UP Chunav 2022: बनारस में सपा प्रत्याशी अशफाक ने खुद को बताया राम का वंशज, बयान हो रहा वायरल
वाराणसी में शहर उत्तरी से भाजपा प्रत्याशी राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के खिलाफ सपा ने अशफाक अहमद डबलू को उतारा है।
विस्तार
विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशी अब कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। सपा प्रत्याशी अशफाक अहमद डबलू ने मीडिया के सामने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, कि आप कहते हैं जयश्री राम, हम भी श्रीराम के वंशज हैं।
उनका बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अशफाक ने कहा कि पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की लहर चल रही है और भाजपा के खिलाफ माहौल है। भाजपा बस हिंदू-मुसलमान की बात करती है, इनके पास कोई मुद्दा नहीं है।
कहा कि जनता भाजपा से ऊब चुकी है और इनके झूठ से त्रस्त हो गई है। इसलिए इस बार उत्तर प्रदेश में हर हाल में बदलाव देखने को मिलेगा। यहां बता दें कि शहर उत्तरी में भाजपा प्रत्याशी राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के खिलाफ सपा ने अशफाक अहमद डबलू को उतारा है।
सपा नेता पर बदमाशों ने चलाई गोली, बाल बाल बचे
सिंधोरा थाना क्षेत्र के सहमलपुर गांव के पास रविवार की रात सपा नेता पर बदमाशों ने गोली चलाई। हालांकि वह बाल बाल बच गए। गोली सपा नेता के कार के शीशे को छेद करते हुए सीट में जा लगी। घटना करीब रात आठ बजे हुई। अक्षय राजभर सपा के राष्टीय कार्यकारिणी सदस्य हैं।
जगदीशपुर निवासी सपा नेता अक्षय राजभर (28) अपनी एसयूवी कार से खालिसपुर से सिंधोरा की तरफ जा रहे थे। इसी बीच सहमलपुर के समीप बाइक से आए दो बदमाशों ने हाथ देकर रोका और कार रोकते हुए उनको लक्ष्य कर गोली चला दी। गोली शीशे को छेदते हुए सीट में जा धंसी। जिससे सपा नेता बाल-बाल बच गए।
सपा नेता अपनी कार लेकर सिंधोरा की तरफ भागा और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय, इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह पहुंचे और मामले को संदिग्ध मानते हुए सपा नेता से पूछताछ की। इस बाबत सीओ व इंस्पेक्टर ने कहा कि जांच अभी चल रही है। सपा नेता अक्षय राजभर ने कहा कि संयोग से बच पाया। बदमाश हेलमेट पहने थे, इसलिए पहचान नहीं पाया।