मिर्जापुर में बवाल: मंडलीय अस्पताल में मेडिकल कराने आए पिता पुत्र पर हमला, बेबस नजर आई पुलिस
कटरा कोतवाली क्षेत्र के सबरी मोहल्ले के पास दो कार में टक्कर के बाद विवाद हो गया। मामले को संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
विस्तार
देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा निवासी ताराचंद जायसवाल अपने बड़े भाई संजीव व अपने दो पुत्र अमोल जायसवाल और रितिक जायसवाल के साथ बनारस कार लेने गए थे। अमोल जायसवाल 2019 बैच का आईईएस है। जिसकी 15वी रैंक आई थी। पिता-पुत्र नई कार लेकर घर आ रहे थे कि कटरा कोतवाली के सबरी के पास दूसरी कार ने टक्कर मार दी। कार में टक्कर के बाद विवाद हो गया, मारपीट होने लगी।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के गाड़ी की चाबी और मोबाइल लेकर पिता-पुत्र कटरा कोतवाली पहुंच गए। एक पक्ष ने रितिक का मोबाइल व पांच हजार रुपये छीन लिया। पुलिस ने उनको अस्पताल मेडिकल के लिए भेजा। मंडलीय अस्पताल में उपचार करा रहे थे कि तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां मोबाइल और चाबी लेने पहुंच गए और उन पर हमला कर दिया। हमले की सूचना पर अस्पताल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची पर उनके सामने ही दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस बेबस नजर आई। सूचना पर शहर व कटरा कोतवाली की फोर्स मौके पर पहुंची तब जाकर सभी वहां से भागे। थोड़ी देर बाद फिर झुंड बनाकर सभी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में पुलिस के सामने मारपीट से अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल रहा। मरीज और तीमारदार सभी डरे सहमे नजर आए।
एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दो कार में टक्कर के बाद विवाद हुआ। विवाद के बाद कार सवार पिता-पुत्र दूसरे पक्ष का मोबाइल और गाड़ी की चाबी लेकर अस्पताल पहुंच गए थे। दूसरा पक्ष सामान लेने अस्पताल आया। हमले और मारपीट की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।