वायरल 'वसूली लिस्ट' को चंदौली एसपी ने बताया फर्जी, कहा-आपसी रंजिश का है मामला, जांच एएसपी को सौंपी
आईजी अमिताभ ठाकुर द्वारा शुक्रवार को किए गए ट्वीट और फेसबुक पोस्ट से चंदौली से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मचा हुआ है। आईजी के ट्वीट के अनुसार, उन्हें चंदौली के मुगलसराय थाने की प्रतिमाह अवैध वसूली 35 लाख 64 हजार रुपये बताई गई है। इसमें अकेले गांजा की बिक्री से 25 लाख रुपये की अवैध वसूली का जिक्र है। हालांकि मचे हड़कंप के बाद एसपी चंदौली हेमंत कुटियाल की ओर से प्रेस रिलीज जारी की गई है। उसे प्रथम दृष्टया फर्जी बताया है।
बताया कि यह एक महिला और पूर्व में जेल जा चुके सिपाही की आपसी मिलीभगत का परिणाम है। पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक से कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इस पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट एडीजी जोन ने एसपी चंदौली से तलब की है।
यह PS कोतवाली मुगलसराय @chandaulipolice की वसूली लिस्ट बताई गयी है. लिस्ट से टोटल प्रति माह 35.64 लाख+अवैध खनन 12500/वाहन+पडवा कट्टा 4000/वाहन (गांजा से 25 लाख सहित) हुआ. कई नाम व डिटेल्ड फैक्ट्स अंकित. गहन जाँच जरुरी. कृ तत्काल देखें @IgRangeVaranasi @adgzonevaranasi @uppolice pic.twitter.com/Yvm5WKd045
— AmitabhThakur (@Amitabhthakur) September 25, 2020
गौरतलब है कि एक लंबे समय से मुगलसराय थाने की कमान संभाल रहे इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा एक अरसे से वाराणसी जोन के 10 जिलों में ही तैनात हैं। इसे लेकर भी अक्सर सवाल उठते रहते हैं कि आखिर क्या वजह है कि इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा लंबे समय से वाराणसी जोन के जिलों में ही तैनात हैं। उनका तबादला दूसरे जोन में क्यों नहीं हुआ।