Sawan: अब 40 मिनट में दूर होंगी सीवर की समस्याएं, गठित होगी क्यूआरटी; काशी के इन क्षेत्र में अलर्ट रहेगी टीम
Sawan 2025: नगर निगम में आयोजित बैठक के दाैरान सावन की व्यवस्थाओं और सीवर की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। कर्मचारियों को निर्देश किया गया कि पक्के मोहल्लें में सीवेज और सड़क की समस्या होने पर उसे 40 मिनट में ठीक किया जाएगा।
विस्तार
Nagar Nigam Varanasi: सावन में नगर निगम के चार प्रमुख विभागों स्वास्थ्य, जलकल, आलोक और सामान्य विभाग को अलर्ट मोड में किया गया है। इन विभागों के विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि इसके लिए क्यूआरटी गठित करें। जो सूचना मिलने के 40 मिनट के भीतर सड़क, सीवर, सफाई, पेयजल और प्रकाश से जुड़ी समस्याएं दूर कराएंगे। यह निर्णय नगर निगम में शुक्रवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में छह घंटे चली कार्यकारिणी की बैठक लिया गया।
बैठक में उपसभापति नरसिंह दास ने प्रस्ताव पेश कर कहा कि सावन माह में घाटों की सफाई, शहर के पक्के मोहल्लों की गलियों में सीवर ओवर फ्लो न हो। जिससे कि कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़े। इसके लिए चारों प्रमुख विभागों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा गया।
मेयर ने कहा कि सभी महत्वपूर्ण मंदिरों, शिवालयों के पास डस्टबिन रखा जाए। जिसकी नियमित कूड़ा उठान कर सफाई कराई जाए। कुओं के बारे में मुख्य अभियंता ने बताया कि शहर में कुल 500 कुओं को मरम्मत के लिए चिंहित किया गया है। इनमें से 236 कुओं के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में 31 कुओं पर काम हो रहा है। इस पर मेयर ने कहा कि इसके लिए धन आवंटित है।
अधिक से अधिक फर्मों को कार्य देकर काम पूरा कराएं। महाप्रबंधक जलकल ने फीकल स्लज निस्तारण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जिसे पारित करते हुए आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया गया। सदस्य सुशील गुप्ता ने मंदिरों के आस-पास प्लास्टिक से बने थैले के प्रयोग पर प्रतिबन्ध लगाने का प्रस्ताव रखा।
मेयर ने इन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए कपड़े के बने झोले वितरित करने के निर्देश दिए। नगर निगम के लम्बित मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर निस्तारण करने के लिए एक नया पैनल गठित करने के निर्देश दिए गए।
सीआरपीएफ आवास खाली कराने के लिए गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा पत्र
बैठक में सदस्य अशोक मौर्य की ओर से सीआरपीएफ की ओर से नगर निगम भवन के बगल में कार्यालय कब्जा करने की बात कही गई। जिस पर समिति की ओर से चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि उक्त भवन को खाली कराने के लिए गृहमंत्रालय और महानिदेशक सीआरपीएफ को पत्र भेजा जाएगा।
गृहकर जलकर का बिल एकीकृत न होने की शिकायत
गृहकर जलकर का बिल एकीकृत होने से जिस भवनों में दो या दो से अधिक पानी का कनेक्शन है। उनको बिल प्राप्त न होने की शिकायत उपसभापति ने की। जिस पर महाप्रबन्धक जलकल ने बताया कि वर्तमान पीटीएमएस में प्राविधान न होने के कारण ऐसा हो रहा है। पीटीएमएस में व्यवस्था पूर्ण कर ली गई। आगामी एक सप्ताह में सभी इस प्रकार के भवन स्वामियों को बिल प्राप्त करा दी जाएंगी।
एबीसी सेंटर का संचालन छह माह तक संस्था से कराएं
अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम, एबीसी डाग केयर संचालित करने का प्रस्ताव पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल ने प्रस्तुत किया। एबीसी सेंटर पर मेयर ने निर्णय लिया कि किसी अनुबंधित संस्था से 6 माह तक संचालित कराया जाए। इसके बाद ट्रेनिंग लेकर नगर निगम स्वयं संचालित करेगा।
सारंग तालाब के पास बनेगा मियावाकी फारेस्ट पार्क
संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद्र ने वर्ष 2025-26 के पौधरोपण कार्यक्रम के बारे में बताया। उन्होंने सांरग तालाब के पास रिक्त नगर निगम की 2.5 हेक्टयर भूमि पर 2.94 करोड़ की लागत से मियावाकी फारेस्ट पार्क बनाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। मेयर ने बीते साल कराए पौधरोपण के बाद जीवित पेड़ों के बारे में पूछा। जिस पर संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद्र ने बताया कि कुल लगे 8 हजार पेड़ों में 6330 पेड़ जीवित हैं। मेयर ने सभी जीवित पेड़ों के जियोटैग कराने और उनकी देखभाल के निर्देश दिए।
सदस्य राजेश यादव चल्लू ने वर्ष 2023-24 में पार्षद कोटे कार्य के बारे में जानाकारी मांगी। मेयर ने कहा कि यदि निविदा में ठेकेदार नहीं आते हैं तो निर्धारित दरों पर कार्य कराया जाय। राजेश यादव ने पुराने 18 वार्डो में सीवर व पेयजल लाइन डाले जाने की प्रगति के बारे में पूछा। जिस पर जलकल के जीएम ने कहा कि डीपीआर शासन को भेजी गई है। शासन ने परीक्षण कर स्वीकृति प्रदान कर दी है। धन आवंटन के बाद आगामी 3 माह में काम शुरू होगा।
सदस्य प्रवीण राय ने अधिशासी अभियन्ता अजय कुमार सक्सेना के स्थानान्तरण के बाद अवमुक्त न होने और उनकी कार्यशैली के बारे में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। मेयर ने कहा कि इन्हें कार्यमुक्त करते हुए किसी अभियन्ता को कार्य सौंपा जाए।
यूनिटी माल के निर्माण में बाधक बने वृक्षों की होगी नीलामी
आईडीएच कज्जाकपुरा में बन रहे यूनिटी माल में बाधक बन रहे 33 वृक्षों की नीलामी के प्रस्ताव पर मेयर ने कहा कि इन 33 पेड़ों में सागौन व जामुन के वृक्षों की उचित मूल्य पर नीलामी कराएं। बाकी वृक्षों को कटवाकर सुरक्षित रख लिया जाय, जिससे जाड़े में अलाव के रूप में इस्तेमाल हो सके।
सभी जोनों पर रखा जाए एक ट्रैक्टर बालू और सीमेंट
वरिष्ठ सदस्य अमरदेव यादव ने प्रत्येक वार्ड में 1 मिस्त्री और 2 लेबर रखने के लिए पूर्व में कई बार प्रस्ताव के बाद भी कार्रवाई न होने के बारे में बताया। मेयर ने कहा कि तत्काल सभी जोनो पर 1 ट्रैक्टर बालू, सीमेन्ट आदि रखा जाय। लेबर का दर 350 से बढ़ाकर 500 करते हुए रखा जाए।
स्मार्ट काशी एप पर 2115 शिकायतें लंबित
अमरदेव यादव ने स्मार्ट काशी एप पर प्राप्त शिकायतों के बारे में पूछा। जन सम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कुल स्मार्ट काशी एप पर अब तक विभिन्न विभागों के कुल 13317 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसमें 11202 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष 2115 शिकायतें लंबित है। मेयर ने कहा कि निस्तारित शिकायतों का क्रास चेक कराया जाए कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया है कि नहीं।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, उपसभापति नरसिंहदास, सदस्यों में अमरदेव यादव, प्रमोद राय, हनुमान प्रसाद, अशोक मौर्य, राजेश यादव चल्लू, सुशील कुमार गुप्ता, प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, राजकपूर चौधरी, माधुरी सिंह, सुशीला, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संगम लाल, विनोद कुमार गुप्ता, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, उप नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार आनंद, नगर स्वास्थय अधिकारी डाॅ एसके चौधरी, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव जलकल ओपी सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी असीम रंजन, जन सम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, समस्त अधिशासी अभियन्ता।