मातम में बदली त्योहार की खुशियां: वाराणसी में अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, युवक ने की खुदकुशी
वाराणसी में मंकर संक्रांति के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पशु चिकित्सक सहित दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक युवक ने युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी।
विस्तार
वाराणसी में मंकर संक्रांति के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पशु चिकित्सक सहित दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक युवक ने युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी।
रखौना स्थित रिंगरोड फेज-2 से जुड़े ओवरब्रिज के ऊपर शनिवार सुबह दो बाइक की टक्कर में पशु चिकित्सक की मौत हो गई। वहीं दूसरा बाइक सवार मामा-भांजा घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को खजुरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पशु चिकित्सक के शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया।
दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत
मिर्जामुराद थाना अंतर्गत कल्लीपुर गांव निवासी बबलू पाल (48) राजातालाब स्थित पशु चिकित्सालय पर पशु चिकित्सक थे। वह सुबह अपनी बाइक से क्षेत्र में पशुओं का इलाज करने के लिए बाइक से मेहंदीगंज जाने को निकले थे। रिंगरोड के ओवरब्रिज पर सामने से आए दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
पढ़ेंः अवधेश राय हत्याकांड: कड़ी सुरक्षा के बीच पेश हुए गवाह पूर्व विधायक, मुख्तार अंसारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी
बाइक सवार कपसेठी थाना अंतर्गत मटुका गांव निवासी महेंद्र पटेल (42) अपने भांजे मिर्जामुराद थाने के राजपुर गांव निवासी आदर्श पटेल (21) के साथ हरहुआ से राजातालाब की तरफ आ रहे थे। घायल दोनों बाइक सवारों को मौके पर पहुंची पुलिस ने खजुरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पशु चिकित्सक बबलू पाल की मौत हो गई।
वहीं घायल मामा-भांजे का उपचार चल रहा है। पशु चिकित्सक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक चार भाइयों में बबलू पाल दूसरे नंबर पर थे। दो बेटा और एक बेटी के पिता बबलू के निधन पर पत्नी सहित अन्य परिजन बेसुध थे।
ट्रक से कुचल कर बाइक सवार राजगीर की मौत
रामनगर भीटी बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार की दोपहर ट्रक से कुचल कर बाइक सवार राजगीर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग निकला। चंदौली के अलीनगर थाना अंतर्गत जफराबाद निवासी सतीश यादव (26) राजगीर था। किसी काम से वह बाइक लेकर घर से रामनगर के लिए निकला।
भीटी बाईपास स्थित साक्षी पेट्रोल पंप के सामने अचानक सतीश ने अपनी बाइक बाएं दिशा की ओर मोड़ा। इस बीच पीछे से आए ट्रक की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही कुचलने से सतीश की मौत हो गई। तीन बच्चों के पिता सतीश की मौत की सूचना मिलते ही परिजन बेसुध हो गए। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित भाग निकला। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रामनगर थाने में तहरीर दी।
युवक ने फंदे पर लटककर दी जान
फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर गांव में शुक्रवार रात पंपिंग सेट पर बने कमरे में युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। शनिवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गजोखर गांव निवासी हौसिला यादव का एकलौता पुत्र पवन यादव (24) घर से 500 मीटर दूर स्थित गांव के ही संजय यादव के पंपिंग सेट पर बने कमरे में सोने चला गया।
सुबह जब आसपास के लोग वहां पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फूलपुर इंस्पेक्टर मुन्ना राम ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो युवक केबल तार के सहारे फंदा बनाकर लटका हुआ था। आसपास के लोगों ने अनुसार तीन बहनों का एकलौता भाई पवन यादव के पिता मुंबई में रहकर साड़ी का कारोबार करते हैं। पुलिस के अनुसार युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी तफ्तीश की जा रही है।