Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Defense arguments continue misdeed case five injured driver after auto rickshaw overturns

वाराणसी की खबरें: सामूहिक दुष्कर्म में बचाव पक्ष की बहस जारी, ऑटो पलटने से चालक समेत पांच घायल

Sat, 07 Nov 2026 01:25 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sat, 07 Nov 2026 01:25 AM IST
सार

सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में अदालत में बचाव पक्ष की बहस जारी है। वहीं, दूसरी घटना में ऑटो पलटने से चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों मामलों से जुड़ी कार्रवाई संबंधित स्तर पर जारी है।

विज्ञापन
Varanasi News Defense arguments continue misdeed case five injured driver after auto rickshaw overturns
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फास्टट्रैक कोर्ट (प्रथम) न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में सुनवाई हुई। आरोपी कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल की ओर से अधिवक्ताओं ने दलीलें पेश कीं। अधिवक्ताओं ने पुलिस की विवेचना पर सवाल खड़े किए। बहस पूरी नहीं होने पर अदालत ने सुनवाई जारी रखते हुए अगली तिथि 19 नवंबर निर्धारित कर दी। 

विज्ञापन


इससे पहले एक अन्य आरोपी आनंद चौहान की ओर से अधिवक्ता अपना पक्ष रख चुके हैं। प्रकरण के अनुसार, दो नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। पुलिस की विवेचना में कुणाल पांडेय, आनंद उर्फ अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल के नाम सामने आए थे। इसके बाद लंका पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल तीनों जमानत पर हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

ऑटो पलटने से चालक समेत पांच घायल
चौबेपुर की ओर जा रहा सवारियों से भरा ऑटो रिक्शा शुक्रवार शाम उमरहां गांव स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सामने अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ऑटो में फंसी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के सवना गांव निवासी दिनेश यादव ऑटो में सवारियां बैठाकर चौबेपुर जा रहा था। 

ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं। उमरहां गांव के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क पर कुछ दूर तक घिसटता चला गया। मौके पर जुटे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने ऑटो में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उनका उपचार चल रहा है।

विज्ञापन

Varanasi News Defense arguments continue misdeed case five injured driver after auto rickshaw overturns
एफआईआर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

दोबारा चक्काजाम करने पर दो नामजद समेत 45 पर प्राथमिकी
चोलापुर के गुरवट गांव में सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद दोबारा चक्काजाम करने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में दो नामजद और करीब 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रदर्शनकारियों ने चौबेपुर-बाबतपुर सार्वजनिक मार्ग पर शव रखकर आवागमन बाधित किया। इससे बाबतपुर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों, एंबुलेंस और आम नागरिकों को परेशानी हुई। 

बुधवार 4 नवंबर की शाम गुरवट गांव निवासी इंद्रावती देवी (76 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। परिजनों ने पहले भी जाम लगाया था, जिसे पुलिस ने जल्द समाप्त करा दिया था। बृहस्पतिवार को शव गांव पहुंचने पर बृजेश मिश्रा और अजय यादव ने दोबारा चक्काजाम कराया। पुलिस के समझाने के बावजूद जाम नहीं हटाया गया, जिससे अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। 

प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि बृजेश मिश्रा, अजय यादव समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मृतका के परिजनों को आरोपी नहीं बनाया है। चक्काजाम कराने, लोगों को उकसाने और घटना का संचालन करने वालों को मुख्य जिम्मेदार बताया गया है। आरोपियों की पहचान कर जांच की जा रही है।

विज्ञापन

फर्जी वसीयतनामे से पुश्तैनी संपत्ति हड़पने का आरोप
लालपुर थाना क्षेत्र स्थित पुश्तैनी संपत्ति को कथित कूटरचित वसीयतनामे के आधार पर हड़पने और राजस्व अभिलेखों में नाम बदलवाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हुकुलगंज निवासी भैयालाल यादव के अनुसार, उनके दादा स्व. झूरी की पुश्तैनी जमीन वरासत में उनके पिता नथू यादव के नाम दर्ज हुई थी। 

आरोप है कि बेबी, पूना देवी, छोटेलाल और बच्चेलाल यादव ने कथित तौर पर फर्जी वसीयतनामा तैयार कराकर संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया। इसके आधार पर राजस्व अभिलेखों से उनके पिता का नाम हटवाकर आरोपियों ने अपना नाम दर्ज करा लिया। वादी ने वसीयतनामे के गवाहों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एक गवाह मानसिक रूप से अस्वस्थ था, जबकि दूसरे गवाह ने शपथपत्र देकर वसीयतनामे में गवाही देने से इन्कार किया है। थाना प्रभारी कैंट राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

काम नहीं मिलने से तनाव में युवक ने गंगा में लगाई छलांग
सामनेघाट पुल से शुक्रवार दोपहर नशे में धुत पंपासर भीटी निवासी रामअवतार बिंद ने गंगा में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद नाविक ने उसे डूबने से बचा लिया। पुलिस ने उसे परिजनों को सौंपा। रामअवतार शराब पीकर सामनेघाट पुल पर पहुंचा था। काफी देर तक इधर-उधर घूमने के बाद वह पुल पर लगी जाली के ऊपर चढ़ गया। राहगीर उसे रोकने का प्रयास करते, इससे पहले ही उसने गंगा में छलांग लगा दी।

पुल से लोगों के शोर मचाने पर नीचे नाव बना रहे नाविक बबलू साहनी नाव लेकर पहुंचा और उसे बाहर निकाला। गंगा किनारे लाने के करीब 30 मिनट बाद रामअवतार को होश आया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह मजदूरी करता है। 

पिछले कुछ दिनों से काम नहीं मिलने के कारण घर में तनाव की स्थिति थी। इसी वजह से उसने शराब पी और गंगा में छलांग लगा दी। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि पिता लल्लू बिंद को बुलाकर उसे सुपुर्द कर दिया। मामले में रामनगर थाने में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।

युवक पर धारदार हथियार से हमला
कैंट थाना क्षेत्र के भीम नगर में जातिसूचक गाली देने का विरोध करने पर सिद्धार्थ गौतम पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। सिद्धार्थ गौतम की तहरीर पर पुलिस ने आशु पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिद्धार्थ के मुताबिक, वह खाना खाने के बाद कॉलोनी में टहल रहा था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे आशु पटेल ने उसे जातिसूचक गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की करा रही है। 

विवादित मकान में जबरन लगाया ताला
जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव निवासी जितेंद्र अग्रहरि ने विवादित जमीन पर बने मकान में जबरन ताला लगाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जितेंद्र के अनुसार, उनके दादा की संपत्ति है। इसके हिस्से की रजिस्ट्री को लेकर करीब 10 वर्षों से दीवानी मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।

आरोप है कि कतवारूपुर निवासी मिठाई लाल यादव ने उनकी अनुपस्थिति में मकान पर जबरन ताला लगा दिया। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे जितेंद्र के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी का विवादित जमीन से कोई संबंध नहीं है और न ही वह मुकदमे में पक्षकार है। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

मारने की धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
जान से मारने की धमकी देने और अवैध हथियार रखने के आरोप में आशु यादव को पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात चोलापुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी बेनीपुर कला का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसके भतीजे को गाली-गलौज कर गोली मारने की धमकी दी थी। 

चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी के आरोपी बबलू सोनकर को कैंट पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात छोटी कटिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिवपुर कोट का निवासी है। तीन नवंबर को आशुतोष सोनी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज किया गया। बबलू कुमार सोनकर का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ शिवपुर और कैंट थानों में तीन मामले दर्ज हैं। 

युवक की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कोसड़ा चक्रपानपुर गांव में खेत के चारों ओर लगाए गए तार में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित करने से बबलू बिंद की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को विष्णु उर्फ विशुन बिंद (46) को लालपुर चट्टी के पास से पकड़ा। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। 

पुलिस के अनुसार, 15 अक्तूबर को कोसड़ा चक्रपानपुर निवासी बबलू बिंद अपने खेत में सिंचाई के लिए पाइप बिछा रहे थे। इसी दौरान वह पड़ोसी खेत के चारों ओर लगाए गए तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने से उनकी मौत हो गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। 

सी-प्लान एप से 18 वर्षीय युवती मिली
कपसेठी पुलिस ने सी-प्लान एप, सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से घर से लापता 18 वर्षीय युवती सकुशल मिल गई। शुक्रवार को कुरु चौराहे के पास से युवती की बरामदगी हुई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, युवती के पिता ने कपसेठी थाने में सूचना दी थी कि उनकी बेटी घर से कहीं चली गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो पुलिस ने मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू की। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और सी-प्लान एप की मदद ली गई।परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

एआई चैटबॉट से पता करें अपना संपत्तिकर
आम जनता एआई चैटबॉट से अपना संपत्तिकर का पता लगा सकती है। इसका नंबर 8601872601 है। इस पर मकान नंबर या आईडी दर्ज कर मेसेज किया जा सकता है। इस नंबर पर हाय लिखकर भेजें। नागरिक संपत्तिकर (गृहकर, सीवरकर और जलकर) ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने होंगे। शहर के 2.33 लाख भवन स्वामियों को सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एआई आधारित इस चैटबॉट सुविधा से लोगों को लाइन लगाने की जरूरत नही पड़ेगी। अधिकांश लोगों ने इसका लाभ उठाया था। 

ओटीएस योजना के लिए बचे सिर्फ 9 दिन
नगर निगम में ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए मात्र 9 दिन बचे हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर है। किसी को दोबारा मोहलत नहीं मिलेगी। जो भवन स्वामी 15 नवंबर तक पंजीकरण करा लेंगे। उन्हें 31 दिसंबर तक टैक्स जमा करने पर ओटीएस का पूरा लाभ दिया जाएगा, लेकिन 5 नवंबर तक पंजीकरण ही नहीं कराया गया तो ऐसे भवन स्वामियों को मूल बकाये के साथ पूरा सरचार्ज देना होगा। 

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि बकायेदारों को एसएमएस और फोन से रिमाइंडर भेजकर सचेत भी किया जा रहा है, ताकि समय रहते पंजीकरण करा लें। जो भवन स्वामी समयसीमा में कर जमा नहीं करते हैं, उनके खिलाफ मकान व संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इस समय ब्याज और सरचार्ज मिलाकर 298 करोड़ रुपये बकाया है। 86 करोड़ रुपये केवल सरचार्ज (ब्याज) का है। 

मौसम व तकनीकी कारणों से 20 उड़ानें लेट, चार निरस्त
मौसम व तकनीकी कारणों से शुक्रवार को 20 उड़ानें लेट और चार निरस्त कर दी गईं। उड़ानें न्यूनतम 25 से लेकर अधिकतम 2 घंटे 53 मिनट तक देर रहीं। स्पाइस जेट की चार उड़ानें निरस्त कर दी गईं। देर से आने जाने वाली उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-वाराणसी-शारजाह 2 घंटे 53 मिनट, इंडिगो की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 1 घंटे 33 मिनट लेट हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 37 मिनट और मुंबई-वाराणसी-मुंबई 1 घंटे 2 मिनट लेट हुई। 

अकासा एयर की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 34 मिनट, खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो 59 मिनट, मुंबई-वाराणसी-मुंबई 25 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस बैंकॉक-वाराणसी-बैंकॉक 39 मिनट, इंडिगो की मुंबई-वाराणसी-मंबई 1 घंटे 17 मिनट और हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 17 मिनट की देरी से आई गई। वहीं, स्पाइस जेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई और पुणे-वाराणसी-पुणे की उड़ान निरस्त रही। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि उड़ानों की देरी की सूचना पहले से ही यात्रियों को दी गई थी। 

विद्यापीठ में 27 की प्रवेश प्रक्रिया पूरी, प्रवेश सेल भंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सत्र 2026-27 में स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यवसायिक और डिप्लोमा कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। साथ ही प्रवेश सेल को भंग कर दिया गया है। पीजी और यूजी के कोर्स की काउंसिलिंग पूरी हो गई। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कक्षाओं के समय से संचालन और शैक्षणिक कैलेंडर को देख शुक्रवार से प्रवेश सेल 2026-27 को भंग किया जाता है। कुलसचिव ने बताया कि दो नवंबर को काउंसिलिंग के बाद बीपीएड और एमपीएड कोर्स की बची सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से की जाएगी। 

शोध सिर्फ जर्नल में छपवाना ही नहीं, नए सवाल उठाना भी है
बीएचयू के महामना हॉल में सर सीवी रमन मेमोरियल लेक्चर हुआ। भौतिकी, रसायन विज्ञान और शरीर क्रिया विज्ञान व चिकित्सा के क्षेत्रों में 2026 के नोबेल पुरस्कार विजेता के कार्यों पर चर्चा हुई। इन क्षेत्रों में हुई हालिया प्रगति और विकास को बताया गया। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि शोध का मतलब केवल हाई-इंपैक्ट जर्नल्स में पेपर प्रकाशित करना या साइटेशन (उद्धरण) जमा करना नहीं है। असली शोध वह है जो नए सवाल खड़े करे, आगे की खोज के लिए रास्ते खोले और नई संभावनाओं को जन्म दे। उन्होंने सुझाव दिया कि विज्ञान संस्थान को एक ‘ब्रेनस्टॉर्मिंग’ सत्र आयोजित करना चाहिए, ताकि वैज्ञानिक नोबेल पुरस्कार स्तर की पहचान हासिल कर सकें। 

संस्कृत विवि में विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के आवेदन 15 नवंबर तक
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए आवेदन का अंतिम मौका 15 नवंबर तक है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन ऑनलाइन भरना होगा। नियमित विद्यार्थियों के साथ बैक पेपर, भूतपूर्व, व्यक्तिगत और एक विषय की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि शास्त्री प्रथम, तृतीय और पंचम के साथ आचार्य प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया अलग-अलग माध्यमों से निर्धारित की गई है। 

युवा शक्ति के बल पर भारत बनेगा विश्व की आर्थिक महाशक्ति : सुरेश राणा 
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस) का 32वां स्थापना दिवस समारोह आधारशिला-2026 उत्साह के साथ मनाया गया। दो दिवसीय इस आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के बल पर भारत विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा। राणा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भारतीय प्रतिभा की सराहना की। संस्थान के निदेशक प्रो. पीएन झा ने 32 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थान की सफलता को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। 

समारोह में 22 कर्मचारियों को उनकी दस से तीस वर्षों की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। आधारशिला-2026 के तहत 20 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। सामाजिक विषयों पर आधारित स्किट और रैंप शो भी आकर्षण का केंद्र रहे। संस्थान के पूर्व छात्र शानू मिश्रा के म्यूजिकल बैंड द म्यूजिकल तंत्रा ने भी संगीतमय प्रस्तुति दी। संचालन प्रो. पल्लवी पाठक ने किया। इस मौके पर अधिशासी सचिव डॉ. एमपी सिंह, कुलसचिव संजय गुप्ता, प्रो. संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

वैदिक मंत्रों पर बीएएमएस, एमडी बी फार्मा के विद्यार्थियों को मिला मेडेलियन
बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में आयुर्वेद संकाय की ओर से प्रो. केएन उडुपा सभागार में शुक्रवार को धन्वंतरि जयंती और शिष्योपनयन संस्कार समारोह मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बीएएमएस, एमडी (आयुर्वेद), बीफार्मा (आयुर्वेद), डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के विद्यार्थियों को अतिथियों ने मेडेलियन देकर शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने आयुर्वेद संकाय की विरासत और देशभर में आयुर्वेद की शिक्षा व प्रतिष्ठा स्थापित करने में योगदान की सराहना की। 

उन्होंने कहा कि शिष्योपनयन संस्कार विद्यार्थियों में आयुर्वेद की ज्ञान परंपरा, गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और संस्थान के प्रति आत्मीयता विकसित करने का बड़ा अवसर है।प्रो. कमलाकर त्रिपाठी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि उस ज्ञान का उपयोग मानव कल्याण के लिए करना भी है। निदेशक प्रो. सत्य नारायण शंखवार ने संस्कार शुरू करने की औपचारिक अनुमति दी। कहा कि शिष्योपनयन संस्कार विद्यार्थियों को उन्हें ज्ञान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। 

आयुर्वेद संकाय प्रमुख प्रो. के. नरसिम्हा मूर्ति ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय ज्ञान व्यवस्था का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि जब शिष्य जिज्ञासा व्यक्त करता है, तभी गुरु के माध्यम से ज्ञान का संचार होता है। 

सीबीएसई: वाराणसी में 50 हजार छात्र देंगे परीक्षा
सीबीएसई ने 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए डेटशीट शुक्रवार देर शाम जारी कर दी। परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। इस साल  50 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। 10वीं में छात्र 83 विषयों की परीक्षा देंगे, जबकि कक्षा 12वीं में 121 विषयों की परीक्षा होगी। इनमें छात्रों की ओर से एक साथ चुने जाने वाले विषयों के बीच पर्याप्त अंतर रखना शामिल है। प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं के अस्थायी कार्यक्रम को भी ध्यान में रखा गया है। इसका उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं को इन प्रवेश परीक्षाओं से पहले पूरा करना है।  इससे छात्रों को अपनी तैयारी प्रभावी ढंग से करने में मदद मिलेगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। 

शहीद उद्यान में विकसित कराएं सुविधाएं : मेयर
शहीद उद्यान पार्क के सुंदरीकरण कार्य का मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण किया। मेयर ने कहा कि शहीद उद्यान शहर का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। इसे इस प्रकार विकसित किया जाना चाहिए, जिससे शहरवासियों को हरियाली, स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें। 

मेयर व नगर आयुक्त ने पार्क परिसर में विकसित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी, हरित क्षेत्र के विकास, आकर्षक लाइटिंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मेयर ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों व युवाओं को अध्ययन के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने पार्क परिसर में आकर्षक एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, हरित क्षेत्र को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने तथा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए। 

सड़कों का निरीक्षण करेंगे मेयर
दीपावली के बाद मेयर अशोक कुमार तिवारी सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों का निरीक्षण करेंगे। निर्माण कार्यों में ढिलाई और फिनिशिंग में कमियां मिलने पर संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। सिगरा से औरंगाबाद जाने वाली सड़क, ट्रॉमा सेंटर रोड, सुंदरपुर, भगवानपुर क्षेत्र में सीमलेस वे के तहत सीसी रोड निर्माण कार्यों और गली-सड़क खड़ंजा कार्यों का भी जायजा लेंगे।

छठ और देव दीपावली के पहले गंगा घाटों की सफाई और सुविधा पर जोर
छठ पूजा, देव दीपावली को ध्यान में रखकर मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को गंगा घाटों का निरीक्षण किया। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और समय  से मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया। 

मेयर ने कहा कि काशी में छठ पूजा एवं देव दीपावली का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। नगर निगम की प्राथमिकता है कि सभी घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की नियमित एवं विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जहां कहीं भी मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था या अन्य आवश्यक कार्यों की जरूरत है, उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। 

साथ ही पर्वों के दौरान घाटों पर निरंतर निगरानी रखते हुए व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा एवं देव दीपावली के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, जिससे काशी आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

अखरी से भिखारीपुर तक बनेगी स्टाॅर्म वाटर ड्रेन
अदलपुरा-चुनार कछवां मार्ग (स्टेट हाइवे 79) पर 4.5 किमी तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन एवं रेस्टोरेशन कार्य का भूमि पूजन शुक्रवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। इसकी लागत 14.90 करोड़ रुपये है। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, नाली और जल निकासी जैसे बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। 

अदलपुरा-चुनार कछवां मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क है। बारिश में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी होती थी। इस स्टॉर्म वाटर ड्रेन एवं रेस्टोरेशन कार्य के पूरा होने से जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। अगर किसी तरह की कोई गड़बड़ी मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे हों, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। संचालन कमलेश पाल ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष युवा मंच मानस सिंह, राकेश यादव, गुड्डू पटेल, बचाऊ पटेल, लाल बिहारी पटेल आदि मौजूद रहे। 

2200 टन निकलेगा कूड़ा लगे 9000 सफाईकर्मी
धनतेरस से लेकर दीपावली यानी तीन दिनों तक रोज दो हजार से 2200 टन कूड़ा निकलेगा। इसे उठाने के लिए तीन शिफ्ट में 9 हजार सफाईकर्मियों को लगाया गया है। दिन और रात की नियमित शिफ्टों के अलावा देर रात और भोर में भी विशेष सफाई कराई जा रही है। गाड़ियों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। वार्डों और डंपिंग पॉइंट से कचरा उठाकर सीधे प्रोसेसिंग प्लांट भेजा जा रहा है। उत्सव समाप्त होने के बाद देर रात ही कर्मचारी सफाई में जुट जाएंगे। घाटों, प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश कुमार मिश्र ने कहा कि अपील की कि दीपावली को ध्यान में रखकर सड़कों और खुले स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। 

जांच के दौरान शर्तों का उल्लंघन हुआ तो निलंबित होगा लाइसेंस
शहरी सीमा में बिना लाइसेंस के होटल, गेस्ट हाउस, हॉस्टल, लॉज, पीजी या होम स्टे चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम की ओर दीपावली बाद अभियान चलाया जाएगा। सभी के लाइसेंस की जांच की जाएगी। 

उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 541 एवं 544 के तहत तैयार वाराणसी नगर निगम सीमा के तहत पेइंग गेस्ट हाउस/डोरमेट्री/होम स्टे पर नियंत्रण उपविधि 2026 का प्रस्ताव लाया गया है। इसके तहत शर्तों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है। 

नगर आयुक्त के आदेश के खिलाफ 30 दिनों के भीतर मेयर के समक्ष अपील दर्ज की जा सकती है। अप्रैल से नवंबर के बीच आवेदन पत्र जमा करने पर कोई विलंब शुल्क नहीं लगेगा। दिसंबर में आवेदन प्रस्तुत करने पर निर्धारित लाइसेंस का 50 प्रतिशत विलंब शुल्क देना होगा। लाइसेंस के लिए आवेदन पत्र के साथ सक्षम विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। 

संचालन के लिए लाइसेंस शुल्क 15 हजार निर्धारित किया गया है। 1 अप्रैल से 30 नवंबर के बाद लाइसेंस/नवीनीकरण कराने पर शुल्क का 50 प्रतिशत अतिरिक्त विलंब शुल्क देय होगा। साथ ही कुर्की का प्रावधान किया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि उपविधि का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। 

53 रेल पेंशनरों का बना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत शुक्रवार को प्रशिक्षण व जागरूकता शिविर लगा। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया में आयोजित शिविर में 53 पेंशनरों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सभी 53 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) जारी किया गया। शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। 

200 किसानों ने जाना उर्वरक के इस्तेमाल का तरीका
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से खेत बचाओ अभियान के तहत सरैया और नवापुरा गांव में 200 किसानों ने भाग लिया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और संतुलित उर्वरक उपयोग के बारे में बताया गया। टिकाऊ सब्जी उत्पादन के महत्व पर भी जोर दिया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने की सलाह दी। उन्हें कार्ड की संस्तुतियों के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर डॉ. इंदीवर प्रसाद, डॉ. धनंजय होंगल, विनीत कुमार, अंकित पटेल, अनिल कुमार सिंह, अपराजिता सिंह आदि मौजूद रहे। 

बीएचयू में 18 को हेल्थ मेला, लगेंगे 69 स्टॉल
आईएमएस बीएचयू के वार्षिकोत्सव में 18 नवंबर को हेल्थ मेला लगेगा। केएन उडुप्पा ऑडिटोरियम में कुल 69 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें नौ स्टॉल आईआईटी बीएचयू के होंगे। शुक्रवार को संस्थान के समिति कक्ष मेंनिदेशक की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने मेले की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। इस मेले के पीछे वजह आम जनमानस में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है। मेला संयोजक प्रो. वीएन मिश्र, सह संयोजक डॉ. एसके सिंह और एनुअल डे आयोजन समिति के संयोजक व सह-संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी, प्रो. वी राम और प्रो. भारतीय होंगे। 

समाजवादी व्यापार सभा के जिला उपाध्यक्ष बने अनूप 
क्षेत्र पंचायत सदस्य अनूप जायसवाल को समाजवादी व्यापार सभा का जिला उपाध्यक्ष बनाने पर व्यापारियों ने खुशी जताई।  समाजवादी व्यापार सभा के 18वें मंडलीय सम्मेलन में जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने अनूप जायसवाल को जिम्मेदारी दी है। अनूप जायसवाल क्षेत्र पंचायत सदस्य होने के साथ ही कछवा रोड बाजार में फल व्यापारी हैं। व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते हैं। बधाई देने वालों में सियाराम केसरी, प्रेमचंद जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, विष्णु मोदनवाल आदि शामिल रहे। 

सनातन परंपरा में सभी कार्य भगवान के लिए
पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने अपने काशी प्रवास के छठे दिन शुक्रवार को जिज्ञासुओं के विभिन्न प्रश्नों का समाधान किया। वे अस्सी स्थित श्री दक्षिणामूर्ति मठ में प्रतिदिन धर्म, अध्यात्म और राष्ट्र से संबद्ध प्रश्नों के उत्तर देते हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने पापों से निष्पाप होने और भगवान की शरण में जाने के लिए पश्चाताप करना चाहिए। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में शंकराचार्य ने सनातन परंपरा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में सभी कार्य भगवान के लिए ही किए जाते हैं। हम उठते हैं, स्नान करते हैं या भोजन बनाते हैं, ये सभी कार्य भगवान को समर्पित करने की भावना से किए जाते हैं।

राजकीय बाल गृह में मना दीपोत्सव
रामनगर स्थित राजकीय बाल गृह (किशोर) और डाफी की सेवा बस्ती में दीपोत्सव मनाया गया। राजकीय बाल गृह में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं। सेवाज्ञ संस्थानम्, काशी महानगर की ओर से आयोजित इस दीपोत्सव में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा की गईं। स्नेह और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी मिला। कार्यक्रम में महानगर संयोजक शिवम पांडेय, माधव कुमार, पीयूष मणि त्रिपाठी सहित संस्थान के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आदर्श इंटर कॉलेज में हुई रंगोली प्रतियोगिता
धनतेरस पर आदर्श इंटर कॉलेज पंडितपुर में प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार मिश्रा की देखरेख में रंगोली प्रतियोगिता हुई। इसमें कक्षा 10 व 11 और कक्षा 12 विज्ञान वर्ग एवं कला वर्ग की छात्राओं ने हिस्सा लिया। कक्षा 6, 7, 8 की छात्राओं ने मिट्टी के सुंदर लक्ष्मी-गणेश के साथ-साथ मनमोहक कलाकृतियों के साथ सुंदर खिलौने बनाए गए। 

रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से सेव अर्थ और शो के साथ सुंदर दीप एवं प्रकृति की सुंदरता का प्रदर्शन किया। इसमें प्रथम स्थान पर कक्षा 12 कला वर्ग की छात्राएं, द्वितीय स्थान पर कक्षा 11 विज्ञान वर्ग और तृतीय स्थान पर कक्षा 12 विज्ञान वर्ग की छात्राएं रहीं। विजेता ग्रुप की छात्राओं को प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सुभाष चंद्र, चंद्र मोहन, मथुरा प्रसाद, रामराज, इंद्र बहादुर आदि मौजूद रहे। 

भरतनाट्यम नृत्य कार्यशाला का समापन
बीएचयू में पांच दिनों की भरतनाट्यम कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। संगीत एवं मंच कला संकाय के नृत्य विभाग की ओर से पं. ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में कई नृत्य विद्यार्थियों को कई विधाओं पर बारीकी से बात की गई। एमएमवी की प्राचार्य प्रो. रीता सिंह मौजूद रहीं। वहीं, बीएचयू की सेवानिवृत्त प्रो. लयलीना भट्ट ने छात्रों को भरतनाट्यम के कई विधाओं में प्रशिक्षित किया। इस नृत्यशैली की तकनीकी जानकारी, अभिनय और कलात्मक अभिव्यक्तियों को व्यावहारिक तरीके से समझाया। इस समापन सत्र में यूजी, पीजी और पीएचडी कोर्स के छात्रों की ओर से प्रस्तुति दी गई।

युवा पीढ़ी प्राचीन ज्ञान परंपरा से भी जुड़े
काशी में चल रहे 50 दिवसीय श्रीशुक्ल यजुर्वेद माध्यंदिन शाखा के कंठस्थ दंडक्रम पारायण में साधनारत दो युवा वेदोपासकों का सम्मान किया गया। कुमार स्वामी मठ की ओर से गौरी केदारेश्वर महादेव के मुख्य अर्चक पं. धुलीपाल्ला नारायण शास्त्री महाराज ने 18 वर्षीय वेदोपासक अद्वैत शैलेंद्र काकड़े और 13 वर्षीय वेदोपासक समर्थ शैलेंद्र काकड़े को बाबा गौरी केदारेश्वर महादेव का स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी प्राचीन ज्ञान परंपरा से भी जुड़े। इस मौके पर वेदमूर्ति शैलेंद्र काकड़े, डॉ. गजानन ज्योतकर, वैदिक विद्वान के. वेंकटरमण घनपाठी आदि विद्वान मौजूद रहे।

अनार, सुतली बम और फुलझड़ी के रूप में मिल रहे चॉकलेट्स
दीपावली पर बाजारों में जबरदस्त उत्साह है। शहर के प्रमुख बाजारों में इस बार त्योहारी खरीदारी का अंदाज कुछ अलग है। इस बार बाजारों में पारंपरिक पटाखों की जगह चॉकलेट से बने फायर क्रैकर गिफ्ट हैंपर्स छाए हुए हैं।

दीपावली पर बाजारों में अनार, सुतली बम और फुलझड़ी के रूप में चॉकलेट्स की दुकानें सजी हैं। राजाबाजार के दुकानदार सुजीत ने बताया कि इस बार बच्चों की सेहत और पर्यावरण दोनों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आतिशबाजी से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण से बचने के लिए लोग अपने बच्चों को पटाखों के बजाय इन सुरक्षित और मीठे विकल्पों को तोहफे में दे रहे हैं। 

दुकानदार राजेश ने बताया कि इस बार ग्रीन और सेफ दिवाली के कॉन्सेप्ट को काशी के लोगों ने दिल से अपनाया है। बच्चों से लेकर बड़ों तक और कॉर्पोरेट गिफ्टिंग के लिए भी इन चॉकलेट पैकेट्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। इससे दुकानदारों के चेहरों पर भी भारी रौनक देखने को मिल रही है।

3बी फाउंडेशन ने 150 बच्चों को बांटे उपहार
3बी फाउंडेशन ने ग्राम पहाड़ी और मड़ौली में 150 जरूरतमंद बच्चों को मिठाई, दीये, पटाखे, चिप्स और चॉकलेट वितरित किए। फाउंडेशन की संस्थापक राखी रानी ने कहा कि दिवाली का वास्तविक आनंद दूसरों को खुशियों में शामिल करने में है। फाउंडेशन का उद्देश्य हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना है। 

आयुर्वेद के महत्व और गुणों पर हुई चर्चा
राजातालाब स्थित राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी 50 शय्या चिकित्सालय में शुक्रवार शाम धन्वंतरि जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयुर्वेद के महत्व और गुणों पर विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. योगेंद्र प्रताप यादव और नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र पाल ने सविधि पूजा अर्चना की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed