वाराणसी में सरसंघचालक मोहन भागवतः काशी प्रांत के प्रचारकों के साथ की बैठक, कहा- संपर्क अभियान की सफलता बड़ा करेगी संगठन का दायरा
पांच दिवसीय प्रवास पर काशी आए आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ने विश्व संवाद केंद्र में दो अलग-अलग सत्रों में बैठक की और काशी प्रांत के प्रचारकों से कहा कि संघ के प्रशिक्षण से युवाओं को जोड़ा जाए।
विस्तार
वाराणसी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शुक्रवार को काशी प्रांत के प्रचारकों की बैठक में कहा कि संपर्क अभियान के लिए स्वयंसेवकों को प्रेरित किया जाए। संपर्क अभियान की सफलता ही संगठन के दायरे को बड़ा करेगी।
शाखा विस्तार पर विशेष ध्यान दें और इस दौरान संघ के अनुशासन को बनाए रखने का भी ध्यान रखें। संघ प्रमुख ने कहा कि संगठन में प्रवेश से पहले प्रशिक्षण आवश्यक है। प्रशिक्षित स्वयंसेवक ही संगठन के मानक को पूरा करते हुए शाखा विस्तार में अपना योगदान सुनिश्चित कर सकेगा।
पांच दिवसीय प्रवास पर काशी आए आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ने विश्व संवाद केंद्र में दो अलग-अलग सत्रों में बैठक की और काशी प्रांत के प्रचारकों से कहा कि संघ के प्रशिक्षण से युवाओं को जोड़ा जाए, ताकि हमारी विचारधारा से युवाओं को दिशा मिले।समय-समय पर संघ की ओर से सामाजिक सरोकार से जुड़े अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने की बात भी कही।
प्रचारक पदाधिकारियों को प्रेरित करें
कहा कि सामाजिक सरोकार के लिए कार्य करना संगठन का पवित्र उद्देश्य और लक्ष्य दोनों है। ऐसे में यह ध्यान रखना चाहिए कि संगठन को मजबूती देने का कार्य प्रभावित न होने पाए। प्रचारक पदाधिकारियों को प्रेरित करें कि वह क्षेत्र में अपना प्रवास बढ़ाएं।
बैठक के नियमित आयोजन किया जाए
ऐसा करके वह अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ सकेंगे। शाखाओं में होने वाले कार्यक्रमों की निरंतरता बनाए रखने और संगठन की बैठक के नियमित आयोजन किया जाए। बैठक में प्रांत के जिला, विभाग और प्रांत प्रचारकों के अलावा अनुषंगिक संगठनों के करीब 50 प्रचारकों की मौजूदगी रही।
संघ के प्रमुख की दो सत्रों में हुई बैठक के अलावा भी दो बैठकें हुईं, जिसे प्रचारकों को प्रांत प्रचारक रमेश ने लिया। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए प्रचारकों द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा की।