एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : ससुर सहित 6 नामजद और 25 अज्ञात पर FIR, बनारस से चलेंगी तीन विशेष ट्रेनें
Varanasi News : वाराणसी में भेलूपुर थाने में ससुर सहित छह नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है, वहीं, महाकुंभ मेला को लेकर स्पेशल ट्रेनों का संचालन और फेरों में बढ़ोतरी की जा रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें..
विस्तार
बृज एंक्लेव, सुंदरपुर निवासी डॉ. रवि रंजन ने भेलूपुर थाने में ससुर सहित छह नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। डॉक्टर के अनुसार, आरोपी उन्हें मारपीट कर घर से पांच लाख रुपये, सोने की दो चेन, तीन घड़ी, मोबाइल फोन, इंटरनेट राउटर, डीवीआर और मॉनिटर उठा ले गए हैं।
डॉ. रवि रंजन ने बताया कि व्यक्तिगत कारणों के चलते उनकी पत्नी सुगंध सिंह साथ नहीं रहती हैं। शुक्रवार शाम छावनी के होटल में कॉन्फ्रेंस में गए थे। उनके स्टाफ अजीत ने उन्हें फोन किया। बताया कि घर पर उनके ससुर देवी शंकर सिंह, पत्नी का भाई, आदर्श हॉस्पिटल के डॉ. अनुराग सिंह ने 100 नकाबपोश के साथ हमला कर दिया।
उधर, न्यू कॉलोनी पटिया की रहने वाली सुगंध सिंह ने पति डॉ. रवि रंजन शर्मा सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अन्य दो आरोपियों में डॉक्टर के पिता अमरेंद्र शर्मा और उसके भाई राजीव रंजन हैं। सुगंध सिंह ने बताया कि लंका के एंब्रोशिया अपार्टमेंट में रहने वाले डॉ. रवि रंजन शर्मा से उनका विवाह दिसंबर 2022 में हुआ था।
मारपीट और फायरिंग के मामले में चार हिरासत में
बड़ालालपुर, खुशहाल नगर के जेएनएम कॉलेज के बीए थर्ड ईयर के छात्र अक्षय कुमार सिंह पर मनबढ़ युवकों ने शुक्रवार को हाॅकी-रॉड से हमला किया था। एक राउंड फायरिंग भी की थी। इस मामले में शिवपुर थाने की पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस चारों से नामजद आरोपी आयुष सिंह के बारे में पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष शिवपुर ने बताया कि जल्द खुलासा किया जाएगा।
सेल्समैन ने फर्म के 3.76 लाख रुपये का गबन किया
लालपुर पांडेयपुर थाने में तहरीर देकर एक प्रोपराइटर ने अपनी फर्म के सेल्समैन पर 3,76,864 रुपये के गबन का आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। संजय नगर कॉलोनी, रमदत्तपुर की मोनिका सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी फर्म सर्जिकल और दवाओं के थोक व्यापार से संबंधित है। फर्म में संजय नगर कॉलोनी का प्रतीक जायसवाल सितंबर 2022 से बतौर सेल्समैन कार्यरत था। उसने फर्म के 3,76,864 रुपये बाजार से एकत्रित कर गबन कर लिया।
मकान में चोरी, महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
बंद मकान में चोरी करने के पांच आरोपियों को मंडुवाडीह पुलिस ने पहाड़ी के पास और सदलपुर लठिया से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की टीवी, सेटअप ऑक्स, इन्वर्टर, होम थियेटर समेत अन्य चोरी के उपकरण बरामद हुए। इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों में रोहित गिरी, भोला पटेल, विशाल कुमार भारती, सुमन गिरी निवासी लठिया और सदलपुर निवासी अनिल पटेल हैं। आरोपियों ने श्रीकंठपुरी कॉलोनी में बंद मकान से चोरी की थी।
फ्लाईओवर के नीचे पेंटिंग कराएं, पाथवे में बेंच लगवाएं
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शनिवार को शहर के अलग-अलग चौराहे और सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे स्मार्ट सिटी के तहत आशापुर चौराहे से लेकर हवेलिया चौराहा से पूर्व तक दाहिनी तरफ ग्रीन फील्ड एरिया डेवलप करने के निर्देश दिए। पाथवे के किनारे बैठने के लिए बेंच लगवाने, पाथवे विकसित किए जाने, फूड स्ट्रीट सुनियोजित स्थल बनाए जाने को कहा।
चौराहा सुधाकर महिला कॉलेज के पास फ्लाईओवर के नीचे पूरे एरिया में सीलिंग, पिलर पर पेंटिंग का कार्य कराए जाने, लटके हुए तार को हटाते हुए व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए। साथ ही लाइट को चालू कराने, रेलिंग की सफाई कराने और धंसी इंटरलॉकिंग ठीक कराने के निर्देश दिए।
पांडेयपुर फ्लाईओवर पुलिस लाइन के पास से नीचे पिलर की पेंटिंग, सीलिंग की पेंटिंग, वायर ठीक कराने कहा। हनुमान मंदिर के पास फ्लाईओवर के नीचे सीलिंग और पिलर की पेंटिंग, लटके तार व्यवस्थित करने और लाइट ठीक कराने को कहा। पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर के नीचे से सुधाकर महिला कॉलेज तक फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
एआई तकनीक के प्रयोग की दी जानकारी
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के वाराणसी शाखा का तीन दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सर्टिफिकेट कोर्स का समापन हो गया। पांडेयपुर प्रेमचंद्र नगर कॉलोनी के शाखा भवन में मुख्य वक्ता हैदराबाद के डॉ. सौरभ माहेश्वरी ने कहा कि अपने कामकाज में भी चाटर्ड एकाउंटेंट एआई तकनीक का लाभ ले सकते हैं।
सीनियर डीसीएम को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के सीनियर डीसीएम शेख रहमान को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से नवाजा है। नई दिल्ली भारत मंडपम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक और सीनियर डीसीएम समेत चार अधिकारियों और अन्य मंडलों के 101 कर्मचारियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दीनदयाल अस्पताल में दलालों के खिलाफ अभियान
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में सुबह दलालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। अस्पताल प्रशासन और पुलिस चौकी टीम ने ओपीडी, वाहन स्टैंड, मुख्य गेट, ट्रॉमा सेंटर, जांच घर समेत अन्य कई स्थानों पर छापा मारा। हालांकि, टीम को सफलता नहीं मिली। सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
एक्सपर्ट बच्चों के मन से दूर करेंगे परीक्षा का डर
बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही है। अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। लेकिन अक्सर देखा गया है कि बच्चों को किसी न किसी विषय से डर लगता है, ये डर कई बार बच्चों में डिप्रेशन का रूप ले लेता है। इस परेशानी को हल करने के लिए इस बार मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र ने हेल्प डेस्क का गठन किया है। जिसमें हर विषय के एक्सपर्ट शामिल होंगे।
नई शिक्षा नीति के आयाम पूरा करेगा सामुदायिक विज्ञान
बीएचयू महिला महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में सामुदायिक विज्ञान पर हुई संगोष्ठी में इसके योगदान पर चर्चा हुई। समारोह में शनिवार को मुख्य अतिथि जेडी बिरला संस्थान कोलकाता की प्राचार्या प्रो. दीपाली सिंघी ने कहा कि सामुदायिक विज्ञान की सभी शाखाएं नई शिक्षा नीति के कई आयामों को पूरा करने में सक्षम हैं। बीएचयू कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि जब तक हमारे देश की आधी आबादी शिक्षित, समर्थ नहीं होगी तब तक महिला सशक्तीकरण की बात नहीं कर सकते।
जीनोमिक्स से गंभीर बीमारियों का होगा इलाज
बीएचयू सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर में हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वस्थ भारत में जीनोमिक्स की भूमिका पर चर्चा की। कोऑर्डिनेटर डाॅ. अख्तर अली ने कहा कि जीनोमिक्स गंभीर बीमारियों के निदान और उपचार में मददगार साबित होगा। साथ ही यह स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त भी बनाएगा।
डाॅल्फिन के संरक्षण के लिए किया प्रेरित
वन प्रभाग की ओर से काशी रेंज के डाॅल्फिन प्वाइंट ग्राम डाका में शनिवार को ‘’डाल्फिन मित्र’’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति श्रीवास्तव, डब्ल्यूटीआई के सलाहकार जीबी सिंह रहे। डॉल्फिन मित्रों को प्रशिक्षण के दौरान डब्ल्यूटीआई के सलाहकार जीबी सिंह और टीएसए टीम ने डॉल्फिन के प्राकृतिक आवास, रहन-सहन,परेशानियों की जानकारी दी। बचाव और उद्धार के बारे में भी बताया।
सपाइयों ने की गृहमंत्री को हटाने की मांग
सपा नेताओं ने गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा वरुणा पुल से कचहरी आंबेडकर स्मारक पार्क तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर गृहमंत्री को हटाने की मांग की। सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल ने कहा कि संसद में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा भारत रत्न बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इससे पिछडे़, दलित, वंचित एवं शोषित जनमानस को गहरा आघात पहुंचा है।
छात्रों ने प्रशासनिक भवन पर बंद किया ताला
विद्यापीठ में छात्रों ने पंत प्रशासनिक भवन पर तालाबंदी कर गेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में सम्मिलित होने के बावजूद हमें कई सब्जेक्ट में अनुपस्थित दिखाया गया है और नंबर भी कम दिए गए हैं। प्रदर्शन और तालाबंदी की सूचना पर मौके पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर केके सिंह ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। वहीं छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के अनुरोध पर तीन घंटे बाद ताला खोला।
ट्रेनों में दिखेगा लाइन बॉक्स मिलेगा ट्रॉली से छुटकारा
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के गार्ड अब ट्रॉली बैग के बजाय फिर से लाइन बाॅक्स लेकर चलेंगे। इससे 28 माह बाद ट्रेनों में फिर से लाइन बाॅक्स नजर आएंगे। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक की ओर से इस आशय का पत्र सभी गार्डों के लिए जारी कर दिया है।
लाइन बॉक्स की लोडिंग और अनलोडिंग संबंधी प्रक्रिया शुरू हो गई है। कैंट, बनारस, वाराणसी सिटी, मऊ, बलिया, छपरा, गोरखपुर आदि स्टेशन निदेशक, स्टेशन मास्टर समेत अन्य को पत्र भेजते हुए निर्देशित किया है। रेलवे बोर्ड के आदेश पर पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में लाइन बॉक्स के बजाय 169 गार्ड ट्रॉली बैग साथ लेकर चल रहे थे। एक अगस्त 2022 से लाइन बॉक्स को हटाते हुए ट्रॉली बैग से सभी गार्डों को लैस कर दिया था। हालांकि, ट्रॉली बैग छोटा होने के कारण बहुत सी चीजें आ नहीं पा रही थीं।
ट्रॉली बैग लेकर वह ट्रेनों में चढ़ने पर उसकी सुरक्षा करना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। इसे देखते हुए रेल यूनियनों ने रेलवे बोर्ड तक इस मुद्दे को उठाया था। कई बार ट्रॉली बैग को हटाकर फिर से लोहे के लाइन बॉक्स उपलब्ध कराने की मांग की थी। उधर, गार्डों ने बताया कि पुराने लाइन बॉक्स को डिस्पोजल करने के कारण अब लोहे के नए बॉक्स बनवाए जाएंगे।
मानसिक शांति, आंतरिक संतुलन और एकाग्रता जीवन में बहुत जरूरी
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय अस्पताल सभागार में ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। ब्रह्म कुमारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसिक शांति, आंतरिक संतुलन और एकाग्रता के महत्व के बारे में बताया।
कहा कि ध्यान न केवल मानसिक शांति देता है, बल्कि यह जीवन में संतुलन, ऊर्जा और कार्यस्थल पर उत्पादकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन है। ध्यान से मन और शरीर का सामंजस्य स्थापित होता है, जो न केवल व्यक्तिगत जीवन को समृद्ध करता है बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक दिशा देता है। प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने भी अपने विचार साझा किए।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार मौर्या, डॉ. विजय दुर्गा, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक नर्सिंग अधिकारी गीता कुमारी, ब्रह्माकुमारी चंदा, इरशाद, लोकपति शुक्ला, अमित दुबे, आरती आदि रहीं।
कलयुग का आधार है रामचरितमानस
कथावाचक सुधीरानंद महाराज ने कहा कि कलयुग में गोस्वामी तुलसीदास रचित श्रीरामचरितमानस सिर्फ एक पोथी या ग्रंथ नहीं है। यह भगवान शंकर के मुखारविंद से निकला उनके मानस पटल पर विद्यमान भगवान राम का वह चरित्र है जिसे गोस्वामी तुलसीदास ने शब्दों में पिरोया है। यह शब्द चिंतामणि गणेश मंदिर में राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता सुधीरानंद महाराज ने कहे।
वह शनिवार को चिंतामणि गणेश मंदिर के पूर्व महंत चल्ला कृष्ण शास्त्री महाराज की स्मृति में सप्त दिवसीय श्रीराम कथा का वर्णन कर रहे हैं। कथा के छठवें दिन सुधीरानंद महाराज ने कहा कि कलियुग में श्रीरामचरितमानस वह जहाज है जिसमें बैठकर हम जीवन रूपी शरीर को पार कर भगवान के चरणों में रति लगा सकते हैं। श्रीरामचरितमानस में मानव की हर समस्या का समाधान है। जो भी इसमें लिखी बातों को जीवन में उतारेगा, उसके घर में रामराज अपने आप चला आएगा। कलयुग का आधार है श्री रामचरितमानस। कथा के अंत में पोथी की आरती कर भक्तों में प्रसाद बांटा।
कुचिपुड़ी से किया भगवान शिव को नमन
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित वरुणा संध्या में कुचिपुड़ी नृत्य की प्रस्तुति हुई। नेहरू पार्क में विजयवाड़ा के प्रसिद्ध कुचीपुड़ी नृत्य निर्देशक कलारत्ना के वी सत्यनारायण की शिष्या अक्षरा कोना नृत्य ने पहली प्रस्तुति गणपति... से की।
इसके बाद कालभैरवाष्टकम... पर नृत्य प्रस्तुत किया। अगली प्रस्तुति त्रिमाता और अंत में शिवतांडव से माहौल को शिवमय कर दिया। कलाकारों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न अजय गुप्ता ने दिया। धन्यवाद ज्ञापन छावनी परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया।
मानस हमें सद् व्यवहार और गीता संस्कार सिखाती है
श्रीबनखंडी साधुबेला के आठवें पीठाधीश्वर परिव्राजकाचार्य हरिनामदास महाराज का 144वां जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। तीन दिवसीय उत्सव भदैनी स्थित श्रीबनखंडी महादेव साधुबेला आश्रम में होगा। पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास महाराज उदासीन के निर्देशन में महोत्सव की शुरुआत 23 दिसंबर की सुबह नौ बजे से श्रीमद्भागवत गीता पाठ के साथ होगी।
24 दिसंबर को अखंड रामचरित मानस परायण शुरू होगा जो 25 दिसंबर की सुबह विश्राम लेगा। महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 12 बजे बनखंडी महादेव मंदिर परिसर में भंडारा होगा। पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास महाराज उदासीन ने शनिवार को संध्या प्रवचन में कहा कि जो जीवन में मानस और गीता को उतार लेगा, वही सही मायने में जीवन के अर्थ को समझ पाएगा।
कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा
अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के 31वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक शनिवार को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम में हुई। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव की घोषणा की गई। महिला सभा व युवा सभा की प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव की रिपोर्ट पेश की गई। दिल्ली में बन रहे छात्रावास, चौरसिया मंडप के धन संजय पर चर्चा हुई। अध्यक्षता अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया ने की। संचालन राष्ट्रीय महासचिव सुधीर चौरसिया व धन्यवाद ज्ञापन टीएन चौरसिया ने किया।
सिलाई-कढ़ाई की आधुनिक तकनीक जानी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। 30 महिलाओं को ऑटोमेटिक सिलाई मशीन से आधुनिक सिलाई-कढ़ाई तकनीक की जानकारी दी। संकाय की डीन प्रो वृंदा परांजपे ने कहा कि आज की महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे जा रही है। केंद्र समन्वयक प्रो. आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि वर्कशॉप में जिन महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया, वह केंद्र से 6 माह का सिलाई प्रशिक्षण ले रही हैं। डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह, राधेश्याम गौड़, रहबर अंसारी, अनिल कुमार, रामजी आदि उपस्थित रहे।
ज्योतिष शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगाया कैंप
उदयपुर के बजरंगी लाॅन में भारतीय ज्योतिष संस्थानम ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय शैक्षणिक महोत्सव और निशुल्क ज्योतिष कैंप लगाया गया। देशभर के ज्योतिषाचार्यों ने धर्म और शिक्षा के प्रचार और ज्योतिष शिक्षा को बढ़ावा देने पर चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि संस्थान संपूर्ण भारत में ज्ञान और राष्ट्रीय एकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्यक्रम कर रहा है। डॉ. शीतल प्रसाद पांडेय, धीरज दुबे, वेद प्रकाश शर्मा, संतोष मिश्रा, अंबिकेश दुबे, सच्चिदानंद चौबे आदि मौजूद रहे।
प्रियंका अग्निहोत्री को मिला यूपीएए अवाॅर्ड
उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट एसोसिएशन की ओर से काशी की साहित्यकार प्रियंका अग्निहोत्री गीत को साहित्य के क्षेत्र में सम्मानित किया गया। लखनऊ में आयोजित 31वें अवाॅर्ड समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों सम्मानित किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विशिष्ट अतिथि मंत्री बेनी रानी मौर्या, पर्यटन मंत्री जयबीर सिंह और अवनीश अवस्थी रहे। अतिथियों ने यूपीएए के संरक्षक नितिन मिश्रा समेत बॉलीवुड की कई हस्तियों को सम्मानित किया।
सुबह ए बनारस के मंच पर सचिन ने साधे सुर
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार सचिन यादव का गायन हुआ। सचिन ने गायन की शुरुआत राग बसंत मुखारी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश तेरो मुख चंद्र...से की। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश तेरी छवि की छटा...सुनाई। समापन भजन चले रघुराई...से किया। तबले पर पंकज राय तथा संवादिनी पर रवि प्रकाश गौतम ने एवं तानपुरे पर हर्ष शुक्ला ने संगत की। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।
बीएचयू में छात्रों ने बताई गीता की महत्ता
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के उपलक्ष्य में हुई प्रतियोगिता में बीएचयू समेत महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों के छात्रों ने हिस्सा लिया। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में गीता की महत्ता बताई। कंठस्थ सस्वर गीता पाठ कनिष्ठ वर्ग प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. शत्रुघ्न त्रिपाठी, डाॅ. पवन कुमार पांडेय, डाॅ. प्रियव्रत मिश्र और वरिष्ठ वर्ग में डाॅ. शिवलोचन शांडिल्य, प्रो. सि. एस. आर. मूर्ति और दीपक शर्मा रहे।
महामना शैक्षिक दृष्टि और राष्ट्रीय शिक्षा नीति विषयक संभाषण के निर्णायक डॉ. केशरी नंदन शर्मा, प्रो. जितेंद्र परमार, प्रो. राजकुमार मिश्र, डाॅ. श्रवन कुमार शुक्ल रहे। मालवीय मिशन काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परिणाम और पुरस्कार वितरण मालवीय जयंती पर 23 दिसंबर को होगा। मालवीय मिशन महामना की जयंती पौष कृष्णपक्ष अष्टमी तिथि को मनाई जाएगी।
डॉ. अर्चना म्हस्कर ने गुनगुनाया राग भोपाली
दीन दयाल हस्तकला संकुल में वस्त्र मंत्रालय एवं सुबह ए बनारस की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गायन की प्रस्तुति हुई। डॉ. अर्चना म्हस्कर ने कार्यक्रम का आरंभ राग भोपाली में मध्य लय रूपक में बंदिश प्रथम सूरसा... से किया। उसके बाद दादरा बैरन रतिया और तत्पश्चात भजन जब जानत जानकी नाथ सहाय... सुनाया। अंत में कबीर दास जी की रचना धुन भैरवी में सइया निकास गए... से कार्यक्रम का समापन किया। तबले पर श्रीकांत मिश्रा व हारमोनियम पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन ललिता शर्मा ने किया। स्वागत गोपेश मौर्य ने किया।
गुसाईं विट्ठलनाथ के प्राकट्योत्सव पर होंगे अनुष्ठान
गुसाईं विट्ठलनाथ के 510वें प्राकट्य महोत्सव पर चार दिवसीय उत्सव 23 दिसंबर से शुरू होगा। षष्ठपीठ गोपाल मंदिर से गाजेबाजे के साथ वैष्णवजन प्रभु की पालकी यात्रा निकालकर चुनार स्थित चरणाट धाम पहुंचेगी। जहां सभी अनुष्ठान होंगे।
मंदिर के षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी श्याम मनोहर ने मंदिर परिसर में बताया कि मंदिर के युवराज प्रियेंदु बाबा के नेतृत्व में सुबह गुसाईं विट्ठलनाथ की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मंदिर की परिक्रमा के बाद चुनार के लिए रवाना होगी। वहीं पर तीन दिनों तक विविध अनुष्ठान होंगे। 24 दिसंबर को तिलक दर्शन व कीर्तन होगा। 25 दिसंबर को सुबह 10 बजे बैठकी की परिक्रमा एवं गिरीराज का दुग्धाभिषेक होगा। 26 दिसंबर को छात्र-छात्राओं को कॉपी, कलम आदि निशुल्क वितरण होगा।
42 लोगों को परिजनों को सौंपा जाएगा
सामनेघाट के अपना घर आश्रम में रह रहे 142 लोगों को उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। इनमें से कई मानसिक रूप से अस्वस्थ होने से अपना घर और अपनी पहचान भूलकर भटक रहे थे। जिनको रेस्क्यू टीम ने अपना घर आश्रम छोड़ दिया। इनमें से कई लोग सालों से यहीं रह रहे हैं। स्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि सीडीओ के निर्देश पर आयुष्मान कैंप लगाया गया, जिसके माध्यम से कई प्रभुजनों के परिवार वालों से संपर्क हो सका।
क्षेत्र में गड्ढे, गंदगी पर व्यापारी नगर निगम को देंगे जानकारी
महाकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रवर्तन प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा ने विभिन्न व्यापार मंडलों के साथ बैठक की। अपील की है कि पॉलीथिन का प्रयोग न करें और अपने आसपास सफाई बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। व्यापारियों को एक विशेष मोबाइल दिया गया। उनसे आसपास कहीं गंदगी दिखने पर शौचालयों में सफाई न दिखने पर फोटो खींचकर व्हाट्सअप करने को कहा। लोकेशन भेजने पर टीम वहां सफाई करने जाएगी। सड़क पर गड्ढे की फोटो भेजने पर टीम पैचवर्क करेगी।
इस सप्ताह तय होगा स्टेडियम का शुल्क
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने सिगरा के नवनिर्मित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। बताया कि स्टेडियम में खेल व अन्य आयोजन की बुकिंग का शुल्क एक सप्ताह में तय कर लिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह के साथ निरीक्षण कर सीडीओ ने स्टेडियम की खेल सुविधाओं, खेल मैदान में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को निर्माण में जरूरी बदलाव को तय समय पर ठीक करने को कहा।
स्टेडियम परिसर में साई छात्रावास की ओर से यूरिनल और पीने के पानी की व्यवस्था करने को कहा। पवेलियन भवन के पीछे आउटडोर खिलाड़ियों के लिए वाटर कूलर और पाथवे के बगल में पुराने शौचालय की मरम्मत कराने को कहा। बताया कि फुटबॉल, क्रिकेट ग्राउंड की बुकिंग, हॉल की बुकिंग बैंक्विट हॉल को आउटसोर्सिंग से संचालित करने के लिए न्यूनतम शुल्क जल्द तय कर लिया जाएगा। इस मौके पर स्टेडियम के निर्माण से संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।
एंडोमोट्रियोसिस का उपचार न होने पर कैंसर का खतरा
बीएचयू में तीन दिवसीय राष्ट्रीय एंडोमेट्रियोसिस सम्मेलन के दूसरे दिन महिलाओं में होने वाली बीमारी एंडोमेट्रियोसिस (माहवारी से जुड़ी बीमारी) के कारण, उपचार की तकनीक पर चर्चा हुई। इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि अगर समय से इसका उपचार न किया जाए तो कैंसर का खतरा रहता है। आज रोबोटिक्स जैसी तकनीकों से से इसका उपचार उपयोगी साबित हो रहा है।
एंडोमेट्रियोसिस सोसाइटी ऑफ इंडिया (ईएसआई) के तीन दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन बीएचयू स्त्री रोग विभागाध्यक्ष प्रो.संगीता राय के नेतृत्व में अलग-अलग सत्र आयोजित हुए। इसमें किशोरों में होने वाली बीमारी के निदान की चुनौतियों, इमेजिंग तकनीकों, और प्रबंधन रणनीतियों पर डॉ. बसाब मुखर्जी और डॉ. अपूर्व वीर शर्मा जैसे विशेषज्ञों ने प्रस्तुति दी।
साथ ही डाॅं. मिलिंद शाह ने एंडोमेट्रियोसिस में जेनेटिक्स और जीनोमिक्स की भूमिका बताई। डॉ. रमा जोशी ने यह बताया कि सौम्य एंडोमेट्रियोसिस कैसे स्त्री रोग कैंसर में परिवर्तित हो सकता है। डॉ. माला सिब्बल और डॉ. टीएलएन प्रवीण ने एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसे इमेजिंग तौर-तरीकों पर बात की।
रोबोट-सहायता प्राप्त सर्जरी का उपयोग सम्मेलन का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें लाइव डेमोंस्ट्रेशन में एंडोमेट्रियोसिस और अन्य जटिल स्थितियों के लिए इसके लाभ को प्रदर्शित किया। डॉ. रूमा सिन्हा और डॉ. रूपश्री दासगुप्ता ने बताया कि कैसे रोबोटिक्स सटीकता में सुधार करता है और प्रजनन-संरक्षण सर्जरी को सक्षम बनाता है। डॉ. सुधा सिंह, डॉ. अनुराधा खन्ना, और डॉ. रूमा सिन्हा आदि मौजूद रहे।
पंचायत में शामिल होंगे कर्मचारी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में 22 दिसंबर को लखनऊ में होने वाली बिजली पंचायत में जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उप्र के आह्वान पर होने वाली पंचायत में बिजली कर्मचारियों, अभियंताओं, संविदा कर्मियों के साथ ही किसानों और आम उपभोक्ताओं का भी आह्वान किया गया है।
पूजा-पाठ का झांसा देकर गहने लेकर भागीं 3 महिलाएं
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में तीन महिलाओं द्वारा ठगी का मामला सामने आया है। महिलाओं ने पूजा-पाठ का झांसा देकर एक महिला के गहने उतरवा लिए। इसके बाद गहने लेकर भाग गईं। कैंट थाने में तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ईश्वरजीत दूबे ने कैंट थाने की पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 18 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे तीन महिलाएं उनके घर पर चंदा मांगने के बहाने आई। उस समय घर पर उनकी पत्नी अकेली थीं।
72 करोड़ से बनेंगी शहर की आठ स्मार्ट सड़कें
72 करोड़ की लागत से शहर में आठ सड़कों का निर्माण किया जाएगा। यह सड़कें सीएम ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट शहरी स्कीम के तहत बनेंगी। इसकी निगरानी नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, विकास प्राधिकरण की टीमें करेंगी। इसके अलावा इनकी उच्च गुणवत्ता की जांच बीएचयू आईआईटी की टीम करेगी।
पहले फेज में आठ स्मार्ट सड़कों का निर्माण होना है। इसमे तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम संघ तक, सिगरा थाना से घंटी मिल तक, सिगरा चौराहे से औरंगाबाद तक, ट्राॅमा सेंटर से रविदास गेट तक, सुंदरपुर मुख्य मार्ग से चेरियन गली तक, गोलघर चौराहे से अर्दली बाजार तक, दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से संजय शिक्षा निकेतन होते हुए दीन दयाल तक तथा शुक्ला चौरा से गुरुधाम चौराहा तक इनका निर्माण किया जाएगा।
खास बात यह है कि इन सड़कों पर विद्युत तथा ओएफसी तार भूमिगत करने हेतु पाइप डक्ट डाली जाएगी। साथ ही वर्षा जल निकासी हेतु पाइप ड्रेन और जलापूर्ति हेतु भूमिगत लाइन डाली जाएगी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि ऐसा होने के बाद भविष्य में इन सड़कों की खोदाई नहीं करनी पड़ेगी।
रोडवेज की नाॅन स्टाॅप साधारण बसों में ऑनलाइन मिलेगा टिकट
जनरथ समेत एसी बसों में ऑनलाइन टिकट की तर्ज पर वाराणसी-गाजीपुर की नॉनस्टाॅप साधारण बसों में भी यात्री ऑनलाइन टिकट ले सकते हैं। वाराणसी परिक्षेत्र की ओर से पोर्टल पर यह सुविधा विकसित कराई जा रही है। यूपीएसआरटीसी की वेबसाइट पर जाकर यात्री नॉनस्टॉप बस सेवा का टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम वाराणसी परिक्षेत्र की ओर से पिछले हफ्ते वाराणसी-गाजीपुर रूट पर नॉनस्टाॅप बस सेवा शुरू की गई है। बिना कंडक्टर के यह बस सेवा संचालित है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार बिना कंडक्टर के इस नॉनस्टॉप बस सेवा का टिकट यात्री घर बैठे भी प्राप्त कर सकते हैं। पहले से टिकट की बुकिंग कराकर यात्री अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। यात्रियों की राह और आसान करेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए नॉनस्टॉप बस सेवा में ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था की जा रही है। घर बैठे भी यात्री अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। यह बस सेवा बिना कंडक्टर की है।
संविधान समाज का मार्गदर्शक, हर भारतीय का मंदिर
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विज्ञान में भारत की भूमिका पर चर्चा की गइ। मुख्य वक्ता आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश ने कहा कि भारतीय संविधान समाज का मार्गदर्शक और हर भारतीय का मंदिर है। विशिष्ट अतिथि अल-हनीफ एजुकेशनल ट्रस्ट चेयरमैन हाजी वसीम अहमद और आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ता दीनदयाल ने भी विचार रखे।
कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में एकता और सेवाभावना को प्रोत्साहित करते हैं। यह कार्यक्रम बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान निदेशक प्रो. एसवीएस राजू ने आयोजित किया था। इसमें 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संस्थान निदेशक ने कहा कि भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियां और सांस्कृतिक धरोहर हमें विश्व में अलग पहचान दिलाती हैं। आयोजन में सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर के कोऑर्डिनेटर डॉ अख़्तर अली, जयंती सिंह ने अपने विचार रखे।
प्रतिभा खोजने के लिए हुआ जीके कॉम्पटीशन
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से ऑल इंडिया जीके कॉम्पटीशन में वाराणसी समेत प्रदेश के अन्य जिलों में हजारों छात्रों ने 200 केंद्रो पर परीक्षा दी। प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल ने बताया कि प्रतिभाओं की खोज के लिए ऑल इंडिया जीके कॉम्पटीशन हुआ। नरेंद्र शर्मा, विनोद कुमार सिंह, सचिव रामजी सिंह, अभिषेक यादव, जय प्रकाश रावत आदि ने विद्यालयों का निरीक्षण किया।
ब्रह्मांड के रहस्यों पर हुई चर्चा
बीएचयू में परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई), परमाणु विज्ञान अनुसंधान बोर्ड (बीआरएनएस) उच्च ऊर्जा भौतिकी द्विवार्षिक संगोष्ठी में ब्रह्मांड विज्ञान, खगोल कण भौतिकी सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि ब्रह्मांड के गहन रहस्यों को समझने में उच्च-ऊर्जा भौतिकी उपयोगी है।
संपूर्णानंद : ऑनलाइन कोर्स में दाखिले 24 से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पाठ्यक्रम में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय 11 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नामांकन की प्रक्रिया 24 दिसंबर से शुरू करेगा। अंतिम तिथि 31 जनवरी 2025 है। दाखिले के लिए उम्र और योग्यता की कोई बाध्यता नहीं है।
ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि कक्षाओं का संचालन भी ऑनलाइन होगा। कर्मकांड डिप्लोमा, वेद, अर्चक, ज्योतिष एवं कुंडली विज्ञान, वास्तु विज्ञान, संस्कृत भाषा शिक्षण, योग, दर्शनशास्त्र, वेदांत, पालि और प्राकृत पाठ्यक्रम में 3 माह, 6 माह और एक वर्षीय दाखिला ले सकते हैं। नामांकन, प्रवेश, कक्षा, परीक्षा की सभी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी। विश्वविद्यालय वेेबसाइट www.ssvvostc.ac.in पर आवेदन किया जा सकता है।
सीसीटीवी की निगरानी में होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 23 जनवरी से होंगी। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने मंडलवार तारीखों का एलान कर दिया है। परीक्षा दो चरणों में 23 से 31 जनवरी व एक से आठ फरवरी तक होगी।
यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in से ज्यादा जानकारी ली जा सकती है। पहले चरण की परीक्षा 23 से 31 जनवरी 2025 के बीच होंगी। दूसरे चरण में मिर्जापुर, वाराणसी व गोरखपुर मंडल के जिलों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 1 से 8 फरवरी तक होंगी।
सचिव ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के बारे में आवश्यक जानकारी व परीक्षकों की नियुक्ति की सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से ली जा सकती है। प्रधानाचार्यों को परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में करानी होगी। इसकी रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाएगी।
एआई से होगी वाराणसी के 6 बेस किचन की निगरानी
कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर निजी बेस किचन और ट्रेनों में पेंट्रीकार की निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) तकनीक से होगी। इसके तहत सीसी कैमरे की निगरानी में नाश्ता, भोजन तैयार होगा। अपने कार्यालय में बैठकर आईआरसीटीसी के अधिकारी बेस किचन में तैयार हो रहे नाश्ता, भोजन को लाइव देख सकेंगे। बेस किचन में कहीं भी गंदगी, चूहे, कॉकरोच घूमते हुए या बिना वर्दी के शेफ, कर्मचारी खाना पकाते मिल गए तो अधिकारियों के पास तुरंत अलर्ट पहुंचेगा।
ऐसी व्यवस्था की गई है कि अधिकारियों के मोबाइल की घंटी स्वत: बजने लगेगी। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में यात्री भी बेस किचन में पकते हुए अपने भोजन को लाइव देख सकेंगे। आईआरसीटीसी के कलस्टर योजना के तहत कैंट स्टेशन से दूर शहर में ही छह निजी बेस किचन तैयार किए जा रहे हैं। नए साल में उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे की सभी ट्रेनों में कलस्टर योजना के तहत खानपान की सुविधा उपलब्ध होगी।
केरल की तर्ज पर चौबेपुर में बनेगा नेचुरोपैथी का बड़ा सेंटर
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर दयालु ने चौबेपुर में निर्माणाधीन नेचुरोपैथी केंद्र का निरीक्षण किया। अफसरों को निर्देश दिए कि उसका जल्द ही काम पूरा कराया जाए। गुणवत्ता में कमी हुई तो संबंधित अफसर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुष मंत्री ने बताया कि केरल की तर्ज पर इस नेचुरोपैथी सेंटर को एक बड़े सेंटर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मरीजों को यहां सभी प्रकार के इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस सेंटर के माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेद को बढ़ावा देने की योजना है। ताकि देश और प्रदेश के लोग इसका लाभ उठा सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो और तय समय सीमा में निर्माण का कार्य पूरा किया जाए। इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी, पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, सौरभ राय मौजूद रहे।
बनारस स्टेशन से चलेंगी तीन विशेष ट्रेनें
महाकुंभ मेला को लेकर स्पेशल ट्रेनों का संचालन और फेरों में बढ़ोतरी की जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 09421/09422 साबरमती-बनारस कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन 19, 20, 23, 24 व 26, 27 जनवरी को, 09537/09538 राजकोट-बनारस कुंभ मेला स्पेशल का संचालन 6, 7, 15, 16 व 19 व 20 फरवरी और 09591/09592 वेरावल-बनारस कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 व 24 फरवरी को होगा।
273 बेटिकट यात्रियों से वसूले 1.62 लाख
कैंट रेलवे स्टेशन पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक टिकट चेकिंग अभियान चला। सहायक वाणिज्य प्रबंधक (तृतीय) भागचंद मीणा के निर्देशन में मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह के साथ कुल 24 चेकिंग स्टाफ ने 273 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा और 162160 रुपये जुर्माना वसूला।
अधिकतम तापमान पहुंचा 24.3 डिग्री
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस की तुलना में शनिवार को 1.2 कम होकर 24.3 रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 10.3 रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले सप्ताह से एक बार फिर कोहरा देखने को मिलेगा।
ज्ञानवापी : सुनवाई चार जनवरी को
ज्ञानवापी से संबंधित मां शृंगार गौरी सहित अन्य मामलों की सुनवाई जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में टल गई। सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के कारण अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस वजह अब सभी मामलों की सुनवाई चार जनवरी को होगी।
पतंग पकड़ते समय करंट की चपेट में आया किशोर
लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर इलाके में सरकारी ट्यूबल के पास रहने वाले किशन (9) पतंग पकड़ते समय छत के ऊपर से गुजर रहे 11000 वोल्ट के तार की चपेट में आ गया। हादसे में किशोर के सिर का पिछला हिस्सा और दाहिना हाथ बुरी तरह से झुलस गया। मौके से गुजर रहे प्रभारी निरीक्षक लंका शिवाकांत मिश्रा शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक छत के ऊपर पहुंचे और बच्चे को वहां से निकाल बीएचयू ट्राॅमा सेंटर भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।