एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : 25 हजार का इनामी बदमाश अरेस्ट, रिश्वत लेने के दोषी ADO को तीन वर्ष की कैद
Varanasi News : वाराणसी के रामनगर थाने की पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। उस पर पशुओं की तस्करी का आरोप है। वहीं, विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रथम) की कोर्ट ने रिश्वत लेने के मामले में अभियुक्त तत्कालीन एडीओ प्रद्युम्न कुमार रस्तोगी को दोषी पाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामनगर थाने की पुलिस ने पशुओं की तस्करी में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को सोमवार को गिरफ्तार किया। बदमाश की पहचान न्यू कॉलोनी, ककरमत्ता निवासी विक्की यादव के रूप में हुई है। विक्की इससे पहले गोवंश की तस्करी में दो बार चितईपुर थाने की पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है।
रामनगर थाने की पुलिस ने गत 27 सितंबर को एक मैजिक से तीन संरक्षित पशु बरामद किए थे। पुलिस टीम को देखकर तस्कर मौके से भाग गए थे। रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मैजिक के चेसिस नंबर की मदद से वाहन मालिक चंदौली निवासी सुजीत बिंद को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में सुजीत ने बताया कि तीनों पशुओं को विक्की यादव बिहार ले जाने के लिए मैजिक में लदवाया था। सुजीत की गिरफ्तारी के बाद विक्की घर छोड़ कर भाग गया था। सोमवार को पता लगा कि विक्की टेंगरा मोड़, भीटी के पास मौजूद है। इस पर दरोगा सुधीर कुमार यादव और अच्युतानंद चतुर्वेदी की टीम ने घेराबंदी कर विक्की को गिरफ्तार कर लिया।
रिश्वत लेने के दोषी एडीओ को तीन वर्ष की कैद
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रथम) अवधेश कुमार की कोर्ट ने रिश्वत लेने के 15 साल पुराने मामले में अभियुक्त तत्कालीन एडीओ प्रद्युम्न कुमार रस्तोगी को दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को तीन वर्ष के कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अभियोजन के अनुसार, विद्या विकास प्रशिक्षण संस्थान, बीरभानपुर राजातालाब के प्रबंधक राजकुमार के स्वयं सहायता समूह को 42 हजार रुपये का मानदेय मिलना था।
मानदेय के भुगतान संबंधी बिल को पास करने के लिए अपने हस्ताक्षर करने के एवज में एडीओ प्रद्युम्न कुमार रस्तोगी ने चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। 18 मार्च 2009 को चंदौली के चकिया तिराहे के पास रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी की टीम ने रंगेहाथ पकड़ा था।
चिरईगांव पुलिस पर आरोपी की सहायता का आरोप
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव की किशोरी के साथ गलत हरकत करने के आरोपी लाइब्रेरी संचालक पर चिरईगांव चौकी पुलिस मेहरबान है। सोमवार को किशोरी के परिजनों ने सीएम पोर्टल, बाल कल्याण सेवा समिति व पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर शिकायत की। साथ ही आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
परिजनों ने चिरईगांव चौकी प्रभारी के खिलाफ पीड़ित नाबालिग को मारपीट और धमका कर आरोपी के पक्ष में बयान दिलाने और मदद करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के परिजनों का शांति भंग में चालान करने के बाद धमकाने व चौकी प्रभारी की भूमिका की जांच कराने की मांग की।
उधर, दूसरे पक्ष ने किशोरी के परिजनों समेत 12 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि कुछ लोगों ने लड़के और लड़की की पिटाई की है। लड़की का एक वीडियो भी है, जिसमें लड़की अपने साथ हुई मारपीट बयान कर रही है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष से तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
पार्षद के साथ बदतमीजी पर कार्यकर्ताओं ने घेरा थाना
राजघाट वार्ड के पार्षद विजय सोनकर के साथ बदतमीजी की शिकायत पर सोमवार की रात भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आदमपुर थाने का घेराव कर दिया। पार्षद का आरोप था कि उनके वार्ड में पड़ने वाले कोनिया इलाके में एक निजी नेटवर्क कंपनी के द्वारा भूमिगत केबल बिछाया जा रहा है।
सोमवार रात निजी नेटवर्क कंपनी के द्वारा कोनिया स्थित शीतला माता मंदिर के पास गड्ढा किया जा रहा था। आरोप है कि जब विजय मौके पर पहुंचकर निजी नेटवर्क कंपनी के कर्मचारियों से बात करना चाहे तो सभी विवाद करने लगे। पार्षद ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी, लेकिन मौके पर पहुंची कंट्रोल रूम की फोर्स ने पार्षद को पहचानने से इंकार कर दिया और बदतमीजी की। इस बात से नाराज भाजपा पार्षद विजय सोनकर अपने समर्थकों के साथ आदमपुर थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। रात 1:00 बजे तक भाजपा समर्थक थाने पर जमे हुए थे।
प्रशासन ने शुरू की कांग्रेस नेताओं की निगरानी, दो कार्यकर्ता हाउस अरेस्ट
वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूछताछ के साथ दो नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। वे लखन में 18 दिसंबर को आयोजित विधानसभा घेराव में शामिल होने जा रहे थे। इससे पहले ही उन्हें पुलिस ने रोक दिया। उनसे घर पर ही पूछताछ की जा रही है।
मंडुवाडीह पुलिस ने कांग्रेस नेता राजेश्वर सिंह पटेल और सरिता पटेल को हाउस अरेस्ट किया है। इससे पहले महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चाैबे से उनके आवास पर ही पुलिस से कहासुनी भी हुई। यहां से पुलिस कांग्रेस कार्यालय पर भी गई थी।
चोरी के आरोपी को कैंट जीआरपी ने किया गिरफ्तार
ट्रेनों में यात्रियों के लगेज और मोबाइल चोरी करने के आरोपी को कैंट जीआरपी ने बनारस स्टेशन से सोमवार को गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी का मोबाइल और नकदी बरामद हुई। कैंट जीआरपी प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान रंजीत निवासी पावर हाऊस मंडुआडीह के रूप में हुई है।
छेड़खानी के दो मामलों में दो अभियुक्त को सजा
फूलपुर और लोहता थाना क्षेत्र के छेड़खानी के दो अलग-अलग मामलों में अदालत ने दो अभियुक्तों को दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अभिनव द्विवेदी की अदालत ने फूलपुर थाना क्षेत्र में 27 मई 2014 को बरात में किशोरी से छेड़खानी के मामले में अभियुक्त संजय को दोषी पाया है। अदालत ने संजय को तीन वर्ष की कारावास और चार हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
लोहता थाना क्षेत्र में 24 अगस्त 2017 को घर से सामान लेने जा रही किशोरी को रास्ते में रोककर छेड़खानी के मामले में अभियुक्त शाकिर जमाल दोषी पाया गया है। अदालत ने उसे दो वर्ष के कारावास और सात हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
सिटकहवा दैत्रा बीर बाबा एवं हनुमान मंदिर के वार्षिक शृंगार पर 18 तक फैसला लें डीएम
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि सिटकहवा दैत्रा बीर बाबा एवं हनुमान मंदिर के वार्षिक शृंगार व मेले का 20 साल से आयोजन किया जा रहा है। इसमें कोई कानूनी बाधा नहीं है तो वाराणसी के डीएम व पुलिस आयुक्त अनुमति दें। याचियों के प्रस्तुत आवेदन पर 18 दिसंबर तक फैसला लें। न्यायालय ने यह भी कि हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड ऑर्डर के आधार पर सभी पक्ष कार्य करेंगे। यह आदेश न्यायमूर्ति शेखर बी शराफ व विपिन चंद्र दीक्षित की खंडपीठ ने हनुमान जी एंड सिटकहवा दैत्र बीर ब्रह्मा बाबा की याचिका पर दिया।
श्री हनुमान जी और श्री सिटकहवा दैत्रा बीर ब्रह्म बाबा मंदिर गोपालपुर कोरौता वाराणसी की ओर से संजय यादव ने याचिका दाखिल की थी। वार्षिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन पत्र दिया था। प्रशासन ने अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। याची के अधिवक्ता राजकुमार केशरी ने दलील दी कि यह वार्षिक मेला 20 साल से आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में इस मेले के लिए अनुमति न देना कानून व संविधान के विपरीत है।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को कुड़ी नाला (सत्तनपुर मोड़) के पास से मोबाइल और सोने की चेन चुराने के मामले में वांछित सोनू उर्फ शहबाज को गिरफ्तार किया। सोनू के पास से पुलिस को 720 रुपये मिले हैं। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक अमित कुमार पांडेय, रवि प्रकाश सिंह और प्रेम कुमार ने कांस्टेबल के साथ मिल कर उसे पकड़ा। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 27 जुलाई की रात दोस्तों के साथ रामनगर (बड़ागांव) में सड़क किनारे एक घर में घुसकर दो मोबाइल और एक चेन चुराई थी। इसे राहगीरों को बेचकर आपस में रुपये बांट लिए थे।
दुर्घटना में घायल अध्यापक की मौत
सड़क हादसे में घायल शिक्षक की सोमवार को मौत हो गई। चवरिया राजपुर संझौली रोहतास बिहार निवासी धर्मेंद्र पासवान अपने मित्र पिंटू तिवारी, मनोज तिवारी, वीरेंद्र पांडेय और छोटेलाल चौधरी रोहतास से ऑटो में विंध्याचल दर्शन करने जा रहे थे। मोहनसराय में आटो रोककर सभी लोग लघु शंका करने चले गए। ऑटो के अंदर केवल धर्मेंद्र पासवान बैठे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। आटो आगे खड़ी ट्रक में भिड़ गई। हादसे में धर्मेंद्र पासवान (42) की मौत हो गई। धर्मेंद्र प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
खड़ी पिकअप में भिड़ी कार, दो घायल
वाराणसी जौनपुर फोरलेन मार्ग पर सोमवार को रामपुर ओवरब्रिज पर सड़क किनारे खड़ी पिकअप में कार ने टक्कर मार दी। पिकअप में बैठे दो लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि फोरलेन मार्ग के डिवाइडर की रंगाई पुताई में लगी पिकअप सड़क के किनारे खड़ी थी और मजदूर काम कर रहे थे। जौनपुर की तरफ से तेज स्पीड में आ रही कार ने टक्कर मार दी। घायल पिकअप सवार अमर सिंह व सत्यम सरोज को ग्रामीणों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया।
एडिशनल सीपी ने रोडवेज के पास अतिक्रमण पर जताई नाराजगी
अपर पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था डाॅ. एस चन्नप्पा ने सोमवार को रोडवेज के आसपास अतिक्रमण देखकर नाराजगी जताई। सिगरा पुलिस से कहा कि बेतरतीब तरीके से वाहन सड़क पर न खड़े हो। ऐसे वाहनों का चालान कराए। अंतरगृही यात्रा के समापन को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर दिया। रामापुरा चौराहा से गोदौलिया चौराहा, बांसफाटक, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम होते हुए मैदागिन चौराहा तक पैदल गश्त की।
हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस प्रशासन ने सील कराया कमरा
हाईकोर्ट के आदेश पर एक जमीन पर बने कमरे को बैंक कर्मचारियों ने एसडीएम रोहनिया और पुलिस की मौजूदगी में सील किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बंधकशुदा पर सील की कार्रवाई नहीं हुई है। करनाडाडी बाइपास के पास जमीन पर इंडियन बैंक अमरा से मेसर्स प्रधान इंटरप्राइजेज के नाम से उदय प्रताप ने 15 लाख का लोन लिया था। 70 हजार न देने पर बैंक ने कोर्ट की शरण ली। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर कमरे को सील कराया। एसडीएम साई आश्रित शाक्यमुरी ने बताया कि यदि किसी को कोई आपत्ति है तो कोर्ट की शरण में जाए।
मैरिज लॉन में वाहन पार्किंग नहीं तो होगा केस
मैरिज लॉन में वाहन पार्किंग की सुविधा हर हाल में होनी चाहिए, ऐसा नहीं होने पर लॉन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश लॉन मालिकों को थानाध्यक्ष सारनाथ विवेक कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को बैठक में दी। कहा कि रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजना चाहिए। लॉन में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान आयोजक के परिवार के सदस्य को मुख्य द्वार पर होना जरूरी है। शादी के समय बरात सड़क के एक किनारे दो-तिहाई हिस्सा छोड़कर चले। यह जानकारी लाॅन मालिक द्वारा बुकिंग के समय ही देनी होगी। शादी समारोह के दौरान कोई वाहन सड़क पर खड़ा मिलेगा तो चालान किया जाएगा।
रास्ता रोक कर दी धमकी, मुकदमा दर्ज
अमरावती नगर कॉलोनी, बटुआपुरा इलाके में रहने वाले विकास सिंह पटेल की तहरीर पर भेलूपुर थाने में सुजीत कुमार सिंह और रामधनी सिंह और अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विकास सिंह पटेल ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह उनके पिता घर के पास रास्ते से मलबा हटा रहे थे। उसी दौरान आरोपी रास्ता बंद कर धमकाने लगे। बीचबचाव के दौरान आरोपी उनके पिता का गला पकड़ कर जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपी रास्ते का इस्तेमाल करने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस में 10 यात्री बिना टिकट मिले, जुर्माना
22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में सोमवार सुबह विजिलेंस ने कानपुर स्टेशन के बाद ट्रेन में छापा मारा। 10 यात्री बेटिकट मिले। ऐसे में उन पर जुर्माना लगाया गया। वहीं, चेकिंग स्टाफ से भी विजिलेंस ने पूछताछ की। वंदे भारत सुबह 6 बजे कैंट स्टेशन से खुली और प्रयागराज होते हुए कानपुर पहुंची। कानपुर से ट्रेन खुलने के बाद विजिलेंस की टीम चेयरकार कोच में घुसी और 10 यात्रियों को बेटिकट पकड़ा।
वीडीए ने वरुणा किनारे के अवैध निर्माण कराए ध्वस्त
वरुणा नदी के किनारे अवैध निर्माण के खिलाफ सोमवार को वीडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। सिकरौल वार्ड में अतुल रहमान उर्फ भोला की ओर रजा कॉलोनी में अवैध निर्माण किया जा रहा था। पूर्व में नोटिस दिया गया था। सुनवाई तिथि पर उपस्थित न होने के कारण ग्रीन बेल्ट में किए गए अवैध निर्माण को जोनल अधिकारी सिंह गौरव जयप्रकाश ने ध्वस्त कराया।
ट्रक के धक्के से गिरा बिजली पोल, चार घंटे बिजली बाधित
रामनगर-पड़ाव मार्ग पर सोमवार ट्रक से धक्का लगने पर बिजली का पोल टूट कर गिर गया। जिसकी वजह से चार घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही। पोल टूटने से बिजली विभाग को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी हुई नहीं और पीडब्ल्यूडी ने डिवाइडर बना दिया। इससे आए दिन दुर्घटना होती है। एसडीओ नवदीप सिंह का कहना है कि तीन पोल बदले गए हैं। फिलहाल सड़क के बीच बिजली पोल को किनारे शिफ्ट करने का काम हो रहा है।
उठो, जागो और लक्ष्य हासिल करो
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय के 24वां स्थापना दिवस के मौके पर कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य प्रो. सविता भारद्वाज और विशिष्ट अतिथि प्राचार्य प्रो. संगीता सिन्हा रहीं। प्रो.सविता भारद्वाज ने बताया कि कवि का दर्द निजी नहीं, वह समाज की पीड़ा की अनुभूति होती है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि उठो, जागो और तब तक नहीं रुको, जब तक लक्ष्य हासिल न हो। कार्यक्रम का संचालन प्रो. कमलेश कुमार सिंह ने किया। मौके पर प्रो. रविप्रकाश गुप्ता, प्रो. राम कृष्ण गौतम, प्रो. सत्यनारायण वर्मा, डॉ. सर्वेश कुमार सिंह, प्रो. अर्चना गुप्ता, डॉ. कमलेश कुमार सिंह माैजूद रहे।
20 मंडलों में अध्यक्ष के लिए 206 नामांकन
भाजपा जिला के 20 मंडलों में मंडल अध्यक्ष के लिए 206 नामांकन हुए। सोमवार को बचे दो मंडल हरहुआ और कठिराव में भी नामांकन हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि सभी प्रक्रियाएं आज पूरी हो गईं। 20 मंडलों में बूथ समिति के गठन और सत्यापन के बाद मंडल चुनाव अधिकारी के दिशा-निर्देशन में कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे गए।
राजातालाब में 23, जंसा में 13, सेवापुरी में 15, मां कालिका में 10, रोहनिया में 12, रामेश्वर में 11, शूलटंकेश्वर में 12, कर्दमेश्वर में 10, चिरईंगांव 10, शिवपुर में 7, लोहता 13, लमही 9, पिंडरा में 9, बड़ागांव में 6, सिंधोरा में 3, कठिरांव में 6, चौबेपुर में 3, चोलापुर में 9, हरहुंआ में 11 आयर में 6 आवेदन मिले। आवेदन पत्रों को क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से लखनऊ प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा। प्रदेश कार्यालय से ही सभी मंडलों में मंडल अध्यक्ष के नाम की घोषणा रोहनिया कार्यालय में 20-21 दिसंबर तक घोषित की जाएगी।
पासपोर्ट कार्यालय में सर्वर में खराबी से परेशानी
महमूरगंज के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में सोमवार को सर्वर में दिक्कत आने से लोग परेशान रहे। यहां आए हुए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इस कारण कुछ लोग वापस भी लौट गए। इसके साथ ही पासपोर्ट के रिन्युअल के लिए आवेदन करने में कई आवेदक रि-इश्यू कॉलम को नहीं भर रहे है। इससे उनका आवेदन नए पासपोर्ट के लिए हो जा रहा है। कार्यालय में बायोमैट्रिक सत्यापन के समय पासपोर्ट पहले से ही जारी होने का पता चल रहा है।
इसके बाद पासपोर्ट अधिकारी द्वारा एप्लीकेशन लिखकर उनका पासपोर्ट रिन्युअल करने के लिए भेज दिया जाता है। पासपोर्ट कार्यालय पर पूर्वांचल से रोजाना 1200 से 1300 लोग नार्मल पासपोर्ट के लिए आवेदन करते है। पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि आवेदकों को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवेदक रि-इश्यू काॅलम को नहीं भर रहे है, जिससे वो आवेदन नए पासपोर्ट के लिए हो जा रहा है। इस बारे में जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किया गया है।
मऊ में खेली जाएगी प्रादेशिक कुश्ती, सिगरा में ट्रायल
खेल विभाग और यूपी कुश्ती संघ की ओर प्रादेशिक जूनियर बालिका कुश्ती समन्वय मऊ में खेली जाएगी। प्रतियोगिता 25 से 27 दिसंबर तक होगी। इसमें खेलने के लिए वाराणसी मंडल के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सिगरा स्थित डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। वजन की माप 19 दिसंबर को सुबह 9 बजे और 11 बजे से शुरू होगी। मंडलस्तरीय टीम का ट्रायल 20 दिसंबर को सुबह 10 बजे से होगा। 2004 से 2006 के बीच की जन्म तिथि वाले खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
श्रीमद्भागवत परायण के साथ मालवीय जयंती समारोह की हुई शुरुआत
बीएचयू में सोमवार को देवादिपूजन और श्रीमद्भागवत परायण के साथ मालवीय जयंती समारोह की शुरुआत हो गई। सोमवार को मालवीय भवन में संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के डीन प्रो. राजाराम शुक्ल के नेतृत्व में ये अनुष्ठान हुए। मंगलवार को भागवतपुराण कथा होगी। 18 दिसंबर को शास्त्रार्थ प्रतियोगिता, 23 को हवन, पूर्णाहूति और प्रसाद वितरण होगा।
24 को भजन संगीत संध्या का आयोजन होगा। इस क्रम में 25 दिसंबर को मालवीय दीपावली मनाई जाएगी। इसी दिन तीन दिवसीय मालवीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ भी मालवीय भवन में होगा। पुष्प प्रदर्शनी में कई किस्म के फूलों और सब्जियों की मनमोहक प्रजातियां प्रदर्शित की जाएंगी। ये सभी कार्यक्रम मालवीय भवन में ही होंगे।
काशी विद्यापीठ में आठ जनवरी तक होगा हॉस्टलों का आवंटन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हॉस्टल आवंटन के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। अब छात्र समर्थ पोर्टल के माध्यम से आठ जनवरी 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। चीफ वार्डेन प्रो. तेज बहादुर सिंह ने बताया कि स्नातक छात्रों के लिए आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल और स्नातकोत्तर के छात्रों को लाल बहादुर शास्त्री हॉस्टल में कमरा दिया जाएगा। वहीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध छात्राओं को जेके महिला हॉस्टल एलॉट किया जाएगा। बताया कि छात्रावास के लिए केवल मुख्य परिसर के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुका है।
पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी
ग्लेनहिल स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विद्यालय के चारों हाउस के बच्चों ने रेस, लांग जंप, हाई जंप, खो-खो, चेस, कैरम और वॉलीबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्देशिका आयशा ने बताया कि विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य गोपाल प्रसाद कश्यप ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रज्ञा पांडेय ने किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अमन और मुख्य निर्देशक रेहान अहमद मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने देर शाम शेल्टर होम का किया निरीक्षण
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सोमवार देर शाम नेहरू मार्केट, इंग्लिशिया लाइन के शेल्टर होम का निरीक्षण किया। कहा कि ठंड से बचने के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। कहा गया कि शेल्टर होम के आसपास प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की जाए। ताकि किसी भी तरह की कोई कठिनाई न हो। नगर आयुक्त ने टाउन हॉल शेल्टर होम में मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन को निर्देशित किया कि चादर, कंबल और गद्दे साफ होने चाहिए। समय समय पर इसे बदला जाए। अलाव की व्यवस्था हो।
काशी सांसद ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का हुआ समापन
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। यह प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए हुई। गायन, वादन, नृत्य व नुक्कड़ नाटक का शहर के 3 जगहों पर आयोजन किया गया। जिसमें सबसे ज्यादा 40 से अधिक आयु वर्ग में 104 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 257 प्रतिभागी विजेता घोषित किए गए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विकास खंड सेवापुरी से जिला प्रधान संघ अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, श्वेता मिश्रा, डॉ. लक्ष्मी सिंह और प्रो. अनिल प्रताप सिंह मौजूद रहे।
बरेली एक्सप्रेस 31 दिसंबर तक निरस्त
अयोध्या में यार्ड रिमॉडलिंग को लेकर 18 से 31 दिसंबर तक वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ स्पेशल ट्रेन निरस्त और लखनऊ-पटना वंदे भारत समेत कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। उत्तर रेल अधिकारियों के अनुसार 14235/14236 वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस 16 से 31 दिसंबर तक, 04217/04218 वाराणसी-लखनऊ स्पेशल 17 दिसंबर से सात जनवरी तक निरस्त है। वहीं, 22445/22446 पटना-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस अब गोमती नगर के बजाय लखनऊ में शाॅर्ट टर्मिनेट होगी। दून एक्सप्रेस, गंगा सतलज, अमृतसर-तिनसुकिया एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी।
23 शेल्टर होम में जलेंगे दो गोशालाओं के गोबर से बने उपले
नगर निगम कार्यालय में सोमवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि गोशालाओं के गोबर से बने उपले 23 शेल्टर होम में जलाए जाएंगे। बढ़ती ठंड को देख नगर निगम ने अलाव की व्यवस्था की है। अब तक लकड़ियों का इस्तेमाल होता था। अब दोनों जलेंगे। निगम से संचालित दो गोशालाओं शहंशाहपुर और छितौनी में गोवंशों के गोबर से उपले बनाने का काम चल रहा है। गोशालाओं में एक हजार गोवंश है। यहां से रोज 30 क्विंटल गोबर निकलता है।
नगर आयुक्त ने संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र को निर्देशित किया कि दोनों गोशालाओं से निकलने वाले गोबर से उपले बनाए जाएंगे। प्रथम चरण में नगर के शेल्टर होम में इसका इस्तेमाल होगा। स्वयंसेवी महिलाओं ने उपले बनाने का काम शुरू कर दिया है। उपले जैसे-जैसे सूखते जाएंगे, इसके बाद इन्हें सार्वजनिक स्थानों पर जलने वाले अलाव में उपयोग किया जाएगा। स्थायी और अस्थाई शेल्टर होम में निराश्रित व्यक्तियों के लिए ठंड से बचने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कंबल, गद्दा, तकिया, शौचालय, अलाव, प्रकाश, चौकीदार की व्यवस्था की गई है।
योजनाओं का लाभ उठाएं, खुद का रोजगार करें
एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल की ओर से एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम सोमवार को नगवां स्थित एक स्कूल में हुआ। मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को सरकार की कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं का रोजगार किया जा सकता है। हिमांशु शेखर ने एमएसएमई स्कीम व सैमसंग स्कूल में चल रहे कोर्स के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संतोष तिवारी, प्रत्युष श्रीवास्तव, प्रशांत आदि रहे।
महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने की मांग की
दखल संगठन और विश्व ज्योति जन संचार समिति के तत्वाधान में ग्राम पंचायत मिसिरपुर में में मेरी रातें, मेरी सड़कें कार्यक्रम का आयोजन हुआ। देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा, निर्भया, हाथरस, उन्नाव, कठुआ, बिलकिस बानो, आरजी कर रेप कांड और आईआईटी बीएचयू जैसी घटनाओं के बारे में चर्चा हुईं। संगठन के सदस्यों ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने की बात कही। जिससे महिलाओं को भी बराबरी का हक मिले। कार्यक्रम में आसना, शर्मिला, नीति, नेहा, आकांक्षा शामिल हुई।
सड़कों पर उतरकर आरटीओ ने हटवाईं गाड़ियां
जनपद में जाम की समस्या के समाधान के लिए सोमवार को संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) भी सड़क पर उतरें। सड़क किनारे खड़े वाहन स्वामियों को हिदायत दी गई कि वाहनों को पार्किंग में ही खड़ी करें। आरटीओ के अधिकारियों ने गिलट बाजार, मालवीय चौराहा (ट्राॅमा सेंटर), मंडुआडीह, राजघाट और कैंट स्टेशन पर पुलिस यातायात विभाग के साथ लोगों को जागरूक किया।
साथ ही बिना हेलमेट पहने दो पहिया चला रहे लोगों पर कार्रवाई की गई। एआरटीओ (प्रवर्तन) श्याम लाल ने बताया कि शहर में जाम की समस्या को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यात्री कर अधिकारी राज कुमार, मिथिलेश कुमार सिंह, अखिलेश पांडेय उपस्थित थे।
जागरूकता के साथ गंगा में छोड़ीं 1.02 लाख मछलियां
मत्स्य विभाग की ओर से सोमवार को राजघाट पर जागरूकता गोष्ठी हुई। इसके पूर्व गंगा में 1.02 लाख भारतीय मेजर काॅर्प की मछलियां छोड़ी गई। इस दौरान पोर्टल के जरिये मछुआ समुदाय के लोगों का पंजीकरण करने के साथ प्रमाण पत्र भी दिया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड की ओर से रिवर रैचिंग कार्यक्रम के तहत मछुआ समुदाय को जागरूक किया।
मुख्य अतिथि प्रहलाद घाट के पार्षद लकी भारद्वाज और भाजपा महानगर मंत्री दिलीप साहनी ने विचार रखे। विशिष्ट अतिथि निषाद पार्टी के अध्यक्ष रामरती बिंद रहे। उन्होंने मछुआ समुदाय को जागरूक कर कहा कि गंगा में मत्स्य संपदा विलुप्त हो रही है। कीटनाशक और अन्य जाल के माध्यम से मछलियां मारी जा रही हैं, इसे रोकना चाहिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार ने मछुआ समुदाय को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। निषाद पार्टी प्रदेश सचिव पंचम निषाद ने कहा कि जो मछलियां छोड़ी गई हैं। उनकी रखवाली करना सबका दायित्व है। समापन गंगा समग्र के अशोक तिवारी ने किया। विजय सोनकर, सौरभ साहनी, संजय चौरसिया, अशोक चौबे आदि मौजूद रहे।
एडीओ पंचायत ने सफाई कर्मचारी और जिलेदार का एक दिन का रोका वेतन
विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी पंचायत रवि सिंह ने सोमवार को ग्राम पंचायत बीरापट्टी का निरीक्षण किया। आरआरसी सेंटर और सामुदायिक शौचालय के पास गंदगी मिलने पर सफाई कर्मचारी रवि प्रकाश और जिलेदार का एक दिन का वेतन रोकते हुए ई-रिक्शा चलाने का निर्देश दिया। कहा कि ई-रिक्शा नहीं चला और घर-घर कूड़ा नहीं उठा तो भविष्य में निलंबन की कार्रवाई होगी। साथ ही सामुदायिक शौचालय के अंदर गंदगी मिलने पर केयर टेकर का दिसंबर का मानदेय रोक सचिव ग्राम पंचायत को समूह की महिला को हटाने का आदेश दिया।
आंध्र प्रदेश के कलाकारों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में किया नृत्य, दर्शकों ने सराहा
श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित शंकराचार्य चौक पर श्री वेंकट अन्नमाचार्य सेवा ट्रस्ट की ओर से नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और कोलाटम नृत्य की प्रस्तुति में ट्रस्ट की 54 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। आंध्र प्रदेश की मुख्य निदेशक सुनीता कोटारी एवं उनकी टीम की विशेष भागीदारी रही।
नृत्य के विविध रूपों की प्रस्तुति में नाट्य गुरु संदीप गुरु एवं उनके समूह ने भरतनाट्यम, लक्ष्मी गुरु की टीम ने कोलाटम नृत्य और संस्कृति तेलंगाना की निदेशक मीनाक्षी श्रीनिवास एवं उनकी टीम ने कुचिपुड़ी नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। रेणुका प्रभाकर की नाट्य टीम ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।
राग नट भैरव में सुनाया नारी नयन चकोरा...
सुबह-ए-बनारस में महालक्ष्मी शेनाए का गायन हुआ। महालक्ष्मी ने गायन की शुरुआत राग नट भैरव में निबद्ध बंदिश नारी नयन चकोरा... से की। इसके उपरांत गुरुजन की कृपा... पेश किया। तबले पर आदित्य मिश्रा और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। कलाकारों को प्रमाण-पत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
शिकायत पर हल्का प्रभारी का हुआ स्थानांतरण
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने शिकायत के आधार पर फूलपुर थाने के हल्का प्रभारी अनिल कुमार यादव का सोमवार को ट्रांसफर ट्रैफिक विभाग में कर दिया गया। फूलपुर निवासी अधिवक्ता विशाल गुप्ता ने पुलिस आयुक्त से शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। जिसकी जांच अपर पुलिस आयुक्त गोमती जोन के रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त पुलिस आयुक्त ने दरोगा अनिल कुमार यादव का स्थानांतरण किया।
10 वर्षों में लागू वेतन आयोग के गठन की उठाई मांग
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक सोमवार को नगर निगम में हुई। संगठनों के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर से नियमानुसार 10 वर्षों में लागू होने वाले वेतन आयोग के गठन की मांग की। साथ ही कर्मचारी और शिक्षकों की विभाग स्तर पर लंबित मांगों पर अभी तक विचार न करने पर जनवरी 2025 में एक प्रांतव्यापी आंदोलन करने का आह्वान किया। राजकीय कार्यों में सरकारी कर्मचारियों के मोटर साइकिल उपयोग करने के बावजूद वाहन भत्ता न मिलने पर चर्चा की। बैठक में दिवाकर द्विवेदी, दिपेंद्र श्रीवास्तव, सुरेंद्र पांडेय, सुंधाशु कुमार सिंह उपस्थित रहे।
मानस की कथा से होगा सर्वकल्याण
रामकथा मर्मज्ञ सुधीरानंद महाराज ने कहा कि मानस की कथा को अगर जीवन में उतार लिया तो सर्वकल्याण हो जाएगा। वह सोमवार को सोनारपुरा स्थित चिंतामणि गणेश मंदिर में सात दिवसीय मानस कथा के पहले दिन प्रवचन कर रहे थे। महंत चल्लाकृष्ण शास्त्री की स्मृति में आयोजित मानस कथा 22 दिसंबर तक चलेगी। 22 दिसंबर को विशाल शोभायात्रा और भंडारे के साथ समापन होगा। मधु मानस संगीतमय स्वस्थ सत्संग में प्रखर महाराज के सानिध्य में डाॅ. नीरज खन्ना व तबला वादक अशोक पांडेय ने संगीतयम प्रस्तुति दी। यह जानकारी महंत चल्ला सुब्बाराव शास्त्री ने दी।
11 हजार बटुकों का हुआ पूजन, 11 घंटे चला भंडारा
बटुक पूजन और भंडारे के साथ बाबा बटुक भैरव का दो दिवसीय उत्सव सोमवार को पूरा हुआ। त्रिगुणात्मक शृंगार के दूसरे दिन कमच्छा स्थित बटुक भैरव मंदिर में पूजन और भंडारे का आयोजन हुआ। सुबह 11 हजार बटुकों का पूजन किया गया। भोर में बटुक भैरव का विधि-विधान से शृंगार और पूजन के बाद आरती उतारी गई। वेदमंत्रों से स्तुति करने के बाद मंदिर के कपाट आम लोगों के लिए खोल दिए गए। मंदिर के महंत जितेंद्र मोहन पुरी ने बताया कि बटुकों के पूजन और भंडारे के बाद आम लोगों के लिए भी भंडारा चला जो अनवरत 11 घंटे तक चलता रहा।
13 पूर्व विधायकों को सदन में दी गई श्रद्धांजलि
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन 13 दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पूर्व विधायकों का परिचय देकर उन्हें याद किया। वाराणसी दक्षिण से सात बार विधायक रहे श्यामदेव राय चौधरी दादा को याद करके वह भावुक हो गए। सभी ने दिवंगत सदस्यों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा।
गढ़मुक्तेश्वर के पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह ढांढा और कनक सिंह, बुलंदशहर के अगौता के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री किरन पाल सिंह, गोंडा के मुजेहना से पूर्व विधायक रामपाल सिंह, अलीगढ़ इगलास से पूर्व विधायक राजवीर दिलेर, प्रतापगढ़ के पूर्व विधायक हरि प्रताप सिंह, फतेहपुर जहानाबाद के पूर्व विधायक मदन गोपाल वर्मा, मुजफ्फरनगर थाना भवन के पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, प्रयागराज मेजा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया, रायबरेली डलमऊ से पूर्व विधायक गजाधर सिंह, बरेली भोजपुरा से पूर्व विधायक कुंवर सुभाष पटेल और कुशीनगर के पूर्व विधायक नारायण उर्फ भुलई भाई को श्रद्धांजलि दी गई।
वाराणसी और चंदौली के जिला जज ने जिला कारागार का निरीक्षण किया
जिला कारागार में सोमवार दोपहर से शाम तक वाराणसी और चंदौली के जिला जज के नेतृत्व में न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण किया। दोनों जिला जज ने जेल अधीक्षक को ठंड के दौरान बंदियों का विशेष ध्यान रखने को कहा। कहा कि बंदियों के स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरती जाए।
चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास वर्मा और अन्य अफसरों के साथ दोपहर करीब एक बजे जिला जज रवींद्र सिंह जिला कारागार पहुंचे। अधिकारियों ने बैरकों के निरीक्षण के दौरान बंदियों से बातचीत की। बंदियों ने मुकदमों संबंधी आवेदन दिए।
दो घंटे निरीक्षण के बाद अपराह्न तीन बजे सभी चले गए। शाम पांच बजे वाराणसी के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय विश्वकर्मा, सीजेएम मनीष कुमार और अन्य अफसरों के साथ जिला जज संजीव पांडेय जिला कारागार पहुंचे। करीब एक घंटे तक बैरकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भोजनालय और जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया।
आठ केंद्रों पर आज बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
जिले में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए करवाए जा रहे कार्यों के तहत मंगलवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसमें शहर में नगर निगम विद्युत उपकेंद्र पर आइसोलेटर का मरम्मत कार्य के चलते इस केंद्र से जुड़े बेनियबाग, नगर निगम, रानीपुर, मंडुवाडीह, डीपीएच, 132 केवी विद्युत उपकेंद्र मंडुवाडीह, 220 केवी विद्युत उपकेंद्र भेलूपुर, 33/11 केवी उपकेंद्र से पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे गोदौलिया, गिरजाघर, मड़ौली, चेतगंज, हथुआ मार्केट, पानदरिबा, औरंगाबाद सहित कई क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी।
चिन्मय कृष्णदास की रिहाई और बांग्लादेशी हिंदुओं की हो सुरक्षा
बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा और आंदोलन करने वाले इस्कॉन के स्वामी चिन्मय कृष्णदास ब्रह्मचारी की तुरंत रिहाई हो। हिंदू जनजागृति समिति ने केंद्र सरकार से यह मांग करते हुए संबोधित ज्ञापन सोमवार को एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा को सौंपा। वाराणसी व्यापार मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा, इंडिया विथ विजडम संस्थापक और अध्यक्ष अधिवक्ता कमलेश चंद्र त्रिपाठी, राष्ट्रीय मानवाधिकार और न्याय परिषद महासचिव अधिवक्ता अरुण कुमार मौर्य, संजीवन यादव, काशी नटनियादाई व्यापार मंडल महामंत्री प्रदीप यादव, भारतीय पथ विक्रेता संघ संस्थापक/संयोजक आशीष कुमार गुप्ता आदि रहे।
बलिदान को याद कर मनाया विजय दिवस
पांडेयपुर की कुंती बिहारी कॉलोनी में सोमवार को भूतपूर्व सैनिक संगठन आईएसएस की तरफ से विजय दिवस के अवसर पर कार्यक्रम हुआ। दो मिनट का मौन रखकर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। संगठन अध्यक्ष (रि.) सूबेदार मेजर राजबली पाल ने कहा कि आज सभी को दो मिनट का मौन धारण कर देश के वीर सपूतों को नमन करना चाहिए। तीन दिसंबर 1971 से 16 दिसंबर तक होने वाले युद्ध में भारत के 3900 से अधिक जवान शहीद हुए थे।
सैनिक सरहद पर आपकी सेवा करने के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। कहा कि आज देश में पूर्व सैनिकों की समस्या सुनने के लिए कोई नहीं है, हमें भी कोई काम रहने पर ऑफिस में चक्कर लगाने पड़ते हैं। कैप्टन (रि.) तेज बली यादव, सूबेदार(रि.) आरए यादव, सूबेदार(रि.) संजय मिश्रा, कैप्टन (रि.) विजेंद्र तिवारी, नायब सूबेदार (रि.) अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
बीएचयू : बरकछा कैंपस के पांच हॉस्टल के वार्डेन बदले
बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी साउथ कैंपस के पांच हॉस्टलों में नए वार्डेन बनाए गए हैं। डॉ. रश्मि चौरसिया और डॉ. रजनी श्रीवास्तव को न्यू गर्ल्स हॉस्टल एक के वार्डेन की जिम्मेदारी दी गई। डॉ. आलोक कुमार सिंह को न्यू ब्वायज हॉस्टल का वार्डेन बनाया गया। इनके अलावा डॉ. क्रुती देबनाथ मंडल और डॉ. अजय कुमार चतुर्वेदी अगले तीन साल के लिए अरावली ब्वायज हॉस्टल का वार्डेन बनाया गया है।
ग्राफ्टिंग से करें रोगमुक्त सब्जियों का उत्पादन
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में सोमवार को सब्जियों में ग्राफ्टिंग से उद्यमिता विकास पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। उत्तर प्रदेश शोध परिषद (उपकार) की वित्त पोषित परियोजना के तहत प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को उद्यमी बनाकर, उनकी आय बढ़ाना है। प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राफ्टिंग तकनीक से रोगमुक्त सब्जियों से अधिक उत्पादन कर सकते हैं, वही इसका विक्रय कर मुनाफा भी ले सकते हैं। प्रशिक्षण में 6 जनपदों के कुल 24 लोग रहे। डॉ. बहादुर ने ग्राफ्टिंग तकनीक की विधियों और ग्राफ्टिंग पौधे तैयार करते समय रखी जाने वाली सावधानियों पर चर्चा की। कृषि प्रसार के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह ने किसानों को ग्राफ्टिंग तकनीक से उद्यमिता विकास से अवगत कराया।
मां दुर्गा को कराया पंचामृत स्नान, यथार्थ ने लगाई हाजिरी
दुर्गाकुंड स्थित आदिशक्ति कूष्मांडा मां दुर्गा मंदिर में सोमवार को शृंगार हुआ। भजन संध्या के साथ कलाकारों ने मां के चरणों में हाजिरी लगाई। मां दुर्गा को पंचामृत स्नान कराकर बेला, जूही, गेंदा, गुड़हल सहित अनेक फूलों से मां का शृंगार किया गया। स्वर्ण आभूषण से सुसज्जित कर मां की भव्य आरती उतारी गई।
सोमवार की शाम को आदिशक्ति कूष्मांडा दुर्गा माता के दरबार में बाल कलाकार यथार्थ दुबे ने शिव पंचाक्षर स्तोत्र नागेंद्रहाराय त्रिलोचनाय... की मधुर प्रस्तुति के साथ, हे दुर्गे मैया सुख करनी है दुर्गे मैया दुखहरिणी... सहित अनेक प्रस्तुति देकर मां के चरणों में हाजिरी लगाई। अमलेश शुक्ला व आस्था शुक्ला ने भी देवी गीत प्रस्तुत किया।
तबला वादक दीपक सिंह ने तबले से गुजरात का डांडिया, बंगाल का खोल, बिहार का मान्हर, शिव के डमरू की आवाज और बनारस का नगाड़ा सहित विभिन्न प्रांतों के लोक संगीत को बजाते हुए हर-हर महादेव की आवाज जब अंगुलियों के करतब से निकाली तो पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा था। कलाकारों को चुनरी, प्रसाद और माल्यार्पण करके पं. चंचल दुबे ने आशीर्वाद दिया। संचालन गीतकार कन्हैया दुबे केडी ने किया। कीबोर्ड पर संतोष मौर्य, ढोलक पर भोला, पैड पर विवेक, तबले पर दीपक सिंह ने संगत किया।
23 दिसंबर को मनाई जाएगी जनाबे फातिमा की जयंती
बीबी फातिमा की 1453वीं जयंती 23 दिसंबर को अकीदत के साथ मनाई जाएगी। शिया हजरात महफिल सजाएंगे और हर घर में खुशियां मनाई जाएंगी। काली महल स्थित अजाखाना इमदाद और फुरकान में शाम को महफिल होगी। इसमें देश के जाने-माने उलेमा शिरकत करेंगे। शायर कलाम पेश करेंगे। यह जानकारी शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने दी।
उन्होंने बताया कि जव्वादिया अरबी कॉलेज प्रह्लादघाट के छात्र बीबी फातिमा की खिदमत में खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे। महफिल का सिलसिला रविवार से शुरू हो जाएगा और पूरे सप्ताह तक जारी रहेगा। इमाम हसन का दस्तरख्वान भी सजाया जाएगा।
वोकल टू लोकल अभियान के तहत लगेगा स्वदेशी मेला
स्माॅल इंडस्ट्रीज एंड मैन्युफैक्चरर क्लब की बैठक सोमवार को तेलियाबाग में हुई। इसमें स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संकल्प लेते हुए वोकल टू लोकल अभियान के तहत मेला लगाने की योजना पर चर्चा हुई। क्लब के राष्ट्रीय संयोजक चाणक्य त्रिपाठी ने कहा कि लघु मध्यम उद्योग के माध्यम से लोगों को जोड़कर स्वरोजगार की प्रेरणा और स्वदेशी उत्पाद का उपयोग करने का संकल्प लेना होगा। इसके लिए जल्द ही हर जिले में वोकल टू लोकल उत्पाद का मासिक मेला लगाया जाएगा। बैठक में राजीव गुप्ता, रोहित राय, रीता तिवारी, नीरज गुप्ता, संदीप जायसवाल, सतीश मौर्य आदि रहे।
काशी में गूंजा दादी जी का जयकारा, गेला माता का हुआ स्वागत
ढांढण सती टीडा गेला माता का रथ सोमवार को बनारस पहुंचा। बाबतपुर स्थित जैपुरिया स्कूल के प्रांगण में रथ का स्वागत हुआ। दादी के मंगल गीतों का भजन कीर्तन हुआ। ज्योत जलाई गई और आरती उतारकर रथ को आगे के लिए रवाना किया गया। 47 दिवसीय यात्रा पर निकला माता का रथ 26 जनवरी 2025 को राजस्थान के ढांढण पहुंचेगा।
सोमवार को कानपुर से काशी पहुंचे गेला माता के रथ का स्वागत श्याममंडल के अध्यक्ष दीपक बजाज ने ध्वजा यात्रा व पुष्पवर्षा के साथ किया। यात्रा के विद्यालय परिसर पहुंचने पर सभी आस्थावान भक्तों का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। शाम छह बजे रथ पड़ाव पहुंचने पर माता का दरबार सजाया गया। एक ओर माता के मनमोहक शृंगार के दर्शन कर भक्त निहाल हो रहे थे। वहीं, सुप्रसिद्ध भजन गायक मूलचंद बजाज ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी।
शयन आरती के बाद यात्रा को विराम दिया गया। यात्रा मंगलवार की सुबह अपने अगले गंतव्य पटना के लिए निकलेगी। धार्मिक उत्सव में आरके चौधरी, उमाशंकर अग्रवाल, विजय पंसारी, मनोज बजाज, दिलीप बजाज, सुरेश तुलस्यान, श्याम बजाज, अतुल अग्रवाल, अंजनी बजाज, मनीष लोहिया सहित मारवाड़ी समाज के कई सदस्य मौजूद रहे।
आईसीएआर-आईआईवीआर में चलाया स्वच्छता अभियान
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत 16 से 31 दिसंबर तक आईसीएआर-आईआईवीआर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्घाटन सोमवार को कार्यकारी निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने किया। संस्थान के कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। जन जागरूकता बढ़ाने के लिए गतिविधियों की योजनाएं बनाईं। वैज्ञानिक, तकनीकी, प्रशासनिक और सहायक कर्मचारियों आदि ने अतिथिगृह के पास परिसर की सफाई में भाग लिया। स्वच्छता अभियान का समन्वयन डॉ. भुवनेश्वरी एस, डॉ. ज्योति देवी, डॉ. स्वाति शर्मा, और डॉ. श्रेया पंवार करेंगी।
बीएचयू में खेली जाएगी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता
10वीं पंडित अनिरुद्ध मिश्र स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर खेली जाएगी। यह प्रतियोगिता 19 दिसंबर 2024 से 10 जनवरी 2025 तक खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में 12 टीमों के 180 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन की संबंद्धता के तहत प्रतियोगिता 35-35 ओवर की खेली जाएगी। इसका उद्घाटन आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार करेंगे।
गणित में कमजोर बच्चों को दी जा रहीं रेमेडियल क्लास
निपुण लक्ष्य की तरफ बढ़ने के लिए कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए विशेष रेमेडियल क्लास के अंतर्गत संभव पुस्तिका लाई गई है। इससे बच्चों को गणित पढ़ने और समझने में मदद मिलेगी। निपुण परीक्षा में बच्चों के लिए सबसे कठिन गणित के सवाल होते हैं। इसमें नंबर कम होने से वे निपुण नहीं हो पाते हैं। एलएलएफ फाउंडेशन के सहयोग से संभव पुस्तिका से बच्चों का अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि बच्चे निपुण की श्रेणी में आ जाएं।
जिले में 19 तारीख को निपुण टेस्ट होगा, परीक्षा के दौरान जियो टैगिंग अनिवार्य है। वहीं, डीएलएड प्रशिक्षुओं को छात्रों के साथ की फोटो निपुण एप पर भेजनी होगी। डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बच्चों को निपुण टेस्ट के लिए अभ्यास करवाया जा रहा है। गणित में कमजोर बच्चों को विशेष रेमेडियल क्लास दी जा रही है, संभव पुस्तिका से बच्चों को गणित समझने में आसानी होगी।
नक्खीघाट अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाने की मांग
नक्खी घाट अंडर बाईपास की चौड़ाई बढाने के लिए सपा ने रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआरएम को सौंपा। सोमवार को लहरतारा स्थित डीआरएम कार्यालय पहुंचे सपा नेता विष्णु शर्मा ने डीआरएम वीके श्रीवास्तव से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि नक्खीघाट सिटी रेलवे स्टेशन के समीप निर्माणाधीन अंडर बाईपास मानक के विपरीत 5-5 मीटर का बनाया जा रहा है। इससे आगामी दिनों में जनता को कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
यहां पर यातायात का अत्यधिक दबाव होने कारण भीषण जाम की समस्या बनी रहती है। इस अंडर बाईपास को 11 मीटर करने की आवश्यकता है। इसके अलावा कज्जाकपुरा आरओबी निर्माण का मुद्दा उठाया। डीआरएम ने सपा नेताओं को आश्वस्त किया कि विशेषज्ञों को बुलाकर सर्वे कराएंगे। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में प्रशांत सिंह पिंकू, राहुल गुप्ता, संदीप मिश्रा, विवेक कहार, मनीष यादव आदि शामिल रहे।
अंतर स्कूल प्रतियोगिता में 500 खिलाड़ियों ने की स्केटिंग
रोलर स्केटिंग एसोसिएशन की ओर से अंतर स्कूल स्केटिंग टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हुआ। इसमें जिले के 35 स्कूल के 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सान्वी सिंह ओवरऑल चैंपियन बनीं। एसोसिएशन सचिव मोहम्मद इसरार ने बताया कि बालिका वर्ग प्रतियोगिता में अर्नाश्री गुप्ता, इशिका, अन्वी और बालक वर्ग में सामर्थ मिश्र, युवान सिंह, एकलव्य जोशी ने प्रथम रहे। मुख्य अतिथि एसोसिएशन चेयरमैन रईस अहमद और अध्यक्ष रजनीश कुमार रंजन ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। रेफरी की भूमिका अविनाश कुमार और फैज अहमद ने निभाई। संचालन ज्ञानेंद्र सिंह, धन्यावाद ज्ञापन नफीश अहमद।
18 मीटर चौड़ा होगा रथयात्रा से गुरुबाग मार्ग
रथयात्रा से गुरुबाग मार्ग के विस्तारीकरण कार्य का निरीक्षण सोमवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने किया। उन्होंने रथयात्रा-गुरुबाग मार्ग को 18 मीटर नापने को कहा। जोनल अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़क के मध्य से नौ मीटर दाएं और नौ मीटर बाएं सड़क एक बराबर होनी चाहिए। इस बीच में पड़ने वाले अवैध निर्माण और कब्जे को चिह्नित कर उसे हटवाने के लिए विधिक कार्रवाई करें।
यह काम पूरा होने के बाद आम जनता को काफी राहत मिलेगी। अति सघन यातायात वाले क्षेत्र में अधिक चौड़ी सड़क का लाभ मिलेगा। जिससे यातायात सुगम होगा। लंका-बीएचयू की ओर जाने वाले यातायात का तीव्र गति से आवागमन होगा। क्षेत्र के प्रदूषण इत्यादि के स्तर में भी कमी आएगी। अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए पुलिस प्रशासन और नगर निगम की मदद ली जाएगी।
पहले चरण में अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद उन्हें हटाने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी नहीं हटवाने वालों के अवैध निर्माण को तोड़ा जाएगा। यहां पर रोपवे का स्टेशन भी है। जिससे यातायात का दबाव बढ़ेगा। इसे देखते हुए शहर के चौड़ीकरण की कवायद की जा रही है। कैंट से लंका मार्ग के बीच में पड़ने वाले इस इलाके में अक्सर जाम की समस्या रहती है।
आईटीआई में 97 विद्यार्थियों को हुआ कैंप सलेक्शन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में सोमवार को कैंपस सेलेक्शन हुआ। इसमें विभिन्न ट्रेडों के पास आउट 150 विद्यार्थी शामिल हुए। चार सदस्यीय टीम ने इंटरव्यू के आधार पर 97 विद्यार्थियों का चयन किया। इस बार कैंप सेलेक्शन में एक छात्रा का भी चयन हुआ है। कैंपस सलेक्शन में लखनऊ और उत्तराखंड की दो कंपनियों ने भाग लिया।
प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को 11 हजार से 14 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। जल्द ही नई कंपनी को बुलाकर फिर से कैंपस सेलेक्शन कराया जाएगा। प्लेसमेंट के सह प्रभारी देवव्रत, मनोज कुमार, अमरेंद्र कुमार, अजीत पाल मौजूद रहे।
रेल कर्मियों के पेंशन अदालत में 1.12 करोड़ का भुगतान
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लहरतारा में सोमवार को पेंशन अदालत हुई। रिटायर कर्मचारियों और आश्रितों के बकाए से संबंधित मामलों का निस्तारण हुआ। 76 में 73 परिवादों का समाधान कर 1.12 करोड़ का भुगतान किया गया। प्रामाणिक दस्तावेज के अभाव में 3 परिवादों को प्रक्रियाधीन रखा गया है।
डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने पेंशनरों व भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से अपील की कि आवेदनों व पेंशन बुकलेट भरते समय आवश्यक दस्तावेज में कमी न रहने दें। सीनियर डीएफएम राजेश कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 3.0 से पेंशनरों या पारिवारिक पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया को सरल और आसान बनाया है। स्वागत सीनियर डीपीओ समीर पॉल ने किया।
दिव्यांग बच्चे भी हैं भारत का भविष्य
समग्र शिक्षा अभियान समेकित शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय परमपुर में दिव्यांग छात्रों को उपकरण बांटे गए। बच्चों को 13 ट्राईसाइकिल, 33 व्हील चेयर, 9 सीपी चेयर, 44 श्रवण यंत्र, 4 ब्रेल किट और 1 कैलीपर भी दिया। कार्यक्रम में विकास क्षेत्र काशी विद्यापीठ, सेवापुरी, आराजीलाइन, के दिव्यांग बच्चे शामिल रहे। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुनील सिंह ने बच्चों को उपकरण दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को अवसर देने की जरूरत है, यह निश्चित रूप से देश के भविष्य हैं और अच्छा कार्य करेंगे। जिला समन्वय समिति शिक्षा त्रिलोकी नाथ शर्मा और बी.ई.ओ शशिकांत श्रीवास्तव ने आगामी कार्ययोजना बताई। संजय कुमार सिंह, उषा कुशवाहा, आभा देवी, ममता त्रिपाठी मौजूद रहे।