बीएचयू अस्पताल से गिरफ्तार सात दलाल भेजे गए जेल, मरीज को बंधक बनाने के आरोप में केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल से गिरफ्तार सात दलालों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। सातों के खिलाफ मरीज को बंधक बनाने और रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोपों में लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपियों की शिनाख्त सामने घाट मदरवा के धनेश्वर सिंह, छित्तूपुर के बृजेश कुमार पटेल, करौंदी के देवाशीष कुंदू, रोहनिया के बसंतपट्टी के संतोष सिंह, आशीष कुमार सिंह और घनश्याम सिंह और चंदौली के अलीनगर थाना के बसरतिया के सुरेंद्र कुमार मिश्रा के तौर पर हुई है। इसके साथ ही सभी की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार जल्द ही इस मामले में कुछ अन्य लोग भी गिरफ्तार किए जाएंगे।
वाराणसी लोहता थाना अंतर्गत खुलासपुर निवासी प्रवीण सिंह ने लंका थाने पर मंगलवार को तहरीर दिया था। प्रवीण के अनुसार उनके गले में समस्या थी। प्रवीण अपने दोस्त पंकज तिवारी के साथ बीएचयू में गला रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार को दिखाए।
ओपीडी से बाहर आने पर तीन लोग मिले और दवा पर्ची बनाने के बहाने सुपर स्पेशियिलिटी सेंटर की निर्माणाधीन बिल्डिंग की ओर ले गए और एक कमरे में बैठा दिए। कमरे के बाहर मौजूद तीन अन्य युवकों ने दवा पर्ची छीन कर कहा कि आठ हजार रुपया दो तो दवा लाकर दें। प्रवीण ने कहा कि वो खुद दवा खरीद लेंगे तो तीनों ने उन्हें धमकाया और कहा कि हमारी अपनी दुकानें हैं और वहां से हम लाकर देंगे।
प्रवीण और उन्हें रोकने वालों में कहासुनी होने लगी तो घनश्याम नाम का शख्स आया और कहा कि इसको छोड़ दो, बाहर मौजूद लोगों में चर्चा हो रही है। इसके बाद प्रवीण लंका थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत दर्ज कराए।
इसके साथ ही उन्होंने दलालों से अपनी दवा की पर्ची पुलिस से वापस दिलाने की मांग की। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की तफ्तीश जारी है और जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जेल भेजा जाएगा।