Ganga Yatra: आज और कल रहेगा रूट डायवर्जन, इन रास्तों पर जानें से बचें
गाजीपुर से मंगलवार को आ रही दो दिवसीय गंगा यात्रा के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। 28 जनवरी को संदहा से भैसासुर घाट तक यात्रा के जाने के दौरान गाजीपुर, चौबेपुर की तरफ से आने वाले वाहन आशापुर से पहड़िया की ओर नहीं जाएंगे।
पुराना आरटीओ तिराहा से किसी भी वाहन को हवेलिया तिराहा की तरफ आने और जाने नहीं दिया जाएगा। गंगा यात्रा के आशापुर चौराहा से पहड़िया की तरफ जाने के बाद कज्जाकपुरा की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। भोजूबीर तिराहा से किसी वाहन को पुलिस लाइन चौराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस लाइन चौराहा से किसी भी वाहन को चौकाघाट चौराहा और चौकाघाट चौराहा से कज्जाकपुरा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
भदऊं चुंगी और मछोदरी पार्क से किसी भी वाहन को भैसासुर घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को कज्जापुरा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा जो गोलगड्डा होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। भैंसासुर घाट पर कार्यक्रम के दौरान भदऊं चुंगी रेलवे कालोनी के अंदर पार्किंग, कज्जाकपुरा से भदऊं चुंगी तक रोड के किनारे छोटे वाहनों की पार्किंग, बसंता कालेज रोड पर पार्किंग और राजघाट पुल से पहले दाएं रेलवे मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
29 को गंगा यात्रा के सर्किट हाउस से अस्सी घाट जाने के दौरान
सोनारपुरा से किसी भी वाहन को अग्रवाल तिराहा, अस्सी घाट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। अग्रवाल तिराहा से किसी भी प्रकार के वाहन को अस्सी घाट तिराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। बैंक आफ बड़ौदा तिराहा, लंका से किसी भी वाहन को अस्सी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक श्रवण कुमार सिंह ने सोमवार को लोगों से अपील की है कि रूट डायवर्जन का पालन कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
रामनगर में कार्यक्रम के दौरान
शहीद पार्क तिराहा से किसी भी वाहन को रामनगर चौराहा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। टेंगरा मोड़ और रामलीला मैदान तिराहा से किसी भी वाहन को रामनगर चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। रामनगर चौराहे से किसी भी वाहन को रामनगर किला की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। किसी भी वाहन को सामने घाट गंगा पुल से रामनगर की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।