Varanasi: ताजिया जुलूस के दौरान उपद्रव मामले में सात आरोपियों को जेल भेजा, 14 का चालान
वाराणसी के दोषीपुरा इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान शिया और सुन्नी के बीच भारी बवाल हुआ था। घटना के अगले दिन रविवार को जैतपुरा थाने की पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सीसी फुटेज से की गई।
विस्तार
वाराणसी के दोषीपुरा इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान उपद्रव मामले में जैतपुरा थाने की पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सीसी फुटेज से की गई। दूसरी तरफ, गंभीर रूप से घायल का बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, पत्थर लगने से जबड़ा टूट गया है। सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।
पुलिस के मुताबिक जैतपुरा थाने में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान दोषीपुरा निवासी हफीजुर्रहमान, शोएब अहमद, एजाज, शमसुद्दीन, इश्तियाक अली, मिजान अली और वसीम अहमद का नाम प्रकाश में आया था। सातों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
14 लोगों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया गया है। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि 36 नामजद और 4000 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
ये था मामला
जैतपुरा थाना के दोषीपुरा इलाके में शनिवार को परंपरा के खिलाफ जाकर सुन्नी समुदाय के लोगों के आठ ताजिया का जुलूस निकालने पर शिया समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसे लेकर पुलिस की मौजूदगी में लगभग डेढ़ घंटे तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने लाठी भांजकर कड़ी मशक्कत के बाद उपद्रव को शांत कराया। उपद्रव को लेकर शनिवार की देर रात इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर जैतपुरा थाने में 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
ये हैं 36 नामजद आरोपी
दोषीपुरा निवासी महबूब, तौफीक अहमद, खुर्शीद अहमद, शाहिल बसर, तौफीक आलम, जावेद नदीम, अतीक अहमद, वसीम अहमद, जहांगीर, जावेद, इश्तियाक अहमद, नेहाल अहमद, बेलाल, मुबारक अली, कौसर अली, अनवार आलम, अनीसुर्रहमान, अब्दुल सलाम, नजी अहमद, अजीमुद्दीन, मोहम्मद असलम, एखलाक अहमद, मुमताज, अब्दुल कलाम, अरशद परवेज, मोहम्मद अजीम, नेसार अहमद, मोहम्मद शकूर, साहेब, जहांगीर, गुलाब, अतीक अहमद, वसीम रजा, अनीसुर्रहमान, अब्दुल हकीम और सुहैल अंसारी।
वीडियो व्यूइंग टीम करेगी आरोपियों को चिह्नित
डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग में कैद चेहरों को चिह्नित करने के लिए वीडियो व्यूइंग टीम बनाई गई है। इसकी अगुवाई एसीपी चेतगंज श्रुति श्रीवास्तव करेंगी। टीम में जैतपुरा थानाध्यक्ष और तीन दरोगा भी शामिल हैं। टीम की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
शिया समुदाय के प्रतिनिधिमंडल से एक पेन ड्राइव मिला है। इसमें विवाद से जुड़े साक्ष्य हैं। सीसी कैमरों की फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे ठोस साक्ष्य पुलिस के पास हैं। प्रकरण में प्रभावी तरीके से पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी। - मुथा अशोक जैन, पुलिस आयुक्त।
छतों पर मिले ईंट-पत्थर, ड्रोन कैमरे से हुई तलाशी
दोषीपुरा इलाके में शनिवार की दोपहर अचानक ही पथराव नहीं शुरू किया गया था। बल्कि, इसकी तैयारी पहले ही कर ली गई थी। रविवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से इलाके के कुछ घरों की छतों का जायजा लिया तो ईंट-पत्थर के ढेर मिले। फोर्स लगाकर मकानों की छतों से ईंट और पत्थर हटवाए गए। साथ ही हिदायत दी गई कि दोबारा ईंट और पत्थर छतों पर इकट्ठा न करें। ऐसा हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।