फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi in one click Akhilesh and Owaisi not appear court Gyanvapi case

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरेंः ज्ञानवापी मामले में अखिलेश-ओवैसी नहीं हुए पेश, ट्रैवल्स संचालक गिरफ्तार

Mon, 05 Aug 2024 09:25 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 05 Aug 2024 09:25 PM IST
सार

Varanasi News: ज्ञानवापी मामले में आदेश के बावजूद अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी कोर्ट में पेश नहीं हुए। वहीं, रेल टिकट की कालाबाजार में आरपीएफ कैंट और सीआईबी की टीम ने छापा मारकर ट्रैवल्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi in one click Akhilesh and Owaisi not appear court Gyanvapi case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रेल टिकट की कालाबाजारी के मामले में सोमवार को आरपीएफ कैंट और सीआईबी की टीम ने बाबतपुर स्थित ट्रैवल्स में छापा मारकर संचालक को गिरफ्तार किया। इस दौरान उसके पास से 38 रेल ई-टिकट और आठ पर्सनल आईडी बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव ने बताया कि ट्रैवल्स संचालक सलीम अहमद अवैध तरीके से तत्काल और ई-टिकट निकालता था। ट्रैवल्स संचालक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया।

विज्ञापन


लोहता तिराहे पर बस पलटने से बची, यात्री कूद कर भागे
वाराणसी-भदोही मार्ग के चौड़ीकरण के कारण लोहता तिराहे पर सड़क की ऊंचाई ज्यादा हो गई है। सोमवार को भदोही जा रही एक प्राइवेट बस चढ़ाई पर पहुंची तो आगे बढ़ ही नहीं पाई। इसके चलते बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सभी डर गए थे कि बस पलट जाएगी। 
विज्ञापन




आनन-फानन में यात्री बस के दोनों दरवाजे और खिड़की से नीचे कूद गए। सभी यात्री नीचे उतर गए तो बस चढ़ाई चढ़ गई। संयोग अच्छा था कि घटना के दौरान एक भी यात्री घायल नहीं हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन

बहन की चचेरी ननद के अपहरण में युवक सहित तीन पर केस
शिवपुर के चमांव (शहाबुद्दीनपुर) गांव से एक किशोरी गत 22 जुलाई से लापता है। इस संबंध में किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर शिवपुर थाने में उसकी चचेरी भाभी के भाई सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

किशोरी के पिता के अनुसार, उनकी बेटी लापता हुई तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। 31 जुलाई को जानकारी हुई कि उनकी पुत्री को मुंगवार, राजातालाब निवासी विजय यादव के द्वारा अपहरण किया गया है। अपहरण में विजय यादव के अलावा उसका चाचा विनोद यादव और बहन सीता यादव भी शामिल है। पुलिस किशोरी का पता लगा रही है।

कांवड़ियों की नकदी और मोबाइल चोरी
मिर्जामुराद बाजार के समीप राधाकृष्ण मंदिर परिसर में सो रहे कावड़ियों की नकदी और मोबाइल चोरी हो गया। कोलकाता के सतीश मुखर्जी रोड निवासी पपन बटूकबेल, हरिदास व संजिव मंडल प्रयागराज से जल लेकर बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। 

रास्ते में मिर्जामुराद बाजार के समीप राधा कृष्ण मंदिर परिसर में तीनों सो गए थे। सोमवार की सुबह दो कांवड़िया शौच के लिए चले गए। उसी दौरान चोर बैग में रखे तीन मोबाइल और 2500 रुपये चुरा ले गए। भुक्तभोगी कांवड़ियों ने घटना की सूचना मिर्जामुराद थाने की पुलिस को दी।

कांवड़ियों की बाइक टकराई, किशोरी घायल
रोहनिया के दरेखू में कांवड़ियों की आरक्षित लेन में कांवड़ लेकर जा रहे दो बाइक सवार कांवड़िया आपस में टकरा गए। हादसे में एक बाइक पर पीछे बैठी भदोही के औराई क्षेत्र के बड़ागांव की ज्योति (13) घायल हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आम जनमानस को प्रेरित करें : डीएम
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किए जाने वाले कार्यक्रम और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बैठक हुई।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक घर में आजादी का अमृत महोत्सव के स्मृति चिन्ह के रूप में सुरक्षित रखे गए राष्ट्रीय झंडों को इस वर्ष पुन: 13-15 अगस्त के मध्य संचालित हर घर तिरंगा अभियान में उपयोग में लाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। 

13 से 15 अगस्त तक आम जनमानस अपने-अपने घरों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक, शैक्षणिक, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करें। बैठक में सीडीओ हिमांशु नागपाल, एडीएम सिटी आलोक वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

