सोनभद्र: बेगमपुरा एक्सप्रेस से गिरकर सेना के जवान की मौत, चचेरी बहन की शादी में जा रहे थे घर
सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र के अनपरा ओबरा निवासी सेना के जवान अनूप कुमार यादव (35) की बृहस्पतिवार सुबह सुल्तानपुर के लंभुआ रेलवे स्टेशन के पास बेगमपुरा एक्सप्रेस से गिरकर मौत हो गई। पंजाब के मुकेरिया में तैनात अनूप चचेरी बहन की शादी में शामिल होने घर लौट रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
विस्तार
सोनभद्र में चचेरी बहन की शादी में शामिल होने घर लौट रहे सेना के जवान अनूप कुमार यादव (35) की बृहस्पतिवार सुबह ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा सुल्तानपुर जिले के लंभुआ रेलवे स्टेशन के पास हुआ। अनूप जम्मूतवी से वाराणसी जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस से गिरकर घायल हो गए थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह पंजाब के मुकेरिया में राजपूत रेजीमेंट की 17वीं बटालियन में तैनात थे।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के अनपरा ओबरा निवासी महेश यादव के सबसे बड़े पुत्र अनूप वर्ष 2009 में सेना में भर्ती हुए थे। बुधवार को वह लखनऊ से वाराणसी आने के लिए बेगमपुरा एक्सप्रेस में सवार हुए थे। उन्होंने जनरल टिकट लिया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे लंभुआ रेलवे स्टेशन से लगभग 200 मीटर पहले वह ट्रेन से गिर गए।
जेब से मिले पहचान पत्र
आशंका जताई जा रही है कि अनूप ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे और पैर फिसलने से नीचे गिर गए। उनके कपड़ों की जेब से सेना का पहचान पत्र, आधार कार्ड और अवकाश का मेमो मिला। इसके आधार पर जीआरपी ने परिजनों से संपर्क कर हादसे की सूचना दी।
देर शाम सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर उनकी पत्नी आराधना, ममेरे भाई आनंद यादव और अन्य परिजन पहुंचे। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक बृजेश यादव ने बताया कि परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है।
30 नवंबर को होनी थी चचेरी बहन की शादी
ममेरे भाई आनंद यादव ने बताया कि अनूप के पिता महेश यादव यूपीपीसीएल से सेवानिवृत्त हैं। मां उर्मिला देवी का पहले ही निधन हो चुका है। अनूप तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो भाई मृत्युंजय और संजय हैं। परिवार में पत्नी आराधना और दो बेटे मानस (नौ वर्ष) व वायुन (दो वर्ष) हैं।
अनूप 30 नवंबर को होने वाली चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आ रहे थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
