राम बरात: मणिकर्णिका पर स्वागत, हर-हर महादेव संग गूंजा जय सियाराम; दशरथ पुत्रों का हुआ विवाह
Varanasi News: काशी में राम बरात को लेकर मैदागिन से मणिकर्णिका घाट तक भक्तों की भीड़ रही। सुरक्षा को लेकर पुलिस टीम जगह-जगह खड़ी थी। ऊंट, लाग विमान, बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े और कालीजी का मुखौटा लोगाें को आकर्षित कर रहा था।
विस्तार
आदियोगी शिव की नगरी में उनके आराध्य की बरात निकली तो हर-हर महादेव के साथ जय सियाराम का जयकारा गूंज उठा। काशी के महातीर्थ मणिकर्णिका पर निकली रामबरात को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मणिकर्णिका द्वार पर भगवान राम की आरती उतारी गई।
सोमवार को श्री मणिकर्णिका रामलीला समिति (काशी) की ओर से रामबरात की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हर्षोल्लास के साथ लीला प्रेमी भगवान राम की बरात में शामिल हुए। शोभायात्रा का शुभारंभ मैदागिन स्थित अग्रसेन इंटर कॉलेज से हुआ और बरात मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग, आस भैरव चौक, कचौड़ी गली, ब्रह्मनाल होते हुए मणिकर्णिका घाट पर पहुंचकर विवाह पूर्ण हुआ।
बरात के आगे-आगे सजे हुए घोड़े, ऊंट, लाग विमान, बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े और कालीजी का मुखौटा लगाकर नृत्य करते हुए कलाकार चल रहे थे। बराती बनारसी पारंपरिक वस्त्रों में सजे हुए, माथे पर चंदन का तिलक लगाए हर-हर महादेव और जय सियाराम... के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ रहे थे। जब बरात मणिकर्णिका द्वार पर पहुंची, तो स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं ने प्रभु स्वरूप की आरती उतारी।
दुरुस्त रही सुरक्षा
बरात में शामिल बच्चों में अत्यंत उत्साह था। रास्ते भर श्रद्धालु भगवान राम की बरात पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। मणिकर्णिका घाट पर बरात पहुंचने के बाद चारों भाइयों का विवाह विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया गया। आचार्य रानी महाराज के निर्देशन में वैवाहिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए, खिचड़ी खवाई के दौरान परंपरा अनुसार गाली गवाई की गई तथा नेग दिया गया। इस अवसर पर सुशील कपूर, विभूति नारायण सिंह, शरित कुमार सिंह, विजय शंकर पांडेय, सदन तिवारी, मनोज शर्मा, दीपक तिवारी, यथार्थ सिंह, राहुल तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।