Special news of Varanasi in one click Akhilesh and Owaisi not appear court Gyanvapi case
बुजुर्ग किसान लालधर पटेल की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला

पिता की मौत के बाद बेटों ने कराया नेत्रदान
मिर्जामुराद के डंगहरिया गांव निवासी बुजुर्ग किसान लालधर पटेल (90 वर्ष) की सोमवार को मौत के बाद उनके बेटों ने नेत्रदान करवाया। बेटे सुरजीत और कमलेश पटेल ने पिता की मौत के बाद उनकी नेत्रदान की इच्छा को पूरी करने के लिए वाराणसी आई बैंक सोसाइटी को जानकारी दी। 

सोसायटी की टीम डॉ. अजय कुमार मौर्य के नेतृत्व में पहुंची और नेत्रदान की प्रक्रिया को पूरा किया। इस दौरान त्रिलोकी सिंह, चन्द्रबली पटेल, सत्यनारायण पटेल, शिक्षक विश्वजीत सिंह और ग्राम प्रधान यशवंत सिंह पटेल आदि ने इसकी सराहना की।

नाला सफाई के नाम पर हो रही खानापूर्ति के विरोध में धरना
नाला सफाई के नाम पर हो रही खानापूर्ति के विरोध में जोनल कार्यालय भेलूपुर पर सपा नेता अमन यादव ने धरना दिया। उनके अनुसार सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 डाफी मुख्य मार्ग पर लगभग 4 साल से जलभराव की समस्या है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जोनल कार्यालय पर धरना दिया। मौके पर आए जोनल अधिकारी ने आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान होगा। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। 

मेडिकल छात्रों ने किया नुक्कड़ नाटक
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के कौभारकृत्य विभाग (बाल रोग विभाग) की ओर से मेडिकल छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों के जन्म के बाद स्तनपान की अहमियत बताई। 

आईएमएस के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने कहा कि नवजात बच्चे को मां का दूध कई बीमारियों से बचाता है। संकाय प्रमुख प्रो. पीके गोस्वामी ने स्तनपान के लाभ के बारे में बताया। कार्यक्रम में आयोजन अध्यक्ष डॉ. पीएस उपाध्याय, डॉ. अरुण कुमार दिवेदी, प्रो. पीएस व्याडगी, प्रो. केएन सिंह, डॉ. आरएन तिवारी, डॉ. कल्पना पाटनी आदि मौजूद रहे। 

विपत्ति तब आती है, जब सुमिरन भजन नहीं होता...
काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में सावन में नौ दिवसीय संगीतमय श्री रामकथा में सोमवार को कथावाचक कालरात्रि पीठाधीश्वर अखिल दास महाराज ने हरि भजन का मर्म समझाया। 

कहा कि मनुष्य पर विपत्ति तब आती है जब वह सुमिरन भजन से दूर हो जाता है। हमें मोह-माया, लोभ और विलासिता से दूर रहकर ईश्वर की आराधना करनी चाहिए। जब तक प्रभु के श्रीचरणों की भक्ति में लीन नहीं होंगे, उनका दर्शन मुश्किल है। 

भगवान तर्क का विषय नहीं, समर्पण का विषय हैं। प्रभु की कभी परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। जीवन में भक्ति के साथ विवेक बहुत जरूरी है। साधना और संकल्प को गुप्त रखना चाहिए। यह छिपाने से बढ़ता है, बताने से घटता है। सत्संग को बताने से पुण्य मिलता है। वह चिंतन ही क्या, जो भगवान से न मिला दे। 

संगीतमय भजन से श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान मेरे भोले शंकर दयालु से बढ़कर दूसरा कोई दानी नहीं, एक लोटा पानी चढ़ा दो, लाभ छोड़ हानि नहीं, हमारे प्रभु में छल कपट की निशानी नहीं...। भजन पर भक्त झूमते रहे। उन्होंने कथा के साथ समस्याओं के समाधान के लिए कल्याणकारी मंत्र भी बताए। आरती के बाद भक्तजनों को प्रसाद का वितरण किया गया।

कैंट स्टेश के प्लेटफाॅर्म-5 के शेड खोले गए, शिफ्ट हुए पेयजल बूथ
कैंट स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या पांच पर काम शुरू हो गया है। सोमवार को प्लेटफॉर्म के शेड खोले गए। पेयजल बूथ, खाद्य स्टाल, शौचालय समेत अन्य यूटिलिटी शिफ्ट की गई। एडीआरएम लालजी चौधरी और स्टेशन डायरेक्टर गौरव दीक्षित ने कार्यों का जायजा लिया।

