सिगरा स्टेडियम: अब हर शनिवार को खिलाड़ी करेंगे अपने मैदान की सफाई, कोच भी देंगे इनका साथ; जानें खास
Varanasi News: वाराणसी के सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘स्वच्छ खिलाड़ी-स्वच्छ मैदान’ अभियान शुरू हुआ है। इसके तहत खिलाड़ी और कोच प्रत्येक शनिवार 45 मिनट तक श्रमदान कर मैदान की सफाई करेंगे। अभियान में 400 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं। खेल विभाग का उद्देश्य स्वच्छ वातावरण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में अब खिलाड़ी सिर्फ खेल का अभ्यास ही नहीं करेंगे, बल्कि अपने खेल मैदान की स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। खेल विभाग ने 'स्वच्छ खिलाड़ी-स्वच्छ मैदान' अभियान की शुरुआत की है, जिसके तहत प्रत्येक शनिवार को खिलाड़ी और कोच मिलकर 45 मिनट तक श्रमदान करेंगे और खेल परिसर की सफाई करेंगे।
इस अभियान की शुरुआत शनिवार सुबह की गई, जब खिलाड़ियों ने अभ्यास से पहले मैदानों, इनडोर एरिना और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। खिलाड़ियों ने मैदानों में फैले कूड़े-कचरे को हटाया और परिसर को साफ-सुथरा बनाया। इसके साथ ही उन्होंने पौधों को पानी देकर हरियाली बनाए रखने में भी योगदान दिया।
अभियान में क्षेत्रीय खेल अधिकारी (आरएसओ) नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल हुए। सभी ने मिलकर सफाई कार्य को एक सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में निभाया। इस दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे एक सकारात्मक पहल बताया।
खेल विभाग का मानना है कि खेल मैदान केवल अभ्यास की जगह नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की तपस्थली होते हैं। ऐसे में इन मैदानों की स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी भी खिलाड़ियों को समझनी चाहिए। विभाग के अनुसार नियमित श्रमदान से न केवल मैदानों की स्थिति बेहतर बनी रहेगी, बल्कि खिलाड़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी मिलेगा, जिससे उनका प्रदर्शन भी बेहतर होगा।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में वर्तमान में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी और जिम्नास्टिक जैसे कई खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां 400 से अधिक बालक और बालिकाएं नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार इस तरह की गतिविधियों से खिलाड़ियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सामूहिक भावना विकसित होगी। साथ ही वे अपने आसपास के वातावरण के प्रति भी अधिक जागरूक बनेंगे। खेल विभाग ने संकेत दिया है कि इस अभियान को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा ताकि अन्य खेल परिसरों में भी स्वच्छता की यह पहल लागू की जा सके।