रेलवे समाचार: वाराणसी से चंडीगढ़ तक दो महीने तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, 20 कोच होंगे; जान लें पूरी डिटेल
त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन एक अक्तूबर से 29 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी। 20 कोच वाली ट्रेन नई दिल्ली के बजाय सीधे चंडीगढ़ जाएगी। चंडीगढ़-पटना के बीच भी स्पेशल ट्रेन संचालित होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने वाराणसी से चंडीगढ़ के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि ट्रेन नई दिल्ली रूट से नहीं होकर सीधे चंडीगढ़ तक जाएगी। इससे वाराणसी और आसपास के यात्रियों को चंडीगढ़ जाने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
उत्तर रेलवे के शेड्यूल के अनुसार ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन एक अक्तूबर से 29 नवंबर तक हर बृहस्पतिवार और रविवार को होगा। वापसी में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़-वाराणसी दो अक्तूबर से 30 नवंबर तक हर शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे।
ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी जंक्शन से सुबह 11:05 बजे रवाना होगी। यह मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली होते हुए शाम 5:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट होते हुए अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़ से सुबह छह बजे रवाना होगी। अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर होते हुए शाम 6:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद रायबरेली और मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ के रास्ते देर रात 12:55 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी।
इसके अलावा चंडीगढ़ से पटना जंक्शन के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़-पटना जंक्शन एक अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी। वहीं ट्रेन नंबर 04511 पटना-चंडीगढ़ का संचालन दो अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को होगा।
यह ट्रेन वाराणसी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए पटना पहुंचेगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इन ट्रेनों के संचालन से पूर्वांचल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। आरक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर भी यात्रियों का दबाव कम होगा।