यार्ड रीमॉडलिंग को विस्तार देते हुए प्लेटफाॅर्म संख्या पांच की चौड़ाई लगभग तीन मीटर कम करके नई पटरी बिछाई जाएगी। पिछले पांच दिनों से यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम तेजी से चल रहा है।

यात्री हाॅल में पानी के पैकेट रखने पर दो हिरासत में
कैंट स्टेशन के तीसरे यात्री हाॅल में सोमवार दोपहर अनधिकृत रूप से ट्रॉली से रेल नीर की पेटी रखने पर दो ट्रॉली चालकों को आरपीएफ ने हिरासत में लिया। सावन के तीसरे सोमवार पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के दौरान ट्रॉली पर बोतलबंद पानी लेकर यात्री हाॅल में घुसने पर दोनों ट्रॉली चालकों को वाणिज्य निरीक्षक धनंजय कुमार ने पकड़ा और आरपीएफ को सौंपा।

रामनगर की प्रसिद्ध रासलीला शुरू
मथुरा वृंदावन की रास मंडली द्वारा मंचित की जाने वाली रामनगर की रासलीला मंगलवार से शुरू हो रही है। रामनगर किले की ओर से आयोजित की जाने वाली रासलीला की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हालांकि रामनगर की रासलीला का कैनवास रामलीला जितना बड़ा तो नहीं है लेकिन रासलीला का भी अपना इतिहास है। इसका अपना दर्शक समूह है जो इसे विशिष्ट बनाता है।

पी एन कालेज के सामने बाऊ साहब के बगीचे में होने वाली इस रासलीला का आयोजन रामनगर किला करता है। यह रासलीला इसलिए खास होती है कि इसे मथुरा वृंदावन की रास मंडली द्वारा मंचित किया जाता है। पूरी तरह ब्रज भाषा में मंचित होने वाली यह रासलीला पूरे 15 दिन चलती है। 

रासमंडली किले के निर्देश पर प्रतिदिन होने वाली रासलीला का क्रम तैयार करती है और फिर उसे मंचित करती है। रासलीला के पहले दिन मथुरा के चौबे ब्राह्मणों को काशीराज परिवार के अनंत नारायण सिंह भोज कराते हैं। इसे चौबे भोज कहा जाता है। 

इन ब्राह्मणों की अगुवाई मथुरा के ही नंद लाल देवकीनंदन चौबे करते हैं। वह चार दिन पहले ही रामनगर आ चुके हैं। यह रासलीला पक्के मंच पर आयोजित की जाती है।अनंत नारायण सिंह समेत राज परिवार के अन्य सदस्य भी प्रतिदिन रासलीला देखने पहुंचते हैं।

शिकायतों का करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
डीएम एस. राजलिंगम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। अफसरों को निर्देश दिए कि जो भी जन सुनवाई के दौरान समस्याएं आ रही हैं, उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समय से कराएं। 

बनारस और सिटी पर हुआ पौधरोपण
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में सोमवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बनारस और सिटी स्टेशन पर पौधरोपण हुआ। डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने बताया कि मंडल में पिछले एक सप्ताह के अंदर 3000 पौधे रोपे गए। वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन ने बताया कि जामुन, आम, बेल, पाकड़, पीपल आदि फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। 

एशियाई कराटे चैंपियनशिप में खेलेंगे काशी के शिवेश
कराटे खिलाड़ी शिवेश शर्मा अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में खेलेंगे। एशियाई चैंपियनशिप में खेलने से पहले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर दिल्ली में हुआ। तीन दिन तक प्रशिक्षण के बाद वाराणसी पहुंचे खिलाड़ी का स्वागत सामने घाट के कराटे एकेडमी में हुआ। 

कोच अरविंद यादव ने बताया कि भारतीय कराटे संघ की ओर से राष्ट्रीय शिविर 30 जुलाई से एक अगस्त तक लगाया गया था। एशियाई कराटे चैंपियनशिप 23 से 25 अगस्त तक फिलीपींस में है। बताया इसमें चयनित होने वालों में शिवेश शर्मा पहले खिलाड़ी हैं। 

बड़ालालपुर के खुशहाल नगर निवासी शिवेश ने भूटान में एशियन कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। अब वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रोज तीन घंटे अभ्यास कर रहे हैं। कोच की देखरेख में सुबह एक घंटा और शाम को दो घंटे अभ्यास करते हैं।

आईएमएस बीएचयू के छात्रों ने गोद लिए गांव में लगाया शिविर
आईएमएस बीएचयू के मेडिकल छात्र टिकरी गांव में रहने वाले लोगों के सेहत की निगरानी कर रहे हैं। सोमवार को सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से शिविर लगाकर 500 लोगों की जांच की गई।

टिकरी के सामुदायिक चिकित्सा केंद्र पर लगे शिविर का उद्घाटन आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने की। कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य की प्रतिबद्धता हम सभी की जिम्मेदारी है। विभागाध्यक्ष प्रो. रविशंकर ने बताया कि करीब 500 लोगों की जांच की गई। इस दौरान पूर्व प्रधान सुशील सिंह, डॉ. अरुण दुबे, डॉ. मनुषी श्रीवास्तव, डॉ. संगीता कंसल, डॉ. हरी शंकर और डॉ. सुनील कुमार ने सहयोग दिया। 

शिवभक्तों को सपा ने बांटी लस्सी
सपा ने सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्तों को लस्सी बांटी गई। सपा नेता लक्ष्मीकांत मिश्रा की अगुवाई में बांसफाटक पर शिवभक्तों की सेवा की गई। 1100 किलो दही की लस्सी बनवाकर शिवभक्तों को बांटी गई। सेवा करने वालों में आदिति, आदेश, विष्णु शर्मा, रमेश प्रसाद, विजय यादव रहे। 

गंगा में नौकायन पर प्रतिबंध, क्रूज पर रोक नहीं
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नौकायन पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि क्रूजों के संचालन पर रोक नहीं लगाई गई है। एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक ने नाविक समाज के अध्यक्ष प्रमोद मांझी और अन्य संभ्रांत लोगों से बातचीत की।

आपसी सहमति के आधार पर यह तय किया गया कि पर्यटकों और नाविकों की सुरक्षा को देखते हुए अगले आदेश तक गंगा में नौकायन पर प्रतिबंध रहेगा। एसीपी दशाश्वमेध ने जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश यादव को गंगा में निगरानी को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

काशी में गंगा का बढ़ाव दिनोंदिन जारी है। इसको लेकर मणिकर्णिका घाट में दाह संस्कार का स्थल भी बदल गया है। सीढ़ियों से ऊपर खिसकर दाह संस्कार किए जा रहे हैं।

Special news of Varanasi in one click Akhilesh and Owaisi not appear court Gyanvapi case
Varanasi court - फोटो : अमर उजाला
ज्ञानवापी मामले में अखिलेश और ओवैसी कोर्ट में नहीं हुए पेश
ज्ञानवापी मामले को लेकर वाराणसी कोर्ट में सुनवाई हुई। सपा नेता अखिलेश यादव और एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी को कोर्ट ने हाजिर होने का निर्देश दिया था। वादी हरिशंकर पांडेय ने अखिलेश और ओवैसी सहित करीब 2000 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।

अखिलेश के अधिवक्ता अनुज यादव और ओवैसी के अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने कोर्ट में पूरे मामले को बेबुनियाद बताया। 

अधिवक्ता पर मुकदमा दर्ज होने से गुस्साए वकीलों ने किया प्रदर्शन
पिंडरा तहसील के एक अधिवक्ता पर मुकदमा दर्ज होने से नाराज वकीलों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। इसके साथ ही पिंडरा तहसील के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके चलते कई अधिकारियों की गाड़ी बाहर ही खड़ी रही। अधिवक्ताओं का प्रदर्शन पूरे दिन चला।

तहसील बार एसोसिएशन, पिंडरा के सदस्य व फूलपुर निवासी अधिवक्ता योगेंद्र चौरसिया के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे नाराज उनके साथी अधिवक्ताओं ने सोमवार की सुबह आपात बैठक कर मुकदमा खारिज होने तक धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। 

इस संबंध में एसडीएम पिंडरा को पत्रक देकर तहसील के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर अधिवक्ता धरने पर बैठ गए। इस बाबत तहसील बार एसोसिएशन, पिंडरा के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन सिंह ने कहा कि यदि वकील पर फर्जी मुकदमा हो सकता है तो पुलिस पर भी वकील मुकदमा कर सकते हैं। 

धरने पर बैठे अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक मुकदमा वापस नही होगा तब तक आंदोलन चलेगा। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि एसीपी पिंडरा के साथ वकीलों की बैठक होगी। प्रदर्शन करने वालों में तहसील बार एसोसिएशन, पिंडरा के अध्यक्ष उदयनाथ भारती, महामंत्री चंद्रभान सिंह, पूर्व अध्यक्ष श्रीनाथ गोड़, राजेश कुमार सिंह, विजयशंकर सिंह, जवाहरलाल वर्मा, पंधारी यादव, अरुण दूबे, अशोक कुमार, संतोष सिंह, रमाशंकर, बिंदू सोनकर, अश्वनी राजपूत, अमर सिंह यादव, दिनेश यादव समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।

