वाराणसी: तारिक अनवर बोले- गांधी के देश में हो रहा अंग्रेजों की नीति का प्रचार-प्रसार, उदित राज ने कहा- बदल गए भगवान राम के पुरखे
कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर ने कहा कि आज एक बार फिर जरूरी हो गया है कि सभी समुदाय के लोग एक साथ मिलकर बैठें। जिस तरह से गांधी के देश में अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति का प्रचार-प्रसार हो रहा है वह अत्यंत दुखद और शर्मनाक है। हम सभी को मिलकर इसका मुकाबला करना होगा।
वह बुधवार को कज्जाकपुरा में आल इंडिया कौमी तंजीम की ओर से मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर आयोजित सद्भावना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने जिस तरह से हिंदू मुस्लिम एकता का संदेश दिया था हमारे लिए जरूरी है कि हम उस संदेश को सभी समुदायों के बीच में लेकर जाएं। सत्ता में बैठे लोगों को हिंदू मुस्लिम एकता की कोई फिक्र नहीं है, बल्कि उनकी राजनीति ही इस बात पर आधारित है कि किस तरह से एक दूसरे को लड़ा कर राज किया जाए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व सांसद डॉ. उदित राज ने कहा कि भगवान राम के पुरखे और जाति बदल गई, लेकिन भाजपा और आरएसएस के लोग मौन हैं। भाजपा के सहयोगी निषाद दल के डॉ. संजय निषाद की जगह भगवान राम पर किसी और ने अगर टिप्पणी की होती तो धर्म के ठेकेदार उसके घर लाठी लेकर पहुंच जाते और प्रदेश सरकार उसको गिरफ्तार करा लेती। इससे साफ हो गया है कि पीएम मोदी और सीएम योगी की आस्था हिंदू धर्म में कतई नहीं है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की हिंदू धर्म में आस्था नहीं है। ये लोग सिर्फ हिंदू धर्म का इस्तेमाल करते हैं। मुसलमानों के चक्कर में उन्होंने हिंदुओं को बर्बाद कर दिया। दो करोड़ सालाना रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन उससे ज्यादा लोगों को बेरोजगार कर दिया। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इस देश की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार खेती है।
हम सभी को किसानों के हित में उनके साथ खड़ा रहना चाहिए। आज हमारी प्रति व्यक्ति आय बांग्लादेश से भी कम है। भुखमरी के मामले में भी हमारी स्थिति बांग्लादेश जैसे देशों से भी खराब है। प्रेस की स्वतंत्रता के मामले में हम पाकिस्तान की बराबरी पर हैं। कहा कि भाजपा तीन काले कृषि कानून लाकर अडानी और अंबानी से देश लुटवा रही है। यह सब कुछ मोदी राज में हुआ है। इससे समझा जा सकता है कि देश को कांग्रेस ने कहां पहुंचाया था और भाजपा किस ओर ले जा रही है। राफेल डील में हुआ घोटाला किसी से छुपा नहीं है।
डॉ. राज ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को टिकट देने में जिस तरह से वरीयता और आरक्षण देने की बात कही है वह उनकी एक बहुत बड़ी सोच है। महिलाएं सशक्त होंगी तभी देश सशक्त होगा।