टेशन पर चिकित्सकीय टीम एंबुलेंस के साथ तैनात है। अस्थायी बस स्टैंड किसान इंटर कॉलेज, जगतपुर डिग्री कॉलेज तथा राजातालाब फ्लाईओवर ब्रिज पर भी टीम श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय सेवा दे रही है। 

इसके लिए उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीयूष राय को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं, काशी विश्वनाथ मंदिर और ललिता घाट पर भी टीम तैनात है। अब तक 5877 पुरुष, 4801 महिला, 623 बच्चों को निशुल्क चिकित्सकीय सुविधा दी गई है।

निजीकरण के विरोध में बिजलीकर्मी ने कैंडल मार्च निकाला
निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों और अभियंताओं ने प्रदर्शन कर कैंडल जुलूस निकाला। यह प्रदर्शन नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी इंप्लाइज एंड इंजीनियर्स के आवाहन पर हुआ। 1 फरवरी को भी कर्मचारी विरोध प्रदर्शन करेंगे।

कर्मचारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 42 जनपदों की बिजली व्यवस्था निजी घरानों को सौंपने की तैयारी हो रही है। भय का वातावरण उत्पन्न करने के लिए संविदा कर्मियों को निकाला जा रहा है। इससे बिजली कर्मियों में नाराजगी है। इस दौरान एसके सिंह, विजय सिंह, राजेंद्र सिंह, रामकुमार झा और अंकुर पांडेय मौजूद रहे।

योग की समस्त क्रियाएं वैज्ञानिक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में मल्टीडिसिप्लीनरी रिफ्रेशर कोर्स के चौथे दिन शुक्रवार को भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशेष व्याख्यान हुआ। प्रथम सत्र में संपूर्णानंद संस्कृत विवि पाली और थेरवाद विभाग के अध्यक्ष प्रो. रमेश प्रसाद ने भारतीय ज्ञान परंपरा में बौद्ध दर्शन विषय पर प्रकाश डाला। 

बताया कि बौद्ध दर्शन में दुख, दुख का कारण, दुख निरोध और दुख के निवारण पर विशेष जोर दिया गया। द्वितीय सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रो. अर्चना चहल ने कहा कि योग में वर्णित यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, ध्यान, धारणा एवं समाधि का अपने जीवन को सफल बना सकते हैं। योग की समस्त क्रियाएं पूर्ण रूप से वैज्ञानिक हैं। इस दौरान प्रो. सुरेंद्र राम, विनय सिंह, प्रो. रमाकांत सिंह, डॉ. रेशम लाल आदि उपस्थित थे।

विद्यार्थियों ने देखा दूध प्लांट में कैसे बनती है आइसक्रीम
एक्सपोजर विजिट के तहत शुक्रवार को गंगापुर कंपोजिट विद्यालय के विद्यार्थी कारखियांव स्थित बनास डेयरी पहुंचे। यहां उन्होंने दूध से आइसक्रीम बनाने की प्रक्रिया जानी। 

आराजीलाइन के खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के तहत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय के छात्रों को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत 33 छात्रों को प्लांट का भ्रमण कराया गया। बच्चों को दूध प्रसंस्करण के बारे में जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह, सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार सिंह, शिवबाला, मनीष कुमार राय आदि मौजूद रहे।

सपा का आरोप-भाजपा पिछड़े और दलितों का कर रही शोषण
सपा की ओर से शुक्रवार को गंगापुर सेक्टर में पीडीए पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि संविधान बचाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दलित और पिछड़े वर्ग के अधिकारों का शोषण कर रही है, जिसके खिलाफ पीडीए के लोगों को जागरूक होना आवश्यक है। 

इसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष गोपाल यादव ने की और संचालन आनंद पटेल ने किया। इस अवसर पर आत्माराम यादव, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, संतोष यादव, छोटेलाल प्रधान, राम प्रकाश पटेल आदि मौजूद रहे। 

उधर, शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के लोहता सेक्टर एवं गोपपुर सेक्टर में पीडीए चर्चा हुई। सेवापुरी विधानसभा के बिशुुरपुर सेक्टर, अजगरा विधानसभा क्षेत्र के दसवीं पर सेक्टर में पीडीए चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, उमेश प्रधान, हीरालाल मौर्य आदि शामिल रहे। 

आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रोड़ चौड़ीकरण, ट्रांसफाॅर्मर और लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्य को लेकर शनिवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी क्रम में 33/11 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्र में पेड़ों की कटाई के लिए सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, मुड़ैला में नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के कार्य के लिए अपराह्न 15:45 से 16:50 बजे तक बिजली कटी रही।

सेवानिवृत्त कर्मचारी को दी विदाई
वीडीए सभागार में शुक्रवार को चतुर्थ श्रेणी सेवानिवृत्त कर्मचारी इंद्रमणि पांडेय को विदाई दी गई। वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा ने कर्मचारी के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर वीडीए के अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, अपर सचिव परमानन्द यादव, अध्यक्ष प्रमोद तिवारी आदि मौजूद रहे। 

सामाजिक संस्थाएं श्रद्धालुओं को करा रही भोजन
महाकुंभ में डुबकी लगाकर काशी दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सामाजिक संस्थाएं आगे आई हैं। शुक्रवार को रथयात्रा चौराहे पर कुसुम मोहले स्मृति सनातन न्यास की ओर से श्रद्धालुओं को चाय-नाश्ते की व्यवस्था कराई गई।

इसमें पूर्व मेयर एवं सनातन ट्रस्ट के मुख्य न्यासी रामगोपाल मोहले के नेतृत्व में कई समाजसेवी समर्पण भाव से जुटे रहे। रामगोपाल मोहले ने कहा कि इससे बड़ा पुण्य कार्य कोई दूसरा नहीं। वहीं, मारवाड़ी समाज भवन के बाहर अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन की वाराणसी शाखा की ओर से रोज बीस हजार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। 

वीडीए ने निर्माणाधीन पेट्रोल पंप किया सील, 8 बीघे की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की ओर से शुक्रवार को एक निर्माणाधीन पेट्रोल पंप सील किया गया। इसके साथ ही 8 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार रामनगर के रसूलागंंज अदलहाट के अनुपम सिंह, शैलेंद्र सिंह की ओर से बगैर नक्शा पास कराए पेट्रोल पंप का निर्माण कराया जा रहा था। 

इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। भीटी, शंकर नगर काॅलोनी के बाबू लाल सिंह की ओर से अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। खजूरगांव के डिंपू सिंह की ओर से 8 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसे पुलिस बल से के सहयोग से ध्वस्त किया गया। दुर्गाकुंड में अभय सिंह की ओर से अवैध निर्माण किया जा रहा था। जिसे सील किया गया।

रघुपति राघव राजा राम... से याद किए गए राष्ट्रपिता
मां कर्मा जन कल्याण समिति ट्रस्ट ने जिला मुख्यालय कचहरी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का 77वें पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर महात्मा गांधी के पसंदीदा भजन रघुपति राघव राजा राम... का पाठ किया।

ट्रस्ट के संस्थापक सुरेश गुप्ता बबलू ने बताया कि बापू भले आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन पर लिखी हुई पुस्तक से उनका विचार महसूस होता है। कार्यक्रम में नव नियुक्त महानगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुरेश गुप्ता, उदय आर्य, प्रदीप गुप्ता, राकेश गुप्ता, धर्मेंद्र जायसवाल, सुरेश जायसवाल, आनंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।

नृत्य-गीत से महिला सशक्तीकरण का दिया संदेश
आर्य महिला पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई ए और डी ने शुक्रवार को सात दिवसीय कैंप का शुभारंभ किया। यूनिट ए का आयोजन दुर्गाकुंड मलिन बस्ती और यूनिट डी का आयोजन बनकटी हनुमान मंदिर भेलूपुर वाराणसी में किया गया।

कैंप में छात्राओं ने मेरे सपनों का समाज विषय पर पोस्टर और स्लोगन लिखे। महिला सशक्तीकरण और अधिकारों पर गीत-नृत्य के साथ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके अलावा बेटियों पर निबंध प्रतियोगिता भी हुई। द्वितीय सत्र में ब्लैक बेल्ट ज्योति सोनकर ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। यूनिट ए का नेतृत्व डॉ. स्वप्ना बंधोपाध्याय और यूनिट डी का डॉ. ममता गुप्ता ने किया। 

श्रद्धालुओं के लिए लगाए मोबाइल चार्ज पॉइंट
महाकुंभ से काशी आ रहे श्रद्धालुओं को लंबे समय तक बाहर रहने से उनके मोबाइल बंद होने से उनके लिए गलियों में चार्जिंग पॉइंट लगाई गई है। नागरिक सुरक्षा प्रखंड भेलूपुर के डिविजनल वार्डन वीवी सुंदर शास्त्री एवं अभिषेक जायसवाल डिप्टी डिवीजनल वार्डन ने चार्जिंग बिंदु का इंतजाम किया है। पांडेय हवेली में लगाए गए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स पर श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल चार्ज किए। इस मौके पर डिप्टी चीफ वार्डन अविनाश अग्रवाल, विवेक कुमार भूपेंद्र सहल ,अरुण कुमार गुप्ता आदि रहे।

15 फरवरी से शुरू होगा एनसीओई में प्रशिक्षण
सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में नव निर्मित नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस (एनसीओई) में इस माह प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। खेल विभाग को एमओयू की प्रति दो माह पहले भेज दी गई थी। 15 फरवरी तक एमओयू के बाद खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। 

प्रभारी शुभांशु द्विवेदी ने बताया कि हस्तांतरण में हो रही देरी की वजह से मुख्यालय की ओर से नियुक्त कोच वाराणसी के अलग-अलग सेंटरों पर प्रशिक्षण दे रहे हैं। साई और खेल विभाग में एमओयू होने के बाद दूसरे सेंटरों में प्रशिक्षण दे रहे साई कोच एनसीओई में प्रशिक्षण देने के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। 

प्रशिक्षण विभाग के निदेशक ओंकार नाथ यादव की ओर से नियुक्त तीन कोच दो सप्ताह पहले ही पहुंच गए हैं। प्रभारी ने बताया कि यहां तलवारबाजी की सुविधा और खिलाड़ी दोनों नहीं है। एमओयू होने के बाद सेंटर में चारों खेल के प्रशिक्षण शुरू हो जाएंगे। फिलहाल मुक्केबाजी कोच बीएचयू सेंटर पर जबकि कुश्ती कोच निवेदिता साई सेंटर में प्रशिक्षण दे रहे हैं।

अग्निवीर वायु सेना भर्ती : अब 2 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन
अग्निवीर वायु सेना भर्ती के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाकर अब 02 फरवरी तक कर दी गई है। पहले अंतिम तिथि 27 जनवरी थी। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए 550 रुपये प्लस जीएसटी का शुल्क भुगतान करना होगा। फीस का भुगतान ऑनलाइन मोड में होगा।

सेना भर्ती बोर्ड के अनुसार, आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित, फिजिक्स और इंग्लिश विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास होना चाहिए। साथ ही 2 वर्षीय वोकेशनल कोर्स, 3 वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा पास होना आवश्यक है। वहीं, साइंस स्ट्रीम के अलावा अन्य स्ट्रीम के भी अभ्यर्थी अप्लाई कर सकते हैं। 

प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी को बने प्रबंधन समिति के अध्यक्ष
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली ने बीएचयू के प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी को डॉ. रामजी मेहता आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, बिहार के प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नामित किया। वह तीन वर्ष तक अध्यक्ष रहेंगे। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रो. त्रिपाठी को शिक्षा मंत्रालय ने धारवाड़, कर्नाटक में तीन वर्षों के लिए मानद प्रोफेसर नियुक्त किया था।

वह कई विश्वविद्यालयों के सलाहकार मंडल, कार्य-परिषद् के सदस्य, निरीक्षण मंडल के अध्यक्ष भी हैं। प्रो. त्रिपाठी ने प्रायोगिक विज्ञान के विषयों पर दो पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप और 10 छात्रों को पीएचडी कराई है। 2013 में महर्षि बादरायण राष्ट्रपति सम्मान इन्हें मिल चुका है। 70 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिसर्च पेपर भी प्रकाशित हो चुके हैं। 

खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए बांटे गए ट्रैक सूट
खेल के प्रति खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार को नागेपुर गांव के खेल मैदान में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को एक संस्था की ओर से ट्रैक सूट दिया गया। संस्था की ऋतु पटवारी ने बताया कि कई वर्षों से खेल और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह पटेल, मुकेश सिंह मौजूद रहे।

अप्रेंटिसशिप मेले में 7 विद्यार्थियों का चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में शुक्रवार को अप्रेंटिसशिप मेले में बिजली विभाग ने 7 विद्यार्थियों का चयन किया। मेले में 150 अप्रेंटिस की वैकेंसी थी और 87 अभ्यर्थी इसमें शामिल हुए। मेले में केवल आईटीआई में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को ही शामिल किया गया। 

प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि समय-समय पर अप्रेंटिसशिप मेला कराया जाता है। जिन बच्चों का सलेक्शन नहीं हुआ है वह परेशान न हो। जल्द ही आयोजन होगा। इस मौके पर राजेंद्र राणा, मनोज कुमार, सुनील कुमार, हेमंत कुमार, अशोक कुमार उपाध्याय मौजूद रहे।

एएफआई ने प्रो. टी ओनिमा रेड्डी को आईटीओ बनाया
बीएचयू की प्रो. टी ओनिमा रेड्डी 38वें राष्ट्रीय खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में आईटीओ की भूमिका निभाएंगी। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उत्तराखंड के देहरादून में हो रही प्रतियोगिता में मैच ऑफिशियल नियुक्त किया है। प्रो. रेड्डी बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

वे आठ से 12 फरवरी तक आईटीओ की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने गत वर्ष अंतरराष्ट्रीय रेफरी के लिए कांस्य लेवल की परीक्षा पास की थी। वह यूपी की ओर से पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला एथलीट हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed