BHU: स्वतंत्रता भवन में साइंस शो, कुलपति बोले- वैज्ञानिक अवधारणा बढ़ाते हैं ऐसे आयोजन; नवाचार पर विमर्श
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में शनिवार को लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों पर आधारित साइंस शो का आयोजन हुआ। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम वैज्ञानिक अवधारणाओं को रोचक और सरल बनाकर विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा व नवाचार की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में शनिवार को हुए लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों पर आधारित साइंस शो के माध्यम से विज्ञान से जुड़ी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भागीदारी की। कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि साइंस शो जैसे आयोजन वैज्ञानिक अवधारणा को रोचक बनाते हैं। इसमें ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को प्रतिभाग करना चाहिए।
स्वतंत्रता भवन में हुए समारोह में कुलपति ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, सहभागिता-आधारित एवं प्रयोग-आधारित गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान के प्रति जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना है। विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे दैनिक जीवन में उसके व्यावहारिक उपयोगों के माध्यम से समझना आवश्यक है।
कुलपति ने हाल ही में उस उपलब्धि की चर्चा की, जिसमें 12 से 18 जुलाई, 2026 के दौरान कोलंबिया में आयोजित 55वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी पांच प्रतिभागियों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। अतिथियों का स्वागत करते हुए भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों में स्वाभाविक रूप से जिज्ञासा और सृजनात्मकता होती है। इसे उचित मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
विभाग की ओर से आउटरीच कार्यक्रम चलाया जाता है, इसके तहत विद्यालयों के विद्यार्थी नियमित रूप से भौतिकी विभाग की प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करते हैं। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो.संजय कुमार ने इस तरह के कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान (आईईएसडी) के निदेशक प्रो. एएस रघुवंशी, प्रबंध शास्त्र संस्थान के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी, मनोहर कुमार मौजूद रहे।