CM योगी के स्वागत में लगाया सोफा और एसी, जाते ही उठा ले गए अफसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक तरफ सूबे की योगी सरकार शहीदों के परिवार के सम्मान की बात कर रही है वहीं सूबे के अफसर प्रदेश सरकार की इस पहल में पलीता लगाने से कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सीएम योगी पाकिस्तानी बैट हमले में शहीद बीएसएफ जवान प्रेम सागर के परिवार से मिलने के लिए शुक्रवार शाम देवरिया के टिकमपार गांव पहुंचे।
सीएम के स्वागत के लिए अधिकारियों ने उनके आने से पहले फाइव स्टार होटल की तरह शहीद के घर पर रातों रात एसी, आरामदायक सोफे लगा दिए और कालीन बिछा दी। यहां की नए तौलिया भी ला दिए गए। रात में ही घर में रंग रोगन भी कर दिया गया।
यही नहीं गांव की सड़कें भी रात में ही दुरुस्त कर दी गईं। लेकिन सीएम योगी के जाने के आधे घंटे बाद ही सोफे और एसी समेत सारा सामान हटा दिया गया। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद के घर पर न सिर्फ घर वालों को भावनात्मक मजबूती दी बल्कि घर और गांव को बेहतर स्थिति में लाने का भरोसा भी दिया।
शहीद की पत्नी ज्ञानती देवी को चार लाख का चेक और दो लाख रुपये की एफडी सौंपते हुए सीएम ने कहा कि सरकार हर तरह का सहयोग प्रदान करेगी। इसके साथ ही सीएम ने शहीद प्रेमसागर के नाम पर गांव टीकमपार में बालिका इंटर कॉलेज खोलने की घोषणा की।
इसके लिए प्रेमसागर के अंत्येष्टि स्थल के पास ही एक एकड़ जमीन का बंदोबस्त किया जाएगा। सीएम ने शहीद स्मारक और पार्क बनवाने के एलान के साथ बड़े बेटे ईश्वरचंद्र को नौकरी और बेटी मोनिका व छोटे बेटे रणविजय को उच्च शिक्षा दिलाकर रोजगार उपलब्धता का भरोसा भी दिया।
‘घबराओ नहीं, पूरा देश आपके साथ है’
मुख्यमंत्री को करीब पाया तो शहीद के परिवार के हर सदस्य की आंखें बहने लगीं। करीब 11 मिनट परिवार के बीच बिताने के दौरान मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी भावुक हो गए।
शहीद की पत्नी ज्ञानती देवी के सिर पर हाथ रखते हुए बोले, ‘ शहीद को पूरा देश नमन करता है। घबराओ नहीं, पूरा देश आपके साथ है। हम गांव गोद लें या न लें, टीकमपार का विकास होगा। यहां की हर बुनियादी समस्या दूर होगी’।