पैसे के लेनदेन के मामले में चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर मिर्जापुर के कछवा थाना के केवटावीर के प्रवीण कुमार की तहरीर पर बेलवा गांव निवासी रामलाल व चंदन बिंद और सकलपुर के विजय कुमार बिंद, गुड़िया की वंदना बिंद के खिलाफ कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वादी का आरोप है कि आरोपी उसके रिश्तेदार हैं। उन्होंने उनसे पांच लाख 36 हजार 668 रुपये लिए थे। अब पैसा वापस मांगने पर सभी जान से मारने की धमकी देते हैं।

पति ने पत्नी को पीटा, मुकदमा दर्ज
सेवापुरी के बरकी पकड़ीतर की रहने वाली संजू देवी ने कपसेठी थाने की पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि पति रोहित बिंद द्वारा आए दिन शराब पीकर गालीगलौज और मारपीट की जाती है। सोमवार को भी पति शराब पीकर घर आए और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस पति रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।

नशे में धुत बाइक सवार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर
रोहनिया के सुईचक गांव के सामने मोहनसराय-गंगापुर मार्ग पर सोमवार को शराब के नशे में धुत बाइक सवार ने गलत दिशा में जाकर सामने से आ रहे स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में मोहनसराय निवासी नितेश गुप्ता घायल हो गए और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल नितेश गुप्ता को बगल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, नशे में धुत व्यक्ति मौके पर अपनी बाइक छोड़कर भाग गया।

छात्रा का मोबाइल छीन कर भाग निकले
रोहनिया के केशरीपुर के पास पेट्रोल टंकी के समीप एमए की छात्रा तारा पाल का मोबाइल बाइक सवार दो बदमाश छीन लिए। छात्रा तारा ने बताया कि वह अपने गांव केशरीपुर से पंचायत भवन जा रही थी। उसी समय बाइक बाइक सवार दो बदमाश उसके चेहरे पर हाथ से वार करके उसका मोबाइल छीनकर भाग गए थे। पीड़िता ने बताया कि पेट्रोल पंप के सीसी कैमरे में घटना कैद है। घटना के संबंध में रोहनिया थाने की पुलिस को तहरीर दी गई है।

गायब बैग पाकर महिला पर्यटक हुई खुश
बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने आई एक महिला पर्यटक का बैग सारनाथ क्षेत्र स्थित होटल पहुंचने पर उन्हें नहीं मिला। बैग गायब होने की सूचना महिला पर्यटक ने आशापुर पुलिस चौकी पर दी। उप निरीक्षक महेश मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैग को बरामद कर लिया। 

दिल्ली की स्मिता दत्ता दो दिन से सारनाथ क्षेत्र के मवैया स्थित एक होटल में रुकी थी। सोमवार की शाम वह विश्वनाथ धाम का दर्शन कर होटल आईं। जब ऑटो से उतरी तो उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और लगभग पांच घंटे में सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से रात 9.30 बजे ऑटो को चिह्नित की। 

पुलिस चालक कल्लू को पांडेयपुर से लाकर महिला पर्यटक से उसकी पहचान कराई। इस ऑटो चालक ने महिला पर्यटक का बैग वापस किया। बैग में आईफोन सहित नकदी भी थी। अपना बैग सकुशल पाकर महिला पर्यटक ने पुलिस का आभार जताया।

जमीन विवाद में चली लाठी, छह घायल
चोलापुर के गोसाईपुर मोहांव (रूपापुर) गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी चली। गांव की मौर्य बस्ती में एक पक्ष अपने मकान का छज्जा निकाल रहा था। दूसरा पक्ष इसका विरोध करने लगा। इसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष के रामसेवक मौर्य, रामशबद मौर्य, अजय, अमित मौर्य, सुशीला मौर्य और रानी मौर्य को चोट लगी है। घटना के संबंध में चोलापुर थाने में तहरीर दी गई है।

तीन लड़कियाें को आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन को सौंपा
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या नौ से तीन लड़कियों को आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन को सौंपा। तीनों लड़कियां बिना बताए घर से कैंट रेलवे स्टेशन घूमने पहुंची थीं। कैंट आरपीएफ निरीक्षक संदीप कुमार यादव ने बताया कि तीनों लड़कियां नदेसर और बजरडीहा क्षेत्र की रहने वाली हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed