वाराणसी की खास 15 खबरें: सुरक्षित होंगे VDA रिकाॅर्ड रूम के दस्तावेज, सीनियर रेजिडेंट का रिजल्ट जारी किया
वाराणसी विकास प्राधिकरण में अब रिकाॅर्ड रूम के दस्तावेज खास तरीके से सुरक्षित किए जाएंगे। वहीं, बीएचयू ने सीनियर रेजिडेंट का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इसमें तीन अभ्यर्थी डॉक्टरों का चयन हुआ है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Today Special News: वीडीए अपने कार्यालय के रिकार्ड रूम को व्यवस्थित करने में जुटा है। इसके लिए वीडीए ने भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास (इंटेक) को तकनीकी सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी है। टीम ने सर्वे कर दस्तावेज के रखरखाव में मदद करेगी।
इंटेक के निदेशक धर्मेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक टीम रिकॉर्ड रूम में रखे दस्तावेज एवं मानचित्रों की वर्तमान स्थिति का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। संरक्षण की जाने वाली फाइलों में कई दस्तावेज 1950 के पहले के हैं और अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि रिकॉर्ड रूम में रखे दस्तावेज को संरक्षित करने के लिए इंटेक का सहयोग लिया जा रहा है।
कार्रवाई के लिए निगम स्वतंत्र
नगर निगम आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि बेनिया शापिंग काॅम्पलेक्स के दुकानदार दस दिनों में बकाया किराया जमा करें। निर्धारित अवधि में किराया जमा न करने पर कार्रवाई के लिए नगर निगम स्वतंत्र है। तालाबंदी की कार्रवाई के खिलाफ दुकानदारों ने अदालत में गुहार लगाई थी। इन दुकानदारों को बढ़ा हुआ किराया जमा करने का मौका दिया गया था लेकिन इन्होंने जमा नहीं किया।
समोसे रखने वाले बर्तन में मिली गंदगी, नोटिस
कैंट रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को अपर रेल मंडल प्रबंधक लालजी चौधरी और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर समोसे रखने वाले बर्तन में गंदगी मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया।
अधिकारियों ने कहा कि खानपान की वस्तुओं की गुणवत्ता और स्वच्छता जरूरी है। अधिकारियों ने टिकट बुकिंग काउंटरों, यात्री हॉल नंबर 4 और सर्कुलेटिंग एरिया में यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रीमियम लाउंज में चिप्स और कोल्ड ड्रिंक आदि के कार्टन अव्यवस्थित तरीके से रखे मिले। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने हिदायत दी।
हर परिस्थिति में सरकार के साथ खड़े हैं उद्यमी
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से मलदहिया स्थित कार्यालय में बैठक हुई। उद्यमियों ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के शौर्य की सराहना करते हुए हर परिस्थिति में सरकार का साथ देने पर जोर दिया। अध्यक्षता कर रहे आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि युद्ध की इस परिस्थिति में सभी उद्यमी और व्यापारी तन, मन और धन से राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर है।
आतंकवाद के समूल नाश के लिए आवश्यकता पड़ने पर उद्यमी सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए तैयार हैं। बैठक में आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया, वाराणसी चैप्टर के अध्यक्ष मनीष कटारिया, नीरज पारीक, डिविजनल चेयरमैन प्रशांत अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अनुज डिडवानिया, पंकज अग्रवाल, अजय जायसवाल, ज्ञानेश्वर, आलोक भंसाली, अंजनी कुमार सिंह आदि रहे।
बरेका रेल सुरक्षा बल ने निकाली जन जागरूकता रैली
बरेका में रेल सुरक्षा बल ने शुक्रवार को आपातकालीन परिस्थितियों में आम जनता को जागरूक करने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली। रैली सूर्य सरोवर से कुंदन तिराहे तक निकाली गई। रैली में आरपीएफ जवानों ने पैदल मार्च करते हुए लोगों को युद्ध या आपदा जैसी परिस्थितियों में सतर्क रहने, सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का संदेश दिया। रैली में सहायक सुरक्षा आयुक्त जयप्रकाश मौर्य सहित कई अधिकारी व जवान मौजूद थे।
सजी महफिल, ख्वातीन ने मनाया विलादत का जश्न
आठवें इमाम अली रजा की जयंती की पूर्व संध्या पर इनामिया अरबी कॉलेज में महफिल हुई। काली महल स्थित जेपी टावर में ख्वातीन ने इमाम की विलादत का जश्न मनाया और दुआख्वानी भी की। शुक्रवार को इनामिया अरबी कॉलेज मुकीमगंज में मौलाना जफर हुसैनी की सदारत में महफिल हुई। दूसरे शहरों से आए शायरों ने भी इमाम की शान में कलाम पेश किए।
दूसरी ओर जेपी टावर काली महल में नौशीन फातिमा के निवास पर डॉ. नुजहत फातिमा के संयोजन में महफिल हुई। सामूहिक रूप से नज्म पढ़ी गई। महफिल के समापन पर दोनों जगह पर देश में सेहत, सलामती और आतंकवाद के खात्मे के लिए दुआ की गई। शिया मस्जिद काली महल में तकरीर करते हुए हाजी फरमान हैदर ने बताया कि महफिलों का यह सिलसिला शनिवार को भी जारी रहेगा।
ज्योतिष शिविर आज से
ज्योतिष विद्या के सरल ज्ञान के लिए शास्त्रार्थ महाविद्यालय में ज्योतिष शिविर का निशुल्क आयोजन शनिवार से होगा। हस्त रेखा प्रशिक्षण के बाद भाल अर्थात मस्तक रेखा के माध्यम से फलादेश करने की विधि समझाई जाएगी। शिविर संचालक ज्योतिर्विद आचार्य संजय उपाध्याय ज्योतिष के सामान्य विधि के माध्यम से प्रशिक्षण देंगे। विद्यार्थी वर्ग से इतर अन्य कोई भी इसको सरलता से सीख सकते हैं।
बीएचयू ने सीनियर रेजिडेंट का रिजल्ट जारी किया
बीएचयू ने सीनियर रेजिडेंट का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इसमें तीन अभ्यर्थी डॉक्टरों का चयन हुआ है। डेंटल फैकल्टी से ओबीसी कटेगरी में डॉ. गौरव कुमार गुप्ता और एसटी कटेगरी में डॉ. नंदिनी कुमारी, वहीं ट्रॉमा सेंटर में जनरल कटेगरी से डॉ. व्योमिका बंसल का चयन हुआ है। चयनित सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को 23 मई को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आईएमएस-बीएचयू के डायरेक्टर ऑफिस में रिपोर्ट करना होगा।
24 को होगा दर्शनशास्त्र पीएचडी में दाखिले के लिए साक्षात्कार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दर्शनशास्त्र से पीएचडी दाखिले का साक्षात्कार 24 मई को होगा। इसी दिन दर्शनशास्त्र विभाग में शोध में प्रवेश के दूसरे चरण के लिए आरडीसी की बैठक होगी। इसमें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि बैठक सुबह 10 बजे से दर्शनशास्त्र विभाग में होगी। बैठक में योग्य अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल अभिलेखों और प्रमाणपत्रों के साथ साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है।
11वीं के 20243 अभ्यर्थी आज देंगे गणित की परीक्षा
काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट्रल हिंदू बॉयज और गर्ल्स स्कूलों के कक्षा 9वीं व 11वीं में प्रवेश के लिए परीक्षाएं जारी हैं। 7 मई को 11वीं कला वर्ग की परीक्षा में 2398 अभ्यर्थी शामिल हुए। 8 मई को 11वीं वाणिज्य वर्ग की परीक्षा में 2127 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
नाै मई को 11वीं जीव विज्ञान वर्ग की प्रवेश परीक्षा में 9023 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। आगामी 10 मई को 11वीं गणित वर्ग के 20243 अभ्यर्थी और 11 मई को कक्षा 9 (22077 अभ्यर्थी) की परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षाएं विश्वविद्यालय परिसर के केंद्रों के अतिरिक्त शहर के अन्य विद्यालयों में भी कराई जा रही हैं।
गांव की समस्या पंचायत कर सुलझाएं
लोहता थाना परिसर में शुक्रवार को थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने कहा कि गांव में छोटी समस्याएं आपस में पंचायत कर सुलझा लें। कोई बड़ी समस्या या घटना हो तो उसकी सूचना तत्काल थाने पर दें। इससे ग्रामीणों का समय बचेगा और पुलिस को भी सुरक्षा के लिए समय मिलेगा।
दूसरे दिन भी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे
पिंडरा तहसील पिंडरा में दूसरे दिन शुक्रवार को भी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। बार के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल की अध्यक्षता में बैठक में निर्णय हुआ कि तहसील में जब तक भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो जाता तब तक एसडीएम से लेकर सभी न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा। बैठक में महामंत्री सुधीर कुमार सिंह पूर्व बार अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, मनोज शुक्ला, पवन सिंह, एके सिंह शामिल रहे।
थाने में किन्नरों का हंगामा, कार्रवाई की मांग की
लालपुर पांडेयपुर थाने में शुक्रवार को किन्नरों ने हंगामा करते हुए पुलिस से एक मामले में कार्रवाई की मांग की। संजना किन्नर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि नई बस्ती कोहराना क्षेत्र स्थित उसके घर में 8 से 10 की संख्या में लोग घुसे। उन सभी ने उसकी सोने की अंगूठी छीन ली और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी किन्नर थाने से चले गए।
नकली नोट रखकर असली नोट उठा ले गए
रोहनिया थाने में शुक्रवार को अजीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उसके घर पर चोर नकली नोट रखकर असली नोट उठा ले गए। पीड़ित शीला ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार को अपनी मां के इलाज के लिए बेनीपुर गई थी।
लौटी तो देखा संदूक का ताला टूटा था और असली रुपये की जगह नकली नोट रखे थे। संदूक में करीब एक लाख रुपये और एक लाख रुपये के करीब के सोने के आभूषण थे। थाना प्रभारी विवेक कुमार शुक्ला ने बताया तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।
खराब हैंडपंप दुरुस्त कराएं
भीषण गर्मी के मद्देनजर काशी विद्यापीठ ब्लाॅक प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को लेकर ग्राम सचिवों को निर्देश जारी किया है। एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि पेयजल के लिए ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंपों को ठीक कराएं। रिबोर योग्य हैंडपंप को ग्रामनिधि से ठीक कराने का निर्देश ग्राम सचिवों को दिया गया है। इसके साथ ही सभी हैंडपंपों की रिपोर्ट भी ब्लाॅक कार्यालय